You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान फिर बना एसीसी मेंस इमर्जिंग कप चैंपियन, फ़ाइनल में भारत को 128 रनों से हराया

पाकिस्तान 'ए' ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 353 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. भारत 'ए' की पूरी टीम 255 रन बना कर आउट हो गई.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. चोटिल बुमराह, ऋषभ पंत और केएल राहुल की रिकवरी कहां तक पहुँची, बीसीसीआई ने बताया

    बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे पाँच बड़े खिलाड़ियों के हेल्थ अपडेट जारी किए हैं.

    फिलहाल ये पाँच खिलाड़ी बेंलगुरु के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं.

    बीसीसीआई की दी हुई अपडेट के अनुसार भारत के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा रिकवरी के आखिरी चरण में हैं. वहीं, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने नेट्स पर बल्लेबाज़ी शुरू कर दी है.

    बीते साल दिसंबर में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए ऋषभ पंत के स्वास्थ्य में भी तेज़ी से सुधार हुआ है और वो बैटिंग करने की कोशिश कर रहे हैं.

    बुमराह और श्रेयस अय्यर को बैक सर्जरी की वजह से आईपीएल और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ आईसीसी की वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फ़ाइनल से बाहर रहना पड़ा था.

    केएल राहुल ने भी प्रैक्टिस शुरू कर दी है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम आने वाले दिनों में राहुल और अय्यर की ट्रेनिंग और बढ़ाएगी.

    वहीं, बुमराह और प्रसिद्ध पूरे-पूरे प्रैक्टिस मैच खेलेंगे. इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम आखिरी फैसला करेगी.

    पंत आखिरी बार दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के दौरे पर खेले थे.

    भारतीय टीम को आने वाले समय में कई मैच खेलने है. अगले महीने टीम आयरलैंड के दौरे पर रहेगी. इसके बाद भारतीय टीम को श्रीलंका में एशिया कप और फिर घरेलू मैदानों पर ही वनडे इंटरनेशनल वर्ल्ड कप खेलना है.

  2. गुजरात: जूनागढ़ में तेज़ बारिश का कहर, सड़कों पर पानी भरा, गाड़ियां बहीं

    जूनागढ़ और अमरेली समेत गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से सड़कें जलमग्न हो गई हैं.

    जूनागढ़ में शनिवार को लगातार हुई भारी बरसात की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए और शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए.

    शहर की सड़कों पर नदियों की तरह पानी बहता दिखा. कुछ सोसाइटी में पानी घरों के अंदर तक घुस गया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

    पानी का बहाव इतना तेज़ था कि कारें और कई अन्य वाहन इसमें खिलौनों की तरह बहते दिखे.

    बीबीसी के सहयोगी बिपिन टंकारिया की जानकारी के अनुसार, जूनागढ़ शहर में हो रही बारिश के कारण राजकोट में मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक की. वहीं मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं.

    स्थानीय पत्रकार और बीबीसी गुजराती के सहयोगी पत्रकार हनीफ खोखर ने कहा कि जूनागढ़ शहर में कुछ ही घंटों में 15 इंच तक भारी बारिश हुई, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई.

    शहर के दरवेशनगर, गणेशनगर, जोशीपारा जैसे इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है. कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोग छत पर रहने को मजबूर हैं.

    जानकारी के मुताबिक, दो इलाकों कैम्ब्रिज सोसायटी और यमुनानगर में काफ़ी नुकसान हुआ है.

    बारिश की वजह से अहमदाबाद के कुछ इलाकों में भी जलभराव की स्थित बन गई है.

  3. गुजरात के जूनागढ़ से LIVE

    गुजरात के जूनागढ़ में तीन घंटे में 15 इंच बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त , उसके बारे में ज़्यादा जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता तेजस वैद्य कैमरा-हनीफ़ खोखर

  4. दिल्ली में एक बार फिर ख़तरे के निशान से पार हुआ यमुना का जलस्तर

    दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर से खतरे के निशान के ऊपर आ गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के बीच हथिनिकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से रविवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया.

    माना जा रहा है कि अभी यमुना में पानी का स्तर और बढ़ेगा. पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुँचाने में दिक्कत हो सकती है.

    वहीं राजस्व मंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा कि हथिनिकुंड बैराज से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है.

    इससे पहले 13 जुलाई को ये 208.66 मीटर पहुंचा था, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर था. उस समय आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, राजघाट, कश्मीरी गेट जैसे कई अहम इलाकों में पानी भर गया था.

    सेंट्रल वॉटर कमीशन (सीडब्लूसी) के डेटा के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 9 बजे के बीच जलस्तर 205.02 मीटर से बढ़कर 205.96 मीटर तक पहुंच गया है. रविवार शाम को इसके 206.7 मीटर तक पहुंचने का अनुमान है.

    मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 25 जुलाई तक अत्याधिक बारिश का अनुमान पेश किया है.

  5. दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का दावा- मणिपुर सरकार ने राज्य का दौरा न करने का सुझाव दिया

    दिल्ली महिला आयोगी (डीसीडब्लू) अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा है कि मणिपुर सरकार उन्हें हिंसाग्रस्त राज्य का दौरा करने की इजाज़त नहीं दे रही है.

    मीडिया से बात करते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा, "मणिपुर से बहुत ज़्यादा डराने वाले यौन शोषण के मामले सामने आ रहे हैं. मैंने मणिपुर सरकार को पत्र लिखकर निवेदन किया था कि मैं मणिपुर आना चाहती हूं और यौन शोषण की पीड़ितों से मिलना चाहती हूं."

    स्वाति मालीवाल ने ये भी कहा कि पहले मणिपुर सरकार ने उन्हें आने के लिए कहा. लेकिन अब एक चिट्ठी भेजी है जिसमें उन्हें अपना दौरा टालने का सुझाव दिया गया है. इसके पीछे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को कारण बताया गया है.

    इस पर स्वाति मालीवाल ने कहा, "वहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए तो मैं वहाँ जाना चाह रही हूं. यौन शोषण की पीड़िताओं के पास पहुंचना चाह रही हूं. मुख्यमंत्री खुद कह रहे हैं कि ऐसे कई सौ मामले हैं. उन मामलों तक, उन लड़कियों तक मदद पहुंची है या नहीं, वो कहां रह रही हैं, किन हालात में रह रही हैं, क्या उन तक कानूनी मदद पहुंच पाई है, क्या उन्हें कोई धमकी तो नहीं मिल रही. वो सुरक्षित हैं या नहीं, उनको मदद करने के लिए मैं वहां पहुंचना चाहती हूं."

    मणिपुर में तीन मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है.

    बुधवार को दो कुकी समुदाय की महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने का वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर से विपक्षी पार्टियां केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर हैं.

  6. पाकिस्तान से आईं सीमा हैदर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने लगाई दया याचिका

    नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत आने वाली पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ने अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास दया याचिका दी है.

    सीमा हैदर ने राष्ट्रपति से कहा है कि उनके चार बच्चों के साथ उन्हें उनके प्रेमी सचिन मीणा के साथ ग्रेटर नोएडा में रहने की अनुमति दी जाए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह ने सीमा की ओर से ये याचिका दायर की है, जो शुक्रवार को राष्ट्रपति सचिवालय को मिली.

    इस याचिका में सीमा ने कहा है कि वह ग्रेटर नोएडा में रहने वाले सचिन मीणा से प्यार करती हैं और उनके साथ रहने के लिए भारत आईं.

    पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर का दावा है कि उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया है और नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मीणा से शादी कर ली है.

    याचिका में क्या लिखा है?

    राष्ट्रपति को सीमा की ओर से भेजी याचिका में कहा गया है, "माननीय मैडम, याचिकाकर्ता को एक प्यारे पति के रूप में सचिन मीणा, पिता समान ससुर, मां के समान सास के साथ शांति, प्यार और ख़ुशी मिली है जो याचिकाकर्ता को पहले कभी नहीं मिली थी. याचिकाकर्ता आपसे अनुरोध करती है कि आप उस पर विश्वास करें और एक ऐसी महिला के प्रति दया दिखाएं, जो ज़्यादा पढ़ी-लिखी नहीं है."

    सीमा ने याचिका में कहा है, "यदि आप दया दिखाती हैं तो याचिकाकर्ता अपना बाकी जीवन अपने पति, चार नाबालिग बच्चों और ससुराल के रिश्तेदारों के साथ बिताएगी. याचिकाकर्ता आभारी होगी कि आपने उसे मौका दिया और आप उसकी ताकत तथा समर्थन का स्रोत बन सकती हैं. याचिकाकर्ता अंततः भारत में सम्मान के साथ जीवन जीने में सक्षम होगी."

    पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा का कहना है कि वह साल 2019-20 में ऑनलाइन गेम पबजी खेलते समय सचिन के संपर्क में आई और दोनों के बीच व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर बातचीत होने लगी.

    सीमा 13 मई को नेपाल के रास्ते एक बस में अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुईं थीं. उनका कहना है कि वह ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहने वाले सचिन के साथ रहने आईं थीं.

    चार जुलाई को स्थानीय पुलिस ने सीमा और सचिन को गिरफ्तार किया था. हालांकि, उन दोनों को सात जुलाई को एक स्थानीय अदालत ने ज़मानत दे दी थी और वे अपने चार बच्चों के साथ रबूपुरा के एक घर में रह रहे हैं.

  7. मणिपुर हिंसा के बीच मैतेई समुदाय के मिज़ोरम छोड़ने की ख़बरों पर राज्य सरकार ने क्या कहा?

    मणिपुर में जारी हिंसा के बीच पड़ोसी राज्य मिज़ोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय को राज्य सरकार ने सुरक्षा का आश्वासन दिया है और अफ़वाहों पर ध्यान न देने को कहा है.

    मणिपुर में दो कुकी महिलाओं को नग्न करके परेड किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद बढ़ रहे आक्रोश के बीच, मिज़ोरम में रह रहे मैतेई समुदाय के लोगों को राज्य के कुछ संगठनों की ओर से बाहर निकलने की धमकियों के बाद राज्य सरकार ने ये आश्वासन दिया है.

    मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच तीन मई से ही हिंसा भरा संघर्ष जारी है.

    मिज़ोरम का मीज़ो समुदाय मणिपुर के कुकी लोगों के साथ गहरा नस्लीय संबंध रखता है और पड़ोसी प्रांत मणिपुर के घटनाक्रम पर नज़र बनाये हुए हैं.

    हिंसा के बाद से क़रीब साढ़े बारह हज़ार कुकी लोगों ने मिज़ोरम में शरण ली है.

    ताज़ा तनाव शुक्रवार को भूमिगत मिज़ो राष्ट्रवादियों की तरफ़ से मैतेई लोगों के लिए जारी चेतावनी के बाद से पैदा हुआ है.

    पीस अकॉर्ड एमएनएफ़ रिटर्नीज़ एसोसिएशन (पामरा) पूर्व मीज़ो राष्ट्रवादी फ्रंट मिलिशया समूहों का संगठन है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार राज्य के आयुक्त एच. लालेंगमाविया ने मिज़ोरम में रह रहे मैतेई समुदाय के नेताओं के साथ बैठक की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया.

    वहीं, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़ शनिवार से मैतेई लोगों ने मिज़ोरम छोड़ना शुरू कर दिया है.

    इसी बीच मणिपुर सरकार ने कहा है कि वह प्रभावित लोगों को चार्टर्ड फ़्लाइट के ज़रिये मणिपुर लाने के लिए तैयार है.

    पामरा ने क्या कहा

    पामरा ने एक बयान में कहा है कि कुकी ज़ो नस्लीय समूहों के ख़िलाफ़ हिंसा से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और अब मैतेई लोगों के लिए मिज़ोरम में रहना सुरक्षित नहीं होगा.

    मिज़ोरम की राजधानी ऐज़वॉल में क़रीब दो हज़ार मैतेई लोग रहते हैं. इनमें सरकारी कर्मचारी, छात्र और श्रमिक शामिल हैं. इनमें से बहुत से असम की बराक घाटी के मूल निवासी हैं.

    इस चेतावनी के बाद मिज़ोरम पुलिस ने मैतेई लोगों की सुरक्षा में पुलिस बल भी तैनात किए हैं.

  8. दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की हुई स्पाइनल सर्जरी, सीएम केजरीवाल ने ये कहा

    दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की एक निजी अस्पताल में स्पाइनल सर्जरी हुई है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की.

    जेल में बंद सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग केस में फ़िलहाल इलाज के लिए अंतरिम ज़मानत पर बाहर हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सत्येंद्र जैन को तीन बड़े अस्पतालों ने स्पाइन की सर्जरी का सुझाव दिया था.

    पीटीआई के अनुसार, तिहाड़ जेल में रहते हुए गिरने की वजह से सत्येंद्र जैन को चोट लगी थी.

    पीटीआई ने ये भी बताया है कि सत्येंद्र जैन इतने कमज़ोर हो गए हैं कि वो बिना सहारे के चल तक नहीं पा रहे.

    सर्जरी के बाद सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, "ईश्वर से कामना करता हूं कि सत्येंद्र जैन जी जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें. दिल्ली सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों की अच्छी सेहत के लिए काम किया था. भगवान का आशीर्वाद एवं उन लाखों-करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ हैं. वो स्वस्थ होकर फिर से जनता की सेवा में लौटेंगे."

  9. ग्रीस के जंगलों में भड़की आग की वजह से घर और होटलों में रहने वाले हज़ारों लोग प्रभावित

    ग्रीस के रोड्स द्वीप पर जंगलों की आग भड़कने की वजह से पर्यटकों सहित हज़ारों लोगों को बाहर निकाला गया है.

    देश के दमकल विभाग ने इस आग को अब तक का सबसे मुश्किल दौर बताया है.

    ऐसा अनुमान है कि 3500 से अधिक लोगों को ज़मीन और समुद्र के रास्ते सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है.

    पूरे यूरोप के हीटवेव की चपेट में आने के बीच इस द्वीप के जंगलों पर पिछले मंगलवार से ही आग भड़क रही है. तेज़ हवाओं के कारण ये आग और तेज़ हो गई है.

    ग्रीस के क्लाइमेट क्राइसिस और सिविल प्रोटेक्शन मिनिस्ट्री की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है.

    मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि रोड्स के होटलों में रह रहे पर्यटकों को भी सुरक्षित निकालकर दूसरे द्वीपों के होटलों में भेज दिया गया है.

    फिलहाल इस इलाके में पाँच हेलीकॉप्टर और दमकल विभाग के 173 कर्मी काम कर रहे हैं. कियोत्री इलाके में आग से तीन होटल के क्षतिग्रस्त होने की भी खबर है. इसके अलावा लाएरमा, लारदोस और अस्कलीपियो इलाके भी प्रभावित हुए हैं.

    मौसम विभाग के अनुसार ग्रीस में अभी गर्मी और बढ़ सकती है और इस सप्ताहांत में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो बीते 50 सालों के अंदर ग्रीस में जुलाई की सबसे अधिक गर्मी होगी.

  10. पत्रकार की मौत के बाद यूक्रेन पर भड़का रूस, कहा- 'ज़िम्मेदारों को भुगतनी पड़ेगी सज़ा'

    यूक्रेन में शनिवार को एक रूसी पत्रकार की मौत और तीन अन्य के घायल होने के बाद दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पत्रकार की मौत यूक्रेन की ओर से क्लस्टर बम के ज़रिए किए गए हमले में हुई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एक अन्य मामले में जर्मन ब्रॉडकास्टर डॉयचे वेले ने कहा है कि एक रूसी हमले में यूक्रेन के अंदर उनके एक पत्रकार घायल हुए हैं. इस हमले में एक यूक्रेनी सैनिक की भी जान गई है. पत्रकार की जान अब ख़तरे से बाहर है.

    इसी महीने यूक्रेन को अमेरिका से क्लस्टर बम की खेप मिली थी, जिसके बाद से ही ये चर्चा में है.

    क्लस्टर हथियार बेहद खतरनाक होते हैं. ये लंबे समय तक बिना फटे पड़े रहते हैं. इन्हें नागरिकों के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है, इसलिए दुनिया के 100 से अधिक देशों में इस पर प्रतिबंध हैं.

    हालांकि, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ये भी स्पष्ट किया है कि शनिवार को हुए हमले में क्लस्टर हथियारों के इस्तेमाल की फिलहाल पुष्टि नहीं की जा सकती. लेकिन यूक्रेन और रूस दोनों युद्ध की शुरुआत से क्लस्टर बम का इस्तेमाल कर रहे हैं.

    हमले में मारे गए रूसी पत्रकार की पहचान रोस्तिस्लव झुरावलेव के तौर पर हुई है. वह सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए के वॉर कॉरेसपॉन्डेंट के तौर पर काम कर रहे थे. उनके तीन सहयोगियों को यूक्रेन के दक्षिण-पूर्व ज़पॉरज़िया इलाके से हो रहे हमलों के बीच से सुरक्षित निकाला गया है.

    रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खरोवा ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे यूक्रेन का "आपराधिक आतंक" बताया है. उन्होंने कहा कि ये हमला यूक्रेन ने जानबूझकर किया, हालांकि इसे साबित करने के लिए कोई सबूत उन्होंने नहीं दिए.

    ज़खरोवा ने कहा, "रूसी पत्रकार के ख़िलाफ़ क्रूर प्रतिशोध के लिए ज़िम्मेदार लोगों को सज़ा भुगतनी होगी. ये ज़िम्मेदारी उन्हें भी भुगतनी होगी जिन्होंने कीएव को क्लस्टर हथियारों की आपूर्ति की थी."

    यूक्रेन ने अभी तक इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    अभिवादन स्वीकार कीजिए. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 22 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.