बेंगलुरु में एक कंपनी के सीईओ और उनके सहयोगी की हत्या, कंपनी के पूर्व कर्मचारी पर लगा आरोप

बेंगलुरु में इंटरनेट सेवा देने वाली एक कंपनी चला रहे दो लोगों की हत्या कथित तौर पर उनकी कंपनी के ही एक पूर्व कर्मचारी ने कर दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ के बेटे को मनी लॉन्ड्रिंग केस में कोर्ट से मिली बड़ी राहत

    सुलेमान शरीफ़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुलेमान शरीफ़

    लाहौर की विशेष अदालत ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के बेटे सुलेमान शरीफ़ को 16 अरब पाकिस्तानी रुपयों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में बरी कर दिया है.

    सुलेमान शरीफ़ के ख़िलाफ़ ये मामला फ़ेडरल इनवेस्टिगेशन एजेंसी यानी एफ़आईए ने दर्ज किया था.

    ख़ुद को चार साल तक लंदन में निर्वासित रखने के बाद सुलेमान शरीफ़ दिसंबर 2022 में पाकिस्तान लौटे थे. पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो यानी नैब ने भी आय से अधिक संपत्ति मामले में उनका नाम दर्ज किया हुआ है.

    डॉन न्यूज़ के अनुसार, दोनों ही मामलों में सुलेमान घोषित अपराधी थे. हालांकि, उनकी वापसी से पहले ही इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने दोनों एजेंसियों को सुलेमान को गिरफ़्तार करने से रोक दिया था. बीते साल अक्टूबर में एक विशेष अदालत ने इसी मामले में पीएम शहबाज़ शरीफ़ और उनके बड़े बेटे हमज़ा शहबाज़ को बरी कर दिया था.

  2. स्वीडन के नेटो में शामिल होने पर तुर्की हुआ राज़ी

    तुर्की-स्वीडन

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयेप अर्दोआन और स्वीडन के पीएम अल्फ़ क्रिसटरसन ने नेटो चीफ़ स्टोलटनबर्ग के सामने मिलाया हाथ.

    नेटो के प्रमुख येन्स स्टोलटनबर्ग ने कहा है कि तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयेप अर्दोआन इस सैन्य गठबंधन में स्वीडन को शामिल करने पर सहमत हो गए हैं.

    उन्होंने कहा कि अर्दोआन स्वीडन के प्रस्ताव को तुर्की की संसद में लाएंगे और इस पर 'समर्थन सुनिश्चित' करेंगे.

    इस बीच, स्वीडन के प्रधानमंत्री अल्फ़ क्रिसटर्सन ने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूं, आज स्वीडन के लिए बहुत बड़ा दिन है."

    तुर्की ने इससे पहले स्वीडन पर कुर्द उग्रवादियों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए उसके आवेदन को कई महीने तक रोका था.

    नेटो के 31 सदस्यों में से एक होने के नाते तुर्की के पास किसी भी नए देश को इस गठबंधन में शामिल होने से रोकने के लिए वीटो पावर है.

    इस ख़बर पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वो राष्ट्रपति अर्दोआन की ओर से "जल्द समर्थन" जुटाकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता का स्वागत करते हैं.

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया, "मैं यूरो-अटलांटिक क्षेत्र में रक्षा बढ़ाने पर राष्ट्रपति अर्दोआन और तुर्की के साथ काम करने के लिए तैयार हूं. मैं प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन और नेटो के 32वें सहयोगी के रूप में स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं."

    वहीं जर्मन विदेश मंत्री ने ऐनालेन बेयरबॉक ने ट्वीट किया, "32 पर, हम सब एक साथ अधिक सुरक्षित हैं."

    ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने कहा कि स्वीडन के शामिल होने से "हम सभी सुरक्षित हो जाएंगे."

  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 10 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.