राहुल गांधी ट्रक पर सवार होकर दिल्ली से चंडीगढ़ क्यों गए?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार की रात ट्रक ड्राइवर की समस्या सुनने के लिए ट्रक की सवारी की. कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप ट्वीट किया है. इस वीडियो में दिख रहा है कि राहुल गांधी ट्रक पर सवार हो रहे हैं.
कांग्रेस ने वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा है, ''जननायक राहुल गांधी जी ट्रक ड्राइवर्स की समस्या जानने उनके बीच पहुंचे. राहुल जी ने उनके साथ दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफ़र किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की सड़कों पर करीब 90 लाख ट्रक ड्राइवर्स हैं. इनकी अपनी समस्याएं हैं. इनके 'मन की बात' सुनने का काम राहुल जी ने किया.''
राहुल गांधी की रणनीति आजकल बिल्कुल अलग तेवर में दिख रही है. वह आम लोगों से आम जगहों पर मिलते हैं और बात करते दिखते हैं. कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी राहुल कॉलेज में स्टूडेंट्स से मिलने चले गए थे और सिटी बस में बैठकर लोगों से बात करते दिखे थे. राहुल ने बस में महिला पैसेंजरों से बात की थी. इसके अलावा हाल में राहुल गांधी दिल्ली यूनिवर्सिटी एक होस्टल में अचानक चले गए थे.