टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के काफ़िले पर हमले का आरोप, मंत्री की कार का शीशा टूटा
- Author, प्रभाकर मणि तिवारी
- पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के काफ़िले पर हमले की ख़बर आई है.
बनर्जी के काफ़िले पर शुक्रवार शाम में जनसंपर्क यात्रा के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर के सालबनी इलाके में कुर्मी समुदाय के प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर हमला किया.
राज्य की मंत्री बीरबाहा हांसदा की कार के शीशे टूट गए. उस समय काफिला झाड़ग्राम से सालबनी जा रहा था.
इस घटना से नाराज बीरबाहा ने कहा, "मैं खुद भी आदिवासी समुदाय से हूं. लेकिन इस तरह आंदोलन नहीं किया जाता. यह असभ्यता है. इस हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी,"
अभिषेक की जनसंपर्क यात्रा में शामिल टीएमसी के एक नेता ने बताया कि अभिषेक के काफ़िले के सालबनी जाते समय नेशनल हाइवे-5 के दोनों ओर कुर्मी समुदाय के लोग प्रदर्शन कर रहे थे.
उनका दावा था कि भीड़ ने अभिषेक के लिए चोर-चोर के नारे भी लगाए. पुलिस ने बताया कि भीड़ की ओर से हुए पथराव में काफ़िले के बीच में चल रही मंत्री बीरबाहा की कार के शीशे टूट गए.
बीरबाहा ने कुर्मी समुदाय के लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए इसके लिए सीपीएम और भाजपा को भी जिम्मेदार ठहराया है.
उनका कहना था, "तृणमूल कांग्रेस ने कभी कुर्मी समुदाय के आंदोलन का विरोध नहीं किया है. लेकिन इसके बावजूद तृणमूल कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया है. इस मामले में भाजपा और सीपीएम भी शामिल है."
झारखंड से सटे जंगलमहल इलाके में अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग के मुद्दे पर कुर्मी समुदाय लंबे समय से आंदोलन कर रहा है. इस तबके के लोगों ने इलाके में रेल और सड़क परिवहन ठप करने के अलावा बंद भी बुलाया था.