You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महिला तीरंदाजों ने रचा इतिहास, वर्ल्ड आर्चरी चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

भारत की महिला तीरंदाजों ने शुक्रवार को बर्लिन में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में मेक्सिको को हराकर इतिहास रच दिया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अनंत प्रकाश

  1. राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, मोदी सरनेम केस करने वाले पूर्णेश मोदी की कहानी

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मोदी सरनेम मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दी है जिसके बाद उनकी संसद सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ होता दिख रहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगाई है.

    सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद राहुल गांधी के ख़िलाफ़ केस करने वाले पूर्णेश मोदी की ओर से पहली प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने कहा है, ‘हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं. अब जब आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट में जो केस लड़ा जाएगा, वहां हम लड़ेंगे.’

    कौन हैं पूर्णेश मोदी

    राहुल गांधी के ख़िलाफ़ केस करने वाले पूर्णेश मोदी गुजरात की सूरत पश्चिम विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं.

    कॉमर्स में स्नातक और उसके बाद एलएलबी करने वाले पूर्णेश मोदी पेशे से वकील हैं जो साल 2000 से 2005 तक सूरत नगर निगम में पार्षद रहे. इसके साथ ही उन्होंने सूरत नगर निगम में बीजेपी के नेता की भूमिका निभाई.

    इसके बाद 2009 से 2012 और 2013 से 2016 तक सूरत शहर में बीजेपी के अध्यक्ष भी रहे.

    पूर्णेश मोदी ने पहली बार 2013 में स्थानीय विधायक किशोर वंकावाला के निधन के बाद सूरत पश्चिम सीट से विधानसभा उपचुनाव जीता था. इसके बाद उन्हें सड़क एवं भवन विभाग मंत्रालय का काम सौंपा गया.

    लेकिन अगस्त 2022 में उनके 'ख़िलाफ़ काम न करने की शिकायत' के बाद उनसे ये पोर्टफोलियो छीन लिया गया.

    बाद में 2022 में हुए गुजरात विधानसभा के चुनाव में पूर्णेश मोदी ने विधायक के रूप में जीत हासिल की. हालांकि, भूपेंद्र पटेल 2.0 सरकार में उन्हें कोई मंत्री पद नहीं दिया गया.

    वे विधानसभा में संसदीय सचिव भी रह चुके हैं. बीजेपी में शुरू से सक्रिय रहने वाले पूर्णेश मोदी सूरत नगर निगम में सत्ताधारी पार्टी के नेता के तौर पर भी काम कर चुके हैं.

    हालांकि, उनके राजनीतिक करियर में कुछ विवाद और कुछ नेताओं से मतभेद भी हुए.

    पूर्णेश मोदी के राजनीतिक सफर और उनकी शख़्सियत के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए क्लिक करें.

  2. सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद राहुल गांधी पर केस करने वाले पूर्णेश मोदी क्या बोले?

    मोदी सरनेम मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत दी है.

    कोर्ट ने राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगाई है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ''ट्रायल जज ने बिना पर्याप्त कारणों और आधार के दो साल की अधिकतम सजा सुनाई है.''

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील केसी कौशिक ने कहा, “कोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी है…सबसे महत्वपूर्ण बात है कि कोर्ट ने यह कहा है कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि जिन लोगों ने राहुल गांधी को संसद में पहुंचाया है उनके अधिकारों का हनन है.”

    राहुल गांधी पर ये मानहानि का केस गुजरात में बीजेपी विधायक पूर्णेश मोदी ने किया था.

    सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी को राहत मिलने के बाद पूर्णेश मोदी ने भी मीडिया से बात की.

    पूर्णेश मोदी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''आज सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगाई गई. हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं. अब जब आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट में जो केस लड़ा जाएगा, वहां हम लड़ेंगे.'

    पूर्णेश मोदी के वकील ने कहा- ''अभी जो कोर्ट का आदेश पास हुआ है, उसका हम सम्मान करते हैं. सांसदी बहाल करने का काम क़ानून के तहत होगा, उस पर हम टिप्पणी नहीं करेंगे.''

  3. राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया- तीन चीजें छिपाई नहीं जा सकतीं

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अपने आदेश में कहा कि ट्रायल जज ने बिना पर्याप्त कारणों और आधार के दो साल की अधिकतम सजा सुनाई है.

    कोर्ट ने राहुल गांधी को कथित टिप्पणी करते समय सावधान रहने के लिए भी कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील केसी कौशिक ने कहा, “कोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी है…सबसे महत्वपूर्ण बात है कि कोर्ट ने यह कहा है कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि जिन लोगों ने राहुल गांधी को संसद में पहुंचाया है उनके अधिकारों का हनन है.”

    प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है - "गौतम बुद्ध ने बताया है कि तीन चीज़ें सूर्य, चंद्रमा, और सत्य को ज़्यादा दिनों तक छिपाए नहीं रखा जा सकता.

    माननीय उच्चतम न्यायालय को न्यायपूर्ण फैसला देने के लिए धन्यवाद. सत्यमेव जयते"

    वहीं, कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ लिखा है - "आ रहा हूं... सवाल जारी रहेंगे"

    लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ''राहुल गांधी के ख़िलाफ़ जो साजिश रची गई, वो नाकाम हुई है. ये सत्य की जीत है. राहुल गांधी की जीत मोदी जी के लिए भारी पड़ेगी. राहुल गांधी आंधी बनकर उतरेंगे, जितनी साजिश करनी है कर लो.''

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा है – ‘श्री राहुल गांधी पर मानहानि के मुकदमे में सजा पर रोक का सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है. यह सच्चाई एवं न्याय की जीत है.’

    वहीं, सचिन पायलट ने लिखा है – “सत्यमेव जयते, माननीय सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी जी की सज़ा पर रोक का फैसला करके लोकतंत्र की आवाज़ को मजबूत किया है. ‘INDIA’ की आवाज़ अब फिर संसद में गूंजेगी...जनता के अधिकारों की आवाज़ को मजबूत करने के लिए माननीय न्यायालय का आभार.”

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, मोदी सरनेम मानहानि केस: राहुल गांधी की सज़ा पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई

    मोदी सरनेम मानहानि केस में राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगाई है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ट्रायल जज ने बिना पर्याप्त कारणों और आधार के दो साल की अधिकतम सजा सुनाई है.

    कोर्ट ने राहुल गांधी को कथित टिप्पणी करते समय सावधान रहने के लिए भी कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील केसी कौशिक ने कहा, “कोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी है…सबसे महत्वपूर्ण बात है कि कोर्ट ने यह कहा है कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि जिन लोगों ने राहुल गांधी को संसद में पहुंचाया है उनके अधिकारों का हनन है.”

    कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा- यह नफरत के ख़िलाफ मोहब्बत की जीत है, सत्यमेव जयते.

    राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सज़ा के एलान के बाद ट्वीट किया- ''राहुल गांधी पर मानहानि के मुकदमे में सजा पर रोक का सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है. यह सच्चाई एवं न्याय की जीत है.''

    कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा, “हम लोगों को इस फैसले की उम्मीद थी. ये सत्य की जीत है.”

    मोदी सरनेम केस- कब क्या हुआ?

    2019 में राहुल गांधी ने कर्नाटक में एक रैली के दौरान कहा- सारे चोरों के नाम में मोदी कॉमन है. राहुल गांधी नीरव मोदी, ललित मोदी का नाम लेकर पीएम मोदी पर तंज कस रहे थे.

    इस टिप्पणी के ख़िलाफ़ गुजरात के बीजेपी नेता पूर्णेश मोदी ने आईपीसी की धारा में शिकायत दर्ज की. मानहानि का केस कोर्ट पहुंचा.

    सूरत की अदालत में सुनवाई हुई और मार्च में राहुल को दो साल की सज़ा सुनाई गई.

    लोकसभा सचिवालय ने नोटिस जारी कर राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी है. ऐसा प्रतिनिधित्व अधिनियम के कारण हुआ.

    राहुल गांधी अदालत के फ़ैसले के ख़िलाफ़ गुजरात हाईकोर्ट गए.

    गुजरात हाईकोर्ट ने सूरत की अदालत के फ़ैसले को बरकरार रखा था.

    हाईकोर्ट के बाद राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे.

  5. जुमे की नमाज़ के कारण रोका गया ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे, हिंदू पक्ष के वकील क्या बोले?

    वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे शुक्रवार से फिर शुरू हो गया है.

    भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की टीम शुक्रवार सुबह ज्ञानवापी मस्जिद पहुंची थी.

    दोपहर एक बजे के क़रीब जुमे की नमाज़ के चलते सर्वे को रोक दिया गया है. नमाज़ के बाद सर्वे फिर शुरू किया जाएगा.

    सुबह से हुए सर्वे के बारे में हिंदू पक्ष के वकील सुधीर त्रिपाठी ने मीडिया से बात की.

    सुधीर त्रिपाठी ने कहा, ''ये सर्वे लंबे वक्त तक चलेगा. सुबह 7 बजे से सर्वे शुरू हुआ है. 40 लोगों की टीम है. मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है.''

    त्रिपाठी बोले, ''अभी लंच किया जा रहा है. तीन बजे से फिर शुरू होगा.''

    सर्वे के तहत अब तक क्या कुछ हुआ? इस सवाल के जवाब में त्रिपाठी बोले- बहुत बारीकी से काम हो रहा है. फोटो खींची जा रही है, तस्वीरें ली जा रही हैं.

    त्रिपाठी ने कहा, ''ये चीज़ समझिए कि ये सर्वे एक-दो घंटे का नहीं है.''

  6. भीलवाड़ा कोयला भट्टी हत्याकांड: ''पुलिस ने नाबालिग का सिर बरामद किया''

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के भीलवाड़ा ज़िले के कोटड़ी में कोयला भट्टी से गुरुवार को हड्डियां मिली थीं. पुलिस और रिश्तेदारों ने तब ये अंदेश जताया था कि ये हड्डियां इलाके की एक नाबालिग लड़की की हैं.

    नाबालिग लड़की के परिवार ने आरोप लगाया था कि गैंगरेप के बाद लड़की की हत्या की गई.

    भट्टी के पास से एक कड़ा भी मिला था, जिसके बारे में परिवार का कहना था कि ये कड़ा लड़की का ही है.

    अब इसी नाबालिग लड़की का सिर पुलिस ने बरामद किया है.

    नरसिंहपुरा कोयला भट्टी से क़रीब तीन किलोमीटर दूर पुलिस ने एक तालाब से सिर, पैर और शरीर के कुछ अन्य भाग भी बरामद किए गए हैं.

    भीलवाड़ा ज़िला पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बीबीसी से फ़ोन पर बताया है कि, "नाबालिग का सिर, एक हाथ और पैर पुलिस ने बरामद किए हैं. अभी कपड़े बरामद नहीं हुए हैं."

    पुलिस ने नाबालिग के सिर समेत शरीर के कितने हिस्से अभी बरामद किए हैं? बीबीसी के इस सवाल पर अजमेर रेंज आईजी लता मनोज कुमार ने फोन पर कहा, "हम प्रेस कांफ्रेंस के ज़रिए सारी जानकारी सबके साथ साझा करेंगे."

    इस मामले में जांच अधिकारी डीएसपी श्याम सुंदर ने बीबीसी से फोन पर बताया है कि, "अभियुक्तों ने नाबालिग से रेप के बाद उसकी हत्या की है. इस मामले में दो घंटे बाद बड़ा अपडेट भी पुलिस की ओर से जारी किया जाएगा."

    सिर मिलने के सवाल पर डीएसपी ने कुछ भी कहने सेइनकार कर दिया.

    कोटड़ी थाना इलाक़े के नरसिंगपुरा के जंगल से गुरुवार कोयला भट्टी से पुलिस ने चार अभियुक्त हिरासत में लिए थे. पुलिस के मुताबिक़, पूछताछ में अभियुक्तों ने रेप के बाद हत्या करना कुबूल किया है.

    पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर नाबालिग का सिर और शरीर के अन्य हिस्से बरामद कर लिए हैं.

  7. मैक्सिको: बस दुर्घटना में 18 लोगों की मौत, बस में भारतीय भी सवार थे

    मैक्सिको में 131 फुट गहरी खाई में एक बस बस के गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई है.

    ये हादसा गुरुवार को नायरित में हुआ है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, बस में कुल 42 यात्री सवार थे. बस में भारत और अफ्रीकी देशों के नागरिक भी सवार थे.

    अधिकारियों ने बताया कि बस में सवार ज़्यादातर यात्री विदेशी थे और इनमें से कुछ लोग अमेरिकी बॉर्डर की तरफ बढ़ रहे थे.

    पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. पुलिस को शक है कि ड्राइवर तेज़ स्पीड में बस चला रहा था.

    रॉयटर्स के वीडियो में देखा जा सकता है कि घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है.

  8. ऑस्ट्रेलिया ओपन में क्वॉर्टर फ़ाइनल से बाहर हुईं पीवी सिंधु

    दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं.

    गुरुवार को उन्होंने टूर्नामेंट के क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई थी. आज हुए मैच में अमेरिकी खिलाड़ी बेईवेन झांग ने उन्हें 21-12 और 21-17 से हरा दिया.

    वहीं बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में पीवी सिंधु लगातार नीचे जा रही हैं. हाल में ही में जारी हुई महिला एकल रैंकिंग में वे पांच स्थान गिरकर 12वें से 17वें पर आ गई हैं.

  9. कोलकाता: पिता-पुत्र की मौत के बाद भारी हंगामा और आगजनी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बेहला चौराहे पर एक ट्रक की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने जम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ भिड़ गए.

    उत्तेजित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन किया और पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उस पर पथराव किया.

    भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज किया.

    लोगों ने पुलिस की एक वैन के अलावा एक मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी और कई बसों में तोड़फोड़ की.

    इस हिंसक झड़प में पुलिसवालों समेत कई लोग घायल हो गए हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र अपने पिता के साथ स्कूल जा रहा था. उसी समय तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनको टक्कर मार दी.

    लोगों के मुताबिक इस घटना में पुत्र ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ा.

    लोगों का आरोप है कि इस चौराहे के आसपास कई स्कूल होने के बावजूद पुलिस अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतती है.

    स्थानीय लोगों और पुलिस वालों के बीच हिंसक झड़प के कारण यह इलाका युद्धक्षेत्र में बदल गया.

    बाद में पुलिस की एक विशाल टुकड़ी ने मौके पर पहुंच कर हालत पर काबू पाया. सुबह का समय होने के कारण उस इलाके में ट्रैफिक अस्त-व्यस्त हो गया.

  10. नूंह सांप्रदायिक हिंसा: एसपी वरुण सिंगला का ट्रांसफर

    हरियाणा के नूंह में सोमवार को भड़की सांप्रदायिक हिंसा के बाद हरियाणा सरकार ने जिले के एसपी वरुण सिंगला का ट्रांसफर कर दिया है.

    उन्हें नूंह से हटाकर अब भिवानी जिले का एसपी बनाया गया है, वहीं भिवानी के एसपी नरेंद्र बिजारनिया को नूंह जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

    पिछले कुछ दिनों से वरुण सिंगला छुट्टी पर चल रहे थे. उनकी गैरमौजूदगी में नरेंद्र बिजारनिया को नूंह का अतिरिक्त चार्ज दिया गया था.

    हरियाणा में हुई हिंसा के अभियुक्तों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. अब तक पांच जिलों में 90 से ज्यादा एफआईआर और 170 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

    वहीं नूंह में हिंसा के बाद से कर्प्यू लगा हुआ है और इंटरनेट पर रोक भी जारी है.

  11. चीन के लिए जासूसी करने के आरोप में अमेरिकी नौसेना के दो व्यक्ति गिरफ्तार

    चीन को संवेदनशील सैन्य जानकारी देने के आरोप में कैलिफोर्निया में अमेरिकी नौसेना के दो नाविकों को गिरफ्तार किया गया है.

    22 साल के अमेरिकी नागरिक जिनचाओ वेई पर एक चीनी एजेंट को राष्ट्रीय रक्षा से जुड़ी जानकारियां देने का आरोप है.

    वहीं 26 साल वेनहेंग चाओ को संवेदनशील तस्वीरों और वीडियो के लिए पैसे लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

    फ़िलहाल यह साफ नहीं है कि क्या दोनों एक ही चीनी एजेंट के संपर्क में थे.

    दोनों व्यक्तियों को बुधवार को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे नेवल बेस सैन डिएगो में काम करने जा रहे थे.

    वेई, अमेरिकी जहाज यूएसएस एसेक्स पर काम करते थे और उनके पास जहाज के बारे में संवेदनशील जानकारियों की पहुंच थी.

    कथित तौर पर फरवरी, 2022 में एक चीनी एजेंट ने उनसे संपर्क किया था, जब वे अमेरिकी नागरिक बनने की प्रक्रिया से गुजर रहे थे.

    आरोप है कि चीनी एजेंट ने वेई को जहाज की तस्वीरों, वीडियो और ब्लूप्रिंट के लिए हजारों डॉलर दिए थे.

    जासूसी के इस कथित घटनाक्रम की किसी भी जानकारी से चीन ने इनकार किया है.

    वाशिंगटन में चीन के दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी सरकार और मीडिया चीन से जुड़े जासूसी के मामलों को बढ़ा चढ़ाकर प्रसारित करता है.

  12. ज्ञानवापी सर्वे के चलते वाराणसी में कड़े सुरक्षा के इंतजाम

      • Author, उत्पल पाठक, वाराणसी से

    वाराणसी के मैदागिन से लेकर गिरजाघर तक का क्षेत्र कड़ी सुरक्षा के घेरे में रखा गया है.

    ज्ञानवापी जाने वाले सभी मार्गों और उनसे लगी गलियों तक में पुलिस बैरिकेडिंग लगाई गई है.

    काशी कॉरिडोर को जाने वाले मार्गों पर आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई गई है और सिर्फ़ पैदल जाने वालों के लिए ही रास्ता खोला गया है.

    क्षेत्र में पीएसी, आरपीएफ, आरएएफ, कमांडो, दंगा नियंत्रण इकाई, सशस्त्र सुरक्षा बलों के साथ पुलिस के जवान निगरानी कर रहे हैं.

    इसके अलावा क्षेत्र में घरों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. वाराणसी के पुलिस उपायुक्त ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि चार अगस्त से सात अगस्त तक काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा.

    ज्ञानवापी परिसर में सर्वे के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम पहुंच गई है, कुछ ही देर में सर्वे का काम शुरू होगा.

  13. ज्ञानवापी परिसर में सर्वे करने पहुंची भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम

      • Author, अनंत झणाणें
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    ज्ञानवापी परिसर में सर्वे के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम पहुंच गई है.

    इसके साथ ही सभी हिंदू याचिकाकर्ता भी वहां मौजूद हैं. मुस्लिम पक्ष की बात करें तो उन्होंने इस सर्वे से दूरी बना ली है.

    ज्ञानवापी का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतज़ामिया मस्जिद समिति के वकील अख़लाक़ अहमद ने बीबीसी से कहा कि मुस्लिम पक्ष के वकील एएसआई सर्वे में शामिल नहीं होंगे क्योंकि मुस्लिम पक्ष ने हाई कोर्ट के कल वाले फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. उनका कहना है “आज सुनवाई में जैसा सुप्रीम कोर्ट कहेगा, हम वैसा करेंगे.”

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए हिंदू पक्ष के वकील सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने कहा, “एएसआई का सर्वे हमारे लिए मील का पत्थर साबित होगा. आज जो सर्वे होने जा रहा है, वो अपने आप में इतिहास है.”

    21 जुलाई को वाराणसी की जिला अदालत ने एएसआई को परिसर का सर्वे कर आज यानी 4 अगस्त को रिपोर्ट देने के लिए कहा था, लेकिन इसके खिलाफ अंजुमन इंतेज़ामिया मस्जिद समिति सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए 26 जुलाई तक के लिए सर्वे पर अंतरिम रोक लगाई थी और मुस्लिम पक्ष से कहा था कि वे इलाहाबाद हाई कोर्ट में अपील करें.

    इसके बाद याचिका की सुनवाई, 27 अगस्त को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने की और फैसले को सुरक्षित रखा. तीन अगस्त यानी गुरुवार को कोर्ट ने सर्वे पर रोक लगाने की याचिका खारिज कर दी और जिला अदालत के फैसले को सही बताया.

    अब हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने के लिए मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जिस पर आज, 4 अगस्त को सुनवाई होनी है.

    एएसआई की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ज्ञानवापी मस्जिद का निर्माण हिंदू मंदिर पर किया गया है.

  14. उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में सब-इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या

    उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में गुरुवार की शाम सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    मीडिया से बात करते हुए फिरोजाबाद के एसपी आशीष तिवारी ने कहा, “आज शाम को सूचना मिली कि थाना आरंव में तैनात सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार मिश्रा दहेज के एक मामले में जांच कर चंद्रपुर गांव से वापस लौट रहे थे.”

    उन्होंने बताया, “उनके साथ एक प्राइवेट व्यक्ति था. बताया जा रहा है कि सुनसान रास्ते पर गोली चली है. हमने देखा है कि गोली गले के दाएं तरफ लगी है. उनकी मृत्यु हो गई है. हम यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि वास्तव में ये गोली किसने चलाई है. कई टीमें इसकी जांच कर रही हैं.”

  15. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    3 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.