You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'चीन ने 2018 चुनाव के पहले दी थी सेना को हिदायत', पाकिस्तान के मंत्री ने किया दावा

पाकिस्तान सरकार के मंत्री एहसान इक़बाल ने दावा किया है कि चीन ने पाकिस्तान की सेना को 2018 के आम चुनाव से पहले 'किसी तरह का प्रयोग नहीं' करने की हिदायत दी थी.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा and स्नेहा

  1. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर एफ़आईआर, गुरु गोलवलकर पर विवादित ट्वीट का मामला

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर इंदौर के तुकोगंज थाने में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक गुरु गोलवलकर पर एक विवादित ट्वीट किया था.

    ये एफ़आईआर राजेश जोशी नाम के शिकायतकर्ता की तहरीर पर दर्ज की गई है.

    दिग्जविजय सिंह पर आईपीसी की धारा 153ए, 469, 500,505 के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विवादित ट्वीट के ज़रिए दिग्जविय सिंह ने सदाशिव राव गोलवलकर की तस्वीर के साथ मिथ्या एवं अनर्गल पोस्ट प्रसारित की.

    दिग्जविजय सिंह ने एक पोस्ट शेयर की थी जिसमें एक तस्वीर में गोलवलकर की किताब ‘वी एंड अवर नेशनहुड आइडेंटीफ़ाइड’ का हवाला देते हुए कथन प्रकाशित थे.

    इस ट्वीट के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा था, “गुरु गोलवलकर जी के दलितों पिछड़ों और मुसलमानों के लिए व राष्ट्रीय जल जंगल व ज़मीन पर अधिकार पर क्या विचार थे अवश्य जानिए.”

    आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने दिग्विजय के इस ट्वीट पर सवाल उठाते हुए लिखा था, “श्री गोलवलकर जी के संदर्भ में ये ट्वीट तथ्यहीन है तथा सामाजिक विद्वेष उत्पन्न करने वाला है. संघ की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह झूठा फोटोशॉप किया चित्र लगाया है.”

  2. चिराग पासवान से मिलने पहुँचे केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, गठबंधन के सवाल पर ये कहा

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय रविवार सुबह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान से मिलने पहुंचे.

    चिराग पासवान की सुरक्षा इसी साल बढ़ाया गया था. इसके बाद से ही कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि चिराग पासवान एक बार फिर से एनडीए के साथ जा सकते हैं.

    चिराग पासवान से मिलने के बाद नित्यानंद राय ने कहा, "ये घर हमारा पुराना घर है. इस घर से मेरा संबंध अटूट है, आगे भी रहेगा. जब हमलोग मिलते हैं तो अच्छी बात होती है. राम विलास पासवान और भाजपा ने हमेशा अपने काम से लोगों को ख़ुश करने का ही काम किया."

    लोजपा के साथ फिर से सुलह के सवालों पर नित्यानंद राय ने कहा, "हम लोगों की बात बिगड़ी कब थी जो अब बनने का सवाल किया जा रहा है."

    नित्यानंद राय ने विपक्षी एकता पर निशाना साधते हुए ये भी कहा कि महागठबंधन प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता से घबरा गया है.

    उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और काम से घबराकर आपस में मेल-मिलाप भी कर रहे हैं और टकरा भी रहे हैं. महागठबंधन का एक सिर दूसरे सिर से ऐसे टकरा रहा है कि आप सब देख रहे होंगे. न वहां कोई नीति है, न कोई नेता है. नीति, सेवा, काम, विकास, देश के प्रति दायित्व कैसे निभाना है, प्रधानमंत्री जी से इन लोगों को सीखना चाहिए. नेता उधर एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं. और देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी जी को तीसरी बार जीताने के लिए एकजुट हो चुकी है."

  3. रेल मंत्री ने बताया नई वंदे भारत एक्सप्रेस का रंग भगवा क्यों

    नई वंदे भारत एक्सप्रेस भगवा रंग में होगी. अभी ये ट्रेन पटरी पर दौड़ नहीं रही है और फिलहाल चेन्नई की इंटीग्रल कोच फ़ैक्ट्री में है.

    शनिवार को रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया है कि वंदे भारत एक्सप्रेस की 28वीं रेक को भगवा रंग में रंगा गया है. रेक ट्रेन के साथ जुड़ने वाले डिब्बों के समूह को कहा जाता है.

    रेलवे अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि इस समय वंदे भारत एक्सप्रेस की 25 रेक उनके निर्धारित रूप पर संचालित हो रही हैं.

    अधिकारियों ने बताया है, “इस 28वीं रेक का रंग ट्रायल के आधार पर बदल कर देखा गया है.”

    भारत के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कोच फ़ैक्ट्री का दौरा भी किया और वंदे भारत एक्सप्रेस में हो रहे सुधारों की समीक्षा की.

    ट्रेन की जांच के बाद रेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का नया रंग देश के राष्ट्र ध्वज से प्रेरित है.

    पहली वंदे भारत एक्सप्रेस फ़रवरी 2019 में नई दिल्ली और वाराणासी के बीच शुरू की गई थी.

    शुक्रवार को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर-लखनऊ और जोधपुर-साबरमती रेल मार्गों पर नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन किया था.

  4. छेड़खानी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं, बेटी की आत्महत्या के बाद पिता ने भी जान दी

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश के विदिशा ज़िले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बेटी के साथ छेड़खानी करने और उसे आत्महत्या के लिये उकसाने वाले आरोपी की रिहाई के बाद आत्महत्या कर ली. इस मामले पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जांच के आदेश दे दिये है.

    पुलिस के मुताबिक़, इस लड़की ने छेड़खानी का आरोप छह लोगों पर लगाकर 25 मई को आत्महत्या कर ली थी.

    इस मामले में एक आरोपी सुदीप धाकड़ पर मामला दर्ज किया गया था. आरोप है कि यह लोग भाजपा से जुड़े हुए थे इसलिए इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं की जा रही थी.

    गुरुवार को लड़की के पिता ने भी आत्महत्या कर ली उसके बाद जाकर विदिशा कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया.

    नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को कहा कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिये गये हैं और तीन दिन के अंदर इसकी रिपोर्ट मांगी गई है. उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने यह भी कहा कि नटेरन पुलिस थाने के प्रभारी और प्रधान आरक्षक को इस मामले में लाइन हाज़िर किया गया है.

    वहीं लड़की के पिता के मौत के मामले में दो लोग गिरफ्तार हो चुके हैं.

  5. सीमा ग़ुलाम हैदर से मुलाक़ात करना चाहते हैं पाकिस्तान के राजनयिक

    नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भागकर भारत आईं पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर से मुलाक़ात के लिए पाकिस्तान ने काउंसलर एक्सेस मांगा है.

    इस्लामाबाद में मौजूद बीबीसी संवाददाता शुमायला ख़ान को ये जानकारी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मिली है.

    सीमा ग़ुलाम हैदर अपने प्रेमी सचिन मीणा से मिलने के लिए नेपाल के रास्ते अवैध तरीक़े से अपने चार बच्चों के साथ भारत पहुंच गईं थीं.

    भारत में पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार करके जेल भेज दिया था. शुक्रवार को सीमा और उनके पति सचिन मीणा को ज़मानत मिल गई.

    दुबई में रहने वाले सीमा के पाकिस्तानी पति ग़ुलाम हैदर ने पाकिस्तान की सरकार से अपनी बीवी और बच्चों को वापस लाने की अपील की है.

    इसी बीच सीमा ने भारत में मीडिया से बात करते हुए कहा है कि वो सचिन के साथ ही रहना चाहती हैं.

    पहले से शादीशुदा सीमा के चार बच्चे हैं जिन्हें साथ लेकर वो भारत पहुंची हैं.

  6. उत्तर-पश्चिम भारत में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती हैः मौसम विभाग

    भारत के मौसम विभाग के मुताबिक़, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में अगले कुछ दिनों भारी बारिश जारी रहेगी.

    भारत के मौसम विभाग ने रविवार सुबह जारी किए अनुमान में कहा है कि दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मरी में भारी बारिश हो सकती है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत पर अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है जिसकी वजह से शनिवार को भारी बारिश हुई.

    शनिवार को राजधानी दिल्ली में इस मौसम की पहली भारी बारिश हुई है. बारिश की वजह से शहर के कई इलाक़ों में पानी भर गया और ट्रैफ़िक जाम लग गया.

    दिल्ली में शनिवार को बारिश की वजह से एक मकान की छत गिरने से एक 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई. वहीं चौबीस घंटों के भीतर राजस्थान में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई.

    बारिश और भूस्खलन की वजह से अमरनाथ यात्रा को रविवार को तीसरे दिन भी निलंबित कर दिया गया. इस वजह से जम्मू में हज़ारों पर्यटक फंसे हैं.

    मौसम विभाग के मुताबिक देश के दक्षिणी हिस्सों, ख़ासकर केरल के चार ज़िलों में भी भारी बारिश हो सकती है.

  7. …तो वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगा पाकिस्तानः खेल मंत्री अहसान मज़ारी

    पाकिस्तान के खेल मंत्री अहसान मज़ारी ने कहा है कि अगर भारत एशिया कप के मैच तटस्थ मैदान पर खेलने की मांग करता है तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप के भारत में होने वाले मैचों के लिए यही मांग रखेगा.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने टीम की प्रतिभागिता को लेकर एक समिति बनाई है. मज़ारी इसका हिस्सा हैं.

    अहसान मज़ारी ने कहा है कि अगर भारत एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा तो उनका देश भी वर्ल्ड कप से पीछे हट जाएगा.

    अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मज़ारी ने कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड मेरे मंत्रालय के अधीन आता है और ये मेरी व्यक्तिगत राय है कि अगर भारत एशिया कप के मैच तटस्थ मैदान पर खेलने की मांग करता है तो हम भी भारत में अपने वर्ल्ड कप के मैचों के लिए ऐसी ही मांग रखेंगे."

    अक्तूबर-नवंबर में भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप होना है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम के शामिल होने पर निर्णय लेने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति भी गठित की है.

    इस समिति के अध्यक्ष पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी हैं और इसमें 11 मंत्री शामिल हैं.

    मज़ारी का कहना है कि समिति अपनी रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंप देगी और अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री को ही लेना है.

  8. चीन पहुंचीं अमेरिका की वित्त मंत्री ने दोनों देशों के रिश्तों पर दिया बयान

    अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा है कि बीजिंग में दस घंटे चली मुलाक़ात के बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों चीन और अमेरिका के बीच संबंध मज़बूत होने की तरफ़ बढ़ रहे हैं.

    जेनेट येलेन ने कहा है कि अमेरिका और चीन के बीच मतभेदों के बावजूद, वो दोनों देशों के रिश्तों को संघर्ष के नज़रिये से नहीं देख रही हैं और इर रिश्ते का मार्ग पहले से निर्धारित नहीं है.

    पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकेन भी चीन की यात्रा पर आए थे. अब वित्त मंत्री यहां पहुंची हैं और उन्होंने वार्ता की है.

    अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन का प्रशासन उच्च स्तर पर चीन के साथ लगातार संपर्क बनाये रखना चाहता है.

    जेनेट येलेन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा हुआ हो, ये ज़रूरी भी है.

  9. ड्रग कारोबार पर रिपोर्ट के बाद सीरिया ने बीबीसी पत्रकारों की मान्यता ख़त्म की

    सीरिया की सरकार ने बीबीसी पर पक्षपातपूर्ण और भ्रामक रिपोर्टें प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए बीबीसी पत्रकारों की मान्यता ख़त्म कर दी है.

    सीरिया के सूचना मंत्रालय ने कहा है कि बीबीसी पेशेवर मानकों का पालन करने में नाकाम रहा है.

    हाल ही में ड्रग कारोबार पर की गई बीबीसी की एक रिपोर्ट में केप्टागोन ड्रग के कारोबार और राष्ट्रपति बशर अल असद के परिवार के बीच संबंध होने का दावा किया गया था.

    बीबीसी का कहना है कि वह निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता करता है.

    बीबीसी के एक प्रवक्ता ने कहा है कि “तथ्यों को स्थापित करने के लिए हमने राजनीति के हर वर्ग से बात की है.”

    बीबीसी न्यूज़ अरबी ने पिछले महीने एक खोजपूर्ण रिपोर्ट प्रकाशित की थी. इस रिपोर्ट में केप्टागोन ड्रग के कारोबार और सीरियाई सैन्य बलों के वरिष्ठ सदस्यों और असद परिवार के सदस्यों के बीच संबंध स्थापित किया गया था.

    केप्टागोन एक एम्फेटामाइन ड्रग है जिसकी लत लग जाती है. सीरिया की सरकार इस ड्रग के कारोबार के आरोपों को पहले भी खारिज कर चुकी है.

    बीबीसी पत्रकारों की मान्यता ख़त्म करते हुए सीरिया की सरकार ने ड्रग कारोबार पर रिपोर्ट का ज़िक्र नहीं किया है.

    सरकार ने कहा है कि साल 2011 में गृह युद्ध शुरू होने के बाद से ही बीबीसी ने कभी-कभी भ्रामक जानकारियां प्रदान की हैं.

  10. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 08 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.