सपा प्रमुख
अखिलेश यादव के 'असली हिंदुत्व' को बचाने वाले बयान पर एआईएमआईएम असदउद्दीन ओवैसी की
प्रतिक्रिया आई है.
ओवैसी ने ट्विटर
पर अखिलेश यादव पर तंज कसा है.
अखिलेश यादव ने
दो दिन पहले एक इंटरव्यू में कहा था, ''बीजेपी हिंदुत्व समाज को बांटने की
बात करता है. असली हिंदुत्व को बचाने की ज़रूरत है. जो लोग सत्ता की खातिर
हिंदुत्व का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, हमें उनसे हिंदुत्व को बचाने की ज़रूरत
है.''
अब ओवैसी ने
अखिलेश के इसी बयान पर हमला बोला है.
ओवैसी ने ट्वीट
किया, ''अखिलेश भैया ने कहा है कि 'असली हिंदुत्व को बचाना ज़रूरी है.' इस इंसान को
पिछले चुनाव में रिकॉर्ड-तोड़ एक-तरफा मुसलमान वोट मिले थे. भाजपा मुल्क भर में
मुसलमानों को हिंसा और नाइंसाफी का निशाना बना रही है, लेकिन भैया को
‘सांड समाचार’ से फुर्सत नहीं मिलती.''
दरअसल अखिलेश
यादव सोशल मीडिया पर आवारा पशुओं के वो वीडियो शेयर करते रहे हैं, जिनके कारण अकसर
यूपी में लोगों को दिक्कत होते देखा गया है.
ओवैसी बोले, ''ग़लती
भैया की नहीं है, ग़लती तो उन बिचौलियों की है, जिन्होंने डरे हुए मुसलमानों को गुमराह
किया. एक आज़ाद सियासी आवाज़ के सिवा हमारा कोई और विकल्प नहीं है.''
समाचार एजेंसी
एएएनआई से बात करते हुए ओवैसी ने अखिलेश के लिए कहा- '' आप मुसलमानों को क्यों बेवकूफ बना रहे
हैं.''
ओवैसी ने कहा, ''जब
मुसलमानों पर यूपी समेत देशभर में हमले हो रहे हैं, तब अखिलेश कह रहे हैं कि हिंदुत्व को
बचाना है, क्या बचाएंगे आप? आप संविधान को नहीं बचाएंगे, आप
धर्मनिरपेक्षता को नहीं बचाएंगे? यूपी के मुसलमानों को समझने की ज़रूरत
है कि उनको एक अपनी सियासी आवाज़ की ज़रूरत है.''