नूंह में वीएचपी जलाभिषेक यात्रा पर अड़ी, प्रशासन ने बंद कराए स्कूल, इंटरनेट बंद
विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को हरियाणा के नूंह ज़िले में अपनी जलाभिषेक यात्रा पूरी करने की घोषणा की है.
लाइव कवरेज
दिलनवाज़ पाशा and प्रेरणा
ऑस्ट्रेलिया में गिरा अमेरिकी सेना का हेलीकॉप्टर, 20 मरीन सैनिक थे सवार
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ऑस्ट्रेलिया में सैन्य अभ्यास के दौरान एक अमेरिकी चॉपर के क्रैश होने की रिपोर्ट है.
स्काई न्यूज़ ऑस्ट्रेलिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ डार्विन के तट पर सैन्य अभ्यास के दौरान एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया.
इसमें 20 अमेरिकी मरीन सैनिक सवार थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में तीन सैनिक घायल हुए हैं, जिसमें से एक ही हालत गंभीर है.
स्काई न्यूज़ के मुताबिक़ सुबह क़रीब 11 बजे, ऑस्प्रे हेलीकॉप्टर मेलविले द्वीप के पास क्रैश हो गया.
ये हेलीकॉप्टर सैन्य अभ्यास ‘प्रीडेटर रन ड्रिल’ में हिस्सा ले रहा था. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, फ़िलीपींस और तिमोर-लेस्ते के सैनिक इसमें हिस्सा ले रहे हैं.
रिपोर्टों के मुताबिक़ इस क्रैश के बाद सैन्य अभ्यास रोक दिया गया है.
इस सैन्य अभ्यास में क़रीब 2500 सैनिक हिस्सा ले रहे थे. इसमें 500 अमेरिकी, 120 फ़िलिपींस के सैनिक, 120 इंडोनेशिया के और 50 तिमोर-लेस्ते के सैनिक शामिल थे. बाक़ी सैनिक ऑस्ट्रेलिया के हिस्सा ले रहे थे.
नूंह में जलाभिषेक यात्रा, क्या बोले मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वीएचपी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि सोमवार को यात्रा की अनुमति नहीं है लेकिन लोग मंदिरों में जाकर जलाभिषेक कर सकते हैं.
एक कार्यक्रम में बोलते हुए मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “जहां तक यात्रा का विषय है, महीना भर पहले ही जिस तरह का वहां घटनाक्रम हुआ है, वहां की क़ानून व्यवस्था बनी रहे, सुरक्षा रखना सरकार का दायित्व भी होता है. हमारे प्रशासन ने ये निर्णय लिया है कि सभी लोग यात्रा ना करके अपने-अपने मंदिरों में जाकर जलाभिषेक करें.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन ने लोगों से यात्रा ना करने की अपील भी की है.
मनोहर लाल ने कहा, “यात्रा के लिए मना किया गया है, जनता की श्रद्धा होती है, इसलिए मंदिरों में लोग जलाभिषेक कर सकते हैं. श्रावण मास का ये अंतिम सोमवार है, इसलिए जलाभिषेक की छूट दी गई है.”
वहीं विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि सोमवार को यात्रा निकाली जाएगी.
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक बयान में कहा है, “अभिषेक यात्रा 28 को ही यानी श्रवण मास के अंतिम सोमवार को निकाली जाएगी. ये तीर्थ यात्रा है और तीर्थ के लिए किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं होती है. ये तीर्थों का देश है, ना हमने अनुमति मांगी है और अनुमति ना मिलने का तो कोई प्रश्न ही नहीं है.”
बंसल ने कहा, “हमे आशा है कि शासन प्रशासन सभी अहतियातन क़दम उठाते हुए तीर्थ यात्रा को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हमें निकालने देगा.”
उन्होंने कहा, “शेष समाज से हमने अपील की है कि अपने-अपने स्थानों पर जलाभिषेक करें, सोमवार प्रातः 11 बजे इस कार्यक्रम को संपादित करेंगे और यात्रा भी 11 बजे निकलेगी. इसे लेकर परमिशन लेने या ना लेने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता है.”
हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को जलाभिषेक यात्रा के दौरान टकराव हुआ था जिसके बाद भड़की हिंसा में कम से कम छह लोग मारे गए थे.
हिंसा की वजह से जलाभिषेक यात्रा बीच में ही रुक गई थी. इसके बाद हिंदूवादी समूहों ने महापंचायत करके 28 अगस्त को फिर से यात्रा निकालने का एलान किया था.
नूंह ज़िला प्रशासन का कहना है कि ऐसी किसी यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है. इसी बीच नूंह में 29 अगस्त तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है और धारा 144 लगा दी गई है.
क़ानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी तादाद में सुरक्षा बल भी तैनात किए जा रहे हैं.
गुजरात सरकार ने अदानी समूह को 3900 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिएः कांग्रेस
इमेज स्रोत, REUTERS/AMIR COHEN
गुजरात कांग्रेस ने गुजरात सरकार पर अदानी समूह को 3900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान करने के आरोप लगाये हैं.
कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने साल 2018 से 2023 के बीच अडानी समूह को 3900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया.
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जीयूवीएनएल) की तरफ़ से अदानी पॉवर, मुंद्रा को लिखे पत्र को पेश किया.
गोहिल ने दावा किया कि इस पत्र में सरकार के इस विभाग ने अतिरिक्त भुगतान करने और उसकी रिकवरी के बारे में लिखा है.
15 मई 2023 के इस पत्र में जीयूवीएनएल ने कहा है कि अदानी पॉवर सहयोग नहीं कर रहा है और उसने विस्तृत इनवाइस (भुगतान के चालान) पेश नहीं किए हैं.
पत्र में ये आरोप भी लगाया गया है कि अदानी पॉवर ने इंडोनेशिया से बाज़ार भाव से कहीं अधिक भाव पर कोयला ख़रीदा.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
वहीं गुजरात सरकार के प्रवक्ता ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कोई घोटाला नहीं हुआ है और भुगतान को समायोजित कर लिया जाएगा.
पत्रकारों से बात करते हुए शक्तिसिंह गोहिल ने कहा, “जीयूवीएनएल ने अक्तूबर 2018 से मार्च 2023 के बीच 13802 करोड़ रुपये ऊर्जा चार्ज के रूप में भुगतान किए, इसमें 3900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया गया.”
कांग्रेस ने इसे सार्वजनिक धन की लूट बताते हुए गुजरात सरकार पर भ्रष्टाचार करने और अदानी समूह को अनुचित फ़ायदा पहुंचाने के आरोप लगाये हैं.
शक्तिसिंह गोहिल ने सवाल किया, इस मामले में सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय या सीबीआई से जांच क्यों नहीं करवाई?
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अदानी समूह ने ऊर्जा की क़ीमतें बढ़ाईं और ये स्पष्ट रूप से मनी लॉन्डरिंग का मामला है.
वहीं इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए गुजरात सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री रुशीकेश पटेल ने कहा है कि कोई घोटाला नहीं हुआ.
उन्होंने कहा, “ये एक चल रहा मामला है और भुगतान को समायोजित कर लिया जाएगा.”
भारतीय रिले टीम ने रचा इतिहास, पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फ़ाइनल में
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत की पुरुष 4x400 रिले टीम ने एशियाई रिकॉर्ड को तोड़ते हुए पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है.
भारतीय टीम ने 2 मिनट 59.05 सेकंड के रिकॉर्ड समय में ये दौड़ पूरी की.
इसी के साथ भारतीय टीम पहली बार वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फ़ाइनल राउंड में पहुंच गई है.
भारतीय टीम में मोहम्मद अनस याहिया, अमोज जैकब, मोहम्मद अजमल वारियाथोड़ी और राजेश रमेश शामिल थे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
भारत पहली हीट नंबर 1 में सिर्फ़ अमेरिका से पीछे रहा. अमेरिकी टीम ने ये दौड़ 2 मिनट 58.47 सेकंड में पूरी की.
अब टीम रविवार को होने वाले फ़ाइनल में पहुंच गई है.
इस शानदार जीत के साथ भारत ने किसी भी एशियाई टीम के सर्वश्रेष्ठ समय के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.
इससे पहले ये रिकॉर्ड जापान की टीम के पास था जिसने 2 मिनट 59.51 सेकंड में रेस पूरी की थी.
यही नहीं भारतीय टीम ने साल 2021 में बनाए अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.
अमेरिका में नस्लवादी हमलाः तीन की हत्या कर हमलावर ने ख़ुद को गोली मारी
इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के फ़्लोरिडा के जैकसनविल में एक नस्लवादी हमले में तीन लोगों को मारने के बाद हमलावर ने ख़ुद को गोली मार ली.
रिपोर्टों के मुताबिक़ हमलावर डॉलर जनरल स्टोर में घुसा और गोलियां चला दीं. इसके बाद पुलिस और हमलावर के बीच आमना-सामना भी हुआ.
बताया जा रहा है कि हमलावर क़रीब बीस साल का एक गोरा व्यक्ति है.
शेरिफ़ टी के वॉटर्स के मुताबिक़ इस हमले में दो पुरुषों और एक महिला की मौत हुई है.
हमलावर ने बॉडी ऑर्मर पहना था और उसने पर्चे भी फेंके.
वहीं शहर की मेयर डोना डीगन का कहना है कि ये ये नफ़रत से प्रेरित अपराध था.
अभी तक हमलावर का नाम जारी नहीं किया गया है. पुलिस के मुताबिक़ हमलावर के पास हल्की सेमीऑटोमैटिक राइफल और एक हैंडगन थी.
माना जा रहा है कि उसने ये हमला अकेले ही किया और वो ख़ुद को भी मारना चाहता था.
हमलावर जैकसनविल के क्ले काउंटी इलाक़े में अपने परिजनों के साथ रहता था. उसने कई ‘घोषणापत्र’ लिखे थे.
शेरिफ़ के मुताबिक़ उसने अपने परिजनों और मीडिया के लिए भी पत्र लिखे थे.
शेरिफ़ के मुताबिक़ एक बंदूक पर स्वास्तिक का निशान बना था.
एफ़बीआई घटना को नफ़रत से प्रेरित अपराध के रूप में देख रही है और इसकी जांच शुरू कर दी है.
हवा में टकराये ट्रेनी विमान, यूक्रेन के चर्चित पायलट समेत तीन की मौत
यूक्रेन के सबसे चर्चित लड़ाकू पायलटों में से एक और दो अन्य वायू सैनिकों की हवा में हुए एक विमान हादसे में मौत हो गई है.
आंद्री पिल्शचाइकोव रूस के आक्रमण के पहले चरण के दौरान राजधानी कीएव के ऊपर हुई ‘डॉग फ़ाइट’ (हवा में लड़ाकू विमानों के बींच पैंतरेबाज़ी) के बाद चर्चा में आये थे.
यूक्रेन की सेना ने एक बयान में तीन वायू सैनिकों की मौत को अपूर्णीय क्षति बताया है.
सेना ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि ‘उनके पास ज़बरदस्त ज्ञान और कौशल था.’
उत्तरी यूक्रेन के ऊपर उड़ान भर रहे दो ट्रेनी विमान एल-39 के टकरा गए थे.
क्या उड़ान से पहले तैयारी के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया था इसकी जांच की जा रही है.
ये हादसा राजधानी कीएव के पश्चिम में ज़ाइतोमिर इलाक़े में शुक्रवार को हुआ.
पिछले साल यूक्रेन पर हमले के दौरान रूस ने सैकड़ों क्रूज़ मिसाइलें दाग़ी थीं.
पिल्शचाइकोव पर इन्हें रास्ते में मार गिराने की ज़िम्मेदारी थी. तब बीबीसी से बात करते हुए उन्होंने कहा था, “क्रूज़ मिसाइलों को मार गिराने के मिशन का मतलब होता है लोगों की जान बचाना, शहर को बचाना. अगर आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो ये एक बहुत ही दर्दनाक अनुभव होता है कि कोई मारा जाएगा. कुछ ही मिनटों में किसी की मौत हो जाएगी और आप उसे रोक नहीं पाये.”
नूंह में फिर शोभायात्रा निकालने पर अड़े हिंदू संगठन, इंटरनेट बंद और धारा 144 लगाई गई
इमेज स्रोत, Getty Images
हरियाणा के नूंह में प्रशासन ने 28 अगस्त को प्रस्तावित महाभिषेक रैली की अनुमति नहीं दी है.
हिंदूवादी संगठनों ने 28 अगस्त को नूंह के नल्हण महादेव मंदिर से शोभायात्रा निकालने का आह्वान किया है.
इसी के मद्देनज़र हरियाणा सरकार ने ज़िले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है और धारा 144 भी लगा दी गई है.
शनिवार को जारी एक आदेश में हरियाणा सरकार ने कहा है कि सोशल मीडिया के ज़रिये अफ़वाहों को फैलने से रोकने के लिए ऐसा किया गया है.
आदेश के मुताबिक़ 26 से 28 अगस्त के बीच इंटरनेट बंद रहेगा.
नूंह के ज़िलाधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने बीबीसी को बताया है कि प्रशासन ने 28 अगस्त को प्रस्तावित शोभायात्रा के लिए अनुमति नहीं दी है.
31 जुलाई को जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसा और उसके बाद भड़के सांप्रदायिक दंगे में कम से कम 6 लोग मारे गए थे.
टकराव के बाद ये यात्रा पूरी नहीं हो सकी थी. हिंदूवादी संगठनों ने इस यात्रा को 28 अगस्त को फिर से निकालने का ऐलान किया है जिसके बाद से ही नूंह में प्रशासन सतर्क है.
इसी बीच मीडिया में जारी बयान में विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि 28 अगस्त को सर्व हिंदू समाज धार्मिक यात्रा निकालेगा.
विश्व हिंदू परिषद की तरफ़ से जारी एक बयान में कहा है, “ब्रज मंडल धार्मिक यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा है जो 31 जुलाई को हुए हिंसक हमलों के कारण अधूरी रह गई थी. अब 28 अगस्त को यह यात्रा मेवात के सर्व हिंदू समाज के द्वारा निकाली जाएगी. विश्व हिंदू परिषद ने इस यात्रा को एक संगठित स्वरूप प्रदान किया था. वह अभी भी एक सहयोगी संस्था के रूप में साथ उपस्थित रहेगी.”
नमस्कार
ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.
26 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.