You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द होने के मामले में बृजभूषण सिंह और बजरंग पूनिया आमने-सामने

बीजेपी सांसद बृज शरण सिंह ने भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता ख़त्म करने के सवाल पर जो कहा उस पर बजरंग पूनिया ने प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा and दीपक मंडल

  1. स्कूल के वायरल वीडियो मामले में मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने दर्ज की एफ़आईआर

      • Author, अमित सैनी
      • पदनाम, मुज़फ़्फ़रनगर से बीबीसी के लिए

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर के एक निजी स्कूल में एक छात्र के साथ अमर्यादित व्यवहार के मामले में यूपी पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज कर ली है.

    मुज़फ़्फ़रनगर के खतौरी के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बीबीसी से एफ़आईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है.

    मुज़फ़्फ़रनगर के ज़िलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बीबीसी से कहा था कि इस मामले में सख़्त कार्रवाई की जाएगी.

    इससे पहले बच्चे के पिता इरशाद अहमद ने कहा था कि उन्होंने समझौता कर लिया है और वो कोई शिकायत दर्ज नहीं करा रहे हैं.

    मुज़फ़्फ़रनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के निजी स्कूल का एक वीडियो शुक्रवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो 24 अगस्त का बताया जा रहा है.

    वीडियो में दिख रहा है कि तृप्ता त्यागी नाम की एक टीचर के कहने पर बच्चे बारी-बारी से एक मुसलमान बच्चे की पिटाई कर रहे हैं.

    वीडियो में तृप्ता त्यागी कहती दिख रही हैं, "मैंने तो डिक्लेयर कर दिया है, जितने भी मोमडन (मुस्लिम) बच्चे हैं इनके वहां चले जाओ."

    हालांकि इस वीडियो में टीचर की आवाज़ पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और इससे पूरा घटनाक्रम भी स्पष्ट नहीं होता है.

    वीडियो में जब एक बच्चा थप्पड़ मारने के बाद बैठ जता है तो टीचर उसे कहती है, "क्या तुम मार रहे हो? ज़ोर से मारो ना. चलो और किसका नंबर है?"

    ये वीडियो शुक्रवार से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग भारत में अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ अत्याचार का सवाल उठा रहे हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस वीडियो पर टिप्पणी करते हुए इसे शर्मनाक़ बताया है.

    इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ‘शेमफुल’ शब्द ट्रेंड कर रहा है और अधिकतर लोग इस वीडियो को शर्मनाक़ बता रहे हैं.

  2. मध्य प्रदेशः शिवराज सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस ने ली चुटकी

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार शनिवार को किया गया है.

    इसमें तीन नए मंत्रियों को शामिल किया गया है. राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने इन्हें राजभवन में शपथ दिलाई.

    गौरीशंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ला और राहुल लोधी को मंत्रीपद की शपथ दिलाई गई है.

    यह विस्तार विधानसभा चुनाव के चंद महीनों पहले ही किया गया है. शिवराज कैबिनेट में अब 33 मंत्री हो गए हैं. 1 पद अब भी खाली है.

    इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगु भाई पटेल से मुलाकात की थी और शपथ ग्रहण के लिये समय मांगा था.

    माना जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान ने यह कदम क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने के लिए किया है.

    राजेंद्र शुक्ला, विंध्य से आते हैं वही गौरीशंकर बिसेन, महाकौशल से जबकि राहुल लोधी, बुंदेलखंड से आते है.

    वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंत्रिमंडल विस्तार पर टिप्पणी करते हुए कहा है, “जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मप्र में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार! विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या, पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है.”

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ट्वीट में कमलनाथ ने कहा, “ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है.”

    वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट में कहा है, “शिवराज जी, 50% सरकार की उल्टी गिनती शुरू है.”

  3. मदुरै ट्रेन हादसाः 9 यात्रियों की मौत, दस लाख का मुआवज़ा

    मदुरै में शनिवार सुबह हुए रेल हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़कर 9 हो गई है.

    मदुरै की ज़िलाधिकारी एमएस संगीता के मुताबिक़, “रविवार सुबह 5.30 बजे मदुरै रेलवे स्टेशन पर खड़े एक कोच में आग लग गई. डिब्बे में उत्तर प्रदेश से आये तीर्थयात्री सवार थे.”

    ज़िलाधिकारी के मुताबिक़ सुबह कॉफ़ी बनाने के लिए जब यात्रियों ने स्टोव जलाया तो सिलेंडर में धमाका हो गया.

    मीडिया से बात करते हुए ज़िलाधिकारी ने कहा, “55 लोगों को बचाया गया है और अब तक 9 शव मिले हैं. बचाव कार्य अभी चल रहा है.”

    इसी बीच दक्षिण रेलवे ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दस लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा की है.

    उत्तर प्रदेश के ये तीर्थयात्री लखनऊ से सवार हुए थे और रामेश्वरम जा रहे थे.

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ एक ट्रैवल कंपनियों ने यात्रियों के लिए इस कोच को बुक किया था.

    इस डिब्बे को नागेरकोइल जंक्शन पर पुनालुर मदुरै एक्सप्रेस के साथ जोड़ा गया था और मदुरै स्टेशन के पास ट्रेन से अलग करके मदुरै की स्टेबलिंग लाइन पर इसे खड़ा किया गया था.

    रेलवे की तरफ़ से जारी एक बयान में कहा गया है कि यात्री अवैध रूप से गैस सिलेंडर लेकर आये थे.

    रेलवे के मुताबिक़ डिब्बे में आग लगने के बाद कई यात्री उतर गये थे. कुछ यात्री आग लगने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर उतर गये थे.

    इस प्राइवेट पार्टी कोच ने 17 अगस्त को लखनऊ से यात्रा शुरू की थी. यात्रियों को रविवार को चैन्नई वापस लौटना था और वहां से लखनऊ वापस जाना था.

  4. स्पेन किस विवादः महिला खिलाड़ी ने कहा मेरी मर्ज़ी नहीं थी

    स्पेन की महिला फ़ुटबॉल खिलाड़ी जेनी हरमोसो ने कहा है कि स्पेन के फ़ुटबॉल फ़ेडेरेशन के अध्यक्ष लुई रूबियालेज़ ने जब उन्हें किस किया तो उनकी सहमति नहीं थी.

    स्पेन की अस्सी से अधिक महिला खिलाड़ियों ने कहा है कि जब तक रूबियालेज़ को पद से नहीं हटा दिया जाएगा वो मैदान में नहीं उतरेंगी.

    पिछले रविवार को महिला वर्ल्ड कप फ़ाइनल में स्पेन की टीम ने इंग्लैंड को हरा दिया था.

    इस दौरान रूबियालेज़ ने स्पेन की महिला खिलाड़ी जेनी हरमोसो को किस कर दिया था.

    इसके बाद से ही उनके इस्तीफ़े की मांग उठ रही है जिसे वो अब तक नज़रअंदाज़ करते रहे हैं.

    शुक्रवार को रूबियारेज़ ने इस्तीफ़े की मांग को ख़ारिज करते हुए एक उत्तेजक भाषण में कहा था कि वो किस मर्ज़ी से किया गया था.

    स्पेन की सरकार ने रूबियारेज़ को पद से हटाने के लिए क़ानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्पेन में फ़ुटबॉल के कई अहम प्रायोजकों ने भी कार्रवाई की मांग की है.

    रूबियालेज़ की जीत के जश्न के दौरान स्पेन की महारानी लेतीज़िया के क़रीब खड़े होते हुए अपने जननांग को छूने को लेकर भी आलोचना हो रही है.

    इस किस विवाद ने स्पेन में महिला अधिकारों को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को और बढ़ा दिया है.

    रूबियालेज़ साल 2018 से स्पेन के फ़ुटबॉल फ़ेडेरेशन के अध्यक्ष हैं.

    स्पेन सरकार के कई मंत्रियों ने भी उनके व्यवहार की आलोचना की है.

  5. पीएम मोदी ने कहा- जहां चंद्रयान उतरा उसे 'शिव शक्ति' प्वाइंट कहा जाएगा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र शनिवार सुबह बेंगलुरु में इसरो के नेटवर्क कमांड सेंटर पहुंचे और यहां वैज्ञानिकों से मुलाक़ात की.

    23 अगस्त को ही भारत ने चंद्रयान को सफ़लतापूर्व चांद पर उतारा था और भारत का रोवर प्रज्ञान चांद पर अपनी गतिविधियां शुरू कर चुका है.

    बेंगलुरु में इसरो के सेंटर में प्रधानमंत्री मोदी ने वैज्ञानिकों से प्रज्ञान रोवर के बारे में जानकारी भी ली.

    इसरो के वैज्ञानिकों ने मोदी को चंद्रयान का एक मॉडल भी भेंट किया.

    वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “मैं दक्षिण अफ़्रीका में था, फिर ग्रीस का कार्यक्रम था वहां चला गया, लेकिन मेरा मन पूरी तरह आपके साथ ही लगा हुआ था. कभी-कभी लगता है कि मैं आप लोगों के साथ अन्याय कर देता हूं. बेसब्री मेरी और मुसीबत आपकी. इतने सवेरे-सवेरे और ऐसे समय आपको आना पड़ा, लेकिन बस मन कर रहा था कि आपके पास आऊं और आपको नमन कर लूं.”

    मोदी ने भावुक होते हुए कहा, “मैं भारत में आते ही, जल्द से जल्द आपके दर्शन करना चाहता था. आप सबको सैल्यूट करना चाहता था.”

    आंसुओं को रोकते हुए मोदी ने कहा, “सैल्यूट आपके परिश्रम को, सैल्यूट आपके धैर्य को, सैल्यूट आपकी लगन को. सैल्यूट आपकी जीवटता को, सैल्यूट आपके जज़्बे को.”

    मोदी ने कहा, “आप देश को जिस ऊंचाई पर लेकर गए हैं ये कोई साधारण सफलता नहीं है, ये अनंत अंतरिक्ष में भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य का शंखनाद है. इंडिया इज़ ऑन द मून. हम वहां पहुंचे जहां कोई नहीं पहुंचा था. हमने वो किया, जो पहले कभी किसी ने नहीं किया था. ये आज का भारत है, निर्भीक भारत, जुझारू भारत. ये वो भारत है जो नया सोचता है, नये तरीक़े से सोचता है. जो डार्क ज़ोन में जाकर भी दुनिया में रोशनी की किरण फैला देता है.”

    मोदी ने कहा, “21वीं सदी में यही भारत दुनिया की बड़ी बड़ी समस्याओं का समाधान करेगा.”

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लैंडर चंद्रमा पर जिस जगह उतरा है उसे ‘शिवशक्ति’ कहा जाएगा.

    मोदी ने कहा, “चंद्रमा के जिस हिस्से पर हमारा चंद्रयान उतरा है. जिस स्थान पर चंद्रयान थ्री का मून लैंडर उतरा है अब उस प्वाइंट को शिवशक्ति के नाम से जाना जाएगा.”

    मोदी ने कहा, “एक तरफ विक्रम का विश्वास है तो दूसरी तरफ़ प्रज्ञान का पराक्रम है. हमारा प्रज्ञान लगातार चंद्रमा पर अपने पदचिन्ह छोड़ रहा है. अलग-अलग कैमरों से ली गई तस्वीरें अद्भुत हैं. धरती के लाखों साल के इतिहास में पहली बार उस स्थान की तस्वीर मानव अपनी आंखों से देख रहा है. ये तस्वीर दुनिया को दिखाने का काम भारत ने किया है.”

    मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया हमारी तकनीक और वैज्ञानिक सोच का लोहा मान चुकी है. चंद्रयान महाभियान सिर्फ़ भारत की नहीं बल्कि पूरी मानवता की सफलता है. हमारा मिशन जिस क्षेत्र को एक्सप्लोर करेगा उससे सभी देशों के लिए चांद पर जाने के लिए नये रास्ते खुलेंगे. ये चांद के रहस्यों को तो खोलेगा ही, साथ ही धरती की चुनौतियों के समाधान में भी मदद करेगा.”

    प्रधानमंत्री ने चंद्रयान के लैंड करने और रोवर के बाहर निकलने का प्रीज़ेंटेशन भी देखा. प्रज्ञान रोवर लैंडर के 500 मीटर के इर्द-गिर्द रहेगा और चंद्रमा से नमूने जुटाएगा.

    मोदी ने कहा, “स्पेस सेक्टर की एक बहुत बड़ी ताक़त है ईज़ ऑफ़ लिविंग और ईज़ ऑफ़ गवर्नेंस. आज देश में स्पेस एप्लीकेशन को गवर्नेंस के हर पहलू से जोड़ने का बहुत बड़ा काम हुआ है. प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने भारत सरकार के शीर्ष अधिकारियों और अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के साथ एक वर्कशॉप करवाई थी. इसका मतलब था शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने में स्पेस सेक्टर की ताक़त का ज़्यादा से ज़्यादा इस्तेमाल करना.”

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, तमिलनाडु के मदुरै में तीर्थयात्रियों की ट्रेन में लगी आग, 8 की मौत

    तमिलनाडु में मदुरै रेलवे स्टेशन के नज़दीक तीर्थयात्रियों की एक ट्रेन में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, लखनऊ से 60 से अधिक तीर्थयात्री 17 अगस्त को ट्रेन से सामी दर्शन के लिए दक्षिण भारत के लिए निकले थे.

    ये तीर्थयात्री शनिवार की सुबह मदुरै पहुंचे थे. इन्होंने कल नागरकोइल में पद्मानभा स्वामी मंदिर के दर्शन किए थे.

    ये ट्रेन मदुरै रेलवे स्टेशन से तक़रीबन एक किलोमीटर दूर खड़ थी.

    एक चश्मदीद यात्री ने बीबीसी के तमिल सेवा को बताया है कि आग तब लगी जब कुछ यात्री सिलेंडर का इस्तेमाल करते हुए चाय बना रहे थे.

    अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं और अब तक आठ शव बरामद किए जा चुके हैं.

  7. स्कूल के वीडियो पर बोले राहुल, ‘बीजेपी का फैलाया केरोसिन जिसने भारत में आग लगाई’

    मुज़फ़्फ़रनगर के एक स्कूल के विवादित वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ‘ये भाजपा का फैलाया हुआ केरोसिन है जिसने भारत के कोने-कोने में आग लगा रखी है.’

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “मासूम बच्चों के मन में भेदभाव का ज़हर घोलना, स्कूल जैसे पवित्र स्थान को नफ़रत का बाज़ार बनाना - एक शिक्षक देश के लिए इससे बुरा कुछ नहीं कर सकता."

    "ये भाजपा का फैलाया वही केरोसिन है जिसने भारत के कोने-कोने में आग लगा रखी है. बच्चे भारत का भविष्य हैं - उनको नफ़रत नहीं, हम सबको मिल कर मोहब्बत सिखानी है.”

    इसी वीडियो पर इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा है, “मुज़फ़्फ़रनगर का शर्मनाक वीडियो अगर हम सभी को एक इंसान होने के नाते अंदर से शर्मसार नहीं करता तो हम वैचारिक रूप से मर चुके है.”

    शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें मुज़फ़्फ़रनगर के एक निजी स्कूल की एक शिक्षिका एक मुसलमान बच्चे को उसके सहपाठियों से पिटवा रही है और उसके धर्म को लेकर विवादित टिप्पणी कर रही है.

    मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लिया है. ज़िलाधिकारी ने बीबीसी से कहा है कि इस मामले में क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है.

  8. ग्रीस से सीधे बेंगलुरु पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, 'जय विज्ञान, जय अनुसंधान'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रीस के दौरे के बाद सीधे बेंगलुरु पहुंचे हैं. यहां वो वैज्ञानिकों को संबोधित करेंगे.

    भारत ने 23 अगस्त को चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कराया था. उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ़्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे. इसके बाद मोदी ग्रीस के दौरे पर गए थे.

    बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "सिर्फ़ भारतीय ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोग जो विज्ञान में यक़ीन रखते हैं और जो भविष्य को देख सकते हैं आज ख़ुशी से भरे हुए हैं."

    मोदी ने कहा, "जब हमारे वैज्ञानिक देश को ऐसा उपहार देते हैं, जो दृश्य मैं यहां बेंगलुरु में देख रहा हूं वो ऐसे ही हैं जैसे मैंने ग्रीस में देखे थे."

    बेंगलुरु से इसरो के लिए निकलने से पहले मोदी ने कहा, "मैं इसरो के वैज्ञानिकों से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं."

    मोदी ने कहा, "मैं देश में नहीं था इसलिए मैं अपने आपको यहां आने से नहीं रोक पाया, मैंने तय किया कि भारत पहुंचते ही मैं सबसे पहले अपने वैज्ञानिकों से मुलाक़ात करूंगा."

    प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु के एचएएल एयरपोर्ट पर 'जय विज्ञान, जय अनुसंधान' का नारा भी लगाया.

    बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झलक पाने के लिए सुबह से ही लोग सड़कों के किनारे खड़े हैं. मोदी शनिवार को इसरो के टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉप्लेक्स में वैज्ञानिकों से मुलाक़ात करेंगे.

  9. नमस्कार

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    25 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.