You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राणा-रिंकू का चेन्नई में जलवा, केकेआर ने धोनी की सीएसके को छह विकेट से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मिला 145 रन का लक्ष्य 19वें ओवर में हासिल कर लिया. नीतीश राणा ने नाबाद 57 और रिंकू ने 54 रन बनाए.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and स्नेहा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक प्रवीण सूद बने सीबीआई के नए डायरेक्टर

    प्रवीण सूद को केंद्रीय जांच ब्यूरो का नया डायरेक्टर नियुक्त किया है.

    वे इस समय कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी नियुक्ति दो साल के कार्यकाल के लिए हुई है.

    शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन सदस्य चयन समिति ने उनका नाम तय किया है.

    इस तीन सदस्य समिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी और भारत के चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ शामिल हैं.

    द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रवीण सूद के नाम के आगे अपने विरोध का नोट भी दर्ज किया है क्योंकि वो उन अधिकारियों के पैनल में शामिल नहीं थे जिन्हें पहले सीबीआई निदेशक के पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था.

  2. रूस-यूक्रेन में जारी बख़मूत की लड़ाई

    बख़मूत में महीनों से चल रही लड़ाई में कभी रूस तो कभी यूक्रेन जीत का दावा करते हैं.

    एक बार फिर यूक्रेन ने दावा किया है कि उनके सैनिक बख़मूत में 2 किलोमीटर तक दाख़िल हो गए हैं और रूस की सेना को भारी नुक़सान पहुंचाया है.

    लेकिन रूस के रक्षा मंत्रालय ने इससे इनकार किया है. इस बीच ब्रिटेन ने कहा है कि वो यूक्रेन को क्रूज़ मिसाइल दे रहा है, ताकि यूक्रेन रूस के हमले का जबाव दे सके.

    देखिए बीबीसी संवाददाता ह्यूगो बशेगा की ये रिपोर्ट.

  3. कांग्रेस ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और पार्टी नेताओं जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया को कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.

    एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि ये पर्यवेक्षक कांग्रेस विधायक दल की बैठक करेंगे.

    कर्नाटक में मतदाताओं ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है. पूर्ण बहुमत के साथ अब कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने जा रही है.

    अब सीएलपी की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर निर्णय होगा.

    पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और केपीसीसी अध्यक्ष डी के शिवकुमार दोनों ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे हैं.

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के शनिवार को आए परिणामों में कांग्रेस ने 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, बीजेपी को केवल 66 सीटें ही मिली हैं.

  4. हमने हिंदुत्व नहीं विकास के मुद्दे पर लड़ा था चुनावः बासवराज बोम्मई

    कर्नाटक के निर्वतमान मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने बीजेपी की हार के बाद दावा किया है कि उनकी पार्टी ने यह चुनाव कभी हिंदुत्व के मुद्दे पर नहीं लड़ा बल्कि विकास के मुद्दे पर लड़ा था.

    उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके घोषणा पत्र ने ध्रुवीकरण करने की कोशिश की.

    राजधानी बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए बोम्मई ने रविवार को कहा, "इस हार के 4-5 कारण हो सकते हैं. इसे समझने के लिए हमें ज़मीनी स्तर पर जाकर देखना होगा. अभी हम किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकते. हम इसका विश्लेषण करेंगे."

    उन्होंने दावा किया, "यह बात कुछ लोगों के दिमाग़ में है लेकिन हमने कभी हिंदुत्व पर नहीं लड़ा, बल्कि हम डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर लड़े."

    बोम्मई ने बीजेपी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कतील के पद छोड़ने की ख़बर का खंडन किया है.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यालय में आज कई विधायक मौजूद थे. पार्टी अध्यक्ष के साथ हुई अनौपचारिक बैठक में हमने कुछ मुद्दों पर चर्चा की.

    उनके अनुसार, "हम चुने गए विधायकों की बैठक बुलाएंगे और हार का गहन विश्लेषण करेंगे. हमें पूरा भरोसा है कि लोकसभा चुनाव में हम वापसी करेंगे."

    उन्होंने यह भी कहा है कि यह हार प्रधानमंत्री की हार नहीं है. वे तो राष्ट्रीय नेता हैं.

  5. हर रोज़ मौत को चकमा देने वाले स्टंटमैन की ज़िंदगी कैसी होती है?

    भारत के कई इलाक़ों में आज भी मेलों में मौत का कुआं लगाए जाने का प्रचलन है. इस तरह के मौत के कुएं में स्टंटमैन कई कारों और बाइक्स के साथ के स्टंट दिखाते हैं.

    उनके करतब देखने के लिए भारी भीड़ जमा होती है. लेकिन जान जोख़िम में डालकर स्टंट करने वाले ये लोग अपने पेश के बारे में क्या सोचते हैं?

  6. कर्नाटक तो एक झांकी है, अभी पूरा हिंदुस्तान बाक़ी है: संजय राउत

    कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

    संजय राउत ने एएनआई से हुई बातचीत में कहा, "कर्नाटक तो झांकी है और सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं अभी पूरा हिंदुस्तान बाक़ी है."

    राउत ने कहा, "कर्नाटक ने देश के लिए एक दरवाजा खोल दिया है. देश की सामान्य जनता ने दिखा दिया है कि तानाशाही को हराया जा सकता है, जो 1977 में हो गया था. इसलिए हमने कर्नाटक की जनता का अभिनंदन किया है."

    "बजरंग बली ने प्रचार में जरूर हिस्सा लिया, लेकिन उनका साथ जनता के साथ रहा. कांग्रेस जीत गई, जिसका मतलब हुआ कि बजरंग बली बीजेपी के साथ नहीं थे, बल्कि वे कांग्रेस के साथ थे."

    "प्रधानमंत्री मोदी जी चुनाव प्रचार में बजरंग बली को लेकर आए. हमारे गृह मंत्री (अमित शाह) बोल रहे थे कि बीजेपी हार गई तो दंगे हो जाएंगे. कर्नाटक तो बहुत शांत और खुश है. कहां हैं दंगे? आप धमकियां दे रहे थे."

  7. कर्नाटक का मुख्यमंत्री कौन होगा, डी के शिवकुमार या सिद्धारमैया

    कर्नाटक में मतदाताओं ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है. पूर्ण बहुमत के साथ अब कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने जा रही है.

    नतीजेंसबके सामने हैं लेकिन एक सवाल अभी भी सबके मन में चल रहा है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आख़िर कौन बैठेगा.

    इस रेस में तीन नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं.

    जीत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मीडिया के सामने आए तो खुद को रोक नहीं पाए और भावुक हो गए. दावेदारी को लेकर दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच कर्नाटक में पोस्टर वार भी शुरू हो चुकी है.

  8. बांग्लादेश और म्यांमार के समुदी तटों पर 'मोका' चक्रवात की दस्तक, तस्वीरों में देखें...

    पिछले एक दशक का सबसे भीषण चक्रवात 'मोका' बांग्लादेश और म्यांमार के समुदी तटों तक पहुंचने लगा है.

    हवा की गति के लिहाज से चक्रवात को कई श्रेणियों में बांटा जाता है और मोका तूफ़ान को पांचवीं श्रेणी में रखा गया है.

    अनुमान लगाया गया है कि इस तूफान की गति 250 किलोमीटर या उससे अधिक होगी.

    साथ ही आशंका जताई गई है कि इस तूफान के कारण समुद्र से सटे इलाक़ों में समुद्री लहरों की ऊंचाई चार मीटर तक हो सकती है.

    इससे तटवर्ती इलाकों में बाढ़ आने की गंभीर आशंका जताई गई है.

    इस आपदा से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन ने पांच लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया है.

    हालांकि बांग्लादेश के कॉक्स बाज़ार और म्यांमार के समुद्री तट के पास रह रहे लगभग 10 लाख रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर चिंता जताई जा रही है.

  9. COVER STORY: मणिपुर हिंसा का ज़िम्मेदार कौन?

    भारत का पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर पिछले दिनों तब अचानक सुर्ख़ियों में आ गया जब वहां हिंसा भड़कने की वजह से उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए.

    लेकिन वहां आख़िर हुआ क्या जिसके कारण ये हालात पैदा हुए. और हिंसा की वजह से आम लोगों की ज़िंदगी पर क्या असर पड़ा. कवर स्टोरी में देखिए.

  10. यूपी निकाय चुनाव के नतीजों पर बोलीं मायावती- बीजेपी ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग...

    उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजों के एक दिन बाद बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ने इलेक्शन में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया है.

    उन्होंने रविवार को ट्वीट किया, "यूपी निकाय चुनाव में भाजपा के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि अनेकों हथकण्डों के इस्तेमाल के साथ ही साथ इनके द्वारा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बीएसपी चुप होकर बैठने वाली नहीं है, बल्कि वक्त आने पर इसका जवाब बीजेपी को ज़रूर मिलेगा."

    बसपा उम्मीदवारों को वोट करने वाले लोगों का मायावती ने शुक्रिया भी अदा किया है. उन्होंने चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होते तो नतीजे कुछ और होते.

    मायावती ने कहा, "साथ ही, तमाम विपरीत हालात का सामना करते हुए बीएसपी पर भरोसा करके पार्टी उम्मीदवारों को वोट करने के लिए लोगों का तहेदिल से आभार और शुक्रिया. अगर यह चुनाव भी फ्री एण्ड फेयर होता तो नतीजों की तस्वीर कुछ और होती. बैलेट पेपर से चुनाव होने पर बीएसपी मेयर चुनाव भी ज़रूर जीतती."

    उन्होंने कहा, "वैसे चाहे भाजपा हो या सपा दोनों ही पार्टियाँ सत्ता का दुरुपयोग करके ऐसे चुनाव जीतने में एक-दूसरे से कम नहीं हैं, जिस कारण सत्ताधारी पार्टी ही धांधली से अधिकतर सीट जीत जाती है और इस बार भी इस चुनाव में ऐसा ही हुआ, यह अति-चिन्तनीय."

  11. कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद होंगे सीबीआई निदेशक, कांग्रेस ने किया विरोध

    द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद सीबीआई के अगले निदेशक होंगे.

    शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन सदस्य चयन समिति ने उनका नाम तय किया है. इस तीन सदस्य समिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी और भारत के चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ शामिल हैं.

    द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रवीण सूद के नाम के आगे अपने विरोध का नोट भी दर्ज किया है क्योंकि वो उन अधिकारियों के पैनल में शामिल नहीं थे जिन्हें पहले सीबीआई निदेशक के पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था.

    द हिंदू ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रवीण सूद के नाम को अंतिम समय में शामिल किया गया है.

  12. कीनिया में 'क़यामत के दिन' में यक़ीन रखकर 200 से अधिक लोगों ने की सामूहिक 'आत्महत्या'

    कीनिया में ईसाई डूम्सडे कल्ट (क़यामत के दिन में यक़ीन रखने वाला पंथ) में सामूहिक 'आत्महत्या' के मामले में मरने वालों का आँकड़ा 200 पार कर गया है. पुलिस ने अब तक 201 शव निकाले हैं.

    जहां ये घटना हुई, वहाँ 600 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं.इस पंथ से पूर्व में जुड़े रहे लोगों को कहना है कि सबसे पहले भूख से मरने वालों में बच्चे थे.

    शनिवार को पुलिस ने 22 और शव बरामद किए हैं.

    स्थानीय कमिश्नर रोडाह ओनयानचा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमारी फॉरेंसिक टीम ने आज 22 शव निकाले हैं लेकिन हमें कोई ज़िंदा नहीं मिला है."

    सामूहिक आत्महत्या की ये घटना कीनिया के दक्षिण-पश्चिमी इलाक़े में स्थित शाकाहोला जंगल में हुई है. पुलिस अभी यहां खोजबीन अभियान चला रही है.

    इस पंथ से जुड़े एक डिप्टी पास्टर ने लंदन के टाइम्स अख़बार को बताया है कि इस सामूहिक आत्महत्या की योजना कई चरणों में बनाई गई थी. ये पास्टर अभी पुलिस जांच में मदद कर रहे हैं.

    पास्टर का कहना है कि सबसे बहले बच्चों को भूख से मारा गया, फिर महिलाओं ने जान दी और उसके बाद पुरुषों ने जान दी. अंत में पंथ के नेता पास्टर पॉल मैकेंज़ी के परिवार ने आत्महत्या की.

    पॉल मैकेंज़ी फिलहाल पुलिस की हिरासत में हैं. पुलिस ने कुछ शवों का पोस्टमॉर्टम किया है. मारे गए लोगों में भूख, दम घुटने और पीटे जाने के संकेत मिले हैं.

  13. कर्नाटक: बीजेपी का दक्षिण का दुर्ग क्यों ध्वस्त हो गया?

    कर्नाटक का चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों के बदले स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित हो गया था और कांग्रेस ने इसमें बाजी मार ली.

    बीजेपी के लिए दक्षिण का द्वार समझा जाने वाला कर्नाटक उसके हाथ से निकल गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तूफानी कैंपेनिंग भी बीजेपी के इस दुर्ग को बचा नहीं पाई.

    कांग्रेस ने इस बार मुद्दों को पहचानने में अच्छी समझ दिखाई. कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया.

    पार्टी ने जीतने पर महिलाओं के लिए जो योजनाएं लागू करने का वादा किया था उसका असर दिखा और कांग्रेस के पांच साल बाद दोबारा कर्नाटक की सत्ता में आने का रास्ता साफ हो गया.

  14. कर्नाटकः कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले सीएम पद को लेकर पोस्टर वार

    कर्नाटक में मिली शानदार जीत के बाद और विधायक दल की आज होने वाली बैठक के पहले कांग्रेस में पोस्टर वार शुरू हो गया है.

    पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के समर्थकों के बीच ज़ोर आज़माइश तेज़ हो गई है.

    दोनों ही धड़ों के समर्थकों ने अपने-अपने नेता को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने का दावा करते हुए होर्डिंग लगाए हैं और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

    इस पर कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामलिंगा रेड्डी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘‘हर पार्टी में लोगों के सपने होते हैं. न केवल डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया बल्कि एमबी पाटिल और जी परमेश्वर की भी रुचि है, लेकिन इनमें से कोई एक ही मुख्यमंत्री बनेगा और इसका फैसला पार्टी हाईकमान और विधायक करेंगे.’’

  15. कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शाम को, कौन होगा सीएम?

    कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार शाम 5.30 बजे राजधानी बेंगलुरु में होगी. उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री का नाम सामने आ पाएगा.

    मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने पीटीआई को इस बैठक के बारे में बताया है.

    डीके शिवकुमार ने इस बार भी कनकपुरा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है. वे 2008 से इस सीट से चुनाव जीत रहे हैं.

    मुख्यमंत्री पद के लिए डीके शिवकुमार के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी दावेदार बताया जा रहा है.

    सिद्धारमैया 2013 से 2018 के बीच राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनका आखिरी चुनाव है.

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के शनिवार को आए परिणामों में कांग्रेस ने 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं बीजेपी को केवल 66 सीटें ही मिली हैं.

  16. कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद आज के अख़बारों की समीक्षा

  17. महाराष्ट्र के अकोला में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद तनाव

    महाराष्ट्र के अकोला में शनिवार को दो समुदायों के बीच हुई झड़प में एक शख़्स की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने अकोला ज़िले के डीएम नीमा अरोड़ा के हवाले से बताया है कि अकोला शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है.

    ज़िले के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे ने बताया कि कल दो समुदायों के बीच धार्मिक भावना आहत होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अब तक 26 लोगों को हिरासत में लिया है.

    उनके अनुसार, भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं.

    बताया गया है कि अकोला के ओल्ड सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी. उसके बाद, हिंसक भीड़ ने कई वाहनों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया.

  18. ग़ज़ा पट्टी में इसराइल और इस्लामिक जिहाद के बीच संघर्ष विराम, अमेरिका ने किया स्वागत

    अमेरिका ने ग़ज़ा पट्टी में इसराइल और इस्लामिक जिहाद के लड़ाकों के बीच हुए संघर्ष विराम का स्वागत किया है. उसने संघर्ष विराम कराने के लिए मिस्र के प्रयासों की प्रशंसा भी की है.

    पाँच दिनों तक चली हिंसा के बाद ये संघर्ष विराम हुआ है. इस हिंसा में अब तक 35 लोग मारे गए हैं, जिनमें से एक को छोड़कर सभी फ़लस्तीनी थे.

    दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत नागरिकों को निशाना न बनाने और इसराइली सेना की कार्रवाई में फ़लस्तीनी घरों को न तोड़ने पर सहमति बनी है.

    दोनों तरफ़ से उल्लंघन की ख़बरों के बावजूद संघर्ष विराम अभी तक प्रभावी नज़र आ रहा है.

    यह संघर्ष विराम होने के बाद फ़लस्तीनी इलाक़ों से लोगों के जश्न मनाने की ख़बरें और तस्वीरें सामने आई हैं.

    इसराइल की सेना का कहना है कि शनिवार शाम को संघर्ष विराम के प्रभावी होने के कुछ देर बाद ही दक्षिणी इसराइल की तरफ़ गज़ा पट्टी से दो रॉकेट दागे गए.

    इसराइल की सेना ने कहा कि इसके जवाब में उसने भी हवाई हमले किए.

  19. चक्रवाती तूफान ‘मोका’ आज टकराएगा तट से, बंगाल और पूर्वोत्तर राज्य सतर्क

    चक्रवाती तूफान ‘मोका’ तेज़ी से ज़ोर पकड़ता जा रहा है. इसे लेकर भारत का मौसम विज्ञान विभाग लगातार चेतावनी दे रहा है. साथ ही तूफान की बदलती स्थिति को भी बता रहा है.

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार दोपहर को इसके बांग्लादेश के काॅक्स बाज़ार और म्यांमार के सितवे के बीच के तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है.

    विभाग ने बताया है कि रविवार तड़के 2.30 बजे इस तूफान का केंद्र बंगाल की खाड़ी में 18.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 91.3 देशांतर पर स्थित था.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगने वाले राज्यों ने इस तूफान के प्रति लोगों को आगाह किया है.

    उसके अनुसार, पश्चिम बंगाल के 24 परगना ज़िले में बक्खाली समुद्र तट पर सिविल डिफेंस की टीम तैनात है और वह लोगों को सचेत कर रही है. टीम ने जनता और पर्यटकों को सतर्क रहने और समुद्र तट पर न आने की अपील की है.

    यह तूफान बंगाल की खाड़ी से बांग्लादेश और म्यांमार की ओर बढ़ रहा है. इसमें 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है.

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने इसे लेकर पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया था. मिज़ोरम, त्रिपुरा और मणिपुर के लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है.

  20. कर्नाटक में हार के बाद सीएम बासवराज बोम्मई का इस्तीफ़ा, कहा- लेते हैं हार की ज़िम्मेदारी

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हुई हार के बाद राज्य के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बासवराज बोम्मई ने शनिवार रात इस्तीफ़ा दे दिया.

    बेंगलुरु में राज्यपाल थावर चंद गहलोत से मिलकर उन्होंने अपना इस्तीफ़ा सौंपा.

    इस्तीफ़ा देने के बाद मीडिया से बात करते हुए बासवराज बोम्मई ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से समय मांगकर उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है. इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया गया है.

    उन्होंने यह भी कहा कि वे इस चुनाव में हुई हार की ज़िम्मेदारी लेते हैं.

    इससे पहले सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर उन्होंने लिखा था, “हम कर्नाटक के लोगों के फै़सले को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करते हैं. हम विश्लेषण करेंगे और अपनी गलतियों को सुधार कर पार्टी का पुनर्निर्माण करेंगे और संसदीय चुनाव में फिर वापसी करेंगे.”

    वहीं केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक में बीजेपी के सीनियर नेता प्रह्लाद जोशी ने कहा कि पार्टी अपनी असफलता के सभी कारणों की समीक्षा करेगी.

    उनके अनुसार, “हम बहुत जल्द ही बैठक कर पता करेंगे कि यह हार क्यों हुई. हम सभी चीजें ठीक करने का प्रयास करेंगे. भाजपा कई बार जीती है और कई बार हारी है. हम पार्टी को मजबूत करेंगे.”