You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बेंगलुरु में एक कंपनी के सीईओ और उनके सहयोगी की हत्या, कंपनी के पूर्व कर्मचारी पर लगा आरोप

बेंगलुरु में इंटरनेट सेवा देने वाली एक कंपनी चला रहे दो लोगों की हत्या कथित तौर पर उनकी कंपनी के ही एक पूर्व कर्मचारी ने कर दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. हिमाचल प्रदेश: ब्यास नदी के आस पास ही सबसे ज़्यादा तबाही क्यों हुई है

  2. अंटार्कटिका में समुद्री बर्फ़ का स्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा

    अंटार्कटिका में समुद्री बर्फ़ का स्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है. यह औसत से 17 फ़ीसद नीचे पहुंच गया है. जब से उपग्रह से इस जगह पर निगरानी रखी जा रही है तब से यह अपने सबसे निचले स्तर पर है.

    वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गेनाइजे़शन (डब्ल्यूएमओ) ने बताया कि बीते जून के महीने के दौरान अंटार्कटिका में अब तक का सबसे गर्म महीना रिकॉर्ड किया गया है.

    जलवायु परिवर्तन पर नज़र रखने वाले विशेषज्ञों ने इसे चिंता का विषय बताया है.

    विश्व जलवायु अनुसंधान कार्यक्रम के प्रमुख माइकल स्पैरो ने जिनेवा में संवाददाताओं से कहा, ''हमने आर्कटिक में समुद्री बर्फ़ कम होते देखी है, लेकिन अंटार्कटिका में नहीं. ये बहुत बड़े स्तर पर हुआ है.''

    डब्ल्यूएमओ के मुताबिक़, मई और जून के महीने में दुनिया भर में समुद्री सतह का तापमान साल के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर रहा था.

    वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गेनाइजे़शन ने कहा ''सिर्फ़ समुद्र के सतह का तापमान ही नहीं बढ़ रहा, बल्कि समूचा महासागर ही गर्म हो रहा है, और समुद्र अपने अंदर इतनी ऊर्जा समा रहे हैं, जो आने वाले सैकड़ों वर्षों तक वहीं रहने वाला है.''

    "अटलांटिक महासागर के उत्तरी हिस्से में समुद्री सतह के अप्रत्याशित बढ़ते तापमान ने ख़तरे की घंटी बजा दी है."

    डब्ल्यूएमओ के मुताबिक़, हाल ही में उभरे अल नीनो पैटर्न से ज़मीन और समुद्र दोनों का तापमान बढ़ सकता है, जिसकी वजह से भविष्य में और अधिक समुद्री हीटवेव और भीषण गर्मी का ख़तरा बढ़ जाएगा.

  3. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार और बस में टक्कर, 6 की मौत

  4. सुप्रीम कोर्ट ने ईडी निदेशक के कार्यकाल बढ़ाने का केंद्र का फ़ैसला पलटा, 31 जुलाई तक छोड़ना होगा पद

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निदेशक संजय कुमार मिश्रा का तीसरी बार कार्यकाल बढ़ाने के केंद्र सरकार के फ़ैसले को ‘अवैध’ करार देते हुए पलट दिया है और ये फ़ैसला सुनाया है कि वे 31 जुलाई तक ही इस पद पर बने रह सकते हैं. वैसे ईडी निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल 18 नवंबर तक था.

    अदालत ने हालांकि अपने एक अहम आदेश में दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टैब्लिशमेंट (डीएसपीई) एक्ट और सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (सीवीसी) एक्ट में हाल में किए गए बदलावों को उचित करार दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट के इस फै़सले के बाद केंद्र सरकार सीबीआई और ईडी के डायरेक्टरों का कार्यकाल बढ़ा सकती है. अदालत ने इनके दो साल के तय कार्यकाल के अलावा तीन और साल के लिए कार्यकाल बढ़ाने का आदेश दिया है.

    इस बारे में दाखिल कई याचिकाओं की एक साथ सुनवाई करने के बाद सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों- जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संजय करोल- की खंडपीठ ने मंगलवार को ये फ़ैसला सुनाया.

    अदालत ने इस मामले में मई में सुनवाई पूरी करके अपना फ़ैसला सुरक्षित कर लिया था.

    याचिका देने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस नेता जया ठाकुर, तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा और साकेत गोखले शामिल थे.

    इससे पहले केंद्र सरकार ने ईडी डायरेक्टर मिश्रा का कार्यकाल 2020, 2021 और 2022 में एक-एक साल के लिए बढ़ा दिया था.

    1984 बैच के आईआरएस (इनकम टैक्स) अधिकारी संजय कुमार मिश्रा को नवंबर 2018 में दो साल के लिए ईडी का डायरेक्टर बनाया गया था.

  5. तेजस्वी ने चार्जशीट दायर होने पर क्यों कहा- "क्या बीजेपी वाशिंग मशीन है?"

    नौकरी के लिए ज़मीन मामले में हुए चार्जशीट पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है कि ये किस बात का एफ़आईआर है?

    उन्होंने ख़ुद पर हुए चार्जशीट पर कहा, "लालू जी के मुख्यमंत्री का कार्यकाल 2004 से 2009 का था. मेरा जन्म हुआ 9.11.1989 को, तो समझिए कि 2004 में मेरी उम्र क्या रही होगी. मैं 2015 में पहली बार उपमुख्यमंत्री बना था. अभी जब दूसरी बार बना हूं तो एक साल भी नहीं हुआ. कौन सा अपराध कर लिया कि भ्रष्टाचारी कह रहे हो?"

    उन्होंने ये सवाल किया कि जब आप बीजेपी से जुड़ जाते हैं तो भ्रष्टाचारी नहीं रह जाते हैं. वे बोले, "महाराष्ट्र में कुछ दिन पहले छगन भुजबल पर चार्जशीट हुआ लेकिन अब भाजपा के साथ आ जुड़े हैं तो वो धुल गए हैं. क्या बीजेपी वाशिंग मशीन है?"

    बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा, "यह कोई पहली चार्जशीट तो नहीं है और आख़िरी भी नहीं होगी. जिस दिन सरकार बनी थी. आठ अगस्त को ही हमने कहा था कि अब सरकारी जांच एजेंसियों का ये दुरुपयोग शुरू करेंगे. एक महीने पहले ही मैंने आप लोगों को बताया था कि मेरा नाम भी चार्जशीट में आएगा. क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में इन्हें डर है और पटना में जो महाजुटान हुआ लोगों का, इतनी बड़ी बैठक हुई उससे ये घबराए हुए हैं. क्योंकि बीजेपी अब जाने वाली है, ये जनता की, देशवासियों की मांग और पुकार है."

    तेजस्वी ने कहा, "बीजेपी के लोगों को बिहार के विकास या जनता की कोई चिंता नहीं है. नियमानुसार सदन को चलने दिया जाना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जा रहा है. इन लोगों को जनता के मुद्दे से कोई मतलब नहीं है. इनका मक़सद हंगामा मचाना और सदन को नहीं चलने देना है. इनके नेता कोई तार्किक बात नहीं करते."

    शिक्षकों के प्रदर्शन पर क्या बोले तेजस्वी?

    उन्होंने कहा, "जहां तक शिक्षकों की बात है, माननीय मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट कर दिया है और वे इस मामले को स्वंय देख रहे हैं. जो भी शिक्षक नेता हैं, सब को बुला कर उनसे बात की जाएगी, संवाद किया जाएगा."

    "एक प्रधानमंत्री हैं, किसान नाक रगड़ता रह गया सड़क पर, महिला पहलवान हैं जो ओलंपिक में मेडल जीत कर लाती हैं उनके साथ शोषण होता है लेकिन प्रधानमंत्री जी नहीं सुनते."

    "लेकिन यहां माहौल अलग है. यहां लोकतंत्र है और हमें लोकतंत्र में विश्वास है. सब लोगों को बुला कर उनकी राय ली जाएगी और नियमानुसार जो काम होगा बिहार के हित के लिए, छात्रों के भविष्य के लिए, गुणवत्ता शिक्षा के लिए वो हम लोग निर्णय लेंगे."

    तेजस्वी ने कहा, "सरकारी नौकरियां निकल रही हैं. जल्द ही हम पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट में नौकरियां लाने जा रहे हैं. तो उन लोगों को भी पक्की नौकरी देने का काम करेंगे."

  6. पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के नतीजे में तृणमूल कांग्रेस फिर सबसे आगे

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, कोलकाता से

    पश्चिम बंगाल में शनिवार को भारी हिंसा और आगजनी के बीच हुए मतदान के बावजूद इसके नतीजे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में जाते नज़र आ रहे हैं. अब तक घोषित नतीज़ों में उसने विपक्षी दलों को काफी पीछे छोड़ दिया है.

    चुनाव आयोग से मिले आँकड़ों के मुताबिक़, पार्टी ने राज्य की त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में जिला परिषद की 928 में से 16 सीटें जीत ली हैं. बाकी दलों का खाता भी नहीं खुल सका है.

    तृणमूल कांग्रेस ने इसी तरह पंचायत समिति की 9,370 में से 981 सीटें जीत ली हैं. अन्य को 10 सीटें मिली हैं. इसमें निर्दलीय और दूसरे छोटे दलों के उम्मीदवार भी शामिल हैं.

    तृणमूल कांग्रेस को सबसे अधिक कामयाबी ग्राम पंचायत के लिए हुए चुनाव में मिली है. इसकी 63,229 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने अब तक 12,080 सीटें जीत ली हैं.

    वहीं ग्राम पंचायत चुनाव में भाजपा को 712, सीपीएम को 457 और कांग्रेस को 236 सीटें जबकि 249 सीटें अन्य को मिली हैं.

    प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष के गृह क्षेत्र झाड़ग्राम के गोपी बल्लभपुर गांव में बने मतदान केंद्र में भी तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है. घोष यहीं मतदान करते रहे हैं, लेकिन भाजपा इस बार वहां अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं कर सकी थी.

    कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है मतगणना

    मंगलवार को बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य के 329 केंद्रों में सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू हुई. हर केंद्र पर केंद्रीय बलों की एक-एक कंपनियों के अलावा राज्य पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं.

    हुगली जिले के 18 मतगणना केंद्रों के सामने तो बंकर बना कर केंद्रीय बलों के जवान पहरा दे रहे हैं.

    मतगणना के दौरान भी राज्य के विभिन्न इलाकों से हिंसा की छिटपुट ख़बरें आ रही हैं. इनमें कई लोग घायल हुए हैं.

    नदिया ज़िले में तेहट्टा के तृणमूल कांग्रेस विधायक तापस साहा भी लाठीचार्ज के दौरान घायल हो गए. आज सुबह उत्तर 24-परगना ज़िले में सीपीएम के दो उम्मीदवारों के अपहरण का आरोप सामने आया था. लेकिन कुछ देर बाद दोनों घर लौट आए.

    कुछ जगह तृणमूल कांग्रेस समर्थकों की भाजपा और सीपीआई समर्थकों के साथ हाथापाई की भी ख़बरें आई हैं. उत्तर 24-परगना ज़िले के बारासात में उत्तेजित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बल के जवानों को लाठीचार्ज करना पड़ा.

    मुर्शिदाबाद इलाके में एकाध जगह मतगणना केंद्र से कुछ दूरी पर देसी बम भी फोड़े गए. लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ.

  7. बिहार: राजधानी पटना में हज़ारों की संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं राज्य भर के शिक्षक

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बिहार से बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में स्कूली शिक्षकों का मसला एक बार फिर से सड़कों पर है. एक ओर जहां सूबे में 10 जुलाई से मॉनसून सत्र की शुरुआत हुई, वहीं प्रदेश भर के स्कूली शिक्षक प्रदर्शन कर रहे हैं.

    इन शिक्षकों में अधिकांश वे हैं जो बीते कई वर्षों से सूबे के स्कूलों में पढ़ा रहे हैं.

    बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य के स्कूलों में क्वॉलिटी एजुकेशन का हवाला देते हुए क़रीब 1.70 लाख शिक्षकों की बहाली के लिए बीपीएससी के माध्यम से परीक्षा लेने का फ़ैसला लिया है. इसके लिए परीक्षा फ़ॉर्म भी भरे जाने लगे हैं.

    हालाँकि कैबिनेट के एक नए फ़ैसले से जब 'डोमिसाइल नीति' ख़त्म करने की बात कही गई, तब राज्य में अलग-अलग जगहों पर शिक्षकों का प्रदर्शन और तेज़ हो गया.

    'डोमिसाइल नीति' ख़त्म करने के फ़ैसले से अब राज्य के बाहर के अभ्यर्थी भी अब बिहार में शिक्षक बन सकते हैं.

    प्रदर्शन कर रहे इन शिक्षकों में से एक अखिलेश जो दरभंगा में पिछले 9 साल से पढ़ा रहे हैं, आंदोलन और प्रदर्शन के सवाल पर कहते हैं, “हम पिछले 9 साल से राज्य में प्राथमिक स्तर पर बच्चों को पढ़ा रहे हैं. जब भी सरकार ने परीक्षा आयोजित की हमने दी."

    वो कहते हैं, "जैसे टीईटी और डीएलएड की परीक्षा साल 2011 में ही पास की और पिछले चुनाव में तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी ने हम सभी से वादा किया था कि वे हमें राज्यकर्मी का दर्जा देंगे, लेकिन ऐसा कुछ भी होता नहीं दिख रहा. इस पर से एक नया शिगूफ़ा कि अब हमें बीपीएससी के माध्यम से होने वाली शिक्षक बहाली की परीक्षा देनी होगी. हम इसके ख़िलाफ़ आज प्रदर्शन के लिए पटना में जुटे हैं.”

    बिहार में शिक्षक बहाली को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन होते रहे हैं.

    कभी अलग-अलग चरणों में बहाली को लेकर तो कभी राज्यकर्मी बनाने और सरकारी भत्ते के लिए. अब तो इस प्रदर्शन में महागठबंधन में शामिल भाकपा (माले) जैसे दल के नेता और विधायक भी शामिल हो गए हैं.

    इस प्रदर्शन में शामिल हुए भाकपा (माले) के विधायक अजीत कुशवाहा ने बीबीसी हिंदी से कहा, “शिक्षक समाज बिहार का एक बड़ा समाज है और हम उस समाज के साथ हैं. इसके अलावा इनकी माँग भी जायज़ है. हम तो इस मसले पर हमेशा से शिक्षकों के साथ रहे हैं. इस संदर्भ में हमने मुख्यमंत्री से भी बात की है. मुख्यमंत्री ने भी हमें आश्वस्त किया है कि वे इस मसले पर सकारात्मक पहल लेने के लिए तैयार हैं. हम उम्मीद करते हैं कि नीतियाँ शिक्षकों के पक्ष में बनाई जाएंगी.”

  8. बीजेपी उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफ़े पर अड़ी, बिहार विधानसभा में फिर हंगामा

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के लगातार दूसरे दिन भी हंगामा जारी है. विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी हंगामा करती नज़र आई.

    बीजेपी का आरोप है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा को बोलने का मौका नहीं दिया गया, उसके बाद बीजेपी के सदस्यों ने खड़े होकर इसका विरोध किया.

    इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.

    यह विरोध प्रदर्शन ज़मीन के बदले नौकरी के कथित घोटाला मामले को लेकर तेजस्वी यादव, लालू यादव और राबड़ी देवी के ख़िलाफ़ किया जा रहा है. बीजेपी, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफ़े की मांग कर रही है.

    कथित 'लैंड फ़ॉर जॉब' घोटाले पर सीबीआई की चार्जशीट में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का भी नाम शामिल है.

    इसके बाद से बीजेपी लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दबाव बना रही है कि वह तेजस्वी यादव का इस्तीफ़ा लें.

    हालांकि इस मामले में जेडीयू ने बीजेपी पर भी सवाल खड़ा किया है कि वह बाकी राज्यों में भी भ्रष्टाचार के मामले को उसी नज़र से देखें.

    सोमवार को भी विधानसभा की कार्यवाही क़रीब 15 मिनट की चल पाई थी और बीजेपी के विरोध की वजह से इसे स्थगित करना पड़ा था.

    इस बीच बिहार में नियोजन नीति को लेकर भी लगातार हंगामा जारी है. बिहार में शिक्षकों की बहाली को लेकर नियम में किए गए बदलाव की वजह से शिक्षक और नौकरी चाहने वाले युवा इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं.

    उनका आरोप है कि बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी के अवसर देने से बिहार के बेरोज़गारों पर इसका असर पड़ेगा. मंगलवार को आक्रोशित युवा विधानसभा का घेराव भी कर सकते हैं, इसकी आशंका भी बनी हुई है.

    इस मुद्दे पर सदन में शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर बयान दे रहे थे तभी बीजेपी के सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया. मंगलवार को सदन कार्यवाही शुरू होने के छह मिनट के अंदर ही इसे स्थगित करना पड़ा है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, नेपाल के सोलुखुम्बू में लापता चॉपर के क्रैश होने की पुष्टि, पाँच शव भी मिले

    नेपाल में विदेशी यात्रियों को ले जा रहे निजी हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि हो गई है. पाँच लोगों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं.

    ये चॉपर पूर्वी नेपाल की पहाड़ियों में सुबह 10 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लापता हो गया था.

    सोलुखुम्बू के मुख्य ज़िला अधिकारी बसंत भट्टाचार्य ने बीबीसी नेपाली समाचार सेवा को इसकी जानकारी दी है.

    इस हेलीकॉप्टर में पाँच मे मेक्सिकन नागरिक और एक नेपाली पायलट सवार थे. ये हेलीकॉप्टर मनांग एयर का था.

    भट्टाराई ने बतााया कि दुर्घटनास्थल से सुरक्षाकर्मियों ने पाँच शव बरामद किए हैं.

    उन्होंने दुर्घटनास्थल पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों के हवाले से बताया, "चॉपर पहले पेड़ से टकराया और फिर टुकड़ों में बंट गया."

    काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवक्ता टेकनाथ सितुआला ने बताया कि ये हेलीकॉप्टर लुकला से सुबह 10 बजे काठमांडू के लिए उड़ा था. लेकिन 10 बजकर 13 मिनट पर ही इसका संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया था.

  10. अनुच्छेद 370 पर बोले उमर अब्दुल्ला- हमारा केस कमज़ोर होता तो हफ़्ते के भीतर सुनवाई होती

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला किया है कि अनुच्छेद 370 को लेकर दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में 2 अगस्त से रोज़ सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले पर जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हम इंसाफ़ की उम्मीद करते हैं.

    अनुच्छेद 370 की सुनवाई को लेकर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ जो धोखा हुआ, आईन और क़ानून की धज़्जियां उड़ाई गईं उसका जवाब सुप्रीम कोर्ट से मिलेगा."

    उमर अब्दुल्ला ने कहा, "चार साल लगे सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने में. उसी से पता लगता है कि हमारा केस कितना मजबूत है. अगर हमारा केस कमज़ोर होता, यकीन माने कि ये हफ़्तों के भीतर उसकी सुनवाई शुरू करवाते. इतना वक़्त लगा उनको क्योंकि 5 अगस्त 2019 को क़ानून और आइन की धज़्जियां उड़ाई गई हैं."

    उन्होंने कहा, "आप राजनीतिक रूप से उसे जिस तरह से पैकेज करें, आप उसको जी20 और टूरिज़्म से मिलाने की कोशिश करें लेकिन हक़ीकत ये है कि संवैधानिक और क़ानूनी रूप से जो जम्मू-कश्मीर के साथ हुआ वो ग़लत हुआ और हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस चीज़ का जवाब सुप्रीम कोर्ट में मिल जाएगा."

    अनुच्छेद 370 हटाने के बाद इस केंद्र शासित प्रदेश में हुए विकास पर उमर ने कहा, यहां एक घंटे बारिश होती है तो दूसरे घंटे सैलाब का ख़तरा होता है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा कि, "सड़कों, बिजली, महंगाई, स्कूल-कॉलेज के हालत क्या हैं ये आप इलाके में जा कर देखें."

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में हुई टूट पर क्या बोले उमर उब्दुल्ला?

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में हुई टूट पर कहा है कि यह पहली बार नहीं हुआ है जब कोई पार्टी टूटी है.

    "उन्होंने कहा कि पार्टियां पहले भी टूटती रही हैं. कांग्रेस मध्य प्रदेश में टूटी, यह लंबे समय से चला आ रहा है और आगे भी चलता रहेगा."

    "लेकिन अगर आप मुझसे पूछें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टूटने से क्या शरद पवार कमज़ोर हुए हैं तो मुझे लगता है कि वो और मजबूत ही हुए हैं."

    उमर बोले, "मुझे लगता है कि जिस तरह के बयान आ रहे हैं उसे महाराष्ट्र के लोग पसंद नहीं करेंगे और उसका नतीज़ा चुनाव के दौरान मतदान के ज़रिए आएगा."

  11. जब रोहित शर्मा से रहाणे ने कहा- 'अभी तो मैं यंग हूं यार'

    दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ के लिए भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों वेस्ट इंडीज़ में है. इस बीच कप्तान रोहित शर्मा और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे का एक मज़ेदार वीडियो बीसीसीआई ने शेयर किया है.

    वीडियो में एक सवाल के जवाब में अजिंक्य रहाणे कहते हैं कि वो अभी भी जवान हैं.

    प्रैक्टिस सेशन के दौरान रोहित शर्मा अजिंक्य रहाणे से पत्रकार बनकर कुछ सवाल करते हैं.

    वीडियो में एक जगह अजिंक्य रहाणे कहते हैं, "इस एज में मतलब...मैं अभी भी यंग हूं यार."

    इसके बाद रहाणे कहते हैं कि अभी यहां (वेस्टइंडीज़) में रोहित शर्मा जो भी रोल देंगे वो उसे निभाने के लिए तैयार हैं.

    फिर रोहित शर्मा रहाणे से पूछते हैं कि वो टीम में आए नए लड़कों को वेस्टइंडीज़ से जुड़े अपने अनुभव के बारे में क्या बताना चाहेंगे. इसके जवाब में रहाणे कहते हैं कि एक बल्लेबाज़ के तौर पर वेस्टइंडीज़ में सब्र रखना सबसे ज़रूरी है.

    भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच पहला टेस्ट मैच 12 जुलाई यानी बुधवार से शुरू हो रहा है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, नेपाल के सोलुखुम्बू में हेलीकॉप्टर लापता, पाँच विदेशी समेत छह लोग हैं सवार

    नेपाल में पाँच यात्रियों को ले जा रहा एक हेलीकॉप्टर सोलुखुम्बू ज़िले के सुदूर पहाड़ी इलाकों में लापता हो गया है.

    मनांग एयर के इस चॉपर में पाँच मेक्सिकन नागरिक सवार थे.

    सोलुखुम्बू डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन कमिटी के प्रमुख कृष्ण प्रसाद निरौला ने कहा कि इस हेलीकॉप्टर में एक नेपाली पायलट और पाँच विदेशी नागरिक सवार थे.

    उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों को लामाजुरा पास इलाके में तैनात किया गया है.

    चॉपर के इसी इलाके में क्रैश होने की आशंका है.

    काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवक्ता टेकनाथ सितुआला ने बताया कि ये हेलीकॉप्टर लुकला से सुबह 10 बजे काठमांडू के लिए उड़ा था लेकिन 10 बजकर 13 मिनट पर इसका संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया.

  13. वेदांता और फॉक्सकॉन के बीच 19.5 अरब डॉलर का समझौता टूटना क्या पीएम मोदी के 'बड़े सपने' के लिए झटका है?

  14. अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट में दो अगस्त से रोज़ होगी सुनवाई

    जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के फ़ैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट दो अगस्त से हर रोज़ सुनवाई करेगा.

    केंद्र सरकार ने पाँच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटा दिया था. साथ ही, जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया था.

    केंद्र के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के मुताबिक़, इस मामले में दायर 23 याचिकाओं को लेकर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 2 अगस्त से सर्वोच्च न्यायालय की संविधान पीठ इस पर रोज़ सुनवाई करेगी.

    इन याचिकाओं पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच जजों की एक बेंच बनाई है.

    ये बेंच चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता में सुनवाई करेगी.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में लिखित दस्तावेज़ 27 जुलाई तक जमा किए जा सकते हैं उसके बाद कोई और दस्तावेज़ स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

    चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया ने अपने आदेश में कहा कि दो अगस्त से सुबह 10.30 बजे से सुनवाई शुरू होगी. ये सुनवाई सोमवार से शुक्रवार तक होगी.

  15. बीबीसी प्रेज़ेंटर से जुड़े मामले में टीनएजर के वकील ने कहा, 'कुछ भी ग़लत नहीं हुआ'

    बीबीसी प्रेज़ेंटर से जुड़े कथित स्कैंडल में अब टीनएजर के वकील ने उनकी मां के दावों को 'बकवास' बताया है.

    वकील ने बीबीसी से कहा, "कुछ भी ग़लत या ग़ैर क़ानूनी नहीं" हुआ है और टीएनजर ने 'द सन' अख़बार को इस बारे में रिपोर्ट छापने से मना भी किया था.

    'द सन' अख़बार ने ही बीते शुक्रवार को इस बारे में सबसे पहले रिपोर्ट प्रकाशित की थी. इसमें दावा किया गया था कि बीबीसी के एक प्रेज़ेंटर ने टीनएजर को अश्लील तस्वीरें भेजने के लिए पैसे दिए थे.

    अख़बार ने कहा था कि उसने ऐसे सबूत देखे हैं जो टीनएजर की मां के दावों की पुष्टि करते हैं.

    वहीं, सोमवार को बीबीसी को भेजी गई चिट्ठी में वकील ने कहा है कि टीनएजर ने अख़बार को शुक्रवार शाम व्हाट्सएप पर भेजे मेसेज में दावों का खंडन किया था.

    टीनएजर ने इस मेसेज में कहा था कि, "उनकी मां ने अख़बार के सामने जो दावे किए हैं वो पूरी तरह ग़लत हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है."

    वकील ने ये भी कहा कि इसके बावजूद 'द सन' अख़बार ने अपनी ग़लत ख़बर छापी.

    वकील ने चिट्ठी में लिखा है, "किसी भी तरह की ग़लतफ़हमी से बचने के लिए बता दें कि मेरे क्लाइंट और बीबीसी के प्रेज़ेंटर के बीच कुछ भी ग़लत या अवैध नहीं हुआ है और 'द सन' अख़बार में छपे आरोप पूरी तरह बकवास हैं."

    वकील ने ये भी कहा कि इस मामले पर की गई रिपोर्टिंग निजता का उल्लंघन है. उन्होंने अपने क्लाइंट से संपर्क न करने को लेकर 'द सन' अख़बार और बीबीसी दोनों की आलोचना भी की.

    वकील ने ये कहा कि दावा करने वाली मां और टीनएजर अब साथ नहीं रहते.

    इसपर 'द सन' अख़बार ने प्रतिक्रिया दी, "हमने दो बेहद चिंतित पैरेंट्स की कहानी के बारे में छापा, जिन्होंने बीबीसी से उनके प्रेज़ेंटर के व्यवहार की शिकायत की थी. हमने वो सबूत देखे, जो इनकी चिंता की पुष्टि करते हैं. अब इस मामले की उचित जांच करना बीबीसी का काम है."

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर प्रदेश: एनएच-9 पर ग़लत तरफ़ से आ रही बस ने गाड़ी को मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में सड़क दुर्घटना में एक स्कूल बस और कार के बीच हुई टक्कर से छह लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

    हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है.

    स्कूल बस ड्राइवर के ग़लत दिशा से आने की वजह से ये हादसा हुआ.

    बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस खाली थी.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर दुख ज़ाहिर किया है.

    योगी आदित्यनाथ के कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट के अनुसार ज़िला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का पूरा इलाज करवाने के लिए निर्देश दिए हैं.

    एडीसीपी (ट्रैफ़िक) आरके कुशवाहा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि बस ड्राइवर दिल्ली के गाज़ीपुर से सीएनजी भरवाने के बाद ग़लत दिशा से आ रहा था. हादसे की शिकार टीयूवी कार मेरठ की ओर से आ रही थी और गुरुग्राम जा रही थी.

    उन्होंने कहा कि हादसे के पीछे ड्राइवर की ग़लती थी और उन्हें पकड़ लिया गया है. गाड़ी में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और बस में कोई भी स्कूली छात्र नहीं था.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूस्खलन से दबे वाहन, कम से कम तीन की मौत

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बारिश की वजह से हुए भूस्खलन में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गंगोत्री नेशनल हाइवे पर बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में कई गाड़ियां आ गईं.

    वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की जान गई है और 10 घायल हुए हैं. फ़िलहाल मौक़े पर राहत और बचाव का काम जारी है.

    लगातार जारी बारिश की वजह से उत्तरकाशी में भागीरथी नदी भी उफान पर है.

    कुछ दिन पहले ही नगालैंड में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब चट्टान का एक हिस्सा गिरकर नीचे गिरा और उसकी चपेट में गाड़ी आ गई.

    इस हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हुआ था.

  18. फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर बनाने वाली परियोजना से अलग होने को लेकर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

    ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फ़ॉक्सकॉन ने उद्योगपति अनिल अग्रवाल की वेदांता के साथ सेमी कंडक्टर प्लांट लगाने के समझौते से ख़ुद को अलग करने की घोषणा की है.

    इस घोषणा के बाद से कांग्रेस ने बीजेपी पर हमलावर रुख़ अपनाया हुआ है.

    हालांकि, केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि फॉक्सकॉन के 19.5 अरब डॉलर की लागत वाले चिप वेंचर से ख़ुद को अलग करने का सेमीकंडक्टर को लेकर भारत के निर्धारित लक्ष्यों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

    इलेक्ट्रॉनिक्स और ईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "दो निजी कंपनियों ने किसी वजह से साझेदारी की या नहीं की, इसमें पड़ना सरकार का काम नहीं है. लेकिन सरल अर्थों में इसका मतलब है कि दोनों कंपनियां भारत में अपनी अलग-अलग रणनीतियों पर चलेंगी."

    एप्पल के लिए आईफोन और कुछ अन्य उत्पादों की असेंबलिंग करने वाली फॉक्सकॉन और वेदांता ने पिछले साल गुजरात में एक सेमीकंडक्टर निर्माण और डिस्प्ले प्रोडक्शन प्लांट लगाने का समझौता किया था. इस पर करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाना था.

    वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रसे महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "परियोजना की घोषणा के समय प्रचार याद है? गुजरात के मुख्यमंत्री ने यहाँ तक दावा किया था कि एक लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी."

    उन्होंने कहा, "साल दर साल ‘वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन’ में हस्ताक्षर किए गए कई एमओयू का यही हश्र हुआ है और उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन जैसे इस तरह के अन्य शिखर सम्मेलनों का भी यही हश्र होगा."

  19. टमाटरों के लिए बाउंसर तैनात करने के मामले में वाराणसी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया

    उत्तर प्रदेश के वाराणासी में टमाटरों की सुरक्षा में बाउंसर तैनात करने से जुड़े मामले में पुलिस ने एक दुकानदार और उनके बेटे को गिरफ़्तार किया है.

    इस मामले में समाजवादी नेता अजया यादव समेत पाँच लोगों के ख़िलाफ़ शांति भंग करने का मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    इस मामले से जुड़े वीडियो में समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता दो बाउंसरों के साथ दिख रहे थे, जिन्हें महंगे हो चुके टमाटरों की सुरक्षा में तैनात किया गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने वाराणसी के लंका पुलिस थाने के एसएचओ अश्विनी पांडे के हवाले से बताया है कि खुद को दुकान का मालिक बताने वाले समाजवादी पार्टी नेता अजय यादव फ़िलहाल फरार हैं.

    पुलिस ने कहा कि इस मामले में जगनारायण यादव और उनके बेटे विकास यादव को रविवार "मानहानि" करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    भारत में पिछले दो सप्ताह के दौरान टमाटर के दाम तेज़ी से बढ़े हैं. कई शहरों में टमाटर डेढ़ सौ रुपये प्रति किलो से अधिक के दाम पर बिक रहे हैं.

    अजय यादव ने ये अनूठा प्रदर्शन शनिवार को किया था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणासी के दौरे पर थे.

    वीडियो में, एसपी कार्यकर्ता ने दावा किया था कि उन्होंने टमाटर की कीमत पर मोलभाव करने वाले ग्राहकों से निपटने के लिए दो बाउंसर तैनात किए थे.

    ये वीडियो अखिलेश यादव ने ट्वीट भी किया था.

    इस मामले में कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना भी साधा है.

    उन्होंने लिखा है, "जिस देश-प्रदेश में स्वस्थ व्यंग्य और कटाक्ष के लिए स्थान न हो वहाँ समझ लेना चाहिए, दूसरों को डराने वाली सत्ता, स्वयं डरी हुई है. 'मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी' की बात इस माहौल में बेमानी जुमला लगती है. देश के प्रमुखतम संसदीय क्षेत्र में लोकतंत्र का ये हाल है तो बाकी देश में क्यों होगा?"

    हाल ही में अजय यादव ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने के लिए टमाटर के आकार का केक काटा था और टमाटर बांटे थे.

  20. दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर ख़तरे के निशान से ऊपर पहुंचा, आज भी बारिश का अलर्ट

    दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सोमवार देर रात 206.04 एमएम तक पहुँच गया है. इसके बाद राजधानी में आज बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के ताज़ा बुलेटिन के हवाले से बताया है कि दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर सोमवार रात को 206.4 एमएम दर्ज किया गया.

    यमुना में पानी बढ़ने की वजह से किनारे से सटे इलाकों में रह रहे लोगों ने पास में ऊंची जगहों पर जाना शुरू कर दिया है.

    पड़ोसी राज्य हरियाणा की तरफ़ से हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से यमुना में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है.

    सोमवार को दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि 206 मीटर से ऊपर जलस्तर पहुंचने के बाद लोगों को दूसरी जगहों पर ले जाना शुरू कर दिया जाएगा.

    इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ का कोई ख़तरा नहीं है.