You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएलः आख़िरी ओवर में पलटी बाज़ी, लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को हराया

आईपीएल के रोमांचक मुक़ाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज़ मोहसिन ख़ान ने आख़िरी ओवर में बाज़ी पलट दी और टीम को मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ पांच रन से जीत दिला दी.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. डीके शिवकुमार पहुँचे दिल्ली, राहुल गांधी खड़गे के आवास पर आए

    कर्नाटक में कांग्रेस मुख्यमंत्री किसे बनाएगी यह सवाल अब भी सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच जूझ रहा है. सोमवार को सिद्धरमैया दिल्ली पहुँच गए थे और मंगलवार की दोपहर डीके शिवकुमार भी दिल्ली आ गए हैं.

    शिवकुमार दिल्ली कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने पहुँचे हैं. राहुल गांधी भी मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुँच गए हैं. दिल्ली के लिए बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रवाना होने से पहले डीके शिवकुमार ने कहा था कि वह न तो पार्टी को धोखा देंगे और न ही ब्लैकमेल करेंगे.

    शिवकुमार ने कहा था कि लोग उन्हें पसंद करें या ना करें पार्टी एकजुट है. शिवकुमार अपने विधायक भाई सुरेश कुमार के साथ दिल्ली पहुँचे हैं.

    सिद्धारमैया 2013 से 2018 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और डीके शिवकुमार अभी कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं.

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सलाह के बाद आज शाम तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकते हैं.

    सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के समर्थक एक दूसरे को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं. विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति नहीं बन पाई थी. कहा जा रहा है कि ज़्यादा विधायक सिद्धारमैया के साथ हैं लेकिन कई विधायक शिवकुमार के भी साथ हैं. इसलिए किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है.

    पिछले हफ़्ते शनिवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की हुई मतगणना में कांग्रेस को 224 में से 135 सीटों पर जीत मिली थी. बीजेपी को 66 और जनता दल (सेक्युलर) को 19 सीटों पर जीत मिली थी.

  2. ममता के समर्थन वाले प्रस्ताव पर कांग्रेस का तीखा जवाब

    कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि कांग्रेस जहाँ मज़बूत है, वहाँ वह समर्थन के लिए तैयार हैं लेकिन पश्चिम बंगाल में उसे त्याग करना होगा.

    ममता बनर्जी 14 मई को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, ''कांग्रेस जहाँ मज़बूत है, वहाँ हम समर्थन करेंगे. लेकिन कांग्रेस को इसी हिसाब से अन्य राजनीतिक पार्टियों को समर्थन करना चाहिए. अगर मैं कांग्रेस को कर्नाटक में समर्थन करती हूँ तो उसे भी पश्चिम बंगाल में टीएमसी के ख़िलाफ़ नहीं लड़ना चाहिए. अगर आप कुछ बड़ा हासिल करना चाहते हैं तो छोटी-छोटी चीज़ों का त्याग भी करना होगा.''

    ममता ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए 1:1 फॉर्मूला दिया है. ममता ने कहा कि जहाँ-जहाँ क्षेत्रीय पार्टियां मज़बूत हैं, वहाँ कांग्रेस को भी त्याग करना होगा.

    ममता बनर्जी ने कहा, ''जो जहाँ मज़बूत है, वहाँ विपक्ष को उसी की अगुआई में मिलकर लड़ना होगा. जैसे बंगाल में टीएमसी के लिए छोड़ देना चाहिए, दिल्ली में आप के लिए, बिहार में तेजस्वी जी और नीतीश जी को नेतृत्व करने देना चाहिए. कांग्रेस को इस फॉर्मूले पर सोचना चाहिए.

    कर्नाटक में चुनावी नतीजे आने से पहले ममता बनर्जी कांग्रेस को समर्थन देने के मामले में ख़ामोश थीं. जब 13 मई को कर्नाटक के चुनावी नतीजे आए तो ममता ने कांग्रेस का नाम लिए बिना बधाई दी थी.

    ममता बनर्जी की टिप्पणी पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा है, ''ममता ने कभी कर्नाटक के लोगों से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील नहीं की थी. अब कांग्रेस जीत गई तो समर्थन देने की बात कह रही हैं. कांग्रेस बड़ी पार्टी है और टीएमसी क्षेत्रीय पार्टी है. टीएमसी प्रमुख कुएं में मेंढक वाली सिंड्रोम से ग्रसित हैं.''

    पश्चिम बंगाल से कांग्रेस के दो लोकसभा सांसद हैं. हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने वामपंथी पार्टियों के समर्थन से मुर्शिदाबाद ज़िले में सागरदिघि सीट पर उपचुनाव में टीएमसी को हराया था.

    अधीर रंजन चौधरी ने द हिन्दू अख़बार से कहा, ''पश्चिम बंगाल में कांग्रेस टीएमसी को हराने में सक्षम है. हमने अतीत में ऐसा किया है और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ऐसा करेंगे.''

  3. रूस के इनकार के बीच भी नहीं रुका यह काम

    भारत और रूस के बीच आपसी कारोबार के लिए भले ही रुपए में सेटलमेंट से जुड़ी बातचीत बंद होने की ख़बरें आ रही हों, लेकिन दोनों देशों के बीच तेल को छोड़ कर कुछ दूसरे सौदों के पेमेंट रुपये में हो रहे हैं.

    ये प्रक्रिया इस साल जनवरी से ही शुरू है.

    भारत के यूको बैंक के सीईओ सोमा शंकर प्रसाद ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि रूस का गैजप्रॉम पहला बैंक है जिसने यूको बैंक में रूपी वोस्त्रो अकाउंट खोला था.

    रूस के कुछ दूसरे बैंकों ने यूको बैंक में रूपी वोस्त्रो अकाउंट खोलने का आवेदन दिया है.

    रूसी टीवी चैनल आरटी ने भी ख़बर दी है कि दोनों देशों के बीच ग़ैर डॉलर सेटलमेंट के लिए एक नया मैकेनिजम बन रहे हैं.

    आरटी के मुताबिक़ सोमा शंकर प्रसाद ने कहा है कि हालांकि ये नया तरीका है लेकिन ये जनवरी से ही काम कर रहा है.

    आरटी ने लिखा है कि रूस और भारत दोनों डॉलर का वर्चस्व कम करना चाहते हैं इसलिए नई पॉलिसी उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है.

    प्रसाद ने कहा कि जनवरी से लेकर अब तक दोनों देशों के बीच रुपये में 20 लेनदेन हो चुके हैं. यह रूस को भारत से किए गए निर्यात आइटमों से जुड़े हैं.

    पिछले सप्ताह भारत और रूस ने आपसी कारोबार रुपए में करने संबंधी बातचीत बंद होने की ख़बर आई थी.

    दरअसल, रूस के पास रुपयों का अंबार लग गया है और अब ये उसके लिए समस्या बन गया है.

    चूँकि रूस के लिए रुपए को दूसरी करेंसी में बदलने की लागत बढ़ती जा रही है, इसलिए वो रुपए में पेमेंट लेने से इनकार कर रहा है.

    यूक्रेन पर हमले के बाद रूस से भारत का आयात 10.6 अरब डॉलर से बढ़ कर 51.3 अरब डॉलर के मूल्य के बराबर पहुँच गया है. वहीं निर्यात 3.61 अरब डॉलर से थोड़ा घट कर 3.43 अरब डॉलर के मूल्य के बराबर हो गया.

    स्पष्ट है कि भारत को काफ़ी ज़्यादा पेमेंट करना है. रुपए में पेमेंट लेने से इनकार करने के बाद भारत को अब दूसरी करेंसी में पेमेंट करना होगा.

    ये करेंसी रुपए से ज़्यादा महंगी है, इसलिए भारत की देनदारी और बढ़ जाएगी. शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए गोवा आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने पत्रकारों को बताया कि रूस के भारतीय बैंकों में अरबों रुपए पड़े हैं, लेकिन वो इसका इस्तेमाल नहीं कर सकता.

    ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ लावरोफ़ ने पत्रकारों से कहा, ''हमें इस पैसे का इस्तेमाल करना होगा. लेकिन इसे दूसरी मुद्रा में ट्रांसफ़र करना होगा. इसे लेकर बातचीत चल रही है.''

  4. शिवकुमार बोले- मैं न धोखा दूंगा न ब्लैकमेल करूंगा

    कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी के महासचिव ने दिल्ली अकेले आने के लिए कहा था.

    शिवकुमार ने कहा कि उनकी तबीयत अब ठीक है और दिल्ली जा रहे हैं. शिवकुमार ने एयरपोर्ट जाने से पहले पत्रकारों से यह बात कही. शिवकुमार को सोमवार को ही दिल्ली आना था लेकिन उन्होंने ऐन मौक़े पर आने की योजना टाल दी थी.

    उन्होंने कहा था कि पेट में इन्फेक्शन है, इसलिए दौरा टाल दिया था.

    शिवकुमार से मुख्यमंत्री बनने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''हमारा घर एकजुट है. हमारे पास 135 विधायक हैं. हम विभाजन नहीं चाहते हैं. मुझे वे पसंद करें या ना करें. मैं एक ज़िम्मेदार व्यक्ति हूँ. न मैं धोखा दूंगा और न ही ब्लैकमेल करूंगा.''

    कांग्रेस नेता सिद्धारमैया सोमवार को ही नई दिल्ली पहुँच गए हैं. सिद्धारमैया के बारे में कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री की रेस में वही सबसे आगे चल रहे हैं.

    शिवकुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''अगले साल लोकसभा चुनाव में 20 सीटें जीतना हमारा अगला लक्ष्य है. हमारा घर एकजुट है. मैं किसी को बाँटना नहीं चाहता. मैं किसी के बारे में कोई ख़राब टिप्पणी नहीं करूंगा.''

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना 13 मई को हुई थी और कांग्रेस को 224 में से 135 सीटों पर शानदार जीत मिली थी.

  5. धोनी को लेकर क्यों छलके सुनील गावस्कर के आंसू

    पिछले रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के बाद अपनी शर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी के ऑटोग्राफ के बारे में बताते हुए भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर भावुक हो गए.

    टीवी पर एक लाइव कमेंट्री शो के दौरान जब प्रेजेंटर ने गावस्कर से उन लम्हों के बारे में बोलने के लिए कहा था कि उसका ब्यौरा देते हुए वह भावुक हो गए.

    उन्होंने कहा, ''देखिये जब मुझे पता चला कि सीएसके टीम एक 'लैप ऑफ ऑनर' देने वाली है तो मैं संयोग से वहां था. जब टीम के लोग वहां लैप ऑफ ऑनर कर रहे थे तो मैंने सोचा कि मैं अपनी शर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ़ ले लूं.''

    ''हमारे कैमरे के साथ जो खड़े थे उनके पास मार्कर पेन भी था. जब मैं माही के पास गया तो मैंने उनसे रिक्वेस्ट की कि आप मेरे लिए ऑटोग्राफ दें. उन्होंने मेरी शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया. लेकिन ये मेरे लिए बड़ा इमोशनल मोमेंट है क्योंकि इस बंदे ने क्या-क्या नहीं किया है, इंडियन क्रिकेट के लिए.''

    मैंने कहा है, ''अगर मेरी ज़िंदगी के कुछ आख़िरी लम्हों में मुझे दो चीज़ें देखनी होगी तो मैं पहली चीज़ तो कपिल देव का 1983 का वर्ल्ड कप उठाने वाला लम्हा देखना चाहूंगा. दूसरा, जब धोनी ने छक्का मार कर जिस तरह से बल्ले को घुमाया है, उसे देखना चाहूंगा. ''

    गावस्कर जब लाइव टीवी कमेंट्री में जब ये बता रहे थे तो उनकी आंखों में आंसू छलक रहे थे. गावस्कर ने भावुक होते हुए कहा, ''अगर ये दोनों मेरे आख़िरी लम्हों में दिखेंगे तो मैं हँस कर जाऊंगा.''

    रविवार को मैच के बाद कप्तान धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम मैदान के चारों ओर चक्कर लगाते हुए फ़ैन्स का शुक्रिया अदा कर रही थी.

    पीली जर्सी में चेन्नई टीम को सपोर्ट करने के लिए मैच दर मैच स्टेडियम भरते रहे फ़ैन्स का धोनी और उनकी टीम आभार जताना चाहती थी.

    एक पैर के घुटने पर नी-कैप बांधे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दर्शकों की ओर कभी टी-शर्ट उछाल रहे थे तो कभी टेनिस की बॉल. इसी बीच मैच की कमेंट्री टीम में शामिल भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर मैदान में आए और लगभग दौड़ते हुए महेंद्र सिंह धोनी के पास पहुंचे.

    गावस्कर को देखकर धोनी रुके. दोनों के बीच कुछ बात हुई और फिर धोनी की तरफ़ देखते हुए गावस्कर ने अपनी शर्ट की ओर इशारा किया.

    मुस्कुराते धोनी ने उनकी शर्ट पर 'माही' लिख दिया. फिर धोनी और गावस्कर गले मिले. इसके बाद गावस्कर अपने रास्ते चल दिए और धोनी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की ओर सीएसके की पीली टी-शर्ट और टेनिस बॉल उछालने लगे.

  6. पीएम मोदी के दौरे से पहले अमेरिका ने जारी की धार्मिक स्वतंत्रता की रिपोर्ट

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से एक महीना पहले वहाँ के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता की रिपोर्ट जारी की है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने वॉशिंगटन में एक कार्यक्रम के दौरान 2022 की अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता की रिपोर्ट जारी की है. हालाँकि ब्लिंकन के आधिकारिक भाषण में भारत का ज़िक्र नहीं किया गया है. ब्लिंकन ने चीन, ईरान, म्यांमार और निकारगुआ का नाम लिया है.

    लेकिन रिपोर्ट में भारत में अल्पसंख्यकों की स्थिति को लेकर विस्तार से बात कही गई है.

    समचार एजेंसी एएफ़पी से एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि भारत अपने यहाँ धार्मिक हिंसा की निंदा करे. पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिका के एक सीनियर अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि भारत एक क्षमतावान देश है लेकिन वहां जारी धार्मिक हिंसा काफ़ी दुखद है.

    उस सीनियर अधिकारी ने एएफ़पी से कहा, ''हम चाहते हैं कि भारत सरकार धार्मिक हिंसा की निंदा करे और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए.''

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट शोध और मीडिया में छपी रिपोर्ट के आधार पर है. रिपोर्ट में मुसलमानों के घर तोड़ने और उनके साथ पुलिस की कथित मारपीट को लेकर चिंता जताई गई है.

    भारत अमेरिका से आने वाली धार्मिक स्वतंत्रता की रिपोर्ट को लेकर हमेशा से हमलावर रहा है. ख़ास कर अमेरिकी एजेंसी यूएस कमिशन ऑन इंटरनेशनल रिलिजियस फ़्रीडम की रिपोर्ट को भारत सिरे से ख़ारिज करता रहा है. इसी एजेंसी ने धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में अमेरिकी विदेश मंत्री से भारत को ब्लैकलिस्ट में डालने की सिफ़ारिश की थी.

    भारत ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय की 2021 की रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. भारत ने कहा था कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में वोट बैंक की राजनीति की जा रही है.

    दुनिया भर में धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय की 2021 की ये रिपोर्ट अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने जारी की थी.

    एंटनी ब्लिंकन ने कहा था कि हाल के दिनों में भारत में धार्मिक असहिष्णुता और पूजा-स्थल को लेकर लोगों पर हुए हमले बढ़े हैं.

    उन्होंने कहा था, "भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग रहते हैं. वहां हाल के दिनों में लोगों पर और उपासना स्थलों पर हमले के मामले बढ़े हैं."

  7. यूक्रेन पर रूस ने फिर दागीं कई मिसाइलें, बढ़ा तनाव

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूस ने एक बार फिर भारी हवाई हमले किए हैं.

    इस महीने लगातार ये आठवां हमला है. हमले में तीन लोगों के घायल होने की ख़बर है. सोशल मीडिया में एयर डिफेंस सिस्टम से मिसाइलों को मार गिराए जाने के वीडियो दिख रहे हैं.

    यूक्रेन सरकार ने लोगों को खिड़कियों से दूर रहने को कहा गया है कि मिसाइलों पर हमले के दौरान मलबा गिरने का डर है.

    कीएव के मेयर विताली किलित्शको ने कहा है कि रॉकेट का कुछ मलबा केंद्रीय जिलों में गिरे हैं.

    एक चिड़ियाघर पर भी मलबा गिरा है. रूस जो हमले कर रहा है उसमें ड्रोन और मिसाइलों दोनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. कीएव के अधिकारियों का कहना है ये हमले काफी भीषण हैं.

    कीएव के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरी पोपको ने कहा कि बहुत कम समय के अंतराल में एक साथ बहुत ज्यादा मिसाइलों का इस्तेमाल हो रहा है.

    उन्होंने कहा कि कीएव पर हो रहे ज्यादातर रूसी हमलों को नाकाम कर दिया गया है.

  8. भारत के निर्यात में लगातार तीसरे महीने गिरावट, घट कर 34.66 अरब डॉलर पर पहुंचा

    भारत के निर्यात अप्रैल महीने में 12.7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.

    ये लगातार तीसरा महीना है जब निर्यात में गिरावट दर्ज की गई. अप्रैल महीने में निर्यात 12.7 फीसदी गिर कर 34.66 अरब डॉलर का रह गया.

    सरकार की ओर से निर्यात आंकड़े जारी करते हुए कहा गया है कि यूरोप और अमेरिका के मार्केट में मांग कम होने की वजह से निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है. इस स्थिति में सुधार में कुछ महीने लगेंगे.

    विदेश व्यापार महानिदेशक संतोष कुमार सारंगी ने कहा,''यूरोप में मांग की स्थिति अच्छी नहीं दिख रही है. अमेरिका में भी गिरावट देखी गई है. आगे के दो-तीन महीने में मांग बढ़ने की संभावनाएं नहीं दिख रही हैं. हालांकि सितंबर से हालात सुधर सकते हैं.''

    निर्यात के साथ आयात में भी गिरावट दर्ज हुई है. आयात में लगातार पांचवें महीने गिरावट दर्ज की गई है.

    अप्रैल में निर्यात घट कर 49.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया. पिछले साल अप्रैल में 58.06 अरब डॉलर का आयात हुआ था.

  9. हेमंत सोरेन ने की खड़गे से मुलाकात, विपक्षी एकता पर चर्चा की ख़बर

    कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद विपक्षी एकता की कोशिश फिर तेज़ हो गई है.

    इस सिलसिले में झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात की.

    हालांकि ये बताया गया कि सोरेन ने कांग्रेस को जीत के लिए बधाई दी, लेकिन सूत्रों का कहना है इस दौरान विपक्षी एकता पर बातचीत हुई.

    कहा जा रहा है कि सोरेन ने इस दौरान नीतीश कुमार से अपनी मुलाक़ात का भी ज़िक्र उनसे किया.

    सोरेन ने खड़गे को झारखंड में चल रही सरकार की योजनाओं के बारे में बताया. कांग्रेस झारखंड की गठबंधन सरकार में शामिल है.

    सोरेन ने एक ट्वीट कर कहा, ''कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी से नई दिल्ली में मुलाक़ात की. मैंने उन्हें कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत की बधाई दी.''

    ''इस मुलाक़ात के दौरान खड़गे जी से देश के मौजूदा और भविष्य के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई.''

    खड़गे ने भी ट्वीट कर कहा,'' झारखंड के मुख्यमंत्री से मुलाक़ात हुई. उन्होंने कर्नाटक की जीत पर कांग्रेस को बधाई दी.''

  10. यूक्रेन पर हमले के लिए ईरान से और ड्रोन खरीदेगा रूस, अमेरिका का दावा

    अमेरिका ने कहा है कि रूस यूक्रेन पर हमले के लिए ईरान से और अधिक ड्रोन खरीदने जा रहा है. इससे पहले वो ईरान से खरीदे गए 400 ड्रोन्स का इस्तेमाल कर चुका है.

    बाइडन सरकार ने पिछले साल सेटेलाइट इमेज और ख़ुफ़िया जानकारी प्रकाशित की थी. इसके मुताबिक़ ईरान ने रूस को हमला करने वाले सैकड़ों ड्रोन बेचे थे.

    पिछले कई महीनों से अमेरिकी अधिकारी ये भी कहते रहे हैं कि ईरान रूस को सैकड़ों मिसाइलें बेचने पर विचार कर रहा है. हालांकि अमेरिका को इस बात के प्रमाण नहीं मिले हैं.

    व्हाइट हाउस की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के चेयरमैन जॉन किर्बी ने कहा,''ईरान रूस को लगातार एकतरफ़ा हमला करने वाला यूएवी दे रहा है.

    ''ये सप्लाई पिछले साल अगस्त से ही जारी है. ईरान ने रूस को 400 शाहेद यूएवी दिए हैं.''

    उन्होंने कहा,''रूस ने इन सभी ड्रोन्स का इस्तेमाल कर लिया है. इनका इस्तेमाल यूक्रेन की अहम इमारतों, पुलों और सड़कों जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमले के लिए हुआ है.''

  11. बजरंग दल मानहानि मामले में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को समन

    पंजाब की एक अदालत ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को समन जारी किया है.

    कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस के घोषणापत्र में बजरंग दल और इस्लामी संगठन पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया को एक जैसा बता कर इन पर बैन लगाने का वादा किया गया था.

    इसी के ख़िलाफ़ विश्व हिंदू परिषद ने खड़गे पर 100 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया था.

    विश्व हिंदू परिषद से जुड़े संगठन 'बजरंग दल हिंदुस्तान' के अध्यक्ष हितेश भारद्वाज ने इस मामले में संगरूर ज़िला अदालत में शिकायत दर्ज की थी.

    अदालत ने इस शिकायत पर सुनवाई के बाद खड़गे को समन जारी किया है.

    कर्नाटक चुनाव के दौरान जारी कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया था कि पार्टी सत्ता में आई तो जाति और धर्म के नाम पर सांप्रदायिक नफ़रत फैलाने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करेगी.

    घोषणापत्र में ऐसे जिन संगठनों का नाम लिया गया था उनमें 'पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया' और बजरंग दल शामिल थे.

    कांग्रेस की ओर से बजरंग दल की तुलना पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया जैसे संगठनों से करने पर काफ़ी हंगामा मचा था.

    बजरंग दल ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि उसकी तुलना 'पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया', 'सिमी' और 'अलक़ायदा' जैसे संगठनों से की गई है, जो बिल्कुल ग़लत है. विश्व हिंदू परिषद ने कहा था कि बजरंग दल बैन की धमकियों से नहीं डरता.

  12. मणिपुर हिंसा: अमित शाह ने कहा, 'हिंसा भड़काने वाले लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई होगी'

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मणिपुर में हिंसा भड़काने की साज़िश करने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य में शांति बहाल करने में हरसंभव मदद करेगी. अमित शाह ने ये भी कहा कि सरकार राज्य के सभी समुदायों की सुरक्षा के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाएगी.

    इससे पहले उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और उनके चार मंत्रियों के साथ दिल्ली में राज्य की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की.

    केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि गृह मंत्री ने मैतेई और कुकी समुदायों और मिज़ोरम के सिविल सोसाइटी संगठनों के एक समूह से भी बात की.

    मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच संघर्ष में 60 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं.

    राज्य में 3 मई को हिंसा तब शुरू हुई जब मैतेई समुदाय के लोगों को जनजातीय लोगों का दर्जा देने के ख़िलाफ़ 'ट्राइबल सॉलिडैरिटी' मार्च निकाला गया था.

    मणिपुर की आबादी में 53 फ़ीसदी मैतेई हैं और ज़्यादातर घाटी में रहते हैं. वहीं 40 फ़ीसदी जनजातीय लोगों में नगा और कुकी समुदाय शामिल हैं.

  13. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    15 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.