आर्यन ख़ान केस: समीर वानखेड़े ने आरटीआई एक्टिविस्ट के ख़िलाफ़ पुलिस में दी शिकायत

इमेज स्रोत, ANI
आर्यन ख़ान मामले में एक आरटीआई एक्टिविस्ट के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग को लेकर आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
वानखेड़े ने कहा है कि आरटीआई एक्टिविस्ट ने एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें वो (वानखेड़े) कॉर्डेलिया क्रूज़ शिप पर मौजूद हैं. वानखेड़े ने इस वीडियो को प्रथमदृष्टया अपमानजनक बताया है.
फिलहाल एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ कस्टम्स के पद पर तैनात वानखेड़े ने दावा किया है कि एक्टिविस्ट केतन तिरोड़कर ने एक मराठी न्यूज़ चैनल और अन्य जगहों पर ग़लत और अपमानजनक इंटरव्यू चलाया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अंबोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने वानखेड़े की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि की है.
इस शिकायत में कहा गया है कि तिरोड़कर ने सच की पड़ताल किए बिना यूट्यूब पर ये वीडियो अपलोड किया, वो भी तब जब मामला अदालत में विचाराधीन था. इससे वानखेड़े का अपमान हुआ.
वानखेड़े ने मांग की है कि आरटीआई एक्टिविस्ट के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 499 और 500 के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए.
आर्यन खान मामले में 25 करोड़ की रिश्वत से जुड़े केस में सीबीआई ने मुंबई एनसीबी के प्रमुख रह चुके वानखेड़े और चार अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि शाहरुख ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान को छोड़ने के एवज़ में ये घूस मांगी गई थी.


















