You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मुजफ़्फ़रनगर वीडियो मामले में पुलिस और पीड़ित बच्चे के पिता का आया बयान

यूपी के मुजफ़्फ़रनगर जिले के एक स्कूल में मुस्लिम स्टूडेंट को क्लास के दूसरे बच्चों से पिटवाने का टीचर का एक वीडियो वायरल हो रहा है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कारगिल में बोले राहुल गांधी- 'चीन ने हिंदुस्तान की ज़मीन छीनी, पीएम मोदी सच नहीं बोल रहे'

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों लद्दाख के दौरे पर हैं.

    राहुल गांधी ने शुक्रवार को कारगिल में जनसभा की और अपने अनुभव साझा किए. राहुल गांधी ने इस दौरान बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला.

    राहुल ने आरएसएस-बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, ''कुछ महीने पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक हम चले थे. हमारा लक्ष्य था कि बीजेपी-आरएसएस देश में जो नफ़रत और हिंसा फैला रहे हैं, उसके ख़िलाफ़ खड़े होना.''

    राहुल गांधी बोले- ''देश में भाईचारा, मोहब्बत फैलाने की कोशिश की. भारत जोड़ो यात्रा का संदेश था- नफ़रत के बाज़ार में हम मोहब्बत की दुकान खोलने निकले हैं. यात्रा श्रीनगर में नहीं रुकनी थी, यात्रा को लद्दाख आना था. उस समय बर्फ, सर्दी थी तो प्रशासन ने मना किया. हमने बात मान ली.''

    राहुल ने कहा, ''एक बात एकदम साफ़ है. चीन ने हिंदुस्तान की हज़ारों किलोमीटर ज़मीन हमसे ली. दुख की बात है कि पीएम मोदी ने विपक्ष की बैठक में कहा कि हिंदुस्तान की एक इंच ज़मीन नहीं ली गई. लद्दाख के लोग जानते हैं कि चीन ने भारत की ज़मीन ली है और पीएम मोदी सच नहीं बोल रहे हैं.'

    राहुल गांधी ने और क्या कुछ कहा?

    लद्दाख यात्रा में लोगों ने बताया कि हम केंद्र शासित प्रदेश भले ही बन गए हों पर सुविधाएं नहीं मिलीं.

    रोज़गार लद्दाख के लोगों को नहीं मिला. यहां बेरोज़गारी काफी ज़्यादा है.

    लद्दाख के लोगों ने बताया कि जो कम्युनिकेशन का सिस्टम होना चाहिए, वो नहीं है. लोगों ने स्थानीय एयरपोर्ट की बात बताई कि एयरपोर्ट तो है पर हवाई जहाज उतरने नहीं आते.

    सब जानते हैं कि यहां बहुत सारे प्राकृतिक संसाधन हैं. यहां सौर ऊर्जा की कोई कमी नहीं है. बीजेपी के लोग ये जानते हैं कि अगर आपको प्रतिनिधित्व दिया तो वो आपसे आपकी ज़मीन नहीं छीन पाएंगे. मामला ज़मीन का है. बीजेपी के लोग आपकी ज़मीन आपसे लेना चाहते हैं. अडानी जी के प्रोजेक्ट लगाना चाहते हैं. हम ये कभी होने नहीं देंगे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, वो पल जब चांद की सतह पर विक्रम लैंडर से बाहर निकला प्रज्ञान रोवर, देखिए वीडियो

    चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर अपना सफ़र शुरू कर दिया है.

    इसरो ने विक्रम लैंडर से प्रज्ञान रोवर के बाहर निकलने का वीडियो जारी किया है.

    इस वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रज्ञान कैसे लैंडर से बाहर निकलकर चांद की सतह पर चल रहा है.

    चंद्रयान-3 भारत से 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था.

    23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी.

    भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश बन गया है.

    भारत से पहले सोवियत संघ, अमेरिका और चीन चांद तक पहुंच चुके हैं.

  3. विवेक रामास्वामी ने रिपब्लिकन डिबेट के बाद एक घंटे में जुटाए 4.50 लाख डॉलर

    भारतीय-अमेरिकी व्यवसायी विवेक रामास्वामी ने गुरुवार को रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की बहस की और इसके बाद उनकी ऑनलाइन फ़ंड रेज़िंग में जबरदस्त वृद्धि हुई.

    उनके कैंपेन की प्रवक्ता ट्रिसिया मैकलॉघलिन ने गुरुवार को एपी को बताया कि विवेक रामास्वामी ने बुधवार रात की बहस के बाद से औसतन 38 डॉलर के हिसाब से पहले घंटे में 450,000 डॉलर पैसे जुटाए हैं.

    रामास्वामी रिपब्लिकन नेता है और उन्होंने पार्टी से अपनी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी पेश की है. गुरुवार को डोनाल्ड ट्रंप की ग़ैरमौजूदगी में रामास्वामी के भाषण की चर्चा ज़ोरों पर थी.

    बहस के बाद सामने आए पहले सर्वे में कहा गया कि बहस सुन रहे 504 लोगों में से 28% ने कहा कि रामास्वामी ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया.

    रामास्वामी के अलावा इस रेस में रिपब्लिकन नेता और दक्षिण कैरोलीना की गवर्नर निक्की हेली, पूर्व न्यू जर्सी गवर्नर क्रिस क्रिसटीज़ और पूर्व उप राष्ट्रपति माइक पेंस भी शामिल हैं.

  4. प्रधानमंत्री मोदी ग्रीस पहुंचे, 40 साल बाद किसी भारतीय पीएम का दौरा

    दक्षिण अफ़्रीका का दौरा ख़त्म कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब ग्रीस की राज़धानी एथेंस पहुंच गए हैं.

    40 सालों बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री यूरोप के इस देश का दौरा कर रहे हैं.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ़्रीका के जोहानिसबर्ग में थे.

    यहां उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी बात हुई.

    दोनो नेताओं ने सीमा पर तनाव कम करने के प्रयासों को तेज़ करने पर सहमति जतायी.

    विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने एक ब्रीफिंग में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की और एलएसी पर अनसुलझे मुद्दों पर भारत की चिंताओं की चर्चा की.

    क्वात्रा ने बताया, “प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना और एलएसी का सम्मान करना भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने के लिए ज़रूरी है.”

    “दोनों नेता संबंधित अधिकारियों को सीमा पर तनाव कम करने के प्रयासों को तेज़ करने का निर्देश देने पर सहमत हुए.”

  5. राहुल गांधी को पीएम बनाने में यूपी की ज़िम्मेदारी सबसे बड़ी- अजय राय

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने में यूपी कांग्रेस की "सबसे बड़ी जिम्मेदारी" है.

    अजय राय राज्य पार्टी मुख्यालय में कार्यभार संभालने के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित कर रहे थे.

    उन्होंने कहा- “अब हर कोई चाहता है कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें, उन्हें पीएम बनाने में सबसे बड़ी जिम्मेदारी पार्टी की यूपी इकाई की है.”

    “ हम सभी राहुल गांधी के लिए और पार्टी के लिए काम करेंगे तभी हम 2024 चुनाव में अपनी ताकत दिखा पाएंगे.”

    वाराणसी से आने वालेअजय राय 2014 और 2019 के आम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ चुके हैं.

  6. ट्रंप ने 2021 के बाद पहली बार किया ट्वीट तो मस्क ने दी ये प्रतिक्रिया

    लगभग ढाई साल बाद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जान जाता था) पर ट्वीट किया.

    उन्होंने अपना मगशॉट एक्स पर ट्वीट किया और अब इस पर एक्स के मालिक एलन मस्क ने प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप के ट्वीट पर एलन मस्क ने लिखा- ‘नेक्स्ट लेवल’

    ट्रंप ने जॉर्जिया जेल से जारी अपने मगशॉट यानी जेल से जारी की गई तस्वीर को ट्वीट किया. तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी वेबसाइट की जानकारी शेयर की है, जिसके ज़रिए उनके कैंपेन के लिए पैसे जुटाए जाते हैं.

    इससे पहले ट्रंप ने 8 जनवरी 2021 को ट्वीट किया था और उसके बाद उन्होंने आज इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है.

    ट्रंप को ट्विटर पर बैन कर दिया गया था, पिछले साल एक्स के नए मालिक एलन मस्क ने ट्रंप पर लगा बैन हटा दिया था, लेकिन इसके बावजूद ट्रंप इस प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे.

  7. पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच सीमा विवाद पर क्या बात हुई

    ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बातचीत में सीमा पर तनाव कम करने पर ज़ोर दिया गया .

    विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने एक ब्रीफिंग में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की और एलएसी पर अनसुलझे मुद्दों पर भारत की चिंताओं की चर्चा की.

    क्वात्रा ने बताया, “प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना और एलएसी का सम्मान करना भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने के लिए ज़रूरी है.”

    “दोनों नेता संबंधित अधिकारियों को सीमा पर तनाव कम करने के प्रयासों को तेज़ करने का निर्देश देने पर सहमत हुए.”

    इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने ब्रिक्स नेताओं की प्रेस ब्रीफिंग से पहले हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया. दोनों नेता मंच पर कुछ देर बातचीत करते भी नजर आए.

  8. ट्रंप को आख़िर सरेंडर क्यों करना पड़ा, उन पर चल रहा जॉर्जिया केस क्यों अलग है?

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया के फुल्टन काउंटी जेल में सरेंडर किया. हालांकि 20 मिनट बाद ही वह जेल से बाहर आ गए.

    लेकिन इस बार वो हुआ जो इससे पहले किसी अमेरिकी राष्ट्रपति या पूर्व राष्ट्रपति के साथ नहीं हुआ.

    ट्रंप का मगशॉट सामने आया यानी वो तस्वीर जो जेल में रिकॉर्ड के लिए खींची जाती है. ऐसा अमेरिका के इतिहास में कभी नहीं हुआ.

    हम आपको बताते हैं आख़िर ये मामला क्या है, जिसके लिए ट्रंप को सरेंडर करना पड़ा.

    पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जॉर्जिया में साल 2020 के चुनाव में अपनी हार के नतीजे को पलटने की कथित कोशिशों के लिए 13 आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं.

    98 पन्नों के आरोप पत्र में कहा गया है कि ट्रंप ने "आपराधिक तरीके" से चुनाव परिणाम को बदलने के लिए "ग़ैरक़ानूनी साज़िश रची".

    इसके अलावा अन्य आरोपों में चुनावी धोखाधड़ी के झूठे दावे करना शामिल है. ट्रंप अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार करते हैं.

    बीते कई महीनों में ट्रंप के ख़िलाफ़ ये चौथा आपराधिक मामला है.

    ये वो कुछ अहम आरोप हैं जो ट्रंप पर जॉर्जिया केस में लगाए गए हैं

    • आरोप है कि ट्रंप ने "चुनाव के नतीजे को बदलने के लिए धोखाधड़ी की गतिविधि का एक पैटर्न फॉलो करते हुए ग़ैर-क़ानूनी साज़िश रची". यह फेडरल रैकेटियर प्रभावित और भ्रष्ट संगठन (रिको) अधिनियम के अंतर्गत आता है. इस क़ानून का इस्तेमाल जॉन गोटी जैसे माफ़िया के ख़िलाफ़ किया गया था.
    • सरकारी अधिकारी को शपथ का उल्लंघन करने के लिए कहना- ट्रंप इस तरह के तीन मामलों का सामना कर रहे हैं, जिनमें से एक है जनवरी 2021 में ट्रंप और जॉर्जिया के राज्य सचिव ब्रैड रैफेंसपर्गर के बीच हुई फोन कॉल. अभियोजकों का आरोप है कि ट्रंप ने रैफेंसपर्गर से सर्टिफ़ायड रिटर्न को "गैरकानूनी" रूप से बदलने के लिए कहा था.
    • आरोप है कि ट्रंप ने "गुमराह करने के इरादे से" कुछ व्यक्तियों को निर्वाचित अधिकारियों की तरह तैयार कर उन्हें तैनात करने की साजिश की और चुनाव को प्रभावित करने की गैरकानूनी साजिश रची गई.
    • आरोप है कि ट्रंप ने एक फर्ज़ी दस्तावेज़ बनाया जिसका शीर्षक था "जॉर्जिया से 2020 के मतदाताओं के वोटों का प्रमाण पत्र", ट्रंप ने जनता को धोखा देने के लिए साजिश रची. दस्तावेज़ से ये दिखाने की कोशिश की गई की वो जार्जिया से जीत गए हैं.
  9. ट्रंप ने बिताए जेल में महज़ 20 मिनट, मिली ज़मानत

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया के फुल्टन काउंटी जेल में सरेंडर किया और वहां 20 मिनट बिताए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुतबिक़ ट्रंप ज़मानत पर रिहा हो चुके हैं.

    ट्रंप ने ज़मानत के लिए जेल अधिकारियों को दो लाख डॉलर का मुचलका भरा.

    अटलांटा के हर्ट्सफ़ील्ड-जैक्सन एयरपोर्ट पर अपने निजी विमान में चढ़ने से पहले उन्होंने दोहराया कि ये मामला राजनीति से प्रेरित है.

    उन्होंने कहा, “यहां जो कुछ हुआ है वह न्याय का मज़ाक है, मैंनें कुछ भी ग़लत नहीं किया और ये सब जानते हैं.”

    साल 2020 के चुनाव में मिली हार को पलटने की कोशिश करने के आरोप में उन पर ये मामला चल रहा है.

    जेल से ट्रंप की आधिकारिक तस्वीर जिसे मगशॉट कहा जाता है, जारी कर दी गई हैं. ये पहली बार है जब ट्रंप का कोई मगशॉट सार्वजनिक किया गया है.

    अमेरिका के इतिहास में ये पहली बार है कि किसी पूर्व राष्ट्रपति का मगशॉट सामने आया हो.

  10. ढाई साल बाद ट्रंप ने किया पहला ट्वीट, जानिए क्या कहा

    लगभग ढाई साल बाद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जान जाता था) पर ट्वीट किया है.

    उन्होंने अपना मगशॉट यानी जेल से जारी की गई तस्वीर को ट्वीट किया है. तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी वेबसाइट की जानकारी शेयर की है, जिसके ज़रिए उनके कैंपेन के लिए पैसे जुटाए जाते हैं.

    इससे पहले ट्रंप ने 8 जनवरी 2021 को ट्वीट किया था और उसके बाद उन्होंने आज इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है.

    ट्रंप को ट्विटर पर बैन कर दिया गया था और उन्होंने अपना ख़ुद का सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मट्रूथ सोशल शुरू किया था.

    पिछले साल एक्स के नए मालिक एलन मस्क ने ट्रंप पर लगा बैन हटा दिया था, लेकिन इसके बावजूद ट्रंप इस प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने जॉर्जिया की एक जेल में किया सरेंडर, जेल ने की जारी तस्वीर

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया के फुल्टन काउंटी जेल में सरेंडर कर दिया है.

    साल 2020 के चुनाव में मिली हार के नतीजों को पलटने की कोशिश करने के आरोप में उन पर ये मामला चल रहा है.

    जेल से ट्रंप की आधिकारिक तस्वीर जिसे मगशॉट कहा जाता है, जारी कर दी गई हैं. ये पहली बार है, जब ट्रंप का कोई मगशॉट सार्वजनिक किया गया है.

    ट्रंप की ज़मानत के लिए मुचलके की राशि दो लाख डॉलर तय की गई है.

    इस महीने की शुरुआत में जॉर्जिया में एक अभियोजक ने रिपब्लिकन नेता और पूर्व राष्ट्रपति पर कई आरोप लगाए थे. उन पर जो बाइडन से मिली हार को प्रभावी ढंग से पलटने की साज़िश में शामिल होने का आरोप है.

    ये चौथी बार है, जब इस साल ट्रंप कोर्ट या संघीय अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर रहे हैं. इससे पहले भी जब उनके खिलाफ़ आपराधिक मामले चलाए गए तो उन्होंने तीन बार आत्मसमर्पण किया. अमेरिकी मीडिया के अनुसार 2023 से पहले अमेरिका में कभी ऐसा नहीं देखा गया है.

    फुल्टन काउंटी जेल की बुकिंगशीट में डोनाल्ड ट्रंप के नाम की एंट्री कर दी गई है. इसमें उनके ख़िलाफ़ 13 आरोप, कथित अपराधों की तारीख़ें और ज़मानत का विवरण भी सूचीबद्ध किया गया है.

    ट्रंप इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं.

    उन्होने मीडिया से बात करते हुए कहा, “चुनाव को चुनौती देने में सक्षम होना चाहिए. मेरा मानना ​​है कि वो चुनाव एक धांधली वाला चुनाव था. मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है और सब ये जानते हैं. अगर हमें लगता है कि चुनाव में बेईमानी हुई है तो उसे चुनौती देने के सारे अधिकार हमारे पास हैं.”

  12. नमस्कार

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    24 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहांक्लिककरें.