You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

संसद भवन के समारोह के बहिष्कार को एनडीए ने बताया अनादर

19 विपक्षी पार्टियों ने नई संसद के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने का फ़ैसला किया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. फ़्रांस में कम दूरी वाली उड़ानों पर बैन, ये है वजह

    फ़्रांस ने कार्बन उत्सर्जन घटाने के मक़सद से कम दूरी की घरेलू उड़ानों को बैन कर दिया है.

    दो साल पहले फ़्रांस के सांसदों ने इससे संबंधित प्रस्ताव पर वोट किया था. इस प्रस्ताव में प्रावधान था कि जो सफ़र ट्रेन से भी दो-ढाई घंटे में पूरा हो सकता है, वहाँ विमान सेवा बंद कर देनी चाहिए.

    हालांकि, इस प्रतिबंध का कनेक्टिंग फ़्लाइट्स पर कोई असर नहीं होगा.

    लेकिन आलोचक इसे सिर्फ़ 'प्रतीकात्मक रोक' बता रहे हैं.

    एयरलाइंस फ़ॉर यूरोप के इंडस्ट्री ग्रुप हेड लॉरेंट डोंसील ने समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा, "इन उड़ानों पर प्रतिबंध से कार्बन उत्सर्जन पर बहुत कम असर पड़ेगा."

    उन्होंने कहा कि सरकारों को इसकी बजाय 'वास्तविक और ज़रूरी समाधानों' पर ज़ोर देना चाहिए.

    कोरोना वायरस महामारी से दुनियाभर में एयरलाइन कंपनियां प्रभावित हुईं. फ़्लाइटरडार24 नाम की वेबसाइट के अनुसार, 2019 की तुलना में बीते साल उड़ानों की संख्या 42 फ़ीसदी घट गई.

    फ़्रांस की सरकार से लगातार सख़्त नियम लागू करने की मांग हो रही थी.

    इस मामले में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने साल 2019 में 'फ़्रांस सिटिज़न कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट' का गठन किया था. इसमें शामिल 150 सदस्यों ने ऐसी जगहों पर विमानों को बंद करने का सुझाव दिया था, जहाँ चार घंटे के अंदर ट्रेन से पहुंचा जा सकता है.

    लेकिन कुछ क्षेत्रों और एयरलाइन कंपनियों की आपत्ति के बाद इसे घटाकर ढाई घंटे किया गया था.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह का दावा, क़रीबियों पर ईडी ने छापा मारा

    आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके सहयोगी अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर छापा मारा है.

    संजय सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, "मोदी की दादागिरी चरम पर है. मैं मोदी की तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ रहा हूं. ईडी की फ़र्ज़ी जाँच को पूरे देश के सामने उजागर किया. ईडी ने मुझसे ग़लती मानी. जब कुछ नहीं मिला तो मेरे सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर ईडी ने छापा मारा है."

    संजय सिंह ने ये भी बताया कि सर्वेश मिश्रा के पिता कैंसर से पीड़ित हैं.

  3. 'साराभाई वर्सेज़ साराभाई' सीरियल की अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की सड़क हादसे में मौत

    अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. वो 'साराभाई वर्सेज़ साराभाई 2' शो में उनके रोल के लिए मशहूर थीं.

    वैभवी की मौत की ख़बर निर्माता जेडी मजेठिया ने सोशल मीडिया पर शेयर की है.

    उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "जीवन बहुत अप्रत्याशित है. शानदार एक्ट्रेस और प्यारी दोस्त, साराभाई वर्सेज़ साराभाई की 'जैस्मिन' के तौर पर जानी जाने वाली वैभवी उपाध्याय नहीं रहीं. वो उत्तर (भारत) में सड़क हादसे का शिकार हुईं. उनका परिवार बुधवार को उनका शव मुंबई लाएगा, यहाँ सुबह क़रीब 11 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा. वैभवी की आत्मा को शांति मिले."

    अभी तक सड़क हादसे की वजह नहीं पता चल सकी है.

    वैभवी ने दीपिका पादुकोण के साथ साल 2020 में आई फ़िल्म 'छपाक' में भी काम किया था.

  4. पीएम मोदी ने एंथनी अल्बनीज़ के सामने उठाया ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हो रहे हमलों का मुद्दा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हो रहे हमलों का मामला वहां के पीएम एंथनी अल्बनीज़ के सामने उठाया है.

    पीएम मोदी ने कहा कि उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज़ ने इन मामलों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

    नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के तीन दिवसीय दौरे पर हैं.

    दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने बुधवार को मुलाक़ात की, जिसके बाद उन्होंने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.

    इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और मैंने पहले भी ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हो रहे हमलों और अलगाववादी तत्वों पर बात की थी. हमने आज भी इस मुद्दे पर चर्चा की है. हम ऐसे किसी भी तत्व को बर्दाश्त नहीं करेंगे जो अपने विचारों या कृत्यों से भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच की दोस्ती को नुक़सान पहुंचाए. पीएम अल्बनीज़ ने मुझे एक बार फिर से आश्वासन दिया है कि वो भविष्य में भी इस तरह के तत्वों पर सख्त कार्रवाई करेंगे."

    पिछले कुछ समय में ऑस्ट्रेलिया में कई मंदिरों में तोड़फोड़ के मामले सामने आए हैं. साथ ही ख़ालिस्तान समर्थकों और भारतीयों के बीच झड़पें भी हुई है.

    इससे पहले मार्च महीने में जब अल्बनीज़ भारत आए थे तब उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया कोई भी अतिवाद या धार्मिक इमारतों पर हो रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा.

  5. एमपी: कूनो नेशनल पार्क में चीता के शावक की मौत, दो महीने में चौथा मामला

    मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को चीते के दो महीने के एक शावक की मौत हो गई.

    कूनो नेशनल पार्क में दो महीनों के अंदर चार चीतों की मौत हुई है. इनमें से तीन अफ़्रीकी देशों से लाए गए चीते थे.

    वन विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शुरुआती जांच से लगता है कि चीता शावक की मौत कमज़ोरी की वजह से हुई है.

    बयान में कहा गया, "निगरानी करने वाली टीम ने पाया कि मादा चीता 'ज्वाला' के चार शावकों में से तीन उनके साथ घूम रहे हैं, लेकिन एक शावक एक जगह पर पड़ा हुआ है. इसके बाद टीम ने पशु चिकित्सकों को जानकारी दी. मौक़े पर पहुंचकर शावक का इलाज किया गया लेकिन उसकी मौत हो गई."

    वन विभाग के बयान में ये भी कहा गया है कि शावक की मौत कमज़ोरी के कारण हुई है क्योंकि वो जन्म के समय से ही कमज़ोर था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, चीता 'ज्वाला' को सितंबर 2022 में नामीबिया से कुनो नेशनल पार्क लाया गया था. इसी साल मार्च महीने में उसने चार शावकों को जन्म दिया था.

    विलुप्त घोषित किए जाने के 70 साल बाद भारत में चीतों को फिर से बसाने के लिए ‘प्रोजेक्ट चीता’ लागू किया गया है. इसके तहत दक्षिण अफ़्रीका के देशों से चीतों को दो जत्थों में यहां लाया गया था.

    आठ नामीबियाई चीतों को पिछले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में कूनो नेशनल पार्क के बाड़ों में छोड़ा गया था.

    इसके बाद, इस साल फरवरी में दक्षिण अफ़्रीका से 12 और चीते कुनो नेशनल पार्क में लाए गए थे.

  6. राहुल गांधी के नए पासपोर्ट पर दिल्ली की अदालत में आज सुनवाई, सांसदी जाने के बाद सरेंडर किया था डिप्लोमैटिक पासपोर्ट

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नया पासपोर्ट जारी करने के लिए दिल्ली की एक अदालत में याचिका दी है. उनकी अर्ज़ी पर आज सुनवाई हो सकती है.

    संसद की सदस्यता जाने के बाद राहुल गांधी ने अपना डिप्लोमैटिक पासपोर्ट सरेंडर कर दिया था. अब उन्होंने अदालत में साधारण पासपोर्ट के लिए नॉन ऑब्जेक्शन सर्टिफ़िकेट (एनओसी) जारी करने की गुहार लगाई है.

    नेशनल हेराल्ड केस में नाम होने के कारण राहुल गांधी को साधारण पासपोर्ट जारी करवाने के लिए कोर्ट से एनओसी लेने की ज़रूरत है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, अतिरिक्त मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट वैभव मेहता ने नेशनल हेराल्ड मामले में शिकायतकर्ता बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी से गांधी के आवेदन पर जवाब मांगा है. इस मामले को सुनवाई के लिए आज सूचीबद्ध किया गया है.

    राहुल गांधी की ओर से आवेदन में कहा गया है, "आवेदक की मार्च 2023 में संसद सदस्यता ख़त्म हो गई है और उन्होंने अपना डिप्लोमैटिक पासपोर्ट जमा करा दिया था. अब वह एक नए साधारण पासपोर्ट के लिए आवेदन कर रहे हैं. इसी आवेदन के ज़रिए, आवेदक नए साधारण पासपोर्ट के लिए इस न्यायालय से अनुमति और एनओसी मांग रहे हैं."

    नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और अन्य को अदालत ने 19 दिसंबर 2015 को बेल दे दी थी.

    बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद ने कांग्रेस सूत्रों के हवाले से ये भी बताया कि राहुल गांधी 31 मई से अमेरिका के दौरे पर रहेंगे.

  7. केरल के मंदिरों में आरएसएस की 'शाखा' पर रोक, बीजेपी ने सीएम पिनराई विजयन को घेरा

    केरल के मंदिरों का संचालन करने वाले त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड (टीडीबी) ने एक नया सर्कुलर जारी किया है.

    इसके मुताबिक़, राज्य के मंदिर परिसरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सामूहिक अभ्यास (शाखा) या अन्य कोई भी गतिविधि नहीं चला सकेगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, टीडीबी ने नए आदेश का सख़्ती से पालन करने की हिदायत दी है और साथ ही इसका पालन न करने वाले अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की भी बात कही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ये सर्कुलर 18 मई को जारी किया गया है.

    हालांकि, टीडीबी ने इससे पहले 30 मार्च को भी एक आदेश जारी किया था. इसमें कहा गया था कि मंदिर से जुड़े अनुष्ठानों और त्योहारों के अलावा किसी अन्य मक़सद के लिए मंदिर परिसरों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.

    टीडीबी के अध्यक्ष के अनंतगोपन ने एएनआई से कहा, "कई मंदिरों में आरएसएस की शाखा चल रही थी और वो यहां अभ्यास कर रहे थे. इसी वजह से सर्कुलर जारी किया गया है. मंदिर श्रद्धालुओं के लिए होते हैं और उन्हें कोई दिक़्क़त नहीं होनी चाहिए. बोर्ड (टीडीबी) का यही रुख़ है."

    इस नए सर्कुलर को केरल की विपक्षी पार्टी का भी साथ मिला है.

    राज्य में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने मंदिरों में आरएसएस की गतिविधियों पर रोक का समर्थन करते हुए एएनआई से कहा, "केरल में क़रीब 90 फ़ीसदी हिंदू परिवार संघ परिवार के ख़िलाफ़ हैं."

    वहीं, बीजेपी ने नए आदेश को लेकर केरल के सीएम पिनराई विजयन पर निशाना साधा है.

    केरल बीजेपी के उपाध्यक्ष केएस राधाकृष्णन ने एएनआई से कहा, "मंशा बहुत साफ़ है. पिनराई विजय को अपने परिवार के सदस्यों को संतुष्ट करना है. पिनराई अपने दामाद पीए मोहम्मद रियास के धार्मिक हितों को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं."

  8. टीएमसी, आम आदमी पार्टी ने नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार किया, कांग्रेस ने ये कहा

    तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वे 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नए संसद भवन के उद्घाटन किए जाने का बहिष्कार करेंगी.

    लोकसभा में टीएमसी के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि नए संसद भवन का उद्घाटन कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस या गांधी जयंती के मौके पर आयोजित किया जाना चाहिए था न कि वीडी सावरकर की जयंती पर.

    उन्होंने कहा, "हमने 28 मई को नए संसद भवन के उद्घाटन कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फ़ैसला किया है."

    राज्यसभा में टीएमसी के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने भी इस मामले में ट्वीट किया और कहा कि संसद सिर्फ़ एक इमारत नहीं बल्कि पुरानी परंपराओं, मूल्यों, मिसालों और भारतीय लोकतंत्र की नींव वाली एक संस्था है.

    उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के लिए रविवार को नए संसद भवन का उद्घाटन केवल मैं, मैं, ख़ुद के बारे में है. इसलिए हमें इससे बाहर रखें."

    वहीं, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी कहा कि उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित न करना उनका घोर अपमान है.

    उन्होंने लिखा, "ये भारत के दलित आदिवासी व वंचित समाज का अपमान है. मोदी जी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं करने के विरोध में आम आदमी पार्टी उद्घाटन कार्यक्रम का बहिष्कार करेगी."

    इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ये कह चुके हैं कि संसद भवन का उद्घाटन पीएम नहीं बल्कि राष्ट्रपति को करना चाहिए.

    हालांकि, कांग्रेस ने ये कहा है कि उद्घाटन समारोह में शामिल होने को लेकर फ़ैसला सही समय पर किया जाएगा.

    पार्टी के प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने समारोह में शामिल होने या न होने के सवाल पर कहा, "उचित समय पर उचित फ़ैसला किया जाएगा."

    पीटीआई की ख़बर के अनुसार, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (सीपीआई) के महासचिव डी राजा ने भी कहा है कि उनकी पार्टी उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होगी.

  9. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    23 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.