शरद पवार विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होंगे या नहीं? एनसीपी ने बताया
बेंगलुरु में विपक्षी दलों की 17 और 18 जुलाई को बैठक होनी है.
इस बैठक में 24 विपक्षी दलों के शामिल होने की ख़बरें आ रही हैं.
रविवार से ये कहा जा रहा था कि शायद 17 जुलाई को होने वाली बैठक में शरद पवार शामिल ना हों. अब एनसीपी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है.
एनसीपी ने ट्वीट कर बताया, ''राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार 18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होंगे.''
2024 चुनावों के मद्देनज़र बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्षी दल एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं. इसी क्रम में कुछ वक़्त पहले पटना में विपक्षी दल मिले थे.
तब अरविंद केजरीवाल की कुछ नेताओं से मतभेद होने की ख़बरें आई थीं. केजरीवाल की मांग थी कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी का उस अभियान में साथ दे, जिसमें वो केंद्र सरकार के दिल्ली में लाए अध्यादेश का विरोध कर रही है.
कांग्रेस के इस अभियान को अपना साथ देने की रज़ामंदी के बाद आम आदमी पार्टी ने रविवार को बेंगलुरु में शामिल होने की पुष्टि की थी.