You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी बोले- रेल हादसे में जवाबदेही से बच नहीं सकती सरकार, पीएम वैष्णव का तुरंत लें इस्तीफ़ा

राहुल गांधी बोले 270 लोगों की मौत के बाद भी सरकार ने कोई जवाबदेही तय नहीं की.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. राहुल गांधी बोले- रेल हादसे में जवाबदेही से बच नहीं सकती सरकार, पीएम वैष्णव का तुरंत लें इस्तीफ़ा

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ओडिशा रेल हादसे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रेल मंत्री का तुरंत इस्तीफ़ा ले लेना चाहिए.

    उन्होंने ट्वीट कर कहा है, '' 270+ मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती. प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए! ''

    इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि रेल हादसे को लेकर 24 घंटे हो गए हैं.

    लेकिन अभी तक रेल हादसे की जवाबदेही तय नहीं हुई है.

    उन्होंने लिखा, '' बालासोर, उड़ीसा में भयावह ट्रेन दुर्घटना को हुए 24 घंटे से अधिक बीत चुके हैं क्या मानवीय व नैतिक आधार पर शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं तय की जानी चाहिए? विशेषज्ञों, संसदीय समिति, CAG रिपोर्ट की चेतावनियों व सुझावों को नजरंदाज करने के लिए कौन जिम्मेदार है?

    '' रेलवे में खाली पड़े पदों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फंड की कमी के लिए किसकी जिम्मेदारी तय होगी? लाल बहादुर शास्त्री जी, नीतीश कुमार जी, माधव राव सिंधिया जी के नैतिक रास्ते का पालन करते हुए क्या रेल मंत्री जी को इस्तीफा नहीं देना चाहिए?''

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बताया कि रेलवे बोर्ड ने इस भीषण दुर्घटना की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है. उन्होंने कहा कि हादसे में 275 लोगों की मौत हुई है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

  2. बिहार : भागलपुर में अगुआनी-सुल्तानगंज पुल भरभरा कर गिरा, नीतीश ने दिए जांच के आदेश

    बिहार के भागलपुर जिले में निर्माणाधीन अगुआनी-सुल्तानगंज पुल का हिस्सा रविवार को टूट गया.

    शाम छह बजे पुल का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा. इस मामले में अब तक किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    डीडी न्यूज़ की ओर से ट्वीट किए गए वीडियो में पुल का एक हिस्सा गिरता दिख रहा है.

    स्थानीय प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन पुल के गिरने की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने इस घटना के लिए दोषियों की पहचान करने के लिए भी कहा है.

    भागलपुर के डीडीसी कुमार अनुराग ने कहा है इस हादसे के बाद पुल निर्माण निगम से रिपोर्ट मांगी गई है.

    सुल्तानगंज के विधायक ललित नारायण मंडल ने कहा, "इस पुल के नवंबर-दिसंबर में उद्घाटन की उम्मीद थी. लेकिन जिस तरह से ये पुल गिरा वो दुर्भाग्यपूर्ण है. इस मामले में जांच कर दोषियों की सजा दी जानी चाहिए."

  3. नहीं रहीं मशहूर फिल्म अभिनेत्री सुलोचना

    हिंदी और मराठी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री सुलोचना का रविवार को मुंबई में निधन हो गया. वो 94 साल की थीं.

    उन्होंने 250 हिंदी और 50 मराठी फिल्मों में अभिनय किया था. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सुलोचना पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं. उन्हें उम्र संबंधी बीमारी थी और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी.

    उन्हें 8 मई को दादर के सुश्रुत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को शाम छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.

    सुलोचना ने अपना फिल्मी करियर मराठी फिल्मों से शुरू किया था. इसके बाद जल्दी ही उन्हें हिंदी फिल्मों में ब्रेक मिल गया.

    उन्होंने 'दिल देके देखो' में शम्मी कपूर, 'आदमी' में दिलीप कुमार और 'जॉनी मेरा नाम' में देवानंद की मां का किरदार निभाया था.

    सुलोचना ने जिन कुछ फिल्मों में जानदार अभिनय किया उनमें 'कोरा कागज', 'मुकद्दर का सिकंदर' 'हिम्मतवाला' 'अंदर-बाहर' जैसी फिल्में शामिल हैं.

    उन्होंने देवानंद की फिल्म 'जब प्यार किसी से होता है', 'दुनिया' और 'अमीर-गरीब' में भी काम किया.

    उन्होंने राजेश खन्ना की भी कई फिल्मों में काम किया. इनमें 'बहारों के सपने', 'कटी पतंग', 'मेरे जीवन साथी', 'प्रेम नगर' और 'अधिकार' प्रमुख हैं.

  4. तियानमेन स्कवायर की बरसी: चीन ने हॉन्ग कॉन्ग में की सख्ती, लोकतंत्र समर्थकों की गिरफ़्तारी

    चीन के तियानमेन चौक जनसंहार की बरसी पर पुलिस ने हॉन्ग कॉन्ग को लोकतंत्र समर्थक आंदोलनकारियों को गिरफ़्तार करना शुरू कर दिया है.

    हालांकि इसके बावजूद दर्जनों लोगों ने लोकतंत्र के समर्थन में हॉन्ग कॉन्ग और दुनिया के कुछ हिस्सों में कैंडल मार्च निकाला.

    हॉन्ग कॉन्ग में जिन लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया गया है, उनमें 67 साल के एलेक्जेंड्रा वॉन्ग भी शामिल हैं,जो 'ग्रैंडमा वॉन्ग' के नाम से भी चर्चित हैं.

    उन्हें विक्टोरिया पार्क के नज़दीक गिरफ्तार किया गया, जहां दशकों से पुलिस निगरानी रखती आई है.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़ हॉन्ग कॉन्ग के मुख्य विपक्षी दल के नेता को भी हिरासत में ले लिया गया है.

    पुलिस उन्हें वैन में बिठाकर ले गई. मुख्य विपक्षी दल सोशल डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख और वरिष्ठ लोकतंत्र कार्यकर्ता चान पो यिंग यहां दो फूलों के साथ एलईडी कैंडल मार्च निकाल रहे थे.

    पूरे चीन में 1989 में लोकतंत्र समर्थक लोगों के नरसंहार से जुड़े आयोजन पर पाबंदी लगी हुई है.

    हॉन्ग कॉन्ग चीन का एकमात्र शहर था जहां इसके लिए लोगों को एक जगह जुटने की इजाजत दी गई थी. लेकिन बाद में आंतरिक सुरक्षा का हवाला देकर ऐसे प्रदर्शनों पर पाबंदी लगा दी गई.

  5. त्रिपुरा में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के छह सदस्यों का सरेंडर

      • Author, पिनाकी दास
      • पदनाम, अगरतला से, बीबीसी हिंदी के लिए

    त्रिपुरा में प्रतिबंधित नेशनल लिबरेशन फ्रंट (विश्वमोहन) ऑफ त्रिपुरा के छह सदस्यो ने शनिवार को अर्द्धसैनिक बल बीएसएफ के सामने सरेंडर कर दिया.

    शनिवार को संगठन के जिन कैडरों ने आत्मसमर्पण किया उनमें रमनजय त्रिपुरा, मदन मोहन त्रिपुरा, अलोजय त्रिपुरा, मेतुराम त्रिपुरा और बारमिता त्रिपुरा शामिल हैं. इनमें से दो राजेंद्र रोआजा पाड़ा और थालचेड़ा के हैं.

    चार लोग ढलाई जिले के वाखिराम रोआजापाड़ा के रहने वाले हैं.

    बीएसएफ ने उग्रवाद के ख़िलाफ इसे अपनी अहम उपलब्धि करार दिया है. उसने कहा है इन कैडरों के आत्मसमर्पण से ये साफ हो गया है कि ये लोग हिंसा का रास्ता छोड़ कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं.

    त्रिपुरा में 1980 के दशक के आख़िर में सशस्त्र उग्रवाद शुरू हुआ था. उस दौरान बेरोजगारी और पिछड़ेपन की वजह से जनजातीय समुदाय के युवाओं के एक वर्ग ने हथियार उठा लिया था.

    इनमें से ज्यादातर संगठन अब खत्म हो चुके हैं. लेकिन एनएलएफटी का एक गुट कुछ समय तक बांग्लादेश से भी अपनी गतिविधियों को अंजाम देता रहा है.

  6. ओडिशा रेल हादसा : रेलवे बोर्ड ने सीबीआई जांच की सिफारिश की

    रेलवे बोर्ड ने ओडिशा रेल हादसे की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है.

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये जानकारी दी है.उन्होंने रविवार को बताया कि रेलवे बोर्ड ने इस भीषण दुर्घटना की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है.

    उन्होंने कहा कि हादसे में 275 लोगों की मौत हुई है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

    वैष्णव ने पत्रकारों से कहा,'' हादसा जिस तरह से हुआ उससे जुड़ी कुछ परिस्थितियों और प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के बाद रेलवे बोर्ड ने इसकी जांच सीबीआई से कराने का फैसला किया.''

    वैष्णव ने कहा,'' बालासोर में राहत और बचाव का काम पूरी हो जाएगा. अब ट्रेन यातायात के लिए सामान्य स्थिति बहाल करने पर काम हो रहा है. ट्रैक से जुड़ा काम पूरा हो चुका है. ऊपर बिजली की तारों को ठीक करने के काम हो रहा है''.

    वैष्णव ने कहा,''घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इसके साथ ही राहत और बचाव का काम हो रहा है. पटरियों को भी ठीक करने का काम चल रहा है.''

    शुक्रवार को बालासोर में दो पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के टकराने से 275 लोगों की मौत हो गई थी. वैष्णव ने बताया कि 1000 से अधिक लोग घायल हैं.

  7. ममता बनर्जी ने ओडिशा रेल हादसे पर क्यों कहा, 'दाल में काला है'

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में सही आंकड़े सामने रखने को कहा है.

    ममता बनर्जी ने मरने वालों के आंकड़ों में बदलाव और जांच को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछे हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा, "कल वो (रेल मंत्री) मेरे साथ मौजूद थे. मैंने जब एंटी कोलिजन डिवाइस की बात की तब उन्होंने मुंह क्यों नहीं खोला? दो तरह की रिपोर्ट सामने आ रही हैं."

    उन्होंने कहा, "दाल में काला है, मैं चाहती हूं जो सच है उसे बाहर रखिए. इससे आने वाली ज़िंदगी तो बचेगी, जो सच है, अपने को बचाने के लिए आपको ऐसा करने (छुपाने) की ज़रूरत नहीं है."

    "हम इस्तीफ़ा नहीं मांग रहे, जब जनता आपको इस्तीफा देगी, वोट के जरिए तो हम देखेंगे."

    ममता बनर्जी ने कहा, " एक दिन में जांच हो जाती है? मै उनसे बेहतर जानती हूं. रेलवे सेफ्टी कमीशन को जांच में तीन महीने लगते हैं. सुबह, दिन में, रात में अलग अलग नबंर नहीं हो सकते. इसीलिए दाल में काला लग रहा है. सरकार हताहतों की सही संख्या बताए. असल आंकड़े बताए."

    ममता ने किया मुआवज़े का ऐलान

    ममता बनर्जी ने प्रदेश के मृतकों के परिजन के लिए पांच-पांच लाख रुपये के मुआवज़े का एलान किया है.

    गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रपये की मदद दी जाएगी, साथ ही तीन महीनों तक उनकी मदद की जाएगी.

    उन्होंने कहा है कि जिन्हें कम चोट आई है उन्हें भी 25-25 हज़ार रुपये दिए जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए बंगाल के लोगों के परिजनों और घायलों को तीन महीने तक हर महीने दो हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी, साथ ही राहत सामग्री और रोजगार योजना के तहत सौ दिनों का रोज़गार दिया जाएगा.

    ओडिशा प्रशासन ने मरने वालों की संख्या को लेकर क्या कहा?

    शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर के करीब रेल हादसा हुआ था. शनिवार को रेलवे ने जानकारी दी थी कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 288 हो गई है. रविवार को ओडिशा के चीफ़ सेक्रेट्री प्रदीप जेना ने बताया कि बालासोर रेल हादसे में मरने वालों की संख्या 288 नहीं बल्कि 275 है.

    प्रदीप जेना ने कहा, " जैसा आप जानते हैं कि कल (शनिवार को) रेलवे ने कहा था कि मरने वालों की संख्या 288 है. इस जानकारी को हमने भी आगे बढ़ाया था. "

    उन्होंने कहा, कल रात से जिलाधिकारी और उनके अधिकारियों की टीम ने मौके से मिले हर शव की जांच की. उन्होंने अस्पताल और अस्थाई केंद्रों के आंकड़ों का मिलान किया. आखिर में उन्होंने पाया कि कुछ शवों की दो बार गिनती हो गई थी."

    जेना के मुताबिक इसके बाद उन्होंने मरने वालों की संख्या को लेकर चिट्ठी लिखी.

    जेना ने बताया, " लेटर के मुताबिक सुबह 10 बजे तक मरने वालों की संख्या 275 है. "

    ममता बनर्जी के सवाल

    ममता बनर्जी ने इसे लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया.

    उन्होंने कहा, "नंबर क्यों कम कर रहे हैं?"

    ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए.

    उन्होंने कहा, " ये हमारी मानवीयता है कि हमने कुछ नहीं कहा. आप हर साल, हर महीने किराया बढ़ा रहे हैं. आपने दो स्टेशन के बीच 10 रुपये से 30 रुपये किराया बढ़ा दिया है. लोग 1100 का सिलेंडर खरीदेंगे तो खाएंगे क्या?"

    ममता बनर्जी ने शनिवार को बालासोर का दौरा किया था.

    ममता बनर्जी की सरकार ने दुर्घटना में मारे गए पश्चिम बंगाल के लोगों के परिवार वालों को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    उन्होंने घायलों की मदद के लिए ओडिशा सरकार को हर सहयोग देने का वादा भी किया है.

  8. मणिपुर हिंसा : अमित शाह ने की नाकेबंदी हटाने की अपील, हिंसा रोकने के सवाल पर क्या कहा?

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर के लोगों से इंफाल-दीमापुर मार्ग (नेशनल हाईवे 2) पर नाकेबंदी हटाने की अपील की है.

    रविवार को शाह ने लोगों से नाकेबंदी हटाने की अपील करते हुए इससे भोजन सामग्री और दूसरी जरूरी चीजों की सप्लाई में दिक्कतें आ रही हैं. लिहाजा इसे जितनी जल्दी हो हटा लिया जाए.

    शाह ने एक ट्वीट कर कहा, '' मैं पूरी गंभीरता से लोगों के अपील कर रहा हूं कि मणिपुर-दीमापुर मार्ग पर की गई नाकेबंदी हटा ली जाए ताकि संकट में फंसे लोगों तक भोजन और दूसरी जरूरी सामग्री पहुंचाई जा सके. इसके साथ मैं सिविल सोसाइटी संगठनों से ये भी अपील करता हूं कि राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने और लोगों के बीच आपसी सहमति कायम करने में मदद करें. ''

    उन्होंने लिखा है, '' आपस में मिलजुल कर ही इस सुंदर राज्य में सामान्य स्थिति बहाल की जा सकती है.''

    इस बीच केंद्र सरकार ने मणिपुर हिंसा की जांच के लिए तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया है. आयोग का नेतृत्व गुवाहाटी हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस अजय लांबा करेंगे.

    पिछले दिनों अमित शाह में हालात का जायजा लेने और सभी पक्षों से बातचीत कर शांति बहाली के लिए चार दिन के दौरे पर मणिपुर पहुंचे थे.

    मणिपुर में अभी भी हिंसा जारी है. इसमें अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है.

    'इंडियन एक्सप्रेस'की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ शनिवार को मैतेई और कुकी समुदाय के लोगों के बीच फायरिंग में 16 लोग घायल हो गए.

    राज्य में मैतेई समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के इंतजाम करने के हाई कोर्ट के निर्देश के बाद यहां हिंसक भड़क उठी थी. 3 मई को मैतेई और कुकी समुदाय के बीच शुरू हुए आपसी संघर्ष में अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है.

  9. शुभमन गिल को ऐसे रोकें, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल के पहले ग्रेग चैपल की ऑस्ट्रेलिया को सलाह

    किसी वक्त भारतीय टीम के कोच रह चुके ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ ग्रेग चैपल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पहले भारतीय टीम के धाकड़ सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल की कमजोरियां तलाशने का दावा किया है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल 7 जून से इंग्लैंड के ओवल में खेला जाना है.

    शुभमन गिल इस साल जबरदस्त फ़ॉर्म में हैं. हाल में ख़त्म हुए आईपीएल में 890 रन बनाकर वो ऑरेंज कैप के हक़दार बने थे. आईपीएल में उनके बल्ले से तीन शतक भी निकले थे.

    इस साल वो टेस्ट में एक, वनडे में तीन और ट्वेंटी 20 इंटरनेशनल में एक शतक बना चुके हैं और उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में भारत की सबसे बड़ी ताक़त माना जा रहा है.

    सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर जैसे बल्लेबाज़ी के कई दिग्गज उनकी तकनीक की तारीफ कर चुके हैं.

    लेकिन, ग्रेग चैपल का दावा है कि उन्होंने गिल की बल्लेबाज़ी में कुछ खामियां देखी हैं.

    गिल को लेकर चैपल का दावा

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिकचैपल ने एक इंटरव्यू में कहा कि गिल को अतिरिक्त उछाल और तेज़ी को संभालने में दिक्कत हो सकती है और अगर ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ ओवल में सही जगह गेंद डालें तो गिल परेशानी में आ सकते हैं.

    चैपल ने कहा, “मैं बहुत ज़्यादा डिटेल में नहीं जाना चाहता हूं लेकिन मुझे यकीन है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने कुछ वो चीजें देखी होंगी जो मैंने देखी हैं.”

    चैपल ने कहा, शुभमन गिल अपनी पारी की शुरुआत में कुछ चीजें करते हैं जिस वजह से वो ऑफ़ स्टंप के करीब की लेंथ बॉल पर मुश्किल में दिखते हैं. अगर गेंद में थोड़ा ज़्यादा उछाल हो तो वो विकेट पीछे कैच दे सकते हैं.”

    'गिल से रहना होगा सावधान'

    ग्रेग चैपल ने कहा, “अगर ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी गेंदबाज़ी की तो इंग्लैंड में वो किसी भी दूसरे बल्लेबाज़ की तरह संघर्ष करेंगे.”

    उन्होंने कहा, “मिचेल स्टार्क जैसे जिन गेंदबाज़ों के पास एक्सट्रा पेस है, वो उन्हें सबसे ज़्यादा परेशान कर सकते हैं.”

    ग्रेग चैपल ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ों को शुभमन गिल को लेकर हिदायत भी दी.

    उन्होंने कहा, “वो बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. अगर उन्हें अच्छी गेंद नहीं डाली गई तो वो पिटाई भी कर सकते हैं.”

  10. ओडिशा रेल हादसा: केंद्र और राज्य सरकारों ने अब तक कितने मुआवज़े का किया एलान

    ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार को हुए रेल हादसे में मरने वालों की संख्या 275 हो गई है. केंद्र सरकार और अलग-अलग राज्य सरकारों ने इस हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के लिए मुआवज़े का एलान किया है.

    केंद्र सरकार का एलान

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा रेल हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को 10-10 लाख रुपये देने का एलान किया है.

    केंद्र सरकार गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये देगी.

    पीएम राहत कोष

    इसके अलावा पीएमओ ने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने का एलान किया है.

    ओडिशा सरकार का एलान

    ओडिशा सरकार ने भी मुआवजे का एलान किया है.

    मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये मुआवज़ा देने की बात कही है.

    पश्चिम बंगाल

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्घटना में मारे गए पश्चिम बंगाल के लोगों के परिवार वालों को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    तमिलनाडु

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिवार के लिए पांच लाख रुपये और घायलों के लिए एक लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

    आंध्र प्रदेश

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने मृतकों के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रुप से घायल लोगों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    मामूली रूप से घायलों के लिए एक-एक लाख रुपये के मुआवज़े का एलान किया गया है.

  11. ओडिशा रेल हादसा: कोरोमंडल ट्रेन के ड्राइवर और यशवंतपुर एक्सप्रेस के टीटी की आंखों देखी

    ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार को हुए रेल हादसे की जांच जारी है. इस हादसे में कम से कम 275 लोगों की मौत हुई है.इस हादसे में तीन ट्रेन कोरोमंडल एक्सप्रेस, यशवंतपुर एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी शामिल थीं.

    दुर्घटना कैसे हुई, ये सवाल लगातार बना हुआ है. रेलवे बोर्ड के ऑपरेशन और बिजनेस डेवलपमेंट की सदस्य जया वर्मा सिन्हा ने रविवार को इस सवाल का जवाब देने की कोशिश की.

    जया सिन्हा ने बताया कि हादसे के बाद उनकी कोरोमंडल एक्सप्रेस के ड्राइवर, यशवंतपुर एक्सप्रेस के एक टीटी और मालगाड़ी के गार्ड से बात हुई. उन्होंने मीडिया को इस बातचीत का ब्योरा दिया.

    कोरोमंडल के ड्राइवर ने क्या बताया

    जया सिन्हा के मुताबिक कोरोमंडल के ड्राइवर ने बताया कि उनको ग्रीन सिग्नल मिला था. उन्होंने लाल पर सिग्नल को पार नहीं किया. ड्राइवर के मुताबिक उन्होंने ओवर स्पीडिंग (निर्धारित गति सीमा से ज़्यादा रफ़्तार) भी नहीं की.

    जया सिन्हा ने बताया, “ ड्राइवर को बहुत चोट लगी है लेकिन जिस समय बात की तब वो होश में थे. उन्होंने साफ़ बताया कि सिग्नल ग्रीन था. हमारा डेटा का रिकॉर्ड भी दिखाता है कि सिग्नल ग्रीन था.”

    उन्होंने बताया कि अभी ड्राइवर की हालत गंभीर है और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है.

    यशवंतपुर एक्सप्रेस के टीटी ने क्या बताया

    जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि उनकी यशवंतपुर एक्सप्रेस के एक टीटी से भी बात हुई.

    उन्होंने बताया, “यशवंतपुर एक्सप्रेस का टीटी था ए 1 कोच में. उसने बताया कि उसको पीछे से कुछ आवाज़ सुनाई दी. बहुत ज़ोर की आवाज़, जब उसने पीछे की तरफ देखा तो उसे लगा कि कुछ अवरोध आ रहा है. उसे समझ नहीं आया कि क्या है?”

    जया वर्मा सिन्हा ने बताया, “ए 1 कोच के पीछे दो जनरल बोगी थीं आखिर में गार्ड का डिब्बा था. वो दोनों डिब्बे ट्रेन से अलग हो गए. टीटी जिस कोच में थे वो वाला पोर्शन आगे चला गया. पीछे के दो डिब्बे पटरी से फिंक (उतर) गए.”

    मालगाड़ी के गार्ड ने क्या कहा

    जया वर्मा सिन्हा के मुताबिक उनकी बात मालगाड़ी के गार्ड से भी हुई थी.

    उन्होंने बताया, “मालगाड़ी के गार्ड से भी बात हुई. गार्ड उस समय उतरा हुआ था. वो उतरकर ट्रेन की जांच कर रहा था. उतने में ये हादसा हुआ.”

    जया वर्मा सिन्हा के मुताबिक, “गार्ड जिस ब्रेक वैन में चलता है, उसके ऊपर से ये (कोरोमंडल का) इंजन गया है. अगर वो उसके अंदर होता तो उसके बचने का कोई सवाल नहीं था.”

  12. ओडिशा रेल हादसे पर बोले तेजस्वी यादव, इतनी बड़ी घटना लेकिन अब तक जिम्मेदारी तय नहीं

    बिहार के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने ओडिशा रेल हादसे को लेकर मोदी सरकार को घेरा है. उन्होंने बालासोर रेल हादसे को लापरवाही का नतीजा करार दिया.

    उन्होंने कहा,'' रेलवे ये दावा करता है कि सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. लेकिन अभी तक इस भीषण रेल दुर्घटना के लिए जिम्मेदारी तय नहीं की गई है. जबकि होना ये चाहिए था कि हादसे के जिम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाती.''

    इससे पहले उनके पिता और रेल मंत्री रहे लालू यादव ने भी रेल हादसे के जिम्मेदार लोगों के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.

    लालू यादव ने कहा कि जिन लोगों ने रेलवे व्यवस्था को चौपट कर दिया है उन्हें बख़्शा नहीं जाना चाहिए.

    शनिवार को उन्होंने कहा था “कोरोमंडल एक बहुत तेज़ रफ़्तार ट्रेन है जो चेन्नई तक जाती है. हमने भी इस ट्रेन में यात्रा की है. किस तरह से लापरवाही बरती गई और इतना बड़ा हादसा हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए और ज़िम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. रेल को चौपट कर दिया है.”

    लालू यादव मनमोहन सिंह सरकार में 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे.

  13. पेट्रोलियम राज्यमंत्री को ले जा रहे इंडिगो विमान का इंजन खराब, गुवाहाटी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

    रविवार को डिब्रूगढ़ जा रहे इंडिगो के एक विमान के इंजन में खराबी आने के बाद उसे अचानक गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई इंटनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया. जहां थोड़ी देर बाद इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.

    विमान में पेट्रोलियम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली और बीजेपी को दो विधायक प्रशांत फुकन और तेराश गोवाला समेत 150 यात्री सवार थे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ विमान गुवाहाटी एयरपोर्ट की ओर मोड़े जाने से पहले हवा में 15 से 20 मिनट तक चक्कर काटता रहा.

    पेट्रोलियम राज्य मंत्री और बीजेपी के दोनों विधायकों ने बताया कि विमान में सभी यात्री सुरक्षित हैं.

  14. रेलवे ने बताया कि ओडिशा हादसे के दौरान क्या हुआ, शुरुआती जांच में क्या मिली जानकारी

    शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे की शुरुआती जांच के बाद रेलवे ने बताया कि इसकी वजह क्या थी.

    रेलवे बोर्ड के ऑपरेशन और बिजनेस डेवलपमेंट की सदस्य जया वर्मा सिन्हा ने नई दिल्ली में रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे की वजहों की जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि सिग्नल का कोई मुद्दा रहा होगा,जिससे ये दुर्घटना हुई. सिन्हा ने हादसा कैसे हुआ इसका भी ब्योरा दिया-

    • बहानागा में स्टेशन पर चार लाइनें हैं. इनमें से दो मेन लाइन हैं. लूप लाइन पर एक माल गाड़ी थी. ड्राइवर स्टेशन पर ग्रीन सिग्नल ले चुका था. जबकि दोनों गाड़ियां पूरी तेजी से दौड़ रही थीं.
    • शुरुआती जांच से पता चला है कि सिर्फ कोरोमंडल दुर्घटना की शिकार हुई थी. हादसे के वक्त उसकी गति 126 किलोमीटर प्रति घंटा थी.
    • मालगाड़ी पटरी से नहीं उतरी क्योंकि लौह अयस्क लदा था. सबसे ज्यादा नुकसान कोरोमंडल एक्सप्रेस को हुआ.
    • कोरोमंडल एक्सप्रेस की पटरी से उतरी आखिरी दो बोगियां यशवंतपुर एक्सप्रेस से टकरा गईं.

    इससे पहल रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बालासोर में कहा था कि हादसे के मूल वजह का पता लगा लिया गया है.

    उन्होंने कहा कि रेल लाइन पर यातायात सामान्य करने के लिए पूरी तरह से काम हो रहा है. उम्मीद है कि बुधवार तक पटरियों पर यातायात सामान्य हो जाएगा.

    अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि असली समस्या इलेक्ट्रिक प्वाइंट मशीन को लेकर थी. रेलवे में सिग्नल और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है.

  15. ओडिशा ट्रेन हादसे पर सिंगापुर के पीएम की मोदी को चिट्ठी

    ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना पर सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सिएन लूंग ने दुख जताया है.

    भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त के मुताबिक प्रधानमंत्री ली सिएन लूंग ने भारत के पीएम को संवेदना ज़ाहिर करने के लिए चिट्ठी लिखी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने इस चिट्ठी की प्रति साझा की है.

    इसके अनुसार सिंगापुर के पीएम ने लिखा है, "प्रिय प्रधानमंत्री मोदी. मुझे 2 जून 2023 को ओडिशा के बालासोर में हुए भयावह ट्रेन दुर्घटना की सूचना मिली. सिंगापुर की सरकार की ओर से मैं आपके और हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. हम इस घड़ी में आपके और भारत के लोगों के साथ हैं."

    ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में अब तक मरने वालों की संख्या 275 तक पहुंच गई है. वहीं, इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं.

  16. राहुल गांधी का न्यूयॉर्क में दावा, 'बीजेपी को हराने जा रहे हैं भारत के लोग'

    अमेरिका का दौरा कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क में दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के बाद उनकी पार्टी तेलंगाना और दूसरे राज्यों में बीजेपी को मात देगी.

    राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि भारत के लोग बीजेपी की ‘नफ़रत वाली विचारधारा’ को हराने जा रहे हैं.

    शनिवार को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस- यूएसए की ओर से आयोजित रात्रिभोज समारोह में राहुल गांधी ने कहा, “कर्नाटक में हमने दिखाया कि हम बीजेपी का सफाया कर सकते हैं. हमने उन्हें हराया नहीं बल्कि हाशिए पर ले आए.”

    न्यूयॉर्क के पहले राहुल गांधी वॉशिंगटन और सैन फ्रांसिस्को में थे.

    'बीजेपी के पास सबकुछ था'

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक न्यूयॉर्क के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, “कर्नाटक चुनाव में बीजेपी ने सबकुछ आजमाया. उनके साथ पूरा मीडिया था. हमारे मुक़ाबले उनके पास 10 गुना पैसा था. उनके पास सरकार थी. उनका पास एजेंसियां थीं. उनके पास सब था लेकिन तब भी हमने उनका सफाया कर दिया और मैं चाहता हूं कि आप जानें कि आगे हम उन्हें तेलंगाना में हराने जा रहे हैं. इस चुनाव के बाद तेलंगाना में बीजेपी को तलाशना मुश्किल होगा.”

    राहुल गांधी ने कहा कि ये सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी नहीं है जो बीजेपी को हराने जा रही है.

    उन्होंने कहा, “ये भारत के लोग हैं, मध्य प्रदेश के लोग, तेलंगाना के लोग, राजस्थान के लोग और छत्तीसगढ़ के लोग जो बीजेपी को हराने जा रहे हैं.”

    राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 में भी “हम ऐसा ही करेंगे. विपक्ष एकजुट है और हम एकसाथ काम कर रहे हैं.”

    देश में लोकसभा के आम चुनाव 2024 में होने हैं.

  17. ओडिशा रेल दुर्घटना पर कांग्रेस का तंज़- बड़ी बातें कहना होता है आसान लेकिन...

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार सुबह ओडिशा के बालासोर का दौरा किया, जहां शुक्रवार को तीन ट्रेनों की टक्कर के बाद सैकड़ों लोगों की जान चली गई.

    यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने रेलवे की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों पर सवाल खड़े किए.

    उन्होंने कहा कि घटना के बाद कोशिशें हो रही हैं लेकिन ये तैयारी घटना से पहले होती, तो इस तरह का हादसा होता ही नहीं.

    कांग्रेस नेता ने राहत और बचाव में जुटी एनडीआरएफ़, नौसेना, रेलवे अधिकारियों और अन्य टीमों की सराहना की और कहा, "इन लोगों के बिना लोगों को बचाना और अस्पताल पहुंचाना नामुमकिन था."

    इसके बाद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "बात ये है कि ये सब घटना घटने के बाद हो रहा है. इस तरीके की तत्परता हर जगह घटना घटने के पहले होती, तो शायद इस तरह का हृदयविदारक, दर्दनाक हादसा जो हम देख रहे हैं, वो न देखते. बड़ी-बड़ी बातें कहना आसान होता है, लेकिन अपने इरादों को निभाना दूसरी बात होती है."

    उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए. हमें ये सोचना होगा कि क्या ये हादसा टाला जा सकता था या नहीं."

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, ओडिशा प्रशासन ने रेल हादसे में मरने वालों की संख्या में किया सुधार, अब तक 275 की मौत

    ओडिशा के चीफ़ सेक्रेट्री प्रदीप जेना ने बताया है कि बालासोर रेल हादसे में मरने वालों की संख्या 288 नहीं बल्कि 275 है.

    प्रदीप जेना ने कहा, " जैसा आप जानते हैं कि कल (शनिवार को) रेलवे ने कहा था कि मरने वालों की संख्या 288 है. इस जानकारी को हमने भी आगे बढ़ाया था. "

    उन्होंने कहा, कल रात से जिलाधिकारी और उनके अधिकारियों की टीम ने मौके से मिले हर शव की जांच की. उन्होंने अस्पताल और अस्थाई केंद्रों के आंकड़ों का मिलान किया. आखिर में उन्होंने पाया कि कुछ शवों की दो बार गिनती हो गई थी."

    जेना के मुताबिक इसके बाद उन्होंने मरने वालों की संख्या को लेकर चिट्ठी लिखी.

    जेना ने बताया, " लेटर के मुताबिक सुबह 10 बजे तक मरने वालों की संख्या 275 है. "

    88 शवों की पहचान

    जेना ने बताया कि अब तक 88 शवों की पहचान हो चुकी है.

    उन्होंने बताया, "जिन शवों की पहचान हो चुकी थी, उनमें से 78 को सुबह तक सौंप दिया गया."

    'दस अन्य शवों की शिनाख्त हुई है, उन्हें भी सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.'

    उन्होंने बताया कि बचे हुए 187 शवों में से 170 को भुवनेश्वर शिफ्ट किया गया है.

  19. ओडिशा ट्रेन हादसे में घायल 100 लोगों को क्रिटिकल केयर की ज़रूरत: स्वास्थ्य मंत्री

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया है कि बालासोर ट्रेन दुर्घटना में एक हज़ार से अधिक लोग घायल हुए हैं. मनसुख मांडविया रविवार सुबह ओडिशा पहुंचे.

    उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि करीब 100 मरीज़ ऐसे हैं जिन्हें क्रिटिकल केयर की ज़रूरत है, कुछ को ऑपरेशन की आवश्यकता है.

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "मरीज़ों को तुरंत ही अच्छा इलाज मिले, इसके लिए दिल्ली एम्स, लेडी हार्डिंग अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल से एक्सपर्ट डॉक्टर की टीम एयरफ़ोर्स के स्पेशन प्लेन से आधुनिक उपकरणों के साथ पहुंच चुकी है. मैंने विस्तृत समीक्षा की है."

    उन्होंने कहा कि अस्पतालों की ज़रूरत के हिसाब से उपकरण और एक्सपर्ट डॉक्टरों को वहाँ भेजा जाएगा ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोगों की जान बचाई जा सके.

  20. ओडिशा रेल हादसे को लेकर कांग्रेस ने पीएम को घेरा: ‘छवि बचाने वाला कवच काश रेल यात्रियों को मिलता’

    कांग्रेस ने ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को घेरा है और मांग की है कि पीएम को रेल मंत्री का इस्तीफ़ा लेना चाहिए.

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “बड़े अफसोस की बात है कि हमारी सरकार उतनी संवेदनशील नहीं दिखी.”

    उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘इर्दगिर्द एक कवच है जो उनकी छवि को बचाता है.’

    पवन खेड़ा ने कहा, “काश ये कवच रेल यात्रियों को भी मिल गया होता.”

    उन्होंने कहा, “एक ज़माना था जब लाल बहादुर शास्त्री जैसे लोगों ने इस्तीफ़ा दिया. माधव राव सिंधिया ने इस्तीफ़ा दिया, एक रेल हादसे पर. नीतीश कुमार ने इस्तीफ़ा दिया एक रेल हादसे पर.”

    सरकार पर सवाल

    पवन खेड़ा ने कहा, “इस्तीफ़े का अर्थ होता है नैतिक ज़िम्मेदारी लेना. न ज़िम्मेदारी दिखती है, न नैतिकता दिखती है, आपको क्या उम्मीद है यहां से कोई इस्तीफ़ा आएगा?”

    पवन खेड़ा ने आगे कहा,“हमें समझ नहीं आ रहा है कि हम इस्तीफ़ा मांगे भी तो किससे? प्रधानमंत्री हम आप पर छोड़ते हैं कि आप किसका इस्तीफ़ा लेते हो लेकिन ये देश उम्मीद करता है कि आप भी अपने रेल मंत्री से इस्तीफ़ा लेंगे.”