एस जयशंकर ने की रूसी विदेश मंत्री से मुलाक़ात, क्या हुई बात?

रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों नेताओं के बीच ब्रिक्स, जी 20 और एससीओ समेत अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई.

लाइव कवरेज

  1. महाकाल मंदिर में दर्शन करने को लेकर ट्रोल होने पर बोलीं सारा अली ख़ान

    सारा अली ख़ान

    इमेज स्रोत, ANI

    उज्जैन के महाकाल मंदिर जाने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल होने को लेकर अभिनेत्री सारा अली ख़ान बोली हैं.

    उन्होंने कहा है कि ‘यह मेरी निजी मान्यता है, मैं अजमेर शरीफ़ भी उतनी शिद्दत से जाऊंगी जितना बंगला साहिब, जितना महाकाल मंदिर और मैं जाती रहूंगी. जिसको जो भी बोलना हो वो बोल सकते हैं, मुझे कोई प्रॉब्लम नहीं है.’

    सारा अली ख़ान की फ़िल्म ‘ज़रा हटके ज़रा बचके’ रिलीज़ होने जा रही है जिसके सिलसिले में वो देशभर में प्रमोशन कर रही हैं.

    इसी सिलसिले में हुई एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान उन्होंने ट्रोलिंग को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने हाल ही में उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन किए थे, जिसके बाद एक तबके ने उनकी आलोचना की थी.

    सारा ने कहा, “मैं अपने काम को बहुत सीरियसली लेती हूं. मैं काम करती हूं जनता के लिए.. अगर आप लोगों को मेरा काम अच्छा न लगे तो मुझे बुरा लगेगा लेकिन ये जो मेरी निजी मान्यता है, ये मेरी निजी मान्यता है. सबसे ज़रूरी बात ये होती है कि वहां को आपको वहां की ऊर्जा अच्छी लगनी चाहिए.”

  2. राहुल गांधी के पीएम मोदी पर दिए बयान पर बोले अनुराग ठाकुर

    अनुराग ठाकुर

    इमेज स्रोत, ANI

    अमेरिका में राहुल गांधी के दिए गए बयान की केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने निंदा की है.

    मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा,“वो मोदी जी को निशाना नहीं बनाते हैं बल्कि भारत को ही अपमानित करने का काम करते हैं. दुनिया भारत में उम्मीद देखती है, दुनिया भारत में ग्रोथ देखती है, दुनिया भारत के नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त करती है.”

    “ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मोदी जी को कहते हैं ‘मोदी इज़ द बॉस’. इटली की प्रधानमंत्री कहती हैं ‘मोदी इज़ द मोस्ट वर्ल्ड लव्ड लीडर’ और दुनिया के नेता मोदी जी के नेतृत्व का सम्मान करते हैं.” “इस बात को कांग्रेस हज़म नहीं कर पा रही तो कहीं जाकर उलटा सीधा बोलना है.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और आरएसएस को निशाना बनाया है.

    अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, "ऐसे लोग भगवान के साथ बैठ कर उन्हें भी समझता सकते हैं. ऐसे लोगों में एक पीएम नरेंद्र मोदी भी हैं. मुझे लगता है कि अगर आप मोदीजी को भगवान के बगल में बिठा दें, तो मोदी जी भगवान को ये समझाने लगेंगे कि ये ब्रह्मांड कैसे काम करता है. और भगवान भी भ्रमित हो जाएँगे कि मैंने क्या बनाया है. ये मज़ेदार बातें हैं लेकिन यही हो रहा है."

  3. अशोक गहलोत की अहम घोषणा, राजस्थान के लोगों को बिजली बिल में मिलेगी राहत

    अशोक गहलोत

    इमेज स्रोत, ANI

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के लोगों के लिए बिजली बिल में राहत की बड़ी घोषणा की है.

    उन्होंने हर परिवार को 100 यूनिट मुफ़्त बिजली देने का ऐलान किया है. इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी है.

    उन्होंने लिखा, “100 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली उपभोग वालों का बिजली बिल शून्य होगा."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अशोक गहलोत ने बताया कि शुरुआती 100 यूनिट बिजली का बिल माफ़ रहेगा चाहे जितना भी बिजली का बिल आए.

    इससे पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने हर परिवार को साल में 12 सिलेंडर 500 रुपये में देने की घोषणा की थी.

    ये घोषणाएं ऐसे समय में की जा रही हैं जब इसी साल के अंत में राज्य में चुनाव होने हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, मणिपुर हिंसाः न्यायिक आयोग करेगा जांच, सीबीआई को भी सौंपे गए मामले

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, @AmitShah

    मणिपुर दौरे पर गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिंसा की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित किया जाएगा.

    इसके अलावा हिंसा से जुड़े छह मामलों की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा भी अमित शाह ने की है.

    हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को दस लाख रुपये की आर्थिक मदद भी दी जाएगी.

    प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा

    • पिछले एक महीने के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए रिटायर्ड हाई कोर्ट जज की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग जांच करेगा, ये जांच भारत सरकार की तरफ़ से कराई जाएगी.
    • भारत सरकार मणिपुर की अध्यक्षता में शांति समिति का गठन करेगी. इसमें उद्योगपति, खिलाड़ी, चुने हुए प्रतिनिधि और नागरिक समाज के प्रतिनिधि होंगे.
    • मणिपुर में ढेर सारी एजेंसियां सुरक्षा की दृष्टि से काम कर रही हैं. उनके बीच में बेहतर समन्वय के लिए कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में इंटर एजेंसी यूनिफ़ाइड कमांड की व्यवस्था आज से ही लागू होगी.
    • हिंसा के संबंध में दर्ज किए गए 6 केस की जांच सीबीआई का विशेष दल करेगा. ये जांच भारत सरकार के तत्वाधान में होगी.
    • किसी भी पक्षपात और भेदभाव के बगैर हिंसा के मूल तक जाने के लिए निष्पक्ष जांच होगी ताकि आगे ऐसी घटना ना हो. दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई होगी.
    • राहत और पुनर्वास के लिए जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को पांच लाख रुपये मणिपुर सरकार की तरफ़ से और पांच लाख रुपये भारत सरकार की तरह से दिए जाएंगे. ये राशि सीधे परिजनों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.
    • घायलों के लिए और जिनकी संपत्ति का नुक़सान हुआ है उनके लिए भी राहत और पुनर्वास पैकेज की घोषणा कल की जाएगी.
    • मणिपुर की जनता को वस्तुओं की कमी ना हो इसके लिए कोटा से अतिरिक्त चावल मणिपुर भेजे गए हैं.
    • ग़लतफ़हमी के कारण मनमुटाव हुआ है और मणिपुर की जनता जल्द ही इसका समाधान कर लेगी.
    • जिन लोगों के पास हथियार हैं, उनसे मैं अपील करना चाहता हूं कि अपने हथियार सरेंडर कर दें. कल से पुलिस कॉन्बिंग ऑपरेशन करेगी. कॉन्बिंग ऑपरेशन के बाद अगर किसी पर हथियार मिले तो कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.
    • जो समूह समझौते की शर्तों का अब उल्लंघन करते हैं उन पर कठोर कार्रवाई होगी.
    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय गृह मंत्री ने पत्रकारों के कई सवालों के जवाब भी दिए. मणिपुर में सुरक्षा स्थिति से जुड़े एक सवाल को लेकर अमित शाह ने कहा, “हमारी बातचीत सभी से चल रही है. उत्तर पूर्व में अब तक 15 समूहों से हमारा समझौता हो चुका है. 8हज़ार से अधिक उग्रवादियों ने हथियार डाले हैं और मुख्यधारा में आए हैं. बाक़ी समूहों से भी बातचीत चल रही है. गृह मंत्रालय उच्च स्तर पर वार्ता कर रहा है.”

    जब गृहमंत्री से पूछा गया कि इतना समय वार्ता में क्यों लग रहा है. इस पर उन्होंने कहा, “पुराने मसले हैं, 50 साल से भी कुछ मसले चल रहे हैं, इनका निबटारा होने में समय लगता है.”

    मणिपुर में अलग राज्य की मांग से जुड़े सवाल पर शाह ने कहा, “भारत सरकार ने मणिपुर की एकता और अखंडता को बारे में कई बार अपना स्टैंड घोषित किया है. इसमें भारत सरकार का कोई बदलाव नहीं है. मैं ऐसी कोई बात नहीं करना चाहता जिससे शांति पर असर पड़े.”

  5. अमेरिका में राहुल गांधी ने फ़ोन निकालकर कहा- हेलो मिस्टर मोदी

    स्टेनफ़र्ड में राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @INCIndia

    अमेरिकी दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को सिलिकॉन वैली में टेक्नोलॉजी क्षेत्र के उद्यमियों के साथ समय बिताया.

    राहुल गांधी ने इस दौरान प्लग एंड प्ले सेंटर में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और तकनीक के क्षेत्र में काम कर रहे उद्यमियों के साथ चर्चा में हिस्सा भी लिया.

    राहुल गांधी ने कहा कि डेटा नया गोल्ड है और भारत जैसे देशों ने इसकी क्षमता को समझ लिया है.

    राहुल गांधी ने कहा, “डेटा सुरक्षा पर उपयुक्त नियम बनाए जाने की ज़रूरत है. ”

    हालांकि फ़ोन के ज़रिये जासूसी की पेगासस और अन्य टेक्नोलॉजी के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि वो इसे लेकर चिंतित नहीं हैं.

    राहुल गांधी ने कहा कि मैं जानता हूं कि मेरा फ़ोन टेप किया जाता है. मज़ाकिया अंदाज़ में मोबाइल निकालकर उन्होंने कहा, “हेलो, मिस्टर मोदी.”

    राहुल गांधी ने कहा कि मैं ये मानकर चलता हूं कि मेरा आइफ़ोन टैप किया जा रहा है.

    राहुल ने कहा, “आपको डेटा की निजता को लेकर एक राष्ट्र के रूप में और एक व्यक्ति के रूप में नियम बनाने की ज़रूरत है. अगर एक राष्ट्र ये चाहता है कि वो आपका फ़ोन टैप करना चाहता है तो फिर कौन रोक सकता है.”

    राहुल ने कहा, “अगर कोई देश ये तय कर लेता है कि वह फ़ोन टैप करेगा तो मुझे लगता है कि आप फिर इसके ख़िलाफ़ नहीं लड़ सकते, मुझे लगता है कि मैं जो भी करता हूं, वो सब सरकार के लिए उपलब्ध है.”

    राहुल गांधी ने स्टैनफ़र्ड यूनिवर्सिटी में भी एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और संबोधन दिया.

    यहां राहुल गांधी ने भारत में उन पर हुए मानहानि के मुक़दमे पर चर्चा की.

    राहुल गांधी ने कहा, “मैं पहला व्यक्ति हूं जिसे मानहानि के मामले में सज़ा दी गई और सांसद के रूप में अयोग्य घोषित होने के लिए अधिकतम सज़ा दी गई.”

    राहुल गांधी को मानहानि के एक मामला में गुजरात की एक अदालत ने दो साल की सज़ा सुनाई थी जिसके बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी.

    राहुल गांधी ने कहा, “मैं 2004 में राजनीति में आया था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि कभी ऐसा भी होगा.”

  6. दिल्ली के यूपी भवन में रेप के आरोप, उज्जैन से महाराणा प्रताप सेना का अध्यक्ष गिरफ़्तार

    रेप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली के यूपी भवन में हुए एक कथित बलात्कार के मामले में दिल्ली पुलिस ने अभियुक्त राज्यवर्धन सिंह परमार को उज्जैन से गिरफ़्तार किया है.

    दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि गुरुवार को अभियुक्त को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा.

    एक अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि महाराणा प्रताप सेना के अध्यक्ष राज्यवर्धन सिंह परमार ने यूपी भवन के एक कमरे में 26 मई को उनके साथ बलात्कार किया.

    दिल्ली पुलिस ने यूपी भवन के उस कमरे को सील कर दिया है, जिसमें ये कथित बलात्कार हुआ है.

    इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में यूपी भवन के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. यूपी भवन के प्रभारी प्रबंधक के ख़िलाफ़ भी यूपी सरकार ने जांच शुरू की है.

    उत्तर प्रदेश के राज्यपाल का आदेश

    इमेज स्रोत, UP Govt

    मीडिया रिपोर्टों में सीसीटीवी फुटेज के हवाले से बताया गया है कि घटना के दिन अभियुक्त दोपहर 12 बजकर 22 मिनट पर यूपी भवन में दाख़िल हुआ था और यहां से 1.05 मिनट पर महिला के साथ बाहर निकला.

    अभियुक्त ने गिरफ़्तारी से पहले सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा है कि उसे झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है.

    सोशल मीडिया पर जारी बयान में परमार ने कहा है, “मुझ पर निराधार आरोप लगाये गए हैं. महिला स्वेच्छा से मेरे साथ थी. उत्तर प्रदेश भवन को घटना के समय के वीडियो जारी करने चाहिए.”

  7. पहलवानों का आंदोलनः आज मुज़फ़्फ़रनगर के सोरम में सर्वखाप पंचायत

    प्रदर्शनकारी पहलवान

    इमेज स्रोत, @sakshimalik

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के जंतर-मंतर से पुलिस ने पहलवानों का आंदोलन समाप्त कर दिया है. आंदोलन का आगे रूप क्या होगा, ये अभी तय नहीं हुआ है

    भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे पहलवानों के समर्थन में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर के सोरम में सर्वखाप पंचायत बुलाई गई है.

    इससे पहले सोरम में आख़िरी बार सर्वखाप पंचायत 2011 में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में बुलाई गई थी.

    इस सर्वखाप पंचायत में पहलवानों के आंदोलन को समर्थन देने से जुड़ा फैसला लिया जा सकता है.

    ये भी माना जा रहा है कि सर्वखाप पंचायत के बाद पहलवानों के आंदोलन का केंद्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी बन सकता है.

    इसस पहले हरियाणा में खाप नेताओं ने पहलवानों के आंदोलन का समर्थन किया था. सोरम की खाप पंचायत के फैसले का असर हरयाणा में भी हो सकता है.

    इससे पहले पहलवानों ने 30 मई को हरिद्वार पहुंचकर गंगा में अपने मेडल विसर्जित करने की चेतवानी दी थी. हालांकि किसान नेताओं के मनाने पर पहलवान मान गए थे और सरकार को अपनी मांगे मानने के लिए पांच और दिनों का समय दिया था.

  8. नीतीश के बुलावे पर कितनी विपक्षी पार्टियां हो रहीं गोलबंद? क्या करेगी कांग्रेस

    नीतीश कुमार और अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    2024 के आम चुनाव को लेकर बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्ष की गोलबंदी की कोशिशें तेज़ हो गई हैं.

    2014 के लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए पहली बार 16 पार्टियां बैठक करने जा रही हैं. हालांकि द हिन्दू की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस की ओर से पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी इस बैठक में शामिल नहीं हो सकते हैं.

    इस बैठक का आयोजन 12 जून को जनता दल (यूनाइडेट) के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं.

    कांग्रेस का कहना है कि बैठक जिस तारीख़ को हो रही है, उसमें शामिल होना मुश्किल लग रहा है. द हिन्दू की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस चाहती थी कि बैठक 23 जून तक ना हो. हालांकि कांग्रेस ने कहा है कि वह अपना प्रतिनिधि भेजेगी.

    विपक्ष के एक सीनियर नेता ने अख़बार से कहा है कि अगर कांग्रेस विपक्षी एकता को लेकर मज़बूत संदेश देना चाहती है तो खड़गे की ग़ैर-मौजूदगी में कम से कम किसी एक मुख्यमंत्री को भेजना चाहिए.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार समेत कई अन्य नेताओं ने अपनी मौजूदगी की पुष्टि की है.

    ये अभी शुरुआती बैठक ही है. विपक्ष लोकसभा चुनावों से पहले साझा गठबंधन बनाने और हर लोकसभा सीट पर बीजेपी के ख़िलाफ़ साझा उम्मीदवार उतारने के लिए समझौता करने की कोशिशें कर रहा है.

  9. भारत और चीन ने एक दूसरे के पत्रकारों के वीज़ा पर रोक लगाई

    भारत चीन मीडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत और चीन ने एक दूसरे के पत्रकारों को वीज़ा देना बंद कर दिया है.

    चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि इस ‘ख़तरनाक ट्रेंड’ से दोनों देशों के रिश्ते सामान्य बनाने पर असर पड़ सकता है.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि इस महीने भारत ने देश में बचे चीन के दो आख़िरी पत्रकारों के वीज़ा को फिर से जारी करने से इनकार कर दिया है. इनमें एक पत्रकार चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ से जुड़े हैं जबकि दूसरे चाइना सेंट्रल टेलीविज़न के हैं.

    इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत और चीन ने एक दूसरे के पत्रकारों की पहुंच लगभग समाप्त कर दी है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ इस साल की शुरुआत में भारतीय मीडिया संस्थानों के चार पत्रकार चीन में काम कर रहे थे.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ इनमें से कम से कम दो पत्रकारों को वीज़ा नहीं दिया गया है. तीसरे पत्रकार को बताया गया है कि उसकी मान्यता वापस ले ली गई है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से जब इस संबंध में सवाल पूछा गया तो उनका कहना था कि चीन में रह रहे भारतीय पत्रकारों का वीज़ा इस बात पर निर्भर करेगा कि भारत इस दिशा में चीन जैसा क़दम उठाता है या नहीं.

    प्रवक्ता ने भारत की आलोचना करते हुए कहा है कि भारत में चीन के मीडियाकर्मियों के साथ ‘भेदभावपूर्ण और अनुचित’ व्यवहार किया जा रहा है.

    भारत और चीन सीमा पर साल 2020 में दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है.

    2020 के बाद से भारत ने चीन के पत्रकारों के लिए लंबी अवधि का वीज़ा जारी नहीं किया है. दिसंबर 2021 में भारत ने चीनी पत्रकारों को 10 दिन के अंदर वापस भेज दिया था जबकि उनके पास दो महीने का वैध वीज़ा था.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हाल ही में भारत ने देश में बचे आख़िरी चीनी पत्रकार का वीज़ा भी नहीं बढ़ाया और उसे वापस लौटने पर मजबूर कर दिया.

    चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने इस संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा, “भारत में चीन के पत्रकार भेदभावपूर्ण और अनुचित रवैये का शिकार हैं. एक समय भारत में चीन के 14 पत्रकार थे, अब सिर्फ़ एक हैं.”

    चीन की प्रवक्ता ने ये भी कहा कि ऐसी स्थिति में चीन भी इसी तरह के क़दम उठाने के लिए मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि लेकिन चीन चाहता है कि दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और बराबरी का रिश्ता बना रहे जिससे दोनों देशों का फ़ायदा हो.

    उन्होंने कहा कि अगर भारत चीन के पत्रकारों को वीज़ा नहीं देगा तो चीन भी ऐसा ही क़दम उठाएगा.

  10. नमस्कार आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    31 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.