रूस-यूक्रेन युद्ध: यूक्रेन में टूटा बांध कई इलाक़े पानी में डूबे, राहत और बचाव का काम ज़ोरों पर

दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन प्रांत में काखोव्का बांध टूटने से कई इलाके डूबे, यूक्रेन का दावा रूस ने किया है हमला.

लाइव कवरेज

  1. सऊदी अरब ने तेल उत्पादन में कटौती की घोषणा को ठहराया सही

    मोहम्मद बिन सलमान.

    इमेज स्रोत, JACQUELYN MARTIN

    सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सलमान ने तेल उत्पादन में कटौती की घोषणा को सही ठहराया है.

    सऊदी अरब प्रतिदिन दस लाख बैरल की कटौती करेगा.

    बीते रविवार को वियना में हुई ओपेक की मीटिंग के बाद ये फ़ैसला किया गया. ओपेक तेल उत्पादक देशों का संगठन है.

    मीटिंग के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री अब्दुलअज़ीज़ ने कहा, ''बाज़ार में स्थिरता लाने के लिए कटौती का फ़ैसला किया गया है. जब तक हम बाज़ार में स्थिरता नहीं देखेंगे, तब तक एहतियाती तौर पर इसे जारी रखेंगे.''

    सऊदी अरब ने मई में प्रतिदिन एक करोड़ बैरल तेल का उत्पादन किया था.

    अब इस फ़ैसले के बाद जुलाई तक सऊदी का तेल उत्पादन 90 लाख बैरल प्रतिदिन रह जाएगा.

    अगर ज़रूरत पड़ी, तो इस फ़ैसले को जुलाई महीने के बाद भी ज़ारी रखा जाएगा.

    हर महीने वियना में ओपेक प्लस देशों की बैठक होती है.

    बैठक में ये निर्णय किया जाता है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कितना कच्चा तेल देना है.

  2. मणिपुर में फिर से भड़की हिंसा, तीन लोगों की मौत

    मणिपुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मणिपुर के पश्चिमी इंफाल ज़िले के कांगचुप क्षेत्र में सोमवार को एक बार फिर हिंसा भड़क गई.

    दो सशस्त्र समूहों के बीच हुई गोलीबारी में सोमवार सुबह तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं चार अन्य घायल हो गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती किया गया है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

    मणिपुर में हालिया हुई हिंसा की जांच के लिए केंद्र सरकार ने गुवाहाटी उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश अजय लांबा की अध्यक्षता में रविवार को एक जांच आयोग का गठन किया है.

    तीन मई को जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से ही मणिपुर में छिटपुट हिंसा जारी है.

    अधिकारियों का कहना है कि झड़प में मरने वालों की संख्या 80 से अधिक हो गई है.

  3. केरल में मॉनसून पहुंचने में अभी और होगी देरी

    मानसून

    इमेज स्रोत, BBC WORLD SERVICE

    केरल में मॉनसून पहुँचने में अभी और देरी होने की आशंका है.

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में मॉनसून की संभावित शुरुआत के लिए कोई नई तारीख़ नहीं बताई है, पर इस बात के संकेत ज़रूर दिए हैं कि अभी इसमें देरी हो सकती है.

    पछुआ हवाएं और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में हवा के चक्रवाती बहाव को इसका एक अहम कारण बताया जा रहा है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में केरल तट पर बादलों के घनत्व में कमी देखी गई है.

    उम्मीद है कि केरल में मॉनसून की शुरुआत के लिए इन अनुकूल परिस्थितियों में अगले तीन-चार दिनों के दौरान और सुधार होगा. इसकी लगातार निगरानी की जा रही है.

    ''दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और गोवा से लगभग 920 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में, मुंबई से 1120 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में, पोरबंदर से 1160 किमी दक्षिण में एक दबाव बन गया है. इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और तीव्र होने और अगले 24 घंटे में पूर्व अरब सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती तूफान की आशंका है.''

    भारत में चार महीनों तक रहनेवाला मॉनसून सामान्यतः हर साल एक जून तक दक्षिण पश्चिमी हिस्सों में पहुँच जाता है, जिससे सितंबर तक बारिश होती है.

  4. मोदी के दौरे से पहले भारत के लोकतंत्र पर अमेरिका ने क्या कहा?

    जॉन किर्बी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी व्हाइट हाउस के नेशनल सिक्योरिटी प्रवक्ता जॉन किर्बी ने अपने एक बयान में कहा है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है. उन्होंने कहा कि कोई भी दिल्ली जाकर इसे अपने आप देख सकता है.

    किर्बी प्रधानमंत्री मोदी और उनके कार्यकाल में भारतीय लोकतंत्र पर उठते सवालों का जवाब दे रहे थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन कभी भी "उन चिंताओं को व्यक्त करने से नहीं कतराता, हम अपने दोस्तों के साथ अपनी चिंताओं को जाहिर करते हुए शर्माते नहीं हैं. हम उम्मीद करते हैं कि लोकतांत्रिक संस्थानों की मज़बूती को लेकर चर्चा आगे भी होती रहेगी और पीएम मोदी के आगामी अमेरिकी यात्रा के दौरान भी ये हमारी बातचीत का हिस्सा होगा.''

    किर्बी का ये बयान ऐसे व़क्त में आया है, जब इसी महीने प्रधानमंत्री मोदी का अमेरिका दौरा शेड्यूल है.

    इस यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पीएम मोदी के लिए ऑफिशियल डिनर भी होस्ट करेंगे, जो 22 जून को तय है.

    सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी को डिनर के लिए आमंत्रित करने के पीछे की वजह पूछे जाने पर किर्बी ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने के लिए बेहद अहम है.

  5. गुजरात के पाटन में गेंद उठाने पर दलित शख़्स के साथ मारपीट, उंगली भी काटी

    दलित

    इमेज स्रोत, Thinkstock

    गुजरात के पाटन ज़िले में एक दलित शख़्स के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने बताया कि क्रिकेट खेल रहे कुछ लोगों के समूह ने एक दलित शख़्स को इस वजह से पीट दिया क्योंकि उसके भतीजे ने मैच के दौरान क्रिकेट गेंद उठा ली थी.

    एफ़आईआर के मुताबिक़, उसने धमकाया और कथित तौर पर जातिसूचक गालियां भी दीं.

    अधिकारी ने कहा कि जब बच्चे के चाचा धीरज परमार ने आपत्ति जताई तो मामला फ़िलहाल के लिए शांत हो गया.

    हालांकि, बाद में उसी शाम धारदार हथियारों से लैस सात लोगों के एक समूह ने परमार और उनके भाई कीर्ति पर हमला कर दिया.

    अभियुक्तों में से एक ने कीर्ति का अंगूठा काट दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.

    एफआईआर दर्ज

    धारा 326 (खतरनाक हथियारों से जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी) और भारतीय दंड संहिता और एससी और एसटी (अत्याचार निवारण अधिनियम) के अन्य प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

    अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों की तलाश जारी है.

  6. एफबीआई एजेंट रहते हुए रूस के लिए जासूसी करने वाले ख़तरनाक जासूस की मौत

    रॉबर्ट हैनसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एफ़बीआई के पूर्व एजेंट और अमेरिकी इतिहास के सबसे ख़तरनाक जासूसों में से एक रॉबर्ट हैनसन सोमवार सुबह जेल बैरक में मृत पाए गए.

    वो अमेरिकी शहर फ्लोरेंस के कोलोराडो स्थित जेल में बंद थे. फ़िलहाल उनके मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है.

    79 वर्षीय हैनसेन पर अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई के एजेंट रहते हुए रूस के लिए जासूसी करने के आरोप थे.

    आरोपों के अनुसार 12 जनवरी, 1976 में एफ़बीआई ऑफिसर के तौर पर काम शुरू करने वाले हैनसेन क़रीब 20 सालों तक सोवियत संघ के लिए जासूसी करते रहे.

    साल 2002 में सुनाई गई सजा

    इन सालों के दौरान हैनसेन को रूसी खातों के ज़रिए 14 लाख डॉलर से अधिक नक़द, हीरे और भुगतान की राशि ट्रांसफर किए गए.

    क़रीब 300 एजेंट ने हैनसन केस पर काम किया और साल 2002 में उन्हें आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई.

    सोवियत संघ के लिए जासूसी करने के दौरान हैनसन ने अमेरिका के कई परमाणु और ख़ुफ़िया जानकारी रूस से साझा किए.

    एफबीआई की वेबसाइट के मुताबिक़ हैनसन ने "कई ह्यूमन सोर्स, काउंटर इंटेलिजेंस तकनीक, जांचों, दर्जनों गोपनीय अमेरिकी सरकारी दस्तावेज और तकनीकी कार्यों से जुड़ी अति महत्वपूर्ण जानकारियों के साथ समझौता किया.''

    पकड़े गए रंगे हाथ

    साल 1994 में एफ़बीआई द्वारा जासूस एल्ड्रिच हेज़ेन एम्स को गिरफ़्तार किए जाने के बाद भी जब जानकारियां लीक होती रहीं, तब हैनसेन शक के घेरे में आ गए और फिर उनके ख़िलाफ़ जांच शुरू हुई.

    वो अपनी रिटायरमेंट के नज़दीक थे, ऐसे में एफबीआई ने अपनी जांच तेज़ी लाई. उन्हें फेक असाइनमेंट दिए गए. उनके दफ़्तर में छिपे हुए कैमरे और माइक्रोफोन लगा दिए गए.

  7. नमस्कार!

    आज के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    हम आपके लिए यहां देश-दुनिया की सभी ज़रूरी ख़बरें लेकर आ रहे हैं.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    05 जून के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.