ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की कार का अमेरिका में पीछा किया गया.
अब प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल को अपनी गाड़ी में ले जाने वाले न्यूयॉर्क के कैब ड्राइवर ने पूरे माहौल पर बीबीसी से बातचीत की है.
सुखचरण सिंह की कैब में प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने करीब 10 मिनट तक सफ़र किया था. दोनों मिडटाउन मैनहटन के पुलिस स्टेशन से कैब में बैठे थे.
सुखचरण सिंह ने बीबीसी को बताया कि प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल इस छोटे से सफ़र में बहुत घबराए हुए दिख रहे थे.
हैरी और मेगन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा था कि उनकी गाड़ी का करीब दो घंटे तक पीछा किया गया और ये 'ख़तरनाक' साबित हो सकता था.
हालांकि, सुखचरण सिंह ने इसे ख़तरनाक नहीं माना.
उन्होंने कहा, "मैं 67 नंबर सड़क पर था और तभी एक सुरक्षा गार्ड ने मुझे बुलाया. इसके बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी को मेरी गाड़ी में बैठे."
"एक कचरा उठाने वाले ट्रक हमारे रास्ते में आया और तभी अचानक कहीं से पैपराज़ी आए और तस्वीरें खींचना शुरू कर दिया."
हैरी और मेगन ये बताने ही वाले थे कि उन्हें कहां जाना है लेकिन उससे पहले ही सुरक्षा गार्ड ने फ़ोन कर के उन्हें वापस पुलिस स्टेशन आने को कहा.
सुखचरण सिंह ने कहा, "वो घबराए हुए थे, मुझे लगता है कि शायद पूरे दिन या काफ़ी देर तक उनका पीछा किया गया था. वो घबराए ज़रूर थे लेकिन सुरक्षा गार्ड लगातार संपर्क में थे."
हैरी और मेगन के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि ‘ये विनाशकारी साबित हो सकता था.’
प्रवक्ता के मुताबिक प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल की कार का लगभग दो घंटे तक पीछा किया गया और इस दौरान हादसा होते होते बचा.
प्रिंस हैरी और मेगन की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि बीती रात न्यू यॉर्क में जब उनकी कार का पीछा गया तब उसमें मेगन की मां डोरिया भी थीं.
सड़क हादसे में हुई थी प्रिंसेज़ डायना की मौत
प्रिंस हैरी की मां प्रिसेंज डायना की साल 1997 में पेरिस में एक कार हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी.
डायना जिस कार में सवार थीं उसका पीछा किया गया था.
इस हादसे में डायना के पार्टनर डोडी फ़ायेद और कार के ड्राइवर हेनरी पॉल की भी मौत हो गई थी.