You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

विंबलडन को मिला नया चैंपियन, स्पेन के कार्लोस अल्कारेज़ ने तोड़ा जोकोविच का सपना

रविवार को विंबलडन के फ़ाइल मुकाबले में स्पेन के कार्लोस अल्कारेज़ ने सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम हासिल करने वाले दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को हरा कर इतिहास रच दिया.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अंशुल सिंह

  1. ओवैसी ने पूछा, '1 लाख 80 हज़ार मुसलमान उच्च शिक्षा से दूर क्यों'

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने देश में मुसलमानों को शिक्षा से दूर रखने का आरोप लगाया है.

    ओवैसी ने सरकारी आंकड़े का हवाला देते हुए कहा कि देश में आज भी 1.80 लाख मुसलमान उच्च शिक्षा से दूर हैं. .

    उन्होंने कहा कि आखिर देश में अल्पसंख्यकों को शिक्षा में कम मौके क्यों हैं?

    ओवैसी ने सरकारी डेटा का हवाला देते हुए दावा किया कि साल 2020-2021 में 1 लाख 80 हजार मुस्लिम उच्च शिक्षा से वंचित रहे. तेलंगाना को छोड़कर अधिकांश राज्यों में मुस्लिम युवाओं की उच्च शिक्षा में दर घटी है.

    उन्होंने हाल ही में अल्पसंख्यकों को मिलने वालीमौलाना आज़ाद नेशनल फ़ेलोशिप बंदकरने पर भी सवाल उठाए.

  2. दक्षिण कोरिया: अचानक टनल में भर गया बाढ़ का पानी, अब तक सात शव बरामद

    दक्षिण कोरिया में अचानक एक टनल में बाढ़ का पानी भर गया.

    पानी भरने से 685 मीटर लंबी टनल में कई लोग फंसे अभी भी फंसे हुए हैं.

    बचावकर्मियों ने टनल से कम से कम सात शव बरामद किए हैं.

    फिलहाल यह साफ नहीं है कि टनल में अभी कितने लोग फंसे हुए हैं. माना जा रहा है कि टनल में 15 वाहन हो सकते हैं.

    कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण कोरिया बाढ़ की चपेट में है और कई जगहों पर भूस्खलन भी हो रहा है.

    बाढ़ के चलते कम से कम 26 अन्य लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है, वहीं 10 लोग अभी भी लापता हैं.

    अधिकारियों का कहना है कि चुंगचेओंग प्रांत में अचानक बाढ़ आने से पानी एक टनल में इतनी तेजी से भरा कि लोग समय रहते अपनी कारें बाहर नहीं निकाल पाए.

    टनल में यह पानी, पास की नदी के किनारे ढहने की वजह से भरा है. लोगों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

    बचावकर्मियों ने शनिवार को एक शव और नो लोगों को सुरक्षित निकाला, वहीं रविवार को छह शव बरामद किए गए हैं.

    रविवार सुबह एक बस के अंदर से छह शव बरामद किए गए. इसके बाद शनिवार को एक और शव की खोज हुई और नौ बचे लोगों को बचाया गया।

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या कम से कम 33 हो गई है.

  3. असम सीएम के 'मियां' बयान पर एआईयूडीएफ का पलटवार, 'बीजेपी असम को बांटना चाहती है'

    असम में विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के विधायक अमीनुल इस्लाम ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के 'मियां' बयान की आलोचना की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी असम में समुदायों को बांटने की राजनीति कर रही है और उससे राजनीतिक तौर पर फायदा उठाना चाहती है.

    उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत बीजेपी का साथ नहीं दे रहा है इसलिए वे दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.

    अमीनुल इस्लाम ने असम के सीएम के बयान को भड़काऊ बताते हुए कहा कि वे एक संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए.

    हिमंता बिस्वा सरमा ने क्या कहा था

    शुक्रवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य में ख़ासकर गुवाहाटी में सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए ''मियां मुसलमान'' व्यापारियों को जिम्मेदार ठहराया था.

    सब्जियों की आसमान छूती कीमतों के बारे में पत्रकारों के पूछे सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, "इस समय जिन लोगों ने सब्जियों की इतनी ज्यादा कीमत बढ़ाई है, वो कौन लोग हैं. मियां व्यापारी हैं, जो ज्यादा कीमत पर सब्जियां बेच रहे हैं."

    असम में बंगाली मूल के मुसलमानों के लिए अक्सर 'मियां' शब्द का इस्तेमाल किया जाता है. यहां बंगाली मूल के मुसलमानों की एक बड़ी आबादी सब्जियों और मछली का व्यापार करती है.

    इससे पहले ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद बदरुद्दीन अजमल ने कहा था कि असम 'मियां' समुदाय के बिना अधूरा है.

    अजमल के इस बयान पर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि ऐसी टिप्पणी देकर अजमल ने तथ्यात्मक रूप से असमिया समुदाय का अपमान किया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "मियां व्यापारी गुवाहाटी में असमिया लोगों से सब्जियों की ज्यादा कीमत वसूल रहे हैं जबकि गांव में सब्जियों की कीमत कम है. अगर असमिया व्यापारी आज सब्जियां बेचते तो वह कभी अपने असमिया लोगों से ज्यादा कीमत नहीं वसूलते."

    मुख्यमंत्री ने असम के युवाओं को आगे आने और इन कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया था.

    उन्होंने भरोसा दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से फ्लाईओवर के नीचे के बाज़ार को खाली करवा देंगे, जिससे असमिया लड़कों को रोजगार का अवसर मिल सके. फिलहाल गुवाहाटी के फ्लाईओवरों के नीचे ज़्यादातर सब्जियां और फल बेचने वाले लोग मियां समुदाय के मुसलमान हैं.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "हम सभी ने देखा है कि कैसे गुवाहाटी शहर में ईद के दौरान बसों की हलचल कम हो जाती है. भीड़ कम दिखाई देती है. क्योंकि अधिकांश बस और कैब चालक मियां समुदाय से हैं.''

  4. फिर से बीजेपी के साथ आए ओपी राजभर, अमित शाह ने क्या कहा

    सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर एनडीए में शामिल हो गए हैं.

    उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जिसके बाद गठबंधन में शामिल होने का एलान किया गया.

    अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, "ओपी राजभर जी से दिल्ली में भेंट हुई और उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में आने का निर्णय लिया. मैं उनका एनडीए परिवार में स्वागत करता हूँ. राजभर जी के आने से उत्तर प्रदेश में एनडीए को मज़बूती मिलेगी और मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए द्वारा गरीबों व वंचितों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों को और बल मिलेगा."

    2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ओपी राजभर की पार्टी का समाजवादी पार्टी से गठबंधन हुआ था.

    उन्होंने अखिलेश यादव के साथ मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ा था.

    लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी भी अपने गठबंधन को मज़बूत कर रही है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 18 मई को दिल्ली के अशोका होटल में एनडीए की बैठक होगी, जिसमें बीजेपी के सहयोगी दल हिस्सा लेंगे.

    बैठक के लिए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चिराग पासवान, जीतन राम मांझी को भी न्यौता दिया है.

  5. चेन्नई: ओला, उबर टैक्सी ड्राइवर अगर बुकिंग कैंसल करते हैं तो लगेगा जुर्माना

    चेन्नई मेट्रोपॉलिटन ट्रैफिक पुलिस ने बुकिंग के बाद ऑटो और टैक्सी कैंसल करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ जुर्माना लगाना शुरू कर दिया है.

    बीबीसी तमिल से बात करते हुए चेन्नई ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त मईलवागनन ने कहा कि अगर कोई ड्राइवर बुकिंग कैंसल करता है तो व्यक्ति नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवा सकता है.

    उन्होंने बताया कि फिलहाल इस संबंध में उन्हें कितनी शिकायतें मिली हैं, उसका कोई डेटा तो उपलब्ध नहीं है.

    ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने ही ऐसे पांच ड्राइवरों पर जुर्माना लगाया गया था.

    पुलिस का कहना है कि शिकायत करने पर ही ड्राइवर पर कार्रवाई की जाएगी.

    चेन्नई मेट्रोपॉलिटन ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर ने कहा कि वाहन संशोधन अधिनियम के अनुसार भी सवारी को मना करने पर दोपहिया और तीन पहिया वाहनों पर जुर्माने का प्रावधान है.

  6. दक्षिण कोरिया: बाढ़ से टनल में भरा पानी, कई कारें फंसी

    दक्षिण कोरिया में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ में कम से कम 26 लोगों की मौत हुई है, वहीं 10 लोग लापता हैं.

    बाढ़ के चलते चुंगचेओंग प्रांत में एक टनल के अंदर पानी भर गया है, जिसके चलते करीब 19 कारें भी फंस गई हैं.

    बचावकर्मी टनल में फंसी कारों तक पहुंचने की कोशिशों में लगे हुए हैं.

    सबसे ज्यादा नुकसान पर्वतीय क्षेत्र ग्योंगसांग में हुआ है, जहां कई घर भूस्खलन की वजह से बह गए हैं.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार शनिवार को देशभर में करीब 300 एमएम बारिश हुई.

    कोरियाई मौसम विज्ञान के अनुसार, देश में आमतौर पर सालाना 1 हजार एमएम से 1800 एमएम बारिश होती है, हालांकि इसमें ज्यादातर बारिश गर्मी के मौसम में होती है.

    बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सामने आई तस्वीरों में घर पूरी तरह डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं. कई जगह पर बाढ़ के पानी के चलते ट्रेन भी अपने ट्रैक से उतर गई हैं.

    मौसम विभाग ने बुधवार तक और अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है और चेतावनी दी है कि इससे स्थिति पहले से कहीं अधिक गंभीर हो सकती है.

  7. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली पहलवान संगीता फोगाट ने जीता मेडल

    भारतीय कुश्ती खिलाड़ी संगीता फोगाट ने हंगरी के बुडापेस्ट में हुई पॉलीक इमरे और वर्गा जानोस मेमोरियल रैंकिंग सीरीज कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता है.

    59 किलोग्राम में संगीता ने हंगरी की विक्टोरिया बोरसोस को 6-2 से हराया है.

    संगीता उन छह पहलवानों में भी शामिल रही हैं जिन्होंने जंतर-मंतर पर डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था.

    जीत के बाद मेडल को संगीता ने उन महिलाओं को समर्पित किया है जो महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के खिलाफ संघर्षरत हैं.

    संगीता ने ट्वीट कर लिखा, “आप सभी के बधाई के संदेश मुझ तक पहुँच रहे हैं इस पल पर बहुत भावुक हूँ. आप सभी का बहुत बहुत शुक्रिया. यह मेडल सिर्फ़ मेरा नहीं है. सब आप सभी का मेडल है मैं इस मेडल को दुनिया की उन सभी संघर्षशील महिलाओं को समर्पित करती हूँ जो महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के ख़िलाफ़ संघर्षरत हैं. जय हिन्द”

  8. पीएम मोदी ने भारत लौटने के बाद ली दिल्ली में बाढ़ की जानकारी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार रात फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की अपनी यात्रा से दिल्ली लौटे.

    दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली.

    एलजी ने ट्वीट कर लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वदेश पहुंचते ही फोन कर दिल्ली में बाढ़ की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया और किये जा रहे सम्बंधित प्रयासों की पूरी जानकारी ली. उन्होंने पुन: केंद्र की सहायता एवं सहयोग से, दिल्लीवासियों के हित में हर संभव कार्य करने के निर्देश दिए.”

    शनिवार को दोपहर 12 बजे यमुना नदी का जलस्तर 207.38 मीटर दर्ज किया गया था.

    दिल्ली के कई इलाकों से बाढ़ का पानी घटना शुरू हो गया है. यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ आ गई थी.

    वहीं शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बाढ़ को लेकर अपने निवास पर समीक्षा बैठक भी की, जिसमें बाढ़ से प्रभावित छह जिलों में रह रहे लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी छह मंत्रियों को सौंपी है.

  9. अमेरिका में भयंकर गर्मी, लू की चपेट में कई राज्य

    अमेरिका में पिछले 16 दिनों से भयंकर गर्मी पड़ रही है. पूरे दक्षिण-पश्चिम में लू के खतरनाक स्तर पर पहुंचने की चेतावनी जारी की गई है.

    राष्ट्रीय मौसम सेवा ने शनिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी के प्रभाव को कम न समझें.

    करीब एक तिहाई अमेरिकी (करीब 11 करोड़) इससे प्रभावित हैं. फ्लोरिडा से कैलिफोर्निया तक और अब वाशिंगटन भी लू की चपेट में है.

    दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में से एक कैलिफोर्निया की डेथ वैली में तापमान 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

    लास वेगास और नवादा जैसी जगहों पर कुछ दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

    पड़ोसी देश कनाडा में अधिकारियों का कहना है कि औसत से अधिक तापमान के चलते जंगलों में आग लग रही है जिसने अमेरिका के कुछ हिस्सों को धुएं से ढक दिया है. इस आग से अब तक करीब 2.5 करोड़ एकड़ भूमि जल चुकी है.

    अमेरिका में गर्मी से संबंधित कारणों के चलते हर साल करीब 700 लोगों की मौत होती है. देश में चिलचिलाती गर्मी के अगले हफ्ते तक बने रहने की उम्मीद है.

  10. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.15 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.