मणिपुर के मुद्दे पर सरकार संसद में बोली- आज दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए
राज्यसभा में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को कहा है कि सरकार दो बजे मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है.
इस बीच लोकसभा और राज्यसभा दोनों में विपक्ष का हंगामा जारी रहा. लोकसभा को दो बजे और राज्यसभा को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया है.
धनधड़ ने कहा, ''मैंने आप लोगों से कहा था कि मणिपुर पर चर्चा के लिए मैं सदन के नेता से पूछकर बताऊंगा. मैंने उनसे बात की. सरकार मणिपुर पर आज (सोमवार) को चर्चा के लिए तैयार है.''
इससे पहले राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा- ''जब मणिपुर पर चर्चा के लिए सरकार तैयार है, तब विपक्ष जो कर रहा है वो देश देख रहा है. विपक्ष आख़िर क्या मैसेज देना चाहता है, क्या विपक्ष बहस से भाग रहा है? ये मणिपुर की सच्चाई सामने नहीं लाने दे रहे. इस सदन में हम मणिपुर पर चर्चा आज ही चाहते हैं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए. आज दोपहर दो बजे ही मणिपुर पर चर्चा की जाए.''
कुछ दिन पहले मणिपुर का एक वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में पुरुषों की भीड़ दो औरतों को निर्वस्त्र कर दौड़ाते और यौन उत्पीड़न करते हुए दिखी थी. पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों को गिरफ्तार किया था.
वीडियो वायरल होने के बाद से विपक्ष मांग कर रहा है कि पीएम मोदी इस मुद्दे पर दोनों सदनों में आकर बयान दें.
सरकार का कहना है कि विपक्ष कभी मणिपुर पर चर्चा की मांग करता है तो कभी पीएम मोदी से संबोधन की मांग करता है.