You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएलः आख़िरी ओवर में पलटी बाज़ी, लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को हराया

आईपीएल के रोमांचक मुक़ाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज़ मोहसिन ख़ान ने आख़िरी ओवर में बाज़ी पलट दी और टीम को मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ पांच रन से जीत दिला दी.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. डीके शिवकुमार: कर्नाटक में 'बीजेपी से लोहा' लेने वाले कांग्रेसी

  2. सिद्धारमैया: कर्नाटक में सियासी जोड़-तोड़ के माहिर मारेंगे बाज़ी?

  3. आईपीएलः आख़िरी ओवर में मोहसिन ख़ान ने पलटी बाज़ी, लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को हराया

    आईपीएल के रोमांचक मुक़ाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज़ मोहसिन ख़ान ने आख़िरी ओवर में बाज़ी पलट दी और टीम को मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ पांच रन से जीत दिला दी.

    इस जीत के साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने पॉइंट टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद बरकरार रखी है.

    अंतिम तीन ओवरों का रोमांच

    अंतिम तीन ओवरों में मुंबई इंडियंस को जीतने के लिए 39 रन बनाने थे. 18वें ओवर में यश ठाकुर ने केवल 9 रन देकर एक विकेट भी चटकाया.

    इसके बाद 19वें ओवर में नवीन-उल-हक़ की गेंदों पर टिम डेविड ने दो छक्के लगाए और मुंबई इंडियंस ने कुल 19 रन बनाए.

    आख़िरी ओवर में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 6 गेंद पर केवल 11 रन बनाने थे.

    एक छोर से टिम डेविड तो दूसरे से कैमरून ग्रीन पिच पर थे, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहसिन ख़ान ने इस आख़िरी ओवर में केवल पांच रन ही बनने दिए और मुंबई इंडियंस की टीम 5 रन से हार गई.

    लखनऊ सुपर जायंट्स की पारीः बेहद ख़राब शुरुआत के बाद स्टॉयनिस का तूफ़ान

    मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर लखनऊ सुपर जायंट्स को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा.

    लखनऊ सुपर जायंट्स ने बेहद ख़राब शुरुआत की. उसके पहले तीन विकेट केवल 35 रन बनने तक आउट हो गए.

    इसके बाद कप्तान क्रुणाल पंड्या और मार्कस स्टॉयनिस ने चौथे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी निभाई. स्टॉयनिस ने केवल 47 गेंदों पर 89 रन बनाए वहीं क्रुणाल पंड्या ने 42 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली.

    अंतिम तीन ओवरों में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 54 रन बनाए और 20 ओवरों में केवल तीन विकेट पर स्कोर को 177 रन पर पहुंचाया.

    मुंबई इंडियंस की पारीः रोहित, ईशान ने तेज़ी से जोड़े रन

    इसके बाद मुंबई इंडियंस ने बेहद तेज़ शुरुआत की. रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले 10 ओवरों में 90 रन जोड़ दिए.

    हालांकि इन दोनों के जल्दी जल्दी आउट हो जाने के बाद मुंबई की स्थिति बिगड़ती गई.

    पहले रोहित शर्मा 10वें ओवर में 37 रन बना कर आउट हुए. इसके बाद 12वें ओवर में ईशान किशन भी 59 रन बना कर पवेलियन लौट गए. दोनों विकेटें रवि बिश्नोई ने ली.

    तेज़ी से गिरने लगे विकेट और मिली हार

    इसके बाद मुंबई इंडियंस का विकेट जल्दी जल्दी गिरने लगा. तीन ओवर बाद (15वें ओवर में) सूर्यकुमार यादव (7 रन) आउट हुए तो दो ओवर बाद (17वें ओवर में) नेहाल वाडेरा का विकेट गिरा, वहीं 18वें ओवर में विष्णु विनोद आउट हो गए.

    अब पिच पर कैमरुन ग्रीन और टिम डेविड थे लेकिन ये आखिरी ओवर में 11 रन बनाने में नाकाम रहे.

    इसके साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस आईपीएल-16 में अपनी 7वीं जीत हासिल की और पॉइंट टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई.

  4. मंगेतर को जेल भेजकर चर्चा में आईं असम की सब-इंस्पेक्टर जुनमोनी राभा की सड़क हादसे में मौत

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पिछले साल अपने मंगेतर को धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ़्तार कर जेल भेजने के बाद विवादों से घिरीं असम पुलिस की महिला सब-इंस्पेक्टर जुनमोनी राभा की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है.

    पुलिस की एक जानकारी के अनुसार, यह सड़क हादसा मंगलवार तड़के जखलाबंधा थाना क्षेत्र के कलियाबोर के सरुभगिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर हुआ.

    जुनमोनी अपनी कार ख़ुद चला रही थीं. इस दौरान सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक के साथ उनकी कार की आमने-सामने से टक्कर हुई जिसमें जुनमोनी की मौके़ पर ही मौत हो गई.

    इस सड़क दुर्घटना की जानकारी देते हुए जाखलाबंधा पुलिस थाने के प्रभारी पवन कलिता ने कहा, "इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद एक पुलिस गश्ती टीम मौके़ पर पहुंची और जुनमोनी को पास के अस्पताल ले गई. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया."

    थाना प्रभारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश से आ रहे कंटेनर ट्रक को पुलिस ने ज़ब्त कर लिया गया है. लेकिन दुर्घटना के बाद चालक मौके़ से फरार हो गया.

    नौगांव जिले के मोरिकोलोंग पुलिस चौकी की प्रभारी के तौर पर काम कर रही जुनमोनी को बीते साल जून महीने में "आपराधिक साज़िश रचने" और "धोखाधड़ी करने" के उन्हीं आरोपों के तहत गिरफ़्तार किया गया था जिसके तहत उनके मंगेतर को गिरफ़्तार किया गया था.

    वह कई महीनों तक नौकरी से निलंबित रहीं थीं. जेल से छूटने के बाद उनका निलंबन हटा लिया गया था और वो फिर से सेवा में शामिल हो गईं थीं.

    जुनमोनी राभा बतौर एक महिला पुलिस अधिकारी उस समय सुर्ख़ियों में आई थीं, जब पिछले साल जनवरी में उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी विधायक अमिय कुमार भुइयां को 'जन प्रतिनिधि की ज़िम्मेदारी का पाठ सिखाया' था.

    दोनों के बीच टेलीफोन पर हुई एक बहस की क्लिप मीडिया में लीक भी हुई थी. जुनमोनी राभा के परिवार ने पूरी घटना में साज़िश का आरोप लगाया है.

  5. पीएम मोदी जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएंगे

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 से 24 मई तक जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाले हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी है.

    पीएम मोदी 19 से 21 मई तक हिरोशिमा में जी 7 देशों की बैठक में हिस्सा भी लेंगें.

    जापान के बाद पीएम मोदी पोर्ट मोसर्बी का रुख़ करेंगे जहां वे पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री के साथ 22 मई को फॉरम फॉर इंडिया-पैसिफ़िक आइलैंड्स को-ऑपरेशन की तीसरी बैठक में हिस्सा लेंगे.

    इसके बाद मोदी सिडनी जाएंगे जहां वे 22 मई से 24 मई तक क्वाड की बैठक में हिस्सा लेंगे.

    क्वाड की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, जापान के प्रधानमंत्री फ़ुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज़ भी शामिल होंगे.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है, "इस बैठक में नेता इंडो-पैसेफ़िक क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम की चर्चा करेंगे और इस इलाक़े को मुक्त और सभी के इस्तेमाल योग्य बनाए जाने पर विचार करेंगे."

  6. जस्टिस पीके मिश्र और एडवोकेट केवी विश्वनाथन को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने की सिफ़ारिश

    सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्र और सीनियर एडवोकेट केवी विश्वनाथन को अपने यहां जज बनाने की सिफ़ारिश केंद्र सरकार से की है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट काॅलिजियम के दस्तावेज़ों से पता चला है कि काॅलिजियम ने इन दोनों के नाम सर्वसम्मति से सरकार के पास भेजे हैं.

    सुप्रीम कोर्ट में फ़िलहाल जज के दो पद खाली हैं. यहां इस समय जजों के 34 पद स्वीकृत हैं, लेकिन अभी केवल 32 जज ही यहां काम कर रहे हैं.

    हालांकि अगले दो महीनों के भीतर चार अन्य जजों के रिटायर होने से और पद खाली हो जाएंगे.

    कौन हैं जस्टिस मिश्र और एडवोकेट केवी विश्वनाथन ?

    जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्र दिसंबर 2009 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जज बनाए गए थे. उन्हें अक्टूबर 2021 में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था.

    वहीं तमिलनाडु के रहने वाले केवी विश्वनाथन को 2009 में सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट का दर्जा दिया गया था.

    57 साल के विश्वनाथन यदि सुप्रीम कोर्ट के जज बने तो वे रिटायरमेंट से पहले देश के मुख्य न्यायाधीश बन सकते हैं.

  7. लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने रखा 178 रन का लक्ष्य

    आईपीएल के 63वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 178 रन का लक्ष्य रखा है.

    लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुक़सान पर 177 रन बनाए.

    लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मार्कस स्टोयनिस ने सबसे अधिक 89 रन बनाए. वे अंत तक नाॅट आउट रहे. वहीं कप्तान क्रुणाल पंड्या ने 49 रन का योगदान दिया.

    मुंबई इंडियंस के लिए जेसन बेहरनडाॅर्फ ने सबसे अधिक दो विकेट लिए.

    इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था.

    प्लेऑफ़ में पहुंचने के लिए दोनों टीमों का इस मुक़ाबले को जीतना बेहद ज़रूरी है.

  8. जब इमरान ख़ान ने चंगेज़ ख़ान की कहानी सुनाते हुए कहा- क़ुर्बानियाँ देनी होंगी

    तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान ख़ान ने अपने समर्थकों से कहा कि आपसे जब भी सड़क पर उतरने की अपील की जाए तो आप शांतिपूर्ण तरीक़े से अपने अधिकारों के लिए उतरें.

    उन्होंने इस दौरान मंगोल शासक चंगेज़ ख़ान का भी हवाला दिया.

    उन्होंने कहा, ''जब चंगेज़ ख़ान एक शहर फ़तह करता था, क़त्ल-ए-आम करता था, तो थोड़े से लोगों को ज़िंदा छोड़ता था और उनसे कहता था- बताओ दुनिया को कि मैं कितना ज़ालिम हूं और मेरी कितनी दहशत है. ये सुनकर पहले से ही लड़े बगैर शहर हाथ खड़े कर देते थे.''

    उन्होंने कहा, ''यहां भी यही हो रहा है. ज़ुल्म की दास्तान टीवी पर चलाई जा रही है. लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं और उसके वीडियो सोशल मीडिया और टीवी पर भी चल रहे हैं.''

    उन्होंने कहा, ''ये समय है अपनी आज़ादी लेने का. हमें इसके लिए क़ुर्बानियाँ देनी होगी. थोड़ी सी पुलिस है 70-80 हज़ार, 22-23 करोड़ अवाम है. जिस वक़्त जनता यह तय कर ले कि वो किसी को संविधान के ख़िलाफ़ नहीं जाने देंगे, तो हम आज़ाद हो जाएंगे. जब भी अगली कॉल आए आप शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर निकलें.''

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा था.

    पिछले सप्ताह मंगलवार को कई शहरों में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए थे. इन समर्थकों का गुस्सा ख़ास तौर से पाकिस्तानी सेना पर उतरा.

    गुस्साई भीड़ ने लाहौर में कोर कमांडर के घर पर धावा बोल दिया था. लाहौर के अलावा रावलपिंडी में सेना के जनरल हेडक्वॉर्टर में लोग घुस गए थे.

  9. सीबीआई ने जासूसी के आरोप में स्वतंत्र पत्रकार के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया

    सीबीआई ने डीआरडीओ और सेना के बारे में कथित रूप से संवेदनशील जानकारी जमा करने और उसे विदेशी ख़ुफ़ियों एजेंसियों के साथ साझा करने के मामले में एक स्वतंत्र पत्रकार के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, एजेंसी ने विवेक रघुवंशी से जुड़े 12 परिसरों पर छापेमारी की है.

    रघुवंशी अमेरिका की एक डिफेंस वेबसाइट के भारतीय संवाददाता हैं.

    एजेंसी ने रघुवंशी के ख़िलाफ़ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.

    अधिकारियों ने बताया है कि तलाश के दौरान कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद हुए हैं जिसे जांच के लिए भेज दिया गया है. सीबीआई का आरोप है वे डीआरडीओ के प्रोजेक्ट्स को लेकर संवेदनशील जानकारियां जुटा रहे थे.

  10. दिनभर: बागेश्वर बाबा पर बिहार में क्यों छिड़ा है विवाद?

  11. पश्चिम बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से नौ की मौत

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर बाद भयावह विस्फोट में अब तक कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

    इस घटना में मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है. यह फैक्ट्री एक मकान में चल रही थी.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना की सीआईडी जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढाई-ढाई लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है.

    विपक्षी सीपीएम और भाजपा ने इस घटना की जांच एनआईए से कराने की मांग की है. ममता ने कहा है कि उनको एनआईए की जांच से आपत्ति नहीं है. लेकिन हर घटना की जांच की मांग एनआईए से कराने की मांग करना भाजपा नेताओं के लिए एक फार्मूला बन गया है. मुख्यमंत्री ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी नाराजगी जताई है.

    उन्होंने राज्य के विभिन्न इलाको में चलने वाली अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर अचानक धमाके की भयावह आवाज से पूरा इलाका कांप उठा.

    पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारण पूरी फैक्ट्री ढह गई है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है.

    पुलिस अधीक्षक अमरनाथ ने बताया कि जिस घर में विस्फोट हुआ वहां से ओडिशा की सीमा 20 किमी दूर है.

    मुख्यमंत्री ने बताया कि उस फैक्ट्री के मालिक बानु बाग को बीते साल भी गिरफ़्तार किया गया था. बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी. ममता ने उनकी जमानत पर भी सवाल उठाया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "ओडिशा की सीमा से सटे उस इलाके में वह पटाखा फ़ैक्ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी. विस्फोट के बाद उसके मालिक के ओडिशा भागने की सूचना है. लेकिन उनको जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा. मैंने सुना है वे ओडिशा और बांग्लादेश तक पटाखे बेचते थे."

    इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया है. उनका कहना था, "तृणमूल कांग्रेस ने पूरे राज्य में बम और बंदूक की फैक्ट्री लगा दी है. यही बंगाल का सबसे बड़ा उद्योग है. राज्य में कानून और व्यवस्था पूरी तरह ढह चुकी है. इस घटना की जांच एनआईए से करानी चाहिए."

  12. आईपीएलः प्लेऑफ़ के लिए अहम मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीत कर गेंदबाज़ी ली

    आईपीएल का 63वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    मुंबई इंडियंस ने टॉस जीत कर गेंदबाज़ी ली.

    प्लेऑफ़ में पहुंचने के लिए दोनों टीमों का इस मुक़ाबले को जीतना बेहद ज़रूरी है. दोनों टीमों ने अपने पिछले मुक़ाबले में शानदार जीत हासिल की है. जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को हराया वहीं मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस पर जीत हासिल की. मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट टेबल में 14 अंकों के साथ अभी तीसरे तो 13 अंकों के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स चौथे पायदान पर मौजूद है.

    वैसे लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को इस मैच में एक मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल है क्योंकि दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक दो मैच खेले गए हैं और दोनों बार लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को हराया है.

    हालांकि दोनों ही टीमें इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन कर रही हैं तो इस मैच में ज़ोरदार टक्कर होने की पूरी संभावना जताई जा रही है.

  13. सऊदी अरब ने जो किया वह अरब दुनिया के इतना ख़ास क्यों

    सीरिया का अरब लीग से क़रीब एक दशक का निर्वासन सोमवार को ख़त्म हो गया. इस सप्ताह शुक्रवार को अरब लीग की बैठक है. सीरिया का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जेद्दा पहुंच गया है.

    इस प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री फ़ैसल मेकदाद और सूचना मंत्री बुतरुस हलाक़ शामिल हैं. सीरिया की समाचार एजेंसी सना ने यह जानकारी दी है.

    सऊदी अरब के सरकारी टीवी चैनल अल-इख़बरिया के अनुसार, सऊदी के वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान ने कहा, ''मैं अरब लीग में सीरिया का स्वागत करता हूं.''

    अरब लीग ने नवंबर 2011 में सीरिया को प्रदर्शनकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की वजह से लीग से बाहर कर दिया था. सीरिया में यही संघर्ष बाद में गृहयुद्ध में तब्दील हो गया और क़रीब 500,000 लोग मारे गए और लाखों लोग बेघर हो गए.

    इस महीने की शुरुआत में अरब लीग ने आधिकारिक तौर पर सीरिया सरकार का स्वागत किया था. सीरिया को अरब लीग में वापस लाने में संयुक्त अरब अमीरात की भूमिका अहम रही है. उसने 2018 में सीरिया के साथ संबंध बहाल किए थे.

    इसी बीच सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-अशद को यूएई ने यूएन जलवायु परिवर्तन कॉन्फ्रेंस (सीओपी28) में शामिल होने का न्योता दिया है. यह कॉन्फ्रेंस नवंबर में हो रहा है.

    साल 2011 में अरब स्प्रिंग की लहर सीरिया भी पहुंची और वहां भी बशर अल-असद की सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. लेकिन असद पर आरोप है कि उन्होंने अपने विरोधियों को बर्बरता के साथ कुचल दिया और इसी के कारण तुर्की और अरब देशों ने उनसे संबंध तोड़ दिए. अमेरिका और कई पश्चिमी देशों ने भी सीरिया पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे.

  14. शाहजहांपुरः छात्राओं से यौन उत्पीड़न मामले में कई निलंबन और गिरफ़्तारी

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शहबाज़ अनवर

    पश्चिम उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर ज़िले में जूनियर हाइ स्कूल की 10-12 छात्राओं के साथ यौन शोषण का का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक अनुदेशक के ख़िलाफ एफ़आईआर दर्ज की है.

    मामले को दबाने के आरोप में हेड मास्टर अनिल कुमार और एक सहायक शिक्षिका शाज़िया के नाम भी शिकायत में हैं. ज़िला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अनुदेशक की संविदा समाप्त कर दी है और हेड मास्टर के साथ सहायक शिक्षिका को सस्पेंड किया गया है.

    तिलहर थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बीबीसी से कहा, "थाना तिलहर के रायपुर, ददरौल में जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका नीरज सागर ने कुछ समय पहले विद्यालय में तैनात एक कम्प्यूटर अनुदेश मोहम्मद अली के ख़िलाफ़ विद्यालय की कई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायत की थी. स्कूल के हेडमास्टर अनिल कुमार ने इस मामले को चुनाव बाद देखने की बात कही थी."

    प्रभारी निरीक्षक ने आगे कहा, "मतगणना वाले दिन नीरज सागर ने इस मामले में हंगामा कर छात्राओं, उनके अभिभावकों और कुछ अन्य लोगों को इकट्ठा किया. इसके बाद मोहम्मद अली की पिटाई कर उसे बंद कर दिया गया. हेडमास्टर और एक अन्य सहायक शिक्षिका शाज़िया पर मामले को दबाने के भी आरोप लगाए."

    उन्होंने कहा, "पुलिस ने ग्राम प्रधान लालता प्रसाद की तहरीर पर मोहम्मद अली, अनिल कुमार और शाज़िया के ख़िलाफ़ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और एससी एसटी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है. मोहम्मद अली को गिरफ्तार कर चालान भी कर दिया गया है. जांच शुरू कर दी गई है."

  15. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लिए कीं ये अहम घोषणाएं

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 38 फ़ीसदी से बढ़ाकर 42 फ़ीसदी करने का निर्णय लिया है.

    राज्य सरकार ने बताया है कि इससे 16 लाख 35 हजार राज्य कर्मचारी और 11 लाख पेंशनरों को लाभ मिलेगा.

    मुख्यमंत्री कार्यालय ने ये घोषणाएं की हैं-

    • हर जिले में पीपीपी मॉडल पर कम से कम एक आधुनिक मॉडल बस स्टेशन विकसित किया जाना है.
    • 'मातृभूमि योजना' की शुरुआत. इसके तहत गांव वाले अपने पूर्वजों के नाम पर भवन, सड़क, कम्युनिटी सेंटर का नाम रखेंगे.
    • ग्रामीण क्षेत्रों ने स्वास्थ्य सेवाओं की सहज-सुलभ उपलब्धता के लिए टेलीकंसल्टेंट और हेल्थ एटीएम की सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा.
    • नए सत्र से 107 कस्तूरबा विद्यालयों में होगी इंटर तक की पढ़ाई
    • तहसीलों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार
  16. कर्नाटक में सीएम पर सस्पेंस के बीच कांग्रेस ने कहा- मुख्यमंत्री तो एक ही बनेगा

    कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही उठापटक के बीच कहा कि सिर्फ़ एक इंसान ही मुख्यमंत्री बन सकता है.

    उन्होंने कहा, ''पार्टी की अलग-अलग राज्यों में परिस्थितियां हैं. कई जगह हमारे पास एक से ज़्यादा क़ाबिल नेता हैं. राजस्थान में भी यह बात सच है. दो-तीन बहुत क़ाबिल नेता हैं. मुख्यमंत्री तो एक को ही बनना होता है. तो एक ही बनता है. बाक़ी लोगों की भी उम्मीदें होती हैं. होनी भी चाहिए.''

    उन्होंने कहा, '' पार्टी के पास एक तंत्र होता है. वहां हमारा एक प्रभारी है. रंधावा साहब हमारे वहां प्रभारी हैं. वो जो रिपोर्ट देंगे सबसे बात करने के बाद उस पर हम अमल करेंगे.अभी उन्होंने सबसे बात की है, उस आधार पर वो रिपोर्ट तैयार करेंगे, उसके बाद हम फ़ैसले करेंगे.''

    राजस्थान में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को अपनी ही सरकार को अल्टीमेटम दिया था.

    राजस्थान में भी इसी साल दिसंबर महीने में चुनाव है.

    पार्टी और प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नाराज़ सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी मांग मई महीने के आख़िर तक नहीं मानी गई तो राज्य भर में ज़ोरदार आंदोलन शुरू करेंगे. सचिन पायलट ने राजस्थान लोक सेवा आयोग को भंग कर फिर से बनाने की मांग की है. पायलट ने कहा कि जिन्हें पेपर लीक होने के कारण नुक़सान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए. पायलट ने पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार पर कथित भ्रष्टाचार के मामलों की उच्चस्तरीय जाँच की भी मांग की है.

    सचिन पायलट ने कहा था, ''जयपुर में आज हमारी जनसंघर्ष यात्रा समाप्त हो रही है. इस महीने के आख़िर में ये तीनों मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश भर में आंदोलन करूंगा. अब तक मैंने गांधीवादी तरीक़े से अनशन किया है लेकिन मांगें नहीं मानी गईं तो हर शहर और गली में आंदोलन छेड़ूंगा. हमारी ताक़त जनता है और जनता के लिए लड़ना ही हमारा मक़सद है.''

  17. वोडाफ़ोन से 11 हज़ार लोगों की नौकरियां जाएंगी

    वोडाफ़ोन अगले तीन साल में 11,000 नौकरियां कम करेगा.

    इस टेलिकॉम कंपनी की नई सीईओ मार्गरिटा डेला वैले ने यह घोषणा की है.

    इस जॉब कट का असर कई देशों में होगा. सीईओ ने कंपनी का काम और 'सरल' करने की योजना के तहत यह निर्णय लिया है.

    वोडाफ़ोन के दुनिया भर में 104,000 कर्मचारी हैं.

    वैले ने कहा, ''लगातार सेवा देने के लिए वोडाफ़ोन को बदलना होगा.''

    वैले जनवरी में प्रमुख बनीं थीं और वह अंतरिम फाइनैंस डायरेक्टर के तौर पर भी काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता उपभोक्ता हैं.

    उन्होंने कहा, ''हम कंपनी को और सरल बनाएंगे...हम अपने संसाधनों का इस्तेमाल अपने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए करेंगे और वोडाफ़ोन के बिजनेस को बढ़ाएंगे.''

    उन्होंने कहा कि ऐसा करने के लिए अगले तीन सालों में 11,000 नौकरियों कम होंगी.

  18. विराट कोहली ने बताया- वह क्या खाते हैं और क्या नहींं

    भारत के सुपरस्टार बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान विराट कोहली अपनी फिटनेस और फूड हैबिट के लिए जाने जाते हैं. वह फिट रहने के लिए काफ़ी पसीना भी बहाते हैं.

    स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए उन्होंने बताया है कि वह इन दिनों क्या खाते हैं और क्या खाने से एकदम परहेज़ करते हैं.

    उन्होंने कहा, ''जब आप अपनी फिटनेस जर्नी पर होते हैं तो कई चीज़ों का ख्याल रखते हैं. इसमें विटामिन, प्रोटीन और एक्स्ट्रा हाइड्रेशन जैसी चीज़ें शामिल हैं. एक समय आता है जब आप यह जान पाते हैं कि यह चीज़ आपके लिए सही है. यही बैलेंस है.''

    एक ही तरह का खाना अगले छह महीने तक

    कोहली ने बताया कि फिटनेस में उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती फूड थी. लेकिन अब वह एक ही तरह का खाना तीनों समय छह महीने तक खा सकते हैं.

    अपने डायट प्लान के बारे में उन्होंने बताया, ''मैं 90 फ़ीसदी खाना उबाला हुआ खाता हूं. मसाला बिल्कुल भी नहीं. सिर्फ नमक, काली मिर्च और नींबू. मैं इसी तरह खाता हूं. मुझे खाने के स्वाद से ज़्यादा मतलब नहीं होता है. मुझे स्वाद से फ़र्क नहीं पड़ता है. सलाद मुझे ड्रेसिंग के साथ पंसद है. पेन ग्रिल्ड ओलिव ऑयल के साथ. कढ़ी नहीं. मैं सिर्फ़ दाल खाता हूं लेकिन मसाला कढ़ी नहीं. हालांकि, मैं राजमा और लोबिया खाता हूं क्योंकि पंजाब से हूं, उसे नहीं छोड़ सकता.''

  19. सऊदी अरब में टूरिस्ट वीज़ा पर नहीं कर पाएंगे हज, जानिए नियम

    टूरिस्ट वीज़ा पर सऊदी अरब जाने वाले लोग हज के समय में हज और उमरा नहीं कर पाएंगे.

    हज और उमरा मंत्रालय ने कहा कि टूरिस्ट वीज़ा रखने वाले लोगों को अब हज के समय में हज और उमरा करने की अनुमति नहीं होगी.

    90 दिनों की टूरिस्ट वीज़ा रखने वाले लोगों को सिर्फ़ उमरा करने की अनुमति होती है लेकिन हज की अवधि में वे ऐसा नहीं कर पाएंगे.

    मंत्रालय ने पर्यटकों से कहा है कि वे नियमों का पालन करें और वीज़ा ख़त्म होते ही यहां से चले जाएं.

    वहीं सऊदी अरब ने सोमवार को यह नियम भी बनाया कि मक्का में दाखिल होने के लिए वाहन और व्यक्ति दोनों को परमिट की ज़रूरत होगी. मक्का में 26 जून से हज यात्रा शुरू होने की संभावना है. यह तारीख़ बदल भी सकती है क्योंकि अभी आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं हुई है.

    किन-किन देशों से लोग मक्का आते हैं?

    सऊदी अरब हर देश के हिसाब से हज का कोटा तैयार करता है. इंडोनेशिया का कोटा सबसे ज्यादा है. इसके बाद पाकिस्तान, भारत, बांग्लादेश, नाइजीरिया का नंबर आता है. इसके अलावा ईरान, तुर्की, मिस्त्र, इथियोपिया समेत कई देशों से हज यात्री आते हैं.

    उमरा क्या है?

    मक्का पहुंचकर मुसलमान सबसे पहले उमरा करते हैं. उमरा एक छोटी धार्मिक प्रक्रिया है. हज एक विशेष महीने में किया जाता है लेकिन उमरा साल में कभी भी किया जा सकता है. जो लोग भी हज पर जाते हैं वो आमतौर पर उमरा भी करते हैं, हालाकि ये अनिवार्य नहीं है.

    कोविड महामारी के पहले सऊदी अरब को हज से हर साल 30 अरब डॉलर का राजस्व हासिल होता था. 2022 में हज से सऊदी अरब में एक लाख नई नौकरियाँ पैदा हुई थीं.

  20. जम्मू-कश्मीर में जी20 की बैठक पर यूएन के एक समूह की आपत्ति, भारत का कड़ा जवाब

    भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकारों पर स्वतंत्र विशेषज्ञों की जम्मू-कश्मीर पर एक रिपोर्ट को ख़ारिज कर दिया है.

    भारत का कहना है कि जी20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत का यह विशेषाधिकार है कि वह अपने देश के किसी भी हिस्से में बैठक आयोजित करे.

    कश्मीर को लेकर यूएन में मानवाधिकारों पर विशेषज्ञ की यह रिपोर्ट जम्मू-कश्मीर में जी20 की बैठक आयोजित होने से पहले आई है. यह यूएन स्पेशल रपोर्टर ऑन माइनॉरिटी इश्यूज पर विशेष रिपोर्ट है.

    बयान में कहा गया है, ''जम्मू-कश्मीर में व्यापक स्तर पर मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है और ऐसे में वहां बैठक आयोजित कराना कश्मीरी मुसलमानों और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश को मान्यता दिलाने का यह भारत का प्रयास है.''

    'यूएन स्पेशल रपोर्टर (प्रतिवेदक) ऑन माइनॉरिटी इश्यूज' फ़र्नान्ड डी वार्नीज ने अपनी इस रिपोर्ट में कहा है कि कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन के बाद भी भारत सरकार वहां 22-24 मई को जी 20 की बैठक कर रही है.

    ऐसा करके भारत सरकार जम्मू-कश्मीर की स्थिति को सामान्य बताने का प्रयास कर रही है. रिपोर्ट में कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघनों में प्रताड़ित किया जाना, गिरफ़्तारियां, एक्स्ट्रा जूडिशल किलिंग (हत्या), राजनीतिक अधिकार नहीं देना जैसी चीजें शामिल हैं.

    बयान में कहा गया कि जम्मू-कश्मीर में छह अगस्त 2019 से दिल्ली से शासन को देखा जा रहा है जबकि लोकतांत्रिक अधिकार और चुनाव निलंबित हैं. उन्होंने कहा कि 2021 में भी संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकारों पर स्वतंत्र विशेषज्ञों ने भारत सरकार से अपनी चिंताएं ज़ाहिर की थीं.

    बयान में कहा गया कि भारत सरकार को तब बताया गया था कि राजनीतिक स्वतंत्रता का न होना और संपत्ति ख़रीदने के नए नियम, और अन्य क़ानून जम्मू-कश्मीर के डेमोग्राफ़ी में कई बदलाव लाएगा.

    भारत का जवाब?

    भारत सरकार ने इस रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि ने कहा है कि वह फ़र्नान्ड डी वार्नीज की रिपोर्ट को ख़ारिज करते हैं. ये सारे आरोप बेबनुयाद हैं. जी20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत का यह विशेषाधिकार है कि वह देश के किसी भी हिस्से में बैठक आयोजित करे.

    बयान में कहा गया कि फ़र्नान्ड ने ग़ैर ज़िम्मेदाराना तरीक़े से इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया. अपने पद का ग़लत इस्तेमाल किया.

    स्वतंत्र विशेषज्ञ ने रिपोर्ट में यह भी कहा है कि ऐसी ख़बरें हैं कि इस क्षेत्र से बाहर के हिंदू बड़ी संख्या में इस इलाक़े में आ रहे हैं ताकि वहां की डेमोग्राफ़ी (जनसांख्यिकी) में बदलाव हो.

    उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जो स्थिति है उसकी निंदा की जानी चाहिए न कि उसे बैठक आयोजित करके दरकिनार कर दिया जाए.