महाराष्ट्र बस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए
राज्य के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को हृदय विदारक
बताया है.
फडनवीस ने अपने ट्वीट में लिखा, "बुलढाणा ज़िले के पिंपलखुटा में पुणे जा
रही विदर्भ ट्रैवल्स की निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 25 लोगों की मौत की घटना
हतप्रभ करने वाली और हृदय विदारक है."
फड़नवीस ने लिखा, "इस हादसे में मारे गए लोगो को मैं भावभीनी
श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस घटना में 8 लोग घायल हो गए और उन्हें सिंदखेड़ा राजा
के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत ख़तरे से बाहर है."
उनके अनुसार, "मुख्यमंत्री एकनाथराव शिंदे ने इस हादसे में मृतकों के परिजनों को
5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार
उठाएगी. हम प्रशासन के संपर्क में हैं और हर तरह की मदद तुरंत मुहैया करायी जा रही
है."
उन्होंने इस दुर्घटना के कारण के बारे में बताया, "पुलिस
अधीक्षक द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस एक पुल से टकरा गई जिसके बाद डीजल टैंक
फट गया और वाहन में आग लग गई."
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, फडनवीस ने कहा है कि वे और मुख्यमंत्री शिंदे आज घटनास्थल पर जा रहे हैं.
बालासाहेब थोराट ने जताया गहरा दुख
महाराष्ट्र के बुलढाणा बस अग्निकांड पर राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने गहरा दुख जताया है.
सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर किए एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बुलढाणा जिले के सिंदखेड राजा में समृद्धि राजमार्ग पर दुर्घटना के बाद एक प्राइवेट बस में आग लगने से 25 यात्रियों की मौत हतप्रभ करने वाली और बहुत दुखद है."
मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा, "इस दुर्घटना में मृत यात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि! हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि घायल यात्री शीघ्र स्वस्थ हो जाएं."
उन्होंने कहा, "समृद्धि राजमार्ग मौत का रास्ता बन गया है. सरकार को इस राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए."
बुलढाणा
बस हादसे पर बस के मालिक वीरेंद्र डारना ने कहा है कि टायर फटने से बस डिवाइडर पर
चढ़ गई और फिर उसमें आग लग गई.
समाचार
एजेंसी एएनआई से हुई बातचीत में उन्होंने दावा किया कि बस पूरी तरह से नई थी और
उसके कागज़ात भी दुरुस्त थे.
उनके
अनुसार, ‘‘ यह हमारे परिवार की बस है जिसे जनवरी 2020 में हमने लिया था.
मार्च 2020 में लाॅकडाउन लगने के कारण एक साल तक यह बंद रही. बस पूरी तरह से
नई थी, जिसके
दस्तावेज़ पूरी तरह से ठीक हैं."
"बस ड्राइवर दानिश भी अनुभवी ड्राइवर है. ड्राइवर ने बताया है कि
टायर फटने से बस डिवाइडर पर चढ़ गई और उसके बाद अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों ने आग
पकड़ ली.’’
बस
में 33 यात्रियों के सवार होने के दावे से अलग इनका दावा है कि बस में 27 यात्री सवार थे.
ड्राइवर
और कंडक्टर गिरफ़्तार
इस
बीच राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग मंत्री गिरीश महाजन ने बताया है
कि इस हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
उन्होंने
बताया कि इस हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर को खरोंच तक नहीं आई और वे कूद पड़े.
उन्होंने
डीएनए के ज़रिए मारे गए लोगों की पहचान करने की बात भी कही है.
समृद्धि
महामार्ग पर हो रहे हादसों पर क्या कहा
समृद्धि
महामार्ग के निर्माण और डिजाइन पर उठ रहे सवालों पर मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि
उनकी सरकार इस मामले को देख रही है.
हालांकि
इस हादसे के बारे में उन्होंने दावा किया कि ओवरस्पीड और ड्राइवर को नींद आने के
कारण ये हादसा होने की आशंका है.