You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
एनडीए की बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा- 'मुझसे ग़लती हो सकती है लेकिन...'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए की दिल्ली में हुई बैठक के बाद कहा कि एनडीए का गठन किसी का विरोध करने के लिए नहीं बल्कि देश की स्थिरता के लिए हुआ है.
लाइव कवरेज
विकास त्रिवेदी
विपक्ष की बैठक पर बोले पीएम मोदी, 'ये तो कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन हो रहा है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में हो रही विपक्षी दलों की बैठक पर निशाना साधा है.
पोर्ट ब्लेयर के वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा, "भारत की बदहाली के जिम्मेदार कुछ लोग अपनी दुकान खोलकर बैठ गए हैं."
पीएम मोदी ने कहा, "2024 के लिए 26 होने वाले राजनीतिक दलों पर ये बड़ा फिट बैठता है कि ये लोग गा कुछ रहे हैं, हाल कुछ है, लेबल कुछ है और माल कुछ है...इनकी दुकान पर दो चीजों की गारंटी मिलती है. ये अपनी दुकान पर जातिवाद का जहर बेचते हैं और दूसरा असीमित भ्रष्टाचार करते हैं. आज कल ये लोग बेंगलुरु में जुटे हैं."
उन्होंने कहा, "जब ये लोग कैमरे के सामने एक फ्रेम में आ जाते हैं तो पहला विचार देश के लोगों के मन में यही आता है कि लाखों करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार. इसलिए देश की जनता कह रही है कि ये तो कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन हो रहा है."
पीएम मोदी ने कहा, "इस बैठक की एक और खास बात है, अगर कोई करोड़ों रुपये के घोटाले में जमानत पर है तो उसे बहुत सम्मान की नजर से देखा जाता है. अगर पूरा का पूरा परिवार जमानत पर है तो उसकी और ज्यादा खातिर होती है."
"अगर किसी दल का कोई वर्तमान मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाता है तो उसे एक्स्ट्रा नंबर देकर स्पेशली बुलाया जाता है. अगर कोई किसी समाज का अपमान करता है, अदालत से सजा पाता है तो उसकी बड़ी आवभगत होती है."
मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक का दूसरा दिन है. इस बैठक में 26 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं.
दूसरी तरफ दिल्ली में भी एनडीए गठबंधन की बैठक हो रही है, जिसमें 38 राजनीतिक दल शामिल हैं.
मोदी सरनेम मानहानि केस: राहुल गांधी की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में 21 जुलाई को सुनवाई
मोदी सरनेम मानहानि केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अपील पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया है.
सुप्रीम कोर्ट इस मामले में 21 जुलाई को सुनवाई करेगा.
गुजरात के सूरत की एक अदालत ने मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को दोषी माना था और दो साल की सज़ा सुनाई थी.
हालांकि राहुल गांधी को फौरन ज़मानत दे दी गई. लेकिन दोषी क़रार दिए जाने के कारण राहुल गांधी की सांसदी चली गई थी.
सूरत की अदालत के फ़ैसले के ख़िलाफ़ राहुल गांधी के वकीलों ने गुजरात हाई कोर्ट का रुख किया था.
गुजरात हाई कोर्ट ने भी सूरत की अदालत के फ़ैसले को बरकरार रखा था.
इसी फ़ैसले के ख़िलाफ़ कांग्रेस की ओर से वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दाखिल की थी.
20 जुलाई से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है. अगर 21 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट राहुल के हक़ में फ़ैसला देता है तो राहुल गांधी संसद के मॉनसून सत्र में शामिल हो सकते हैं.
गौतम अदानी ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर अब क्या कहा?
उद्योगपति गौतम अदानी ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर मंगलवार को अदानी समूह की बैठक में प्रतिक्रिया दी है.
अदानी समूह की सालाना होने वाली बैठक यानी एजीएम में गौतम अदानी ने कहा, ''इस साल जब हम भारत के इतिहास में सबसे बड़े एफपीओ लाने की तैयारी कर रहे थे, तब अमेरिका में एक रिपोर्ट छपी. इस रिपोर्ट में ग़लत जानकारियां और छवि ख़राब करने वाले आरोप लगाए गए थे.''
अदानी बोले, ''रिपोर्ट में ज़्यादातर आरोप 2004 से 2015 के बीच के थे. इन सारे आरोपों पर नियामकों ने तब फ़ैसला ले लिया था. इस रिपोर्ट में जानबूझकर हमारी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.''
इस साल जनवरी में अमेरिका की रिसर्च एजेंसी हिंडनबर्ग ने एक रिपोर्ट जारी की थी.
इस रिपोर्ट में अदानी समूह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए थे. रिपोर्ट आने के बाद अदानी समूह के शेयर्स में रिकॉर्ड गिरावट देखने को मिली थी.
रिपोर्ट आने के बाद दुनिया के सबसे रईस लोगों की लिस्ट में गौतम अदानी शुरुआती पायदान से काफी नीचे आ गए थे.
इसी रिपोर्ट के चलते अदानी समूह ने अपने 20 हज़ार करोड़ रुपये का एफपीओ वापस लेने का भी ऐलान किया था.
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक कमेटी बनाकर रिपोर्ट देने के लिए कहा था.
गौतम अदानी ने कहा, ''अमेरिका की इस रिपोर्ट आने के बाद सोशल मीडिया पर एक झूठा माहौल बनाया गया, ग़लत ख़बरें चलाई गईं. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में एक कमेटी बनाई. इस कमेटी की रिपोर्ट मई 2023 में सार्वजनिक हुई. कमेटी के एक्सपर्ट्स ने किसी तरह की अनियमितता नहीं पाई.''
रिपोर्ट के बारे में गौतम अदानी ने दावा किया, ''कमेटी के एक्सपर्ट्स ने रिपोर्ट में कुछ गलत नहीं पाया.''
भारतीय सेना ने बताया, ''पुंछ में हुई मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए''
भारतीय सेना ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पुलिस के साथ चलाए ऑपरेशन के बाद हुई मुठभेड़ में चार चरमपंथी मारे गए हैं.
भारतीय सेना ने ट्वीट किया है, ''आतंकवादियों के पास से चार एके-47 राइफल्स, दो पिस्टल बरामद हुई हैं.''
सेना ने बताया है कि सर्च ऑपरेशन जारी है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने लिखा है कि भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्सऔर जम्मू कश्मीर पुलिस ने पुंछ के सिंधारा में ऑपरेशन चलाया था.
एएनआई ने भारतीय सेना के अधिकारी के हवाले से लिखा है, ''सोमवार रात 11.30 बजे सुरक्षाबलों से पहली मुठभेड़ हुई थी. इसके बाद ड्रोन के ज़रिए निगरानी की गई. मंगलवार तड़के एनकाउंटर शुरू हुआ और दोनों तरफ़ से गोलीबारी हुई.''
भारत ने हिंदी के प्रसार के लिए संयुक्त राष्ट्र को दिए इतने करोड़ रुपये
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी के प्रसार के लिए एक मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी क़रीब आठ करोड़ 20 लाख रुपये का योगदान दिया है.
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि हिंदी के इस्तेमाल, समझ और समावेशी संवाद को बढ़ावा देने के लिए भारत ने ये योगदान दिया है.
इस योगदान की जानकारी ''इंडिया एट यूएन'' के ऑफिशियल हैंडल से भी दी गई है.
ये रकम ''इंडिया एट यूएन'' प्रोजेक्ट के तहत दी गई है. ये प्रोजेक्ट 2018 में लॉन्च हुआ था. इस प्रोजेक्ट का मकसद था कि पूरी दुनिया में हिंदी को लेकर जागरूकता फैलाई जा सके.
संयुक्त राष्ट्र हर सप्ताह हिंदी में ऑडियो न्यूज़ बुलेटिन करता है.
साथ ही संयुक्त राष्ट्र के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हिंदी के चैनल पर हज़ारों फॉलोअर्स हैं.
वेंकटेश प्रसाद ने दिखाया धोनी की बाइक्स, कारों का ये 'शोरूम जैसा कलेक्शन'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद हाल ही में रांची के दौरे पर थे.
इस दौरान वेंकटेश ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाक़ात की है. वेंकटेश धोनी के साथ उनके गैराज में भी गए.
ये एक ऐसी जगह थीं जहां काफ़ी सारी बाइक और कारें थीं.
इस मुलाक़ात का वीडियो वेंकटेश प्रसाद ने ट्विटर पर शेयर किया है.
वेंकटेश प्रसाद ने लिखा, ''व्यक्तिगत तौर पर मिले सबसे क्रेज़ी लोगों में से एक. क्या कलेक्शन है और ये क्या इंसान हैं महेंद्र सिंह धोनी. महान उपलब्धियों वाले बेहद कमाल इंसान. धोनी के रांची वाले घर में उनका बाइक और कार का कलेक्शन देखिए. इस आदमी के जुनून का कायल हूं.''
वीडियो में वेंकटेश प्रसाद बताते हैं कि वो चौथी बार रांची आए हैं पर धोनी के घर पहली बार पहुंचे हैं.
वीडियो में किसी को ये कहते हुए भी सुना जा सकता है कि ये बाइक शोरूम हो सकता है.
वेंकटेश प्रसाद कहते हैं- आप ऐसा कुछ तभी कर सकते हैं जब आप किसी चीज के लिए पागल हों.
ओलंपिक विनर मीराबाई चानू की अपील, 'पीएम मोदी मणिपुर की प्रजा को बचा लीजिए'
ओलंपिक मेडल विनर मीराबाई चानू ने मणिपुर हिंसा के मद्देनज़र पीएम मोदी को ख़त लिखकर टकराव को ख़त्म करने की अपील की है.
मणिपुर में बीते ढाई महीने से हिंसा जारी है. हिंसा ख़त्म करने की कई कोशिशें नाकाम रही हैं.
कुकी और मैतई समुदाय के बीच हो रही इस हिंसा में 150 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.
मीराबाई चानू फ़िलहाल अमेरिका में ट्रेनिंग कर रही हैं. मीराबाई ने कहा कि मणिपुर में हिंसा के कारण एथलीट ढंग से ट्रेनिंग नहीं कर पा रहे हैं.
अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किए वीडियो में मीराबाई कहती हैं, ''मणिपुर में हिंसा के तीन महीने पूरे हो रहे हैं पर शांति अब तक नहीं लौटी है. कई खिलाड़ियों की इस संघर्ष के कारण ट्रेनिंग नहीं हो पा रही है और कितने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है. कई लोगों की जान गई और कितने ही घर जला दिए गए.''
मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में 49 किलो कैटेगिरी में सिल्वर मेडल जीता था.
मीराबाई चानू बोलीं, ''मणिपुर में मेरा घर है. फिलहाल मैं अमेरिका में हूं, आने वाली चैंपियनशिप की ट्रेनिंग के लिए. मैं मणिपुर में नहीं हूं, फिर भी सोचती हूं कि ये लड़ाई कब ख़त्म होगी. मैं पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जी से अपील करना चाहूंगी कि जो लड़ाई चल रही है उसको जल्दी से जल्दी ठीक करिए और मणिपुर की सभी प्रजा को बचा लीजिए. मणिपुर की पहले जैसी शांति लाइए.''
अमेरिका: डोर बेल बजाने वाले लड़कों की हत्या मामले में भारतीय मूल के शख़्स को उम्रक़ैद
अमेरिका में भारतीय मूल के शख़्स अनुराग चंद्रा को 16 साल की उम्र के तीन लड़कों की हत्या मामले में उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई है.
ये तीनों लड़के साल 2020 में अनुराग के घर की घंटी बजाकर भागे थे.
घटना कैलिफोर्निया की है. जब डोर बेल यानी दरवाज़े की घंटी बजाने वाले लड़कों पर गुस्सा हुए अनुराग ने अपनी कार से एक गाड़ी में टक्कर मारी, जिससे इन तीन बच्चों की मौत हो गई.
अप्रैल महीने में अनुराग को हत्या का दोषी पाया गया था.
जांच में ये भी पाया गया कि जिस गाड़ी में लड़के सवार थे, अनुराग ने उसमें जानबूझकर टक्कर मारी जिससे लड़कों की मौत हो गई. ये हादसा 19 जनवरी 2020 को हुआ था.
कार भिड़ाने के बाद अनुराग घटनास्थल से निकलकर अपने घर आ गए और इस बारे में रिपोर्ट भी नहीं किया.
इस टक्कर में ड्राइवर समेत तीन लोग घायल भी हुए थे.
जांच में पाया गया कि ये लड़के डोर बेल बजाने का प्रैंक कर रहे थे. तीनों में से एक लड़के ने डोर बेल बजाई और अपनी कार में आ बैठा.
तभी पीछे से अनुराग आए और अपनी कार से पीछा किया और तब तक शांत नहीं हुए, जब तक लड़कों की कार को टक्कर नहीं मार दी.
अनुराग पर घरेलू हिंसा का भी केस चल रहा है.
बेंगलुरु: बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्ष की बैठक, पहले दिन ऐसा था नज़ारा
बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक सोमवार के बाद आज यानी मंगलवार को भी होनी है.
सोमवार रात विपक्षी दलों की बैठक में सभी अहम राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए.
इन नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर हो रही हैं. ख़ासकर लंबे वक़्त बाद समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और राहुल गांधी का साथ नज़र आना.
या फिर कभी कांग्रेस की आलोचना करने वाले अरविंद केजरीवाल का बेंगलुरु पहुंचना.
आइए आपको तस्वीरों में दिखाते हैं विपक्ष की पहले दिन की बैठक के दौरान कैसा नज़ारा रहा.
ब्रेकिंग न्यूज़, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी का 79 की उम्र में निधन
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी का 79 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ओमान चांडी के बेटे ने अपनी फ़ेसबुक पोस्ट के ज़रिए इस बारे में जानकारी दी है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमान चांडी दो बार केरल के मुख्यमंत्री रह चुके हैं.
काफ़ी वक़्त से ओमान चांडी की तबीयत ख़राब थी और वो इलाज के लिए इन दिनों बेंगलुरु में रह रहे थे.
केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरण ने ओमान चांडी की मौत पर दुख व्यक्त किया है.
चांडी 2004 से 2006 और 2011 से 2016 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे थे.
नमस्कार
आपका दिन शुभ हो.
ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.
17 जुलाई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.