You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सैफ फ़ुटबॉल चैंपियनशिप: कुवैत को पेनाल्टी शूट आउट में हरा कर भारत बना चैंपियन, नौवीं बार खिताब पर कब्जा

भारत और कुवैत की टीमें निर्धारित समय में एक-एक गोल से बराबर रही थीं

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and अनुराग कुमार

  1. कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्‍म 'सत्‍यप्रेम की कथा' कैसी है?

    कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्‍म 'सत्‍यप्रेम की कथा' 29 जून को बकरीद के मौके पर रिलीज हुई है.

    आइए, जानें फ़िल्म समीक्षकों ने फ़िल्म को दिए हैं कितने स्टार...

  2. श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान अटापट्टू ने रचा इतिहास, आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचीं

    श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान चमरी अटापट्टू एमआरएफ़ टायर्स आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंच गईं हैं.

    ये उपलब्धि हासिल करने वाली वो श्रीलंका की पहली महिला क्रिकेटर हैं.

    इससे पहले आईसीसी की वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचने वाले एकमात्र क्रिकेटर सनथ जयसूर्या थे.

    जयसूर्या साल 2002 से 2003 तक 181 दिनों तक वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर रहे थे.

    श्रीलंका की महिला टीम की वनडे कप्तान अटापट्टू ने न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ हालिया सिरीज़ में 108 और 140 रन की नाबाद पारी खेली थी.

    उनकी पारियों की बदौलत श्रीलंका ने तीन मैचों की ये सिरीज़ 2-1 से जीत ली थी. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ भी चुना गया था.

    अब आईसीसी की ताज़ा रैंकिग में वो 6 स्थानों की छलांग लगाई है.

    इससे पहले वो सातवें पायदान पर थीं.

    आईसीसी की महिला बल्लेबाज़ों की इस रैंकिग में बेथ मूनी दूसरे और लॉरा वूलवार्ट तीसरे स्थान पर हैं.

  3. रूस की बारूदी सुरंगों से जूझते यूक्रेन के सैनिक

    रूस के ख़िलाफ़ यूक्रेन का जवाबी हमला जारी है, लेकिन उसे उतनी कामयाबी नहीं मिल पा रही है, जितनी कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को उम्मीद थी.

    इसकी एक वजह है वो बारूदी सुरंगें, जिन्हें रूसी सैनिकों बिछाकर गए हैं. इस बीच यूक्रेन पर हमला करने के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराने की अंतरराष्ट्रीय कोशिशों में कुछ तेज़ी देखने को मिली है.

    हेग में एक विशेष जांच कार्यालय बनाया गया है. कवर स्टोरी में आज इसी की बात.

  4. एससीओ समिट में क्या बोले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) की बैठक को संबोधित किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बीजिंग किसी भी तरह के संरक्षणवाद और एकतरफ़ा प्रतिबंधों का विरोध करेगा.

    भारत की मेज़बानी में एससीओ की इस बैठक का आयोजन वर्चुअली हो रहा है.

    चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शी ने बैठक में क्षेत्रीय शांति और सबकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया.

    चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी के रिपोर्ट के अनुसार बैठक में राष्ट्रपति शी ने कहा, ''क्षेत्रीय शांति और स्थिरता हम सब की सामूहिक ज़िम्मेदारी है. चीन आर्थिक वैश्वीकरण के सही रास्ते पर चलता रहेगा. साथ ही संरक्षणवाद, एकतरफ़ा प्रतिबंधों जैसी चीज़ों का विरोध करता रहेगा.''

    इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों के राजनीतिक समाधान को लेकर प्रतिबद्धता जताई.

    एससीओ में भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान समेत कुल आठ सदस्य देश हैं.

    इस बैठक में शी जिनपिंग के अलावा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ समेत अन्य सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हुए.

    इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाम लिए बिन चरमपंथियों के कथित इस्तेमाल को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा.

  5. ईरान में ज़हरीली शराब से हो रही हैं मौतें

    ईरान में हाल ही में ज़हरीली शराब पीने से कई लोग मारे गए हैं.

    बीबीसी अरबी सेवा को ईरान की एक युवती की ब्लड सैंपल रिपोर्ट मिली, जिससे पता चलता है कि उनके खून में मेथेनॉल की मात्रा ज़्यादा थी. इस युवती की अब मौत हो चुकी है.

    जानकारों का मानना है कि ईरान में शराब पर पाबंदी और निरीक्षण की कमी की वजह से, ज़हरीली शराब मौतों की वजह बन रही है और सज़ा के डर से लोग मदद मांगने से भी कतराते हैं, जिससे उनकी मौत तक हो जाती है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता परहम घोबदी की रिपोर्ट.

  6. महाराष्ट्र में एनसीपी का पावर गेम: एक ही दिन शरद पवार और अजित पवार दोनों ने बुलाई मीटिंग

    महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का राजनीतिक संकट गहराता हुआ दिख रहा है.

    एनसीपी के अजित पवार धड़े ने पांच जुलाई को पार्टी संगठन के पदाधिकारियों और पार्टी के सांसदों और विधायकों की एक बैठक बुलाई है जबकि शरद पवार ने भी इसी दिन ऐसी ही बैठक का आयोजन किया है.

    अजित पवार धड़े की बैठक एमईटी बांद्रा में बुलाई गई है तो शरद पवार ने अपनी मीटिंग मुंबई के वाईबी चव्हाण ऑडिटोरियम में बुलाई है.

    राज्य के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों और राज्य प्रतिनिधियों को इस मीटिंग में हाजिर रहने के लिए कहा है.

    माना जा रहा है कि दोनों गुटों की बैठक से ये साफ़ हो जाएगा कि पार्टी के सांसदों, विधायकों और संगठन से जुड़े कितने लोग किसके साथ हैं.

  7. 'चौपदी की लड़ाई, माउंट एवरेस्ट फ़तह से ज़्यादा मुश्किल'

    21वीं सदी में दुनिया कहां से कहां पहुंच चुकी है. पर आज भी अलग-अलग नामों से, अलग अलग तरीकों से, माहवारी के दौरान लड़कियों को अपवित्र समझा जाता है.

    भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भी ऐसी ही एक प्रथा है जिसे चौपदी कहा जाता है. लेकिन संगीता रोकाया नाम की एक लड़की इसे बदलने की कोशिश में लगी हैं.

    वो माउंट एवरेस्ट फ़तेह कर चुकी है और कहती हैं कि चौपदी की लड़ाई, माउंट एवरेस्ट फ़तह करने से भी ज़्यादा मुश्किल है, फिर भी अपनी लड़ाई जारी रखेंगी.

    देखिए बीबीसी संवाददाता कमल परियार की ये रिपोर्ट.

  8. रूस बोला- यूक्रेन ने मॉस्को पर ड्रोन हमले किए

    रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यूक्रेन ने मॉस्को पर ड्रोन हमले किए हैं.

    इसकी वजह से मॉस्को से दक्षिण पश्चिमी छोर पर स्थित वनुकोवो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है.

    कहा जा रहा है कि मंगलवार के हमले में मॉस्को पर पांच ड्रोन दागे दए हैं. इस हमले में मॉस्को के आस-पास के बड़े इलाके को निशाना बनाया गया है.

    रूसी रक्षी मंत्रालय ने बताया कि सभी पांचों ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है. इस हमले में जानोमाल का कोई नुक़सान नहीं हुआ है.

    यूक्रेन ने इस कथित हमले की कोई जिम्मेदारी नहीं ली है. मॉस्को के तीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक वनुकोवो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगाई गई उड़ान संबंधी पाबंदियों को अब हटा लिया गया है.

    उड़ान संबंधी प्रतिबंधों का तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात और मिस्र से आने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ा है.

    रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मॉस्को के इलाके में उड़ रहे चार ड्रोन एयर डिफेंस सिस्टम से नष्ट किया गया जबकि पांचवें ड्रोन को क्रैश करने से पहले बीचे में ही रोक लिया गया.

    रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाखारोवा ने टेलीग्राम पर इस घटना के बारे में बताया, "यूक्रेन ने उन इलाकों पर हमले की कोशिश की है जहां सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद था. इसमें एक एयरपोर्ट भी है जहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें आती हैं. ये एक आंतकवादी कृत्य है."

  9. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने छात्रों से साझा किए ज़िंदगी के अनुभव

    विदेश मंत्री एस जयशंकर दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक कार्यक्रम में शामिल हुए.

    इस दौरान उन्होंने छात्रों के कई सवालों के जवाब भी दिए.

    'संवाद' कार्यक्रम में पहुंचे जयशंकर ने इस दौरान अपने कई अनुभव साझा किए.

  10. इमरान ख़ान पर शिकंजा कसने के लिए पाकिस्तान की सरकार ने आधी रात बदला ये क़ानून

    पाकिस्तान की सरकार ने रातों-रात भ्रष्टाचार विरोधी क़ानून में बदलाव किए हैं.

    ये बदलाव इमरान ख़ान के भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए पेश होने से कुछ घंटों पहले किए गए हैं.

    माना जा रहा है कि इस बदलावों का मकसद इमरान ख़ान पर शिकंजा कसना है.

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की गैर-मौजूदगी में कार्यकारी राष्ट्रपति सादिक़ संजरानी ने अध्यादेश जारी किया है.

    इस अध्यादेश के तहत नेशनल अकाउंबिलिटी ब्यूरो यानी एनएबी को ये अधिकार दिए गए हैं कि जांच के दौरान किसी संदिग्ध की गिरफ़्तारी की जा सकती है और एनएबी अदालत को भी ये शक्ति दी गई है कि वो हिरासत में लिए जाने के बाद किसी संदिग्ध को 30 दिनों के लिए रिमांड पर भेजा जा सकता है. पहले ये मियाद 15 दिन थी.

    ये अध्यादेश पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सलाह पर लाया गया है.

    ये बदलाव आधी रात को किए गए हैं. इमरान ख़ान को जिस मामले में एनएबी के सामने पेश होना है वो अल-क़ादिर ट्रस्ट से जुड़ा है. इस ट्रस्ट ने इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी पर 50 अरब रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.

    इमरान ख़ान ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है और कहा है कि राजनीतिक वजहों से उनको निशाना बनाया जा रहा है.

    हालांकि मंगलवार को इमरान ख़ान को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से एक दूसरे मामले में राहत भी मिली है.

    इस्लामाबाद हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस आमिर फारूक़ ने तोशाखाना मामले में इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ चल रहे आपराधिक केस को अस्वीकार्य घोषित कर दिया है.

  11. गोली चलाने वालों, दलित राजनीति, पीएम मोदी, राहुल गांधी पर क्या बोले चंद्रशेखर?

    अपने पर गोली चलाने वालों, दलित राजनीति, पीएम मोदी, राहुल गांधी और मायावती के बारे में क्या बोले चंद्रशेखर?

  12. आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और आईडीएफसी के विलय के एलान के बाद कैसी रही शेयर बाज़ार की प्रतिक्रिया

    आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आईडीएफसी लिमिटेड और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के विलय को सोमवार को मंजूरी दे दी.

    इस फैसले के बाद मंगलवार को जब शेयर बाज़ार खुले तो आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की शेयर कीमतों में 6 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

    हालांकि आईडीएफसी के शेयर में तेजी देखी गई और ये 6 फीसदी तक ऊपर चढ़ा.

    एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक के रिवर्स मर्जर यानी मूल कंपनी का अपनी सब्सिडियरी कंपनी में विलय की तरह ही आईडीएफसी का भी मर्जर हो रहा है.

    इस प्रस्तावित सौदे के तहत आईडीएफसी के शेयर धारकों को 100 शेयरों के बदले आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के 155 शेयर आवंटित होंगे.

    इस करार में आईडीएफसी के शेयरों का मूल्य 127.02 रुपये आंका गया है. इस समय आईडीएफसी के स्टॉक अपने उच्चतम स्तर पर ट्रेड हो रहे हैं जबकि पिछले दिसंबर के बाद से आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के शेयरों में सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई है.

  13. बिहार: यहां कुक से लेकर मैनेजर तक ट्रांसजेंडर

    बिहार के पटना में खुला 'सतरंगी दोस्ताना रेस्टोरेंट' एक ऐसा रेस्त्रां है, जहां कुक से लेकर मैनेजर तक ट्रांसजेंडर हैं.

    इस रेस्टोरेंट के खुलने से ट्रांसजेंडर समुदाय को बहुत उम्मीद है.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, शी जिनपिंग और शहबाज़ शरीफ़ की 'मौजूदगी' में बोले पीएम मोदी- कुछ देश सरहद पार...

    भारत की अध्यक्षता में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन यानी एससीओ समिट की शुरुआत मंगलवार को वर्चुअली हो चुकी है.

    इस समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ भी शामिल हुए.

    पीएम मोदी ने इन नेताओं की मौजूदगी में चरमपंथी गतिविधियों को लेकर निशाना साधा.

    पीएम मोदी ने कहा, ''आतंकवाद चाहे किसी भी रूप में हो, किसी भी अभिव्यक्ति में हो, हमें इसके विरुद्ध मिलकर लड़ाई करनी होगी.''

    पीएम मोदी बोले, ''कुछ देश क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म को अपनी नीतियों के रूप में इस्तेमाल करते हैं. आतंकवादियों को पनाह देते हैं. एससीओ को ऐसे देशों की आलोचना में कोई संकोच नहीं करना चाहिए.''

    एससीओ समिट में पीएम मोदी और क्या बोले?

    • विवादों, तनावों और महामारी से घिरे विश्व मेंसभी देशों के लिए एक बड़ी चुनौती है.
    • एससीओ के अध्यक्ष के रूप में, भारत ने हमारे बहुआयामी सहयोग को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं.
    • इन सभी प्रयासों को हमने 2 मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित किया है.
    • अफ़ग़ानिस्तान को लेकर भारत की चिंताएं और अपेक्षाएं SCO के अधिकांश देशों के समान हैं.
  15. यरूशलम को इस तरह पहले किसी ने नहीं देखा होगा

    कुछ युवाओं का समूह... बेहद कम संसाधन लेकिन मक़सद उन जगहों को ज़िंदा रखना जो विवाद और तनाव के कारण गुम होने की कग़ार पर पहुंच गई हैं.

    युवाओं का ये समूह वीआर तकनीक के माध्यम से इतिहास को ज़िंदा और प्रासंगिक रखने की कोशिश की जा रही है.

  16. इसराइल की वेस्ट बैंक में कार्रवाई, 10 फलस्तीनियों की मौत

    वेस्ट बैंक में इसराइल की सैन्य कार्रवाई जारी है. फलस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि जेनिन शहर में लगभग तीन हज़ार लोगों को इस हमले के कारण मजबूर होकर घर छोड़ना पड़ा.

    दूसरी तरफ़, इसराइल की मिलिट्री ने कहा है कि उन्होंने 120 लोगों को गिरफ्तार किया है और जेनिन रिफ्यूजी कैंप में उसके निशाने पर दस और ठिकाने हैं.

    इसराइल की सैनिक कार्रवाई सोमवार को शुरू हुई थी.

    इसराइल सैनिक बख्तरबंद बुलडोजर के साथ वेस्ट बैंक में दाखिल हुए और साथ में एयर स्ट्राइक का भी सपोर्ट लिया गया.

    इस कार्रवाई में कम से कम दस फलस्तीनी लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट हैं.

    इसराइल डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता माशा माइकलसन ने बीबीसी को बताया है कि उनकी सैनिक कार्रवाई में एक भी सामान्य व्यक्ति की मौत नहीं हुई है.

  17. महाराष्ट्र में सियासी उलटफेर: शपथ ग्रहण के बाद अजित पवार क्या बोले

    महाराष्ट्र की राजनीति ने बड़ा उलटफेर देखने को मिला है.

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार के भतीजे और महाराष्ट्र के कद्दावर नेता अजित पवार शिवसेना- बीजेपी सरकार में शामिल हो गए हैं. अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.

    उनके साथ एनसीपी के बड़े नेताओं में गिने जाने वाले छगन भुजबल भी सरकार में शामिल हो गए हैं. उन्होंने मंत्री के रूप में शपथ ली है.

    अजित पवार ने शपथ ग्रहण के बाद मीडिया को भी संबोधित किया. देखिए ये वीडियो.

  18. अनिल अंबानी के बाद अब टीना अंबानी से ईडी ने की पूछताछ, पर क्यों?

    रिलायंस अनिल धीरूभाई ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुईं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि टीना अंबानी से ये पूछताछ फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट यानी फेमा से जुड़े एक केस की जांच के तहत हुई है.

    टीना ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए और अपना बयान दर्ज करवाया.

    इससे पहले सोमवार को अनिल अंबानी ने ईडी के सवालों के जवाब दिए थे. वो भी फेमा के तहत दर्ज केस में बयान देने के लिए पेश हुए थे.

    माना जा रहा है कि इस हफ़्ते के अंत तक अनिल अंबानी से एक बार फिर पूछताछ हो सकती है.

    पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस उद्योगपति दंपति की विदेश में संपत्ति और फंड के ट्रांसफ़र से जुड़े मामलों में जांच हो रही है.

    इससे पहले यस बैंक के प्रमोटर राणा कपूर के ख़िलाफ़ दायर मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी अनिल अंबानी से 2020 में पूछताछ हुई थी.

    बीते साल अगस्त महीने में आयकर विभाग ने अनिल अंबानी को नोटिस भेजा था.

    अनिल अंबानी पर टैक्स में 420 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप था.

    मार्च में बॉम्बे हाईकोर्ट ने आईटी के इस नोटिस पर अंतरिम रूप से रोक लगा दी थी.

  19. इसराइल की वेस्ट बैंक के जेनिन कैंप पर भारी सैन्य कार्रवाई, अब तक क्या-क्या हुआ?

    इसराइल की सेना ने वेस्ट बैंक में फ़लस्तीनी चरमपंथियों के ख़िलाफ़ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है.

    कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में चलाए जा रहे अभियान को लेकर इसराइल का कहना है कि अभियान में कम से कम सात 'चरमपंथी' या तो मारे गए हैं या उन्हें 'काबू' में ले लिया गया है.

  20. इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ तोशाखाना मामले में दिया ये फ़ैसला

    इस्लामाबाद हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस आमिर फारूक़ ने तोशाखाना मामले में इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ चल रहे आपराधिक केस को अस्वीकार्य घोषित कर दिया है.

    इस केस में हाई कोर्ट ने पहले अपना फ़ैसला सुरक्षित रखा था. निचली अदालत ने इस मामले में इमरान खान को दोषी ठहराया था.

    चुनाव आयोग ने तोशाखाना केस से जुड़ी आपराधिक कार्यवाही को जिला न्यायालय में भेजा था. हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ इमरान ख़ान की याचिका स्वीकार कर ली थी.

    बता दें कि इमरान खान ने सोमवार को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर अविश्वास जताया था.

    इमरान खान के ख़िलाफ़ तोशाखाना मामले में एनएबी में जांच चल रही है और मंगलवार को वो इस्लामाबाद में एनएबी की जांच टीम के सामने पेश होंगे.