वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनलः ट्रैविस हेड का शतक, पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 327/3

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल के पहले दिन ट्रैविस हेड के नाबाद 146 रन और स्टीव स्मिथ के नाबाद 95 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ पहली पारी में तीन विकेट पर 327 रन बना लिए हैं.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा and कीर्ति दुबे

  1. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनलः ट्रैविस हेड का शतक, पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 327/3

    ट्रैविस हेड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रैविस हेड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में शतक जड़ा

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल के पहले दिन ट्रैविस हेड के नाबाद 146 रन और स्टीव स्मिथ के नाबाद 95 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ पहली पारी में तीन विकेट पर 327 रन बना लिए हैं.

    दोनों क्रिकेटरों के बीच चौथे विकेट के लिए नाबाद 251 रनों की साझेदारी हो चुकी है.

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टॉस जीत कर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा

    उस्मान ख्वाजा बिना कोई रन बनाए मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हो गए. वॉर्नर 43 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने तो वहीं लबूशेंक 26 रन बनाकर मोहम्मद शामी की गेंद पर बोल्ड हो गए.

    भारत इस मुक़ाबले में चार तेज़ गेंदबाज़ों और एक स्पिनर के साथ उतरा है.

    टीम में आर अश्विन की जगह पर रविंद्र जडेजा को तरज़ीह दी गई जबकि विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन की जगह श्रीकर भरत को मौक़ा दिया गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  2. लखनऊ की अदालत में गैंगस्टर संजीव जीवा की सरेआम हत्या, सुरक्षा में चूक की होगी जांच

    संजीव जीवा

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक कोर्ट में गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी जीवा की हत्या के बाद अदालत परिसर में सुरक्षा चूक पर एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है.

    उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून एवं सुरक्षा) प्रशांत कुमार ने इस ममाले की विस्तृत जानकारी दी है.

    पढ़िए प्रशांत कुमार ने और क्या क्या बताया-

    *लखनऊ के न्यायालय परिसर में 3.50 से 3.55 के बीच संजीव माहेश्वरी उर्फ़ जीवा जो गोमतीनगर में हुए साल 2015 के हत्या और एससी-एसटी एक्ट के मामले में अभियुक्त था.

    *उसे लखनऊ ज़िला जेल से एक पुलिस दस्ते के साथ पेशी के लिए लाया गया था.

    *एससी-एसटी कोर्ट में जैसे ही वह गवाही के लिए दाखिल हुआ उस पर वकील के भेष में एक शख़्स ने गोली चला दी.

    * इस फ़ायरिंग के दौरान संजीव माहेश्वरी ज़ख्मी हुआ और दो हेड कॉस्टेबल कमलेश और लाल मोहम्मद को भी चोट आई.

    “कोर्ट के बरामदे में एक महिला अपने ससुर की ज़मानत के लिए आई थी. उसकी डेढ़ साल की बच्ची को भी चोट आई है. महिला भी घायल है.

    * इलाज के दौरान संजीव जीवा की मौत हुई है.

    *दोनों हेड कॉस्टेबल और महिला ख़तरे के बाहर हैं. बच्ची की हालत स्थिर बनी हुई है.

    *राज्य सरकार की ओर से ज़ख्मी लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा देने के निर्देश हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कौन था संजीव जीवा

    पुलिस ने बताया कि संजीव जीवा आईएस गैंग नंबर वन का मुख्य सदस्य और मुखिया रहा है.

    उस पर कई गंभीर ममाले दर्ज थे. ये पश्चिमी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आसपास के इलाके में सक्रिय था.संजीव जीवा का नाम पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की हत्या और पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में मामले में सामने आ चुका है.

    प्रशांत कुमार ने बताया कि दो मामलों में उसे आजीवन कारावास की सज़ा मिली थी. साल 2003 से वो जेल में था.

    अदालत में चली गोलियां

    इमेज स्रोत, ANI

    किसने चलाई गोली

    संजीव जीवा पर गोली चलाने वाले शख़्स को पकड़ा गया है, उसे भी चोट आई है और उसका भी इलाज चल रहा है.

    पुलिस ने बताया कि गोली मारने वाले का नाम विजय यादव उर्फ़ आनंद यादव है. विजय यादव सुल्तानपुर का रहने वाला है.

    इस शख़्स पर भी दो केस हैं. जिसमें से एक पॉक्सो एक्ट का मामला है और वह जेल में भी रह चुका है.

    एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि राज्य सरकार तीन सदस्यीय कमेटी बना रही है जो ये देखेगी कि अदालत परिसर में ये घटना कैसे मुमकिन हुई.

  3. ओडिशा में अचानक चली माल गाड़ी, बारिश से बचने के लिए ट्रेन के नीचे बैठे छह मज़दूरों की मौत

      • Author, सुब्रत कुमार पति
      • पदनाम, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए
    ओडिशा

    बुधवार दोपहर को ओडिशा के जाजपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक मालगाड़ी के अचानक चलने के कारण छह मजदूरों की मौत हो गई है.

    ट्रेन में इंजन नहीं था और यह सेफ्टी ट्रैक पर खड़ा था. रेलवे का कहना है कि तेज़ हवा और बारिश के कारण मालगाड़ी के डब्बे चल पड़े.

    घटना के समय तेज बारिश हो रही थी. बारिश से बचने के लिए मजदूर ट्रेन के नीचे बैठे थे.

    इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है और दो लोग घायल हो गए हैं. घायल लोगों को अस्पताल पहुँचाया गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी विश्वजीत साहू ने बीबीसी को कहा-“ यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. घटना की पूरी जांच की जाएगी. मारे गए मज़दूर कॉन्ट्रैक्टर के जरिये रेलवे का काम करते थे. वे रेलवे कर्मचारी नहीं थे. यह ट्रेन एक मानसून रिजर्व रैक था. तूफान से बचने के लिए काम कर रहे ये मज़दूर ट्रेन के नीचे छिपे थे.”

    “बिना इंजन वाला यह मानसून रिज़र्व रैक हवा और तेज़ बारिश के कारण चलने लगा. इसके कारण चार लोग मारे गए हैं और कुछ घायल हो गए हैं. इस संबंध में रेलवे आवश्यक कदम उठा रहा है.”

  4. केजरीवाल की हिमायत में उतरे अखिलेश यादव कहा- बीजेपी आम आदमी के अच्छे कामों से घबराती

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश भर का दौरा शुरू किया है और वो कई पार्टियों से मिल कर अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं.

    अब अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की है.

    इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “मैं आपको (अरविंद केजरीवाल) भरोसा दिलाता हूं कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह आपके साथ है. आप शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो अच्छा काम कर रहे हैं वो बीजेपी को रास नहीं आ रहा है.”

    “अच्छे काम को बिगाड़ने का अगर कोई काम देश में कर रहा है तो वो है भारतीय जनता पार्टी. आपके काम को देख कर बीजेपी घबरा रही है, उसे लग रहा है कि कहीं उसे 60 बटे सन्नाटा ना कर दे दिल्ली की जनता इसलिए वो घबराते हैं.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    क्यों समर्थन जुटा रहे हैं केजरीवाल

    दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 11 मई को दिल्ली सरकार के अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले का अधिकार दिल्ली सरकार को दे दिया था.

    इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ केंद्र सरकार 19 मई को एक अध्यादेश लेकर आई. इसके ज़रिए केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को सुप्रीम कोर्ट से मिले अधिकार छीनकर दिल्ली के उपराज्यपाल को दे दिए.

    अब केंद्र के इस अध्यादेश को छह महीने के अंदर संसद के दोनों सदनों से पास कराना ज़रूरी है, तभी यह क़ानून बन पाएगा. ऐसा न हो पाने से केंद्र सरकार का अध्यादेश ख़ुद ही ख़त्म हो जाएगा. अरविंद केजरीवाल चाहते हैं कि राज्य सरकार के अधिकारों की रक्षा के लिए बीजेपी विरोधी दल इस मामले में उनका साथ दें और इसे राज्यसभा में पास न होने दें.

  5. मेसी फ़्रेंच क्लब पीएसजी को छोड़कर किस क्लब में जा रहे हैं?

    मेसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी फ्रेंच क्लब पीएसजी छोड़ने के बाद अमेरिकी क्लब इंटर मियामी ज्वाइन करने वाले हैं.

    इससे पहले ख़बरें थी कि बार्सिलोना क्लब के पूर्व खिलाड़ी सऊदी अरब के अल-हिलाल क्लब में शामिल होंगे लेकिन अब मेसी अल-हिलाल से मिलने वाले भारी-भरकम ऑफ़र को छोड़ कर अमेरिकी कल्ब में जा रहे हैं.

    मियामी क्लब की डील के साथ मेसी को एडिडास और एपल जैसे ब्रांड के साथ साझेदारी भी मिल रही है.

    35 साल के मेसी सात बार दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीत चुके हैं. माना जा रहा है कि इस साल के आखिर में एक बार फिर वो ये खिताब जीत सकते हैं.

    क़तर में हुए फुटबॉल विश्वकप में उनकी कप्तानी में अर्जेंटीना की इस साल विश्व विजेता बनी है.

    ये पहली बार होगा कि मेसी किसी यूरोपीय क्लब के लिए नहीं खेल रहे हैं.

    पीएसजी क्लब के लिए मेसी ने 75 गेम में 32 गोल किए हैं. इस साल गर्मियों में मेसी का पीएसजी के साथ दो साल का कॉन्ट्रैक्ट पूरा हो गया. इसके बाद क्लब और खिलाड़ी ने इस रिन्यू नहीं किया.

  6. दिनभर-पूरा दिन, पूरी ख़बर पायल भुयन और प्रेरणा के साथ

    पॉडकास्ट में आज बात यूक्रेन में बांध पर हुए हमले और उसके बाद बिगड़ते हालातकी. आख़िर काख़ोव्का बांध के नुकसान से किसे होगा क्या हासिल? जानेंगे जेएनयू में सेंटर फॉर रसियन स्टडीज़ में प्रोफेसर संजय पांडेय से...

    आगे बात अफ़ग़ानिस्तान की महिलाओं में आत्महत्या के बढते मामलों की.

    अफ़ग़ानिस्तान में क्यों बढ़ रहे हैं लड़कियों के आत्महत्या के मामले? सुनवाएंगे ख़ास रिपोर्ट..और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल मुक़ाबले से जुड़े अपडेट के साथ बीबीसी संवाददाता प्रभात पांडेय भी होंगे लाइव...

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. शरद पवार ने कहा- देश में बीजेपी विरोधी लहर चल रही है

    शरद पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने दावा किया है कि देश में ‘बीजेपी विरोधी लहर’ चल रही है.

    पवार के मुताबिक देश के लोग बदलाव चाहते हैं. कर्नाटक के चुनाव नतीजे से ये ज़ाहिर हो चुका है.

    उन्होंने कहा, “अगर लोगों की ऐसी ही मानसिकता बनी रही तो देश आने वाले चुनाव में बदलाव देखेगा.”

    उन्होंने ये भी दावा किया कि महाराष्ट्र में छोटी घटनाओं को ‘धार्मिक रंग’ दिया जा रहा है. ये एक अच्छा संकेत नहीं है.उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी दल ऐसी चीजों को बढ़ावा दे रहे हैं.

    शरद पवार ने कहा,"हालात को देखते हुए, मुझे लगता है कि बीजेपी विरोधी लहर चल रही है. कर्नाटक चुनाव के नतीजों को देखते हुए लोग बदलाव के मूड में हैं. अगर लोगों की यही मानसिकता बनी रही तो आने वाले चुनाव में देश में बदलाव आएगा और यह बताने के लिए किसी ज्योतिषी की ज़रूरत नहीं है."

  8. गैंगेस्टर संजीव जीवा की पत्नी को था 'डर', पति की सुरक्षा के लिए लगाई थी चीफ़ जस्टिस से गुहार

      • Author, अमन द्विवेदी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    संजीव जीवा

    इमेज स्रोत, ANI

    गैंगेस्टर संजीव माहेश्वरी जीवा की पत्नी ने उनकी हत्या की आशंका जाहिर की थी.

    संजीव जीवा की आज (बुधवार को) लखनऊ की एक कोर्ट में पेशी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमले में दो पुलिसकर्मी और एक बच्ची भी घायल हो गई.

    लखनऊ पुलिस के डीसीपी राहुल राजने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया, "कोर्ट में गोली चली जिसमें संजीव जीवा नाम के एक व्यक्ति को गोली लगी और उसकी मौत हो गई."

    उन्होंने बताया, "हमारे दो कांस्टेबल को भी (गोली) लगी है जिनका इलाज चल रहा है. वो ख़तरे से बाहर हैं. बच्ची भी घायल हुई है ये बताया जा रहा है."

    अधिकारियों के मुताबिक संजीव जीवा मुख्तार अंसारी के करीबी थे और उन पर ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या समेत कई मामले चल रहे थे. पुलिस के मुताबिक हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. वो वकील की ड्रेस में पहुंचा था.

    पत्नी को क्या था डर?

    संजीव जीवा कई मामलों में अभियुक्त होने की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुख्यात थे और फिलहाल लखनऊ जेल में बंद थे.

    हाल ही में प्रशासन ने उनकी संपत्ति भी कुर्क की थी.

    उधर, संजीव जीवा की पत्नी पायल माहेश्वरी को डर था कि उनके पति की हत्या की जा सकती है.

    इसे लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस से संजीव जीवा को सुरक्षा देने की गुहार लगाई थी.

    पायल ने आशंका जताई थी कि पेशी के दौरान उनके पति की हत्या कराई जा सकती है.

    पायल 2017 में रालोद के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी हैं, तब वो चुनाव हार गई थी.

  9. अनुराग ठाकुर ने पहलवानों से मीटिंग के बाद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर दी ये जानकारी

    अनुराग ठाकुर

    इमेज स्रोत, ANI

    खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ जारी जांच को 15 जून तक पूरा कर लिया जाएगा.

    बृजभूषण सिंह के ख़िलाफ आंदोलन कर रहे किसानों से मुलाक़ात के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा, " बैठक में हमने जांच पूरी करके चार्जशीट दायर करने की बात की है और हम ये करेंगे."

    केंद्र सरकार ने पहलवानों को बातचीत के लिए न्योता दिया था. बातचीत के लिए बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और किसान नेता राकेश टिकैत खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के घर पहुंचे थे.

    अनुराग ठाकुर ने बताया, " बैठक में सकारात्मक बातचीत हुई है."

    खेल मंत्री ने करीब छह घंटे तक चली बैठक में उठे मुद्दों की भी जानकारी दी.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    बैठक में क्या मांगें रखी गईं

    • जो आरोप लगाए गए हैं, 15 जून तक उनकी जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल की जाए
    • रेसलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया का चुनाव 30 जून तक किया जाए
    • इंटरनल कंम्पलेंट (आंतरिक शिकायत) कमेटी रेसलिंग फेडरेशन की बनाई जाए
    • कमेटी की अध्यक्षता कोई महिला करे
    • जब तक फेडरेशन के चुनाव नहीं होते तब तक आईओए की एडहॉक कमेटी के लिए दो कोच का नाम प्रस्तावित किया गया
    • आईओए की ए़डहोक कमेटी में दो कोच को रखा जाए
    • चुनाव के बाद रेसलिंग फेडरेशन अच्छे रूप में चले, खिलाड़ियों से इसके लिए राय ली जाए
    • निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और उनसे जुड़े लोग चुनकर न आएं
    • महिला खिलाड़ियों को सुरक्षा मिले. अखाड़ों, कोच और खिलाड़ियों के ख़िलाफ मुकदमे वापस लिए जाएं.

    अनुराग ठाकुर ने कहा, " खिलाड़ी चाहते हैं कि 15 जून तक चार्जशीट दायर हो. तब तक वो कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे."

    उन्होंने बताया, "सारी बातें आम सहमति से हुई हैं. खुले मन के साथ सभी विषयों पर गंभीरता से बातचीत की है."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    साक्षी मलिक ने क्या कहा?

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए साक्षी मलिक ने कहा, “सरकार ने जांच पूरी करने के लिए 15 जून तक का समय मांगा है. तब तक पहलवान कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे.”

    ये सरकार और पहलवानों के बीच दूसरे राउंड की बातचीत है.

    पहलवान साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट के नेतृत्व में पहलवान कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

    इस मामले में एफ़आईआर दर्ज हुई है और जांच चल रही है. पहलवानों की मांग है कि बृजभूषण शरण सिंह के तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया जाए.

  10. खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाक़ात के बाद बोले बजरंग पुनिया- सरकार ने 15 तारीख तक वक़्त मांगा

    बजरंग पुनिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे पहलवान बजरंग पूनिया ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनके आरोपों पर 15 तारीख़ जांच पूरी कर ली जाएगी.

    आंदोलनकारी पहलवानों ने आज (बुधवार को) केंद्र सरकार के न्योते पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बातचीत की

    बजरंग पुनिया ने बताया, "सरकार से हमारी बात हुई है. कुछ बिंदुओं पर बात हुई है."

    खेल मंत्री ठाकुर और पहलवानों की बैठक करीब पांच घंटे तक चली. इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक पहुंचे थे. उनके साथ किसान नेता राकेश टिकैत भी थे. लेकिन इस बैठक में विनेश फोगाट मौजूद नहीं थी. इसे लेकर सवाल भी उठे.

    बैठक के बाद बजरंग पुनिया ने कहा, "खेल मंत्री के साथ बात हुई है. उन्होंने 15 जून तक पुलिस जांच पूरी करने की बात की है. खेल मंत्री ने कहा कि तब तक आप कोई प्रदर्शन न करें."

    बजरंग ने बताया कि पहलवानों ने खेल मंत्री के सामने अपनी मांगें रखीं.

    • उनमें प्रमुख है कि खिलाड़ियों खासकर महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए.
    • खिलाड़ियों पर हुए केस वापस लिए जाएं.

    उन्होंने कहा, "जो हमारे साथ बात हुई है, उन्हें हम अपने समर्थकों के सामने रखेंगे और उनकी राय लेंगे."

    पहलवान बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ आंदोलन कर रहे हैं. कुछ पहलवानों ने उन पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं. इस आधार पर दिल्ली पुलिस ने उनके ख़िलाफ केस भी दर्ज किया है.

    बृजभूषण शरण सिंह ख़ुद पर लगे आरोपों को ख़ारिज करते रहे हैं.

    बृजभूषण की गिरफ़्तारी की मांग पर क्या कहा?

    पहलवान बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ़्तारी मांग भी उठा रहे हैं, उसे लेकर क्या कोई बात हुई, इस सवाल पर बजरंग पुनिया ने कहा, "सरकार ने कहा है कि 15 जून तक पुलिस कार्रवाई पूरी करके बता देंगे."

    क्या नाराज़ हैं विनेश फोगाट?

    आज की बैठक में विनेश फोगाट नहीं आईं थीं. उनकी नाराज़गी की ख़बर है, इस पर बजरंग ने कहा, "विनेश फोगाट नाराज़ नहीं है, कहां से ये बात आती है, पता नहीं."

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, मुख़्तार अंसारी के क़रीबी की लखनऊ कोर्ट में गोली मारकर हत्या, दो पुलिसकर्मी और एक बच्ची घायल

      • Author, अमन द्विवेदी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    घायल पुलिसकर्मी

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक कोर्ट में वकील के भेष में आए हमलावर ने गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी जीवा पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें उनकी मौत हो गई. पुलिस ने हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है.

    लखनऊ पुलिस के डीसीपी राहुल राज ने बताया, "कोर्ट में गोली चली जिसमें संजीव जीवा नाम के एक व्यक्ति को गोली लगी और उसकी मौत हो गई. "

    अधिकारियों के मुताबिक संजीव जीवा मुख़्तार अंसारी का करीबी था. कोर्ट में हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी समेत कुछ अन्य लोगों घायल हुए.

    डीसीपी राहुल राज ने बताया,"हमारे दो कांस्टेबल को भी (गोली) लगी है जिनका इलाज चल रहा है. वो ख़तरे से बाहर हैं. बच्ची भी घायल हुई है ये बताया जा रहा है."

    गोलीबारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. एक वीडियो में संजीव जीवा ज़मीन पर गिरे दिखाई देते हैं. एक अन्य वीडियो में एक घायल पुलिसकर्मी को उनके कुछ साथी पकड़कर ले जा रहे हैं.

    कोर्ट में क्या हुआ?

    ये मामला लखनऊ के कैसरबाग कोर्ट का है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संजीव जीवा मुख़्तार अंसारी का करीबी था और बीजेपी नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या मामले में अभियुक्त था. उन पर कई और मामले भी दर्ज हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़ उसे आज (बुधवार को) कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था. इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया.

    पुलिस के मुताबिक़ एक हमलावर को हिरासत में लिया गया है. घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है.

    इस घटना को लेकर वकीलों में नाराज़गी है. वकीलों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    सोमवार को अंसारी को हुई सज़ा

    वाराणसी की एक विशेष अदालत ने बीते सोमवार बाहुबली नेता मुख़्तार अंसारी को 31 साल पुराने हत्याकांड के मामले में उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई.

    विधायकों और सांसदों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली इस विशेष अदालत ने मुख़्तार अंसारी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया.

  12. भारतीय छात्रों को अमेरिका ने दिया रिकॉर्ड वीज़ा, राजदूत एरिक गार्सेटी ने आगे के लिए क्या कहा?

    एरिक ग्रासेटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    साल 2022 में अमेरिका की ओर से जारी किए गए हर पांच स्टूडेंट वीज़ा में से एक वीज़ा भारतीय छात्र को दिया गया.

    ये बात भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने बुधवार को कही है.

    भारत स्थित अमेरिकी मिशन ने बुधवार को अपने सातवें सलाना स्टूडेंट वीज़ा दिवस मनाया. इस दौरान देश के अलग अलग इलाकों से 3500 छात्रों का वीज़ा के लिए इंटरव्यू लिया.

    इस मौके पर गार्सेटी ने कहा, “दुनिया के किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक भारतीय छात्रों अमेरिका जाते हैं. 2022 में हर पांच में से एक स्टूडेंट वीज़ा भारतीय छात्र के लिए जारी किया गया, जो कि दुनिया भर में भारतीय आबादी के अनुपात से अधिक है.”

    “भारतीयों ने न केवल अमेरिका में शिक्षा हासिल की है बल्कि दशकों से काम के क्षेत्र में अपनी दक्षता दिखाई है.”

    राजदूत ने कहा है कि इस साल हम और भी छात्रों को वीज़ा मुहैया कराएंगे. ये संख्या अब तक की सबसे बड़ी संख्या होगी.

    उन्होंने कहा, “ जुलाई और अगस्त में हम दसियों हज़ार वीज़ा के लिए अप्वाइंटमेंट जारी करेंगे. ”

    अमेरिकी मिशन के आंकड़े के मुताबिक़ 1,25,000 छात्रों को वीज़ा जारी किया गया है तो एक रिकॉर्ड है.

  13. कर्नाटक: गाय की बात कर क्या कांग्रेस मंत्री ने बीजेपी को मुद्दा दे दिया

  14. केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों की एमएसपी बढ़ाई, इज़ाफ़े की मांग को लेकर किसान कर रहे थे प्रदर्शन

    पीयूष गोयल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों की एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने को मंज़ूरी दे दी है. सरकार ने मूंग दाल का समर्थन मूल्य सबसे ज्यादा 10 प्रतिशत बढ़ाया है.

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ये जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने किसानों के हित में फैसला लिया है.

    यह कदम उत्पादकों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने और फसल में विविधता लाने को प्रोत्साहित करेगा.

    उन्होंने बताया कि मौजूदा सीजन के लिए मूंग दाल के समर्थन मूल्य में 10.4%, मूंगफली पर 9%, सेसमम पर 10.3%, धान पर 7%, ज्वार,बाजरा, रागी, अरहर दाल, उड़द दाल, सोयाबीन, सूरजमुखी बीज पर लगभग 6-7% की बढ़ोतरी की गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    किसानों का प्रदर्शन

    बीते दिनों किसान सूरजमुखी का एमएसपी बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे.

    मंगलवार को किसानों ने जम्मू-दिल्ली नेशनल हाइवे जाम कर लिया था जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज किया था.

    इसके एक दिन बाद अब केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों की एमएसपी बढ़ाने का एलान कर दिया है.

  15. महाराष्ट्र के कोल्हापुर में औरंगज़ेब पर 'स्टेटस' को लेकर तनाव के बाद पांच हिरासत में, पुलिस ने क्या बताया?

    कोल्हापुर

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मुग़ल शासक औरंगज़ेब को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट से शुरु हुए विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई.

    राज्य सरकार ने बताया है कि हालात काबू में हैं. पुलिस के मुताबिक इस मामले में केस दर्ज किया गया है और अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    घटना को लेकर पुलिस ने क्या बताया?

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर मंगलवार को शिकायत मिली थी.

    कोल्हापुर के एसपी महेंद्र पंडित ने बताया, "हमें कोल्हापुर में विवादस्पद (सोशल मीडिया) स्टेटस की शिकायत मंगलवार को मिली थी. इसे लेकर दो मामले दर्ज किए गए और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया."

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एसपी महेंद्र पंडित ने कहा, “भीड़ लक्ष्मीपुरी पुलिस थाने के बाहर जुट गई थी. जब भीड़ थाने से वापस जाने लगी तो उनमें से कुछ उपद्रवियों ने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी. इस मामले में भी एक एफ़आईआर दर्ज की गई है.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    धारा 144 लागू

    उन्होंने बताया, "“आज कुछ संस्थाओं ने कोल्हापुर बंद का आह्ववान किया और ये लोग शहर में एक जगह जुटे, जब यहां से प्रदर्शन करके ये लोग वापस जा रहे थे तो कल की ही तरह आज भी कुछ लोगों ने पत्थरबाज़ी कर दी. हमने उन पर भी कानूनी कार्रवाई की है. शहर में हर जगह पुलिस तैनात है और हालात काबू में हैं.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हिंदू संगठनों के बंद के आह्वान के बाद कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन हुआ. इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई.

    झड़प के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. इलाक़े में धारा 144 लगा दी गई है.

    सोशल मीडिया पर औरंगज़ेब का स्टेट्स लगाने वाले मुसलमान युवक की पिटाई का वीडियो भी वायरल हो रहा है.

    देवेंद्र फडणवीस

    इमेज स्रोत, @Dev_Fadnavis

    मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि हालात काबू में हैं.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “शांति व्यवस्था बनाने की ज़िम्मेदारी सरकार की है. स्वयं अधिकारियों के साथ संपर्क में हूं.”

    शिंदे ने कहा, “राज्य में सभी लोग शांति से रहें इसके लिए सभी लोगों को सहयोग करने की आवश्यक्ता है.”

    'औरंगज़ेब का महिमामंडन बर्दाश्त नहीं'

    वहीं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "औरंगज़ेब के महिमामंडन को महाराष्ट्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

    फडणवीस ने कहा, “एक ख़ास समाज के लोग औरंगज़ेब का महिमामंडन कर रहे हैं. औरंगज़ेब के महिमामंडन को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. ये महाराष्ट्र है, ये छत्रपति शिवाजी का महाराष्ट्र है.”

    उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में अलग-अलग ज़िलो में एक साथ औरंगज़ेब का महिमामंडन हो रहा है. ये सब अचानक नहीं हो सकता है. ये सिर्फ़ एक संयोग नहीं है.”

    फडणनवीस ने सवाल किया कि महाराष्ट्र में औरंगज़ेब का महिमामंडन करने वाले लोग कहां से आए हैं और कौन इन्हें बढ़ावा दे रहा है?

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में सिराज ने दिलाई भारत को पहली कामयाबी, ख्वाजा बिना खाता खोले आउट

    सिराज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मोहम्मद सिराज ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत को पहली कामयाबी दिलाई है.

    मैच के चौथे ओवर में सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के ओपनर उस्मान ख्वाजा को विकेटकीपर भरत अरुण के हाथों कैच करा दिया.

    उस्मान ख्वाजा खाता भी नहीं खोल पाए. वो 10 गेंद तक क्रीज पर टिके.

    भारतीय टीम ने टॉस जीतकर ओवल में पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

  17. भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे

    भारतीय खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के ओवल मैदान पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल मुक़ाबला खेला जा रहा है.

    इस मैच में भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी (ब्लैक बैंड) बांधकर उतरे हैं.

    इसके जरिए खिलाड़ी ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक जता रहे हैं. बालासोर में बीते शुक्रवार को हुई रेल हादसे में कम से कम 288 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में एक हज़ार से ज़्यादा लोग घायल भी हुए.

    इस हादसे की चपेट में दो यात्री गाड़ियां और एक मालगाड़ी आई थी.

  18. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल: ईशान किशन और आर अश्विन को प्लेइंग इलेवन में नहीं मिली जगह

    ईशान किशन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईशान किशन को पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए अभी इंतज़ार करना होगा.

    ओवल में खेले जा रहे टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल की टीम में ईशान किशन को जगह नहीं मिली है. उन पर विकेटकीपर केएस भरत को तरजीह दी गई है.

    भरत ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ घरेलू ज़मीन पर खेली गई टेस्ट सिरीज़ में भी खेले थे. नियमित विकेटकीपर ऋषभ पंत चोटिल होने की वजह से ंमैदान से दूर हैं.

    फ़ाइनल के लिए कई एक्सपर्ट ईशान किशन की दावेदारी का समर्थन कर रहे थे. पूर्व कोच रवि शास्त्री ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि अगर टीम इंडिया दो स्पिनर (रवींद्र जडेजा और आर अश्विन) के साथ उतरती है तो (विकेटकीपर बल्लेबाज़ के तौर पर) ईशान किशन टीम की पहली पसंद हो सकते हैं.

    एक्सपर्ट की राय में ईशान किशन का लेफ्टहेंडर होना और बल्लेबाज़ी का हालिया बेहतर प्रदर्शन उनकी दावेदारी को मजबूत बना रहा था.

    हालांकि, टीम इंडिया ने आर अश्विन को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी है. रवींद्र जडेजा प्लेइंग इलेवन में इकलौते स्पिनर हैं.

    कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, "अश्विन को बाहर रखने का फ़ैसला हमारे लिए मुश्किल था. वो हमारे मैच विनर हैं. लेकिन आपको परिस्थितियों के मुताबिक टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ फ़ैसला करना होता है. "

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल: रोहित शर्मा ने जीता टॉस, भारतीय टीम पहले करेगी गेंदबाज़ी

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के ओवल मैदान पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल खेला जा रहा है.

    मैच का टॉस भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जीता है और पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है. भारतीय टीम ने चार तेज़ गेंदबाज़ों को खिलाया है. आर अश्विन को टीम में जगह नहीं मिली है. रवींद्र जडेजा इकलौते स्पिनर हैं.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल की शुरुआत में टेस्ट सिरीज़ खेली गई थी. इस सिरीज़ में भारतीय टीम ने 2-1 से जीत हासिल की थी.

    भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में पहले और ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है.

    भारतीय टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल खेल रही है. दो साल पहले न्यूज़ीलैंड ने फ़ाइनल में भारतीय टीम को मात दी थी.

    भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का ये पचासवां टेस्ट मैच है.

    भारत की टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज

    ऑस्ट्रेलिया की टीम: डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, एम लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, मिचेल स्टार्क, पैट कमिन्स (कप्तान), नाथन लॉयन और एसएम बोलैंड

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    जोश में फैन्स

    ये मैच भले ही इंग्लैंड में खेला जा रहा है. लेकिन भारतीय टीम को फैन्स का अच्छा समर्थन मिल रहा है. भारतीय टीम कुछ देर पहले ओवल मैदान पहुंची तो फैन्स ने उत्साह के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया.

  20. महाराष्ट्रः कोल्हापुर में तनाव के बीच बोले फडणवीस, 'औरंगज़ेब का महिमामंडन बर्दाश्त नहीं'

    देवेंद्र फणनवीस

    इमेज स्रोत, @Dev_Fadnavis

    महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट से शुरु हुए विवाद के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि राज्य में हालात काबू में हैं.

    वहीं, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र में औरंगज़ेब के महिमामंडन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हिंदू संगठनों के बंद के आह्वान के बाद कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन हुआ. इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई.

    झड़प के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. इलाक़े में धारा 144 लगा दी गई है.

    सोशल मीडिया पर औरंगज़ेब का स्टेट्स लगाने वाले मुसलमान युवक की पिटाई का वीडियो भी वायरल हो रहा है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि हालात काबू में हैं.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “शांति व्यवस्था बनाने की ज़िम्मेदारी सरकार की है. गृह विभाग और गृह मंत्री लगातार अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं. मैं स्वयं अधिकारियों के साथ संपर्क में हूं.”

    शिंदे ने कहा, “राज्य में सभी लोग शांति से रहें इसके लिए सभी लोगों को सहयोग करने की आवश्यक्ता है.”

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    उप मुख्यमंत्री ने क्या कहा?