बागपत: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप, क्या बोले एसपी
- Author, पारस जैन
- पदनाम, बागपत से, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, PARAS JAIN
उत्तर प्रदेश के बागपत में 28 साल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजन ने पुलिस पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है.
इस मामले पर बागपत पुलिस ने ट्वीट कर बताया है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौक़े पर शांति कायम है.
पुलिस ने कहा है कि आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
मृतक के भाई का आरोप
मृतक साजिद के छोटे भाई वाजिद अब्बासी ने बताया, ''साजिद आम के बाग में गया था जहां कुछ लोग जुआ खेल रहे थे. वो उनके पास वहां जाकर खड़ा हो गया तभी अचानक से वहां पुलिस आ गयी. पुलिस को आता देख जुआ खेलने वाले तो भाग निकले लेकिन पुलिस ने मेरे भाई को पकड़ लिया और तीन पुलिसकर्मी उसे पीटते हुए पुलिस चौकी ले आए.''
मृतक के भाई और पिता बाबू अब्बासी का आरोप है कि परिजन के सामने पुलिस ने साजिद की पिटाई की.
उन्होंने बताया, ''पुलिसकर्मियों ने हमारे आगे ही साजिद को जमकर पीटा. जब उसके मुंह से झाग आने लगा तो पुलिसकर्मियों ने साजिद को हमें सौंप दिया. वो हस्ताक्षर करा कर कहने लगे कि इसका इलाज करा लो. साथ में ये भी कहा कि जब साजिद होश में आ जाए तो पूछताछ के लिए यहां ले आना.''

इमेज स्रोत, PARAS JAIN
परिजन का दावा है कि इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय साजिद की मौत हो गई. अब वे इंसाफ चाहते हैं.
ख़बर लिखे जाने तक खेकड़ा कोतवाली में कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया था.
बागपत पुलिस ने ट्वीट कर बताया है कि प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक को पुलिस द्वारा कोई भी प्रताड़ना करने की पुष्टि नही हुई है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
बीबीसी हिंदी से फ़ोन पर हुई बातचीत में बागपत के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और रिपोर्ट आने का इंतज़ार है.
इधर नाराज़ भीड़ ने युवक के शव को रटौल चौराहे पर रख दिया और सड़क जाम कर दी.
हंगामा बढ़ता देख सीओ खेकड़ा प्रीता सिंह और सीओ बागपत विजय चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौक़े पर पहुंचे और उन्होंने दो घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवा दिया.


















