You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मणिपुर: कुकी पीपुल्स अलायंस ने बीजेपी सरकार से समर्थन वापस लिया

मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 32 विधायक हैं.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अंशुल सिंह

  1. उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन हथियारों की फैक्ट्री पहुँचे, खुद चलाई राइफ़ल

    उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने इस सप्ताह गुरुवार से शनिवार के बीच देश के मिसाइल इंजन और हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों का मुआयना किया.

    इनमें वो फैक्ट्री भी थी, जहां क्रूज़ मिसाइल और एरियल वेपन बनाए जाते हैं.

    इस दौरान किम जोंग उन खुद भी अलग-अलग राइफ़ल पकड़े दिखाई दिए.

    उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि किम जोंग उन ने देश की सुरक्षा के लिए गोला-बारूद और हथियारों का उत्पादन बढ़ाने पर ज़ोर दिया.

    रॉयटर्स के अनुसार जिन लॉन्चर्स का किम ने मुआयना किया उनका इस्तेमाल आमतौर पर बैलिस्टिक मिसाइलों को दागने के लिए किया जाता है. उत्तर कोरिया कई रॉकेट लॉन्चर, आधुनिक क्रूज़ मिसाइलों और बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है.

  2. तारे के जीवन का अंतिम चैप्टर कैसा होता है?

    आप जो सुंदर सी तस्वीर ऊपर देख रहे हैं, वो किसी तारे के जीवन का अंतिम चैप्टर है.

    ये तस्वीर जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने ली है और जिसमें तारे के जीवन के अंतिम हिस्से के बारे में काफी विस्तृत जानकारी है.

    इस चमकीले गैस को रिंग नेबुला कहा जाता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि ये अवस्था सूरज के 'भविष्य'' को भी दर्शाता है.

    ये धरती से 2,600 प्रकाश वर्ष की दूरी पर है.

  3. नूंह हिंसा: ओवैसी ने कहा- गरीब मुसलमानों के घर पर चलाया जा रहा बुलडोज़र

    हरियाणा के नूंह में "अवैध निर्माणों" पर चलाए जा रहे बुलडोज़र पर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने कहा कि नूंह हिंसा के बाद हरियाणा सरकार गरीब मुसलमानों को निशाना बना रही है.

    ओवैसी ने ट्वीट किया, "सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कोई भी बुलडोज़र एक्शन लेने से पहले सरकार को क़ानून की प्रक्रिया का पालन करना होगा. बिना बिल्डिंग मालिक को अपनी बात रखने का मौका दिए कोई कार्रवाई नहीं हो सकती. बस इल्ज़ाम की बुनियाद पर सैकड़ों ग़रीब परिवारों को बेघर कर दिया गया."

    "भले ही संघी अपनी बर्बरता पर गर्व करते हों, लेकिन न ये क़ानूनी तौर पर सही है और न ही इंसानियत के तक़ाज़े से जायज़ है. हरियाणा में सिर्फ़ ग़रीब मुसलमानों को निशाना बनाया गया है और एकतरफ़ा कार्रवाई की जा रही है. असली मुज़रिम बंदूक़ लेकर खुले आम घूम रहे हैं. उनके आगे तो खट्टर सरकार ने अपने घुटने टेक दिए. मिट्टी के मकान और झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़ कर अपने-आप को ताक़तवर समझना क्या बड़ी बात है?"

    सोमवार, 31 जुलाई को नूंह में सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी. हिंसा के बाद पिछले तीन दिन से हिंसा में शामिल अभियुक्तों के घरों पर बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं.

    रविवार को सहारा फैमिली रेस्टोरेंट पर बुलडोज़र चलवाते समय डिस्ट्रिक्ट प्लानर विनेश कुमार ने कहा, "यह इमारत पूरी तरह से अनधिकृत थी और इसे सरकार और विभाग द्वारा नोटिस दिया गया था. आज ये कार्रवाई की जा रही है. यह एक होटल कम रेस्तरां है और पूरी तरह से अनधिकृत है. यहां से यात्रा पर गुंडों ने पथराव किया था इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है."

    इस हिंसा में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें दो पुलिसकर्मी शामिल हैं.

    हरियाणा की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(एडीजीपी) ममता सिंह के मुताबिक शनिवार, 5 अगस्त तक राज्य में करीब 104 एफआईआर दर्ज हुई हैं जिसमें करीब 216 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 83 लोगों को एहतियातन हिरासत में रखा गया है.

  4. पाकिस्तान गईं अंजू के पति ने भारत में दर्ज कराई एफ़आईआर, बताया जान का ख़तरा

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में भिवाड़ी के फूलबाग थाने में पाकिस्तान गईं अंजू और नसरुल्लाह के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है.

    अंजू के पति अरविंद कुमार ने एफ़आईआर में ख़ुद की मानहानि, बिना तलाक दिए दूसरी शादी और जान का ख़तरा बताते हुए एफ़आईआर दर्ज करवाई है.

    भिवाड़ी के डीएसपी सुजीत शंकर ने बीबीसी को फोन पर बताया, "अंजू के पति अरविंद कुमार ने चार अगस्त को थाने में शिकायत दी है, जिसके आधार पर आईपीसी की धारा 366, 494, 500, 506 और आईटी एक्ट की धारा 66ए के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है."

    डीएसपी सुजीत के मुताबिक़, "अरविंद ने शिकायत में कहा है कि बिना तलाक लिए अंजू ने पाकिस्तान में दूसरी शादी की है. फ़ोन कर धमकियां दी और कहा कि भारत आ कर अपने बच्चों को भी पाकिस्तान ले जाएगी. अरविंद ने अंजू और नसरुल्लाह से जान का खतरा बताया है. इन सभी आरोप पर संबंधित धाराएं लगाई गईं हैं."

    बीबीसी के पास एफआईआर की कॉपी मौजूद है. एफ़आईआर में अरविंद ने लिखवाया है, 'सोशल मीडिया के ज़रिए नसरुल्लाह ने अंजू को बहला फुसला कर पाकिस्तान बुलाया. गैरकानूनी तरीके से दूसरी शादी की है. इससे मेरी देश विदेश में बदनामी हुई है.'

    एफ़आईआर में लिखा है कि अंजू ने पाकिस्तान से ही बेटी के फ़ोन पर व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी. अंजू और नसरुल्लाह से बच्चों और मुझे जान का खतरा बना हुआ है.

    एफ़आईआर में लिखा है, 'अंजू और नसरुल्लाह के भारत आने पर उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करें.'

  5. युजवेंद्र चहल ने बताया, क्यों वह भारतीय क्रिकेट टीम के प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं बन पा रहे

    पिछले कई महीनों में युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट टीम में रहने के बावजूद प्लेइंग-11 में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं. अब इसे लेकर उन्होंने खुद जवाब दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “टीम कॉम्बिनेशन हमारी प्राथमिकता है और यह कोई नहीं बात नहीं है. सात नंबर पर अक्सर रवींद्र जडेजा या अक्षर पटेल को खिलाते हैं. तीन स्पिनर तभी खेल सकते हैं जब विकेट स्पिन के मुताबिक हो.”

    उन्होंने कहा कि कुलदीप बहुत अच्छी फॉर्म में हैं और अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं इसलिए टीम उन्हें मौका दे रही है.

    चहल ने कहा कि वो नेट्स पर प्रैक्टिस कर रहे हैं ताकि मौके मिलने पर उसका फायदा उठा सकें.

    उन्होंने कहा कि भले वे मैच न खेल रहे हों, लेकिन वे टीम इंडिया का हिस्सा हैं और मैच में टीम इंडिया की जर्सी पहनकर बैठते हैं.

    चहल ने कहा, “यह परिवार की तरह है, जहां मेरे पास चार भाई हैं. माही भाई सबसे बड़े हैं, उसके बाद विराट भैया आते हैं फिर रोहित भैया और हार्दिक. बात एक सी रहती है. मैदान पर हम जीतने के लिए उतरते हैं. वे हमें एक गेंदबाज के तौर पर छूट देते हैं.”

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, 'वो न काम करेंगे और न करने देंगे', विपक्ष को लेकर पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरे भारत में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी. उसी दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से हमारे देश में विपक्ष का एक धड़ा पुराने ढर्रे पर चल रहा है. वो आज भी खुद तो कुछ करेंगे नहीं, न किसी को करने देंगे. इस रवैये पर अड़े हुए हैं. देश ने आज की और भविष्य की जरूरतों की चिंता करते हुए संसद की आधुनिक इमारत बनाई. संसद देश के लोकतंत्र की प्रतीक होती है. उसमें पक्ष, विपक्ष सबका प्रतिनिधित्व होता है, लेकिन विपक्ष के इस धड़े ने संसद की नई इमारत का भी विरोध किया."

    पीएम मोदी ने कहा, "इन लोगों ने 70 साल तक देश के वीर शहीदों के लिए वॉर मेमोरियल तक नहीं बनाया, जब हमने बनाया तो इसकी भी सरेआम आलोचना करते हुए शर्म नहीं आई. सरदार वल्लभ भाई पटेल का स्टेच्यू ऑफ यूनिटी आज दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति है. हर हिंदुस्तानी को गर्व होता है. कुछ राजनीतिक दल चुनाव के समय तो सरदार साहब को याद कर लेते हैं लेकिन आज तक इनका एक भी बड़े नेता ने इस मूर्ति के न तो दर्शन किए हैं न ही नमन किया है."

    उन्होंने कहा, "नकारात्मक राजनीतिक से ऊपर उठकर सकारात्मक राजनीति के मार्ग पर एक मिशन के रूप में चल रहे हैं. किस राज्य में किसकी सरकार है. कहां किसका वोट बैंक है, इससे ऊपर उठकर हम देश में विकास को सबसे उच्च प्राथमिकता दे रहे हैं. सबका साथ, सबका विकास ये धरती पर चरितार्थ करने के लिए जी जान से जुटे हैं."

    पीएम मोदी ने जिस पुनर्विकास योजना को शुरू किया उसमें करीब 25 हजार करोड़ रुपये तक की लागत आएगी.

    इन 508 स्टेशनों में से 55-55 उत्तर प्रदेश और राजस्थान, 49 बिहार, 44 महाराष्ट्र, 37 पश्चिम बंगाल, 34 मध्य प्रदेश, 32 असम, 25 ओडिशा, 22 पंजाब, 21-21 गुजरात और तेलंगाना, 20 झारखंड, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 18-18, हरियाणा में 15 और 13 कर्नाटक के हैं.

  7. नूंह हिंसा: होटल पर पत्थरबाज़ी का आरोप, प्रशासन ने चलाया बुलडोज़र

    हरियाणा के नूंह में “अवैध निर्माणों” के खिलाफ स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी है.

    रविवार को प्रशासन ने सहारा फैमिली रेस्टोरेंट पर ढहा दिया. प्रशासन का कहना है कि इस बिल्डिंग से सोमवार के दिन धार्मिक यात्रा पर पत्थरबाज़ी की गई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए डिस्ट्रिक्ट प्लानर विनेश कुमार ने कहा, "यह इमारत पूरी तरह से अनधिकृत थी और इसे सरकार और विभाग द्वारा नोटिस दिया गया था. आज ये कार्रवाई की जा रही है. यह एक होटल कम रेस्तरां है और पूरी तरह से अनधिकृत है. यहां से यात्रा पर गुंडों ने पथराव किया था इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है."

    शनिवार, 5 अगस्त को स्थानीय प्रशासन ने नल्हड़ शिव मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के बाहर दुकानों पर बुलडोज़र चलाया था.

    प्रशासन के मुताबिक वहां मौजूद 45 से ज्यादा पक्की अवैध दुकानों को गिराया गया.

    वहीं शुक्रवार को नूंह के तावडू में भी यह कार्रवाई देखने को मिली थी.

    सोमवार, 31 जुलाई को नूंह के शिव मंदिर से फिरोजपुर झिरका के झिर मंदिर के लिए मेवात बृजमंडल यात्रा निकली थी. यात्रा जैसे ही मंदिर से थोड़ा आगे बढ़ी, पत्थरबाज़ी शुरू हो गई और देखते ही देखते यह आगजनी में बदल गई.

    हिंसा में छह लोगों की मौत हुई है जिसमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.

    हरियाणा पुलिस के मुताबिक शनिवार, 5 अगस्त तक राज्य में करीब 104 एफआईआर दर्ज हुई हैं जिसमें करीब 216 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 83 लोगों को एहतियातन हिरासत में रखा गया है.

  8. इमरान ख़ान केस की सुनवाई पर पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री ने उठाए सवाल

    पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने इमरान ख़ान की गिरफ्तारी की निंदा की है.

    शनिवार को इस्लामाबाद सेशन कोर्ट ने पाकिस्तान के पूर्व पीएम को तोशाखाना मामले में तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उन्हें अटक की जेल भेज दिया गया.

    ट्विटर पर शेख रशीद ने लिखा कि वे इमरान ख़ान की गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजे जाने से बहुत दुखी हैं.

    उन्होंने कहा, "इमरान ख़ान को निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार मिलना चाहिए था. मुझे उम्मीद है कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा और वे जल्द रिहा होंगे."

  9. नूंह हिंसा: मंदिर में महिलाओं के यौन उत्पीड़न पर हरियाणा पुलिस ने क्या बताया

    हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान नल्हड़ मंदिर में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की खबरों का पुलिस ने खंडन किया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(एडीजीपी) ममता सिंह ने कहा, "कल से सोशल मीडिया पर नैरेटिव चल रहा है कि नल्हड़ मंदिर पर जिस दिन ये श्रद्धालु फंसे थे, तो कुछ श्रद्धालु महिलाओं के साथ बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हुए हैं. ये सब बिल्कुल गलत बात है, अफवाह है. उस पूरे घटनाक्रम के दौरान मैं वहां मौजूद थी. किसी भी महिला के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है."

    उन्होंने कहा, "सांप्रदायिक सौहार्द को खराब करने की कोशिश की जा रही है. ऐसी सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."

    31 जुलाई को भड़की हिंसा के बाद से राज्य में गिरफ्तारियों का दौर जारी है.

    ममता सिंह ने बताया कि शनिवार, 5 अगस्त तक राज्य में करीब 104 एफआईआर दर्ज हुई हैं जिसमें करीब 216 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 83 लोगों को एहतियातन हिरासत में रखा गया है.

  10. ज्ञानवापी परिसर: एएसआई का सर्वे तीसरे दिन भी जारी, इन मशीनों का हो रहा है इस्तेमाल

    वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम का सर्वे तीसरे दिन भी जारी है.

    यह सर्वे शुक्रवार को भी किया गया. इससे पहले वाराणसी की अदालत ने 21 जुलाई को एएसआई को सर्वे करने का आदेश दिया था.

    हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "कल(शनिवार) को पूरे इलाके की टोपोग्राफी समझने के लिए डीजीपीएस मशीन का इस्तेमाल किया गया था. लैंड सर्वे में ये कारगार होती है."

    "पश्चिमी दीवार की डिटेल स्टडी हुई है. वहां से लेकर बैरिकेडिंग तक का जो एरिया था, उसमें जो घास थी उसे हटाया गया. तहखाने थे उसे साफ कराया गया है. बहुत सारा मलबा ठीक करने की कोशिश की जा रही है ताकि उसके बाद जांच की जा सके."

    उन्होंने कहा, "सेंट्रल डोम के नीचे होलो साउंड आ रही है उसे मैंने उठाया है, वहां पर जांच चल रही है. सेंट्रल डोम के नीचे जाने का जो रास्ता बना हुआ है, जिसे आर्टिफिशियल एरिया से कवर किया है, उसे भी प्वाइंट आउट किया गया है."

    वकील विष्णु शंकर ने कहा, "जैसे ही आप बैरिकेटिंग के अंदर जाते हैं तो दाएं तरफ एक तहखाना है. उसे खोला गया. दो तहखाने हैं, एक व्यास जी का है जिसका दरवाजा टूटा हुआ है और एक मुस्लिम पक्ष के कब्जे में तहखाना था उसे भी खोला गया है और जांच चल रही है."

    एएसआई ने 24 जुलाई के दिन पहला सर्वे किया था. इसी दिन सुप्रीम कोर्ट में मस्जिद कमेटी की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई हुई जिसमें शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने के लिए कहा.

    इसके साथ ही इलाहाबाद हाई कोर्ट का फ़ैसला आने तक सर्वे पर रोक लगाई.

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद सर्वे पर रोक लगाने से इनकार किया था.

    इसके बाद मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और जहां उनकी मांग को ख़ारिज कर दिया गया.

    पहले एएसआई को चार अगस्त तक सर्वे की रिपोर्ट को जमा करनी थी. मगर अब जब चार अगस्त के दिन सर्वे फिर से शुरू हुआ है तो वाराणसी की अदालत ने एएसआई को नई डेडलाइन देते हुए एक महीने में रिपोर्ट देने को कहा है.

  11. हरियाणा: नूंह में आठ अगस्त तक बंद रहेगा इंटरनेट

    हरियाणा में नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद इंटरनेट बंद कर दिया गया था.

    राज्य सरकार का कहना है कि यह पाबंदी आठ अगस्त तक जारी रहेगी.

    सरकारी आदेश के मुताबिक, "नूंह के अधिकार क्षेत्र में वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली मोबाइल इंटरनेट सेवाओं, बल्क एसएमएस और सभी डोंगल सेवाओं आदि का निलंबन 8 अगस्त 2023 तक बढ़ा दिया गया है."

    वहीं दूसरी तरफ हिंसा के अभियुक्तों की धर-पकड़ जारी है.

    शनिवार को स्थानीय प्रशासन ने हिंसा में संलिप्त लोगों के घरों और दुकानों पर भी बुलडोजर चलाने का काम किया है.

  12. मणिपुर: सुरक्षाबलों ने बरामद किए 1195 हथियार

    मणिपुर पुलिस ने शनिवार को राज्य में पुलिस स्टेशनों से लगातार हो रही हथियारों की लूट पर कुछ नई जानकारियां सामने रखी हैं.

    पुलिस कंट्रोल रूम का कहना है कि राज्य में सिर्फ घाटी के पुलिस स्टेशन से नहीं बल्कि पहाड़ी जिलों से भी हथियार और गोला बारूद लूटा गया है.

    प्रेस नोट के मुताबिक लूटे गए हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी के लिए सुरक्षाबल पहाड़ी और घाटी इलाकों में लगातार छापेमारी कर रहे हैं.

    पुलिस का कहना है कि इस छापेमारी में घाटी के जिलों से 1057 हथियार 14201 गोला-बारूद और पहाड़ी जिलों से 138 हथियार और 121 गोला बारूद बरामद किए गए हैं.

    3 अगस्त को भी पुलिस ने 15 हथियार बरामद किए थे. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को भी लिलोंग चाजिंग में एक पुलिस चौकी से हथियार छीनने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने समय रहता उनका पीछा किया और हथियार बरामद कर लिए.

    इसके अलावा शनिवार, 5 अगस्त की शाम को मुंगचामकोम इलाके में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच फायरिंग हुई थी, जिसमें एक नॉन सू संगठन का कैडर एक एसएलआर, एक मैगजीन और 50 राउंड एम्युनिशन के साथ पकड़ा गया है.

  13. रूस ने ब्लड ट्रांसफ्यूजन सेंटर पर गिराया बम- यूक्रेन का दावा

    रूस ने उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में एक ब्लड ट्रांसफ्यूजन सेंटर को निशाना बनाया है, जिसमें कई लोग मारे गए और कई घायल हो गए.

    ये दावा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने किया है. उनका कहना है कि रूस ने ब्लड सेंटर पर हवाई बम से हमला किया है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि शनिवार रात खारकीएव क्षेत्र में कुपियांस्क समुदाय पर हमले के बाद बचावकर्मी आग से निपटने की कोशिश कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति जिंदगी की कीमत जानते हैं उनके लिए आतंकवादियों को हराना सम्मान की बात है.

    रूस ने इस हमले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है.

    सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपराधियों की तुलना जानवर से की है और कहा कि यह अपराध ही रूसी आक्रामकता के बारे में सब कुछ बताता है.

    उन्होंने यह नहीं बताया है कि इस हमले में कितने लोग मारे गए हैं और कितने घायल हुए हैं. बीबीसी इस रिपोर्ट की अभी तक पुष्टि नहीं कर पाया है.

    फरवरी 2022 में रूस ने जब यूक्रेन पर पूरी तरह से हमला शुरू किया था तो कुछ ही दिन में उसने कुपियांस्क शहर और आसपास की बस्तियों पर कब्जा कर लिया था.

  14. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    5 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.