सरकारी बंगला वापस मिलने पर बोले राहुल गांधी- पूरा हिंदुस्तान ही मेरा घर है...
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने के बाद उनका आधिकारिक बंगला भी उनको मिल गया है.
बंगला अलॉट किए जाने की ख़बर आने पर पत्रकारों ने उनसे इस बारे में सवाल पूछा तो राहुल गांधी ने कहा, "मेरा घर पूरा हिंदुस्तान है."
वह असम के नेताओं से मिलने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने के बाद वो मंगलवार को लोकसभा पहुंचे लेकिन उन्होंने भाषण नहीं दिया.
संसद में सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है.
राहुल गांधी केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद हैं. लोकसभा सचिवालय की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी होने के बाद उनकी सदस्यता बहाल हुई.
साल 2019 में राहुल गांधी ने 'मोदी सरनेम' को लेकर दिए एक बयान दिया था, जिसे लेकर बीजेपी विधायक पूर्णेश मोदी सूरत की निचली अदालत पहुंचे थे. निचली अदालत ने राहुल गांधी को दो साल की सज़ा सुनाई थी.
अदालत के इस फ़ैसले के 24 घंटे के बाद ही लोकसभा की उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी.
हालांकि, बीते शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय ने राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगा दी थी. इसके बाद उनकी सदस्यता बहाल की गई है.