एस जयशंकर ने की रूसी विदेश मंत्री से मुलाक़ात, क्या हुई बात?
ब्रिक्स की बैठक के लिए दक्षिण अफ्रीका गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने रूसी विदेश मंत्री से मुलाक़ात की है.
गुरुवार को केपटाउन में एस जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोव से मुलाक़ात की है.
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों नेताओं के बीच ब्रिक्स, जी 20 और एससीओ समेत अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई. इस दौरान दोनों ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भी चर्चा की.
ये दूसरी बार है जब जयशंकर और सर्गेई लैवरोव की मुलाक़ात हुई है.
इससे पहले मई महीने के पहले सप्ताह में दोनों नेताओं की मुलाक़ात गोवा में एससीओ की बैठक के दैरान हुई थी.
ब्रिक्स की बैठक में शिरकत करते हुए एस जयशंकर ने कहा कि ये बैठक ऐसे वक्त हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई, इस कारण ये बेहद अहम है.
उन्होंने कहा कि हमारी इस बैठक से ये संदेश जाना चाहिए कि दुनिया बदल रही है, ये अब बहुध्रुवीय हो रही है और नई तरह की स्थितियां पैदा हो रही हैं जिन्हें पुराने तरीकों से हम नहीं किया जा सकता.
उन्होंने आतंकवाद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए बड़ा ख़तरा बताया और कहा कि सभी देशों को इसके ख़िलाफ़ कदम उठाने की ज़रूरत है.