You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राणा-रिंकू का चेन्नई में जलवा, केकेआर ने धोनी की सीएसके को छह विकेट से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मिला 145 रन का लक्ष्य 19वें ओवर में हासिल कर लिया. नीतीश राणा ने नाबाद 57 और रिंकू ने 54 रन बनाए.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and स्नेहा

  1. राणा-रिंकू का चेन्नई में जलवा, केकेआर ने धोनी की सीएसके को छह विकेट से हराया

    कप्तान नीतीश राणा और रिंकू सिंह की हाफ सेंचुरी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हरा दिया.

    चेन्नई ने कोलकाता की टीम के सामने जीत के लिए 145 रन की चुनौती रखी थी. कोलकाता ने ये लक्ष्य चार विकेट गंवाकर नौ गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. नीतीश राणा ने नाबाद 57 रन बनाए.

    कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. चेन्नई के गेंदबाज़ दीपक चाहर ने कोलकाता के पहले तीन बल्लेबाज़ों के विकेट सस्ते में ले लिए.

    ओपनर रहमुल्लाह गुरबाज़ एक रन, वेंकटेश अय्यर नौ रन और जैसन रॉय 12 रन ही बना सके. पांचवें ओवर में तीसरा विकेट गिरा तो कोलकाता के खाते में 33 रन ही जुड़े थे.

    मैच जिताने वाली साझेदारी

    कप्तान नीतीश राणा ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 76 गेंद में 99 रन जोड़े.

    नीतीश राणा के साथ किस्मत भी थी. 11वें ओवर में मोइन अली की गेंद पर पथिराना ने नीतीश राणा का कैच टपका दिया. तब राणा 18 रन पर थे और केकेआर का स्कोर था तीन विकेट पर 71 रन.

    रिंकू सिंह अच्छे रंग में थे. उन्होंने 43 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 54 रन बनाए.

    रिंकू 18वें ओवर में रन आउट हो गए. तब तक कोलकाता टीम मजबूत स्थिति में आ चुकी थी. जीत के लिए सिर्फ़ 13 रन बनाने थे.

    राणा आखिर तक नाबाद रहे. 19वें ओवर में तुषार देशपांडे की गेंद पर चौका जमाकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी.

    चेन्नई की पारी

    इसके पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 144 रन बनाए.

    चेन्नई के टॉप स्कोरर शिवम दुबे रहे. उन्होंने नाबाद 48 रन बनाए. 34 गेंदों की पारी में उन्होंने तीन छक्के और एक चौका लगाया.

    चेन्नई के बल्लेबाज़ों ने शुरुआत अच्छी की. ऋतुराज गायकवाड (17 रन) और डेवोन कॉनवे (30 रन) ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 31 रन जोड़े. गायकवाड़ को वरुण चक्रवर्ती ने आउट किया.

    11 गेंद में 16 रन बनाने वाले अजिंक्य रहाणे ने कॉनवे के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की.

    चेन्नई को दूसरा झटका आठवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ही दिया. चेन्नई ने आठवें से 11वें ओवर के बीच सिर्फ़ 11 रन जोड़कर चार विकेट गंवा दिए.

    इससे बल्लेबाज़ों पर दवाब बना और रन की रफ़्तार घट गई.

    शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 53 गेंद पर 68 रन बनाए. जडेजा 24 गेंद में 20 रन बनाकर 20वें ओवर में आउट हुए.

    शिवम दुबे ने 34 गेंद में नाबाद 48 रन बनाए. उन्होंने तीन छक्के और एक चौका जमाया. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद दो रन बनाए.

    केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने दो-दो विकेट लिए.

  2. चक्रवात मोका: बांग्लादेश से जा चुका तूफ़ान, कैसे रहेंगे अगले कुछ दिन

    बांग्लादेश मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात मोका बांग्लादेश के इलाक़े से जा चुका है.

    विभाग के डायरेक्टर अज़ीज़ुर्रहमान ने बीबीसी बांग्ला सेवा को बताया, "यह हमारे देश से पूरी तरह जा चुका है. यह हमारे इलाक़े में अब नहीं है."

    उन्होंने कहा, "अब तूफ़ान नहीं है, लोग अपने घर वापिस जा सकते हैं."

    हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि भले ही तूफ़ान जा चुका हो लेकिन अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहेगी.

    उन्होंने मछुआरों को अगले 24 घंटे तक समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी है.

    चक्रवात की वजह से बांग्लादेश के सेंट मार्टिन आइलैंड में 1200 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि तूफ़ान की वजह से 334,000 लोग प्रभावित हुए हैं. ऐसा बताया जा रहा है कि तूफ़ान की वजह से कॉक्स बाज़ार के रोहिंग्या शरणार्थी शिविर में 10 हज़ार से अधिक घरों को नु़कसान पहुंचा है.

  3. डी के शिवकुमार या सिद्धारमैया- इसका निर्णय अब कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे

    कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फ़ैसला कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष पर छोड़ने का निर्णय लिया है.

    एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने सर्वसम्मति से यह फ़ैसला किया है कि सीएलपी का नया नेता कौन होगा इसका निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे.

    कर्नाटक में मुख्यमंत्री बनने की रेस में केपीसीसी अध्यक्ष डी के शिवकुमार और मौजूदा सीएलपी नेता सिद्धारमैया हैं.

    बयान में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करने के लिए दोनों ही नेताओं की तारीफ़ की गई है.

    जीत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मीडिया के सामने आए तो खुद को रोक नहीं पाए और भावुक हो गए. दावेदारी को लेकर दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच कर्नाटक में पोस्टर वॉर भी शुरू हो चुका है.

    सिद्धारमैया एक बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, वहीं डी के शिवकुमार की ये इच्छा लंबे समय से अधूरी है, जिसे वे इस बार पूरा कर लेना चाहते हैं.

  4. 'कांग्रेस एक राज्य जीतकर ऐसे खुश हो रही है जैसे विश्वयुद्ध जीत लिया हो'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि कांग्रेस एक राज्य जीतकर ही हल्ला मचा रही है.

    कर्नाटक में भाजपा की हार और कांग्रेस की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "देखिए सचिन तेंदुलकर तो हमेशा दोहरा शतक मारते हैं लेकिन कभी वो ज़ीरो भी मारते हैं. तो उसी तरह एक राज्य जीतकर इतना ज़्यादा हल्ला करना...हम तो हमेशा जीतते हैं, हमने कभी ऐसे नहीं किया. मुझे तो इन्हें देखकर लग रहा है जैसे विश्वयुद्ध जीत लिया हो."

    वहीं तेलंगाना चुनाव जीतने के कांग्रेस के बयान पर पूछे एक सवाल पर उन्होंने कहा, "तेलंगाना में वो सरकार बनाएं, टीआरएस बनाए, बीआरएस बनाए... वो उनका है, लेकिन हमें विश्वास है कि तेलंगाना में बीजेपी की सरकार बनेगी."

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के शनिवार को आए परिणामों में कांग्रेस ने 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, बीजेपी को केवल 66 सीटें ही मिली हैं.

  5. चेन्नई सुपरकिंग्स ने केकेआर को दिया 145 रन का लक्ष्य, शिवम दुबे ने बनाए नाबाद 48 रन

    चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 के 61वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए 145 रन का लक्ष्य दिया है.

    चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट पर 144 रन बनाए. चेन्नई ने आखिरी पांच ओवर में 52 रन बनाए.

    चेन्नई की पारी

    चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी. ऋतुराज गायकवाड़ और डेवन कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 31 रन जोड़ दिए.

    चौथे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने केकेआर को पहली कामयाबी दिलाई. उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर दिया. ऋतुराज ने 13 गेंद में दो चौके की मदद से 17 रन बनाए.

    इसके बाद कॉनवे और अजिंक्य रहाणे के बीच 30 रन की साझेदारी हुई.

    चेन्नई को झटके पर झटका

    रहाणे ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 गेंद में 16 रन बनाए. उनकी पारी पर वरूण चक्रवर्ती ने ही विराम लगाया. ये चेन्नई की पारी का आठवां ओवर था.

    10वें ओवर में कॉनवे भी पैवेलियन लौट गए. उनका विकेट शार्दुल ठाकुर को मिला. कॉनवे ने 30 रन बनाए. चौथे नंबर पर आए अंबाती रायुडू को 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर सुनील नरेन ने बोल्ड कर दिया. वो सिर्फ़ चार रन बना सके.

    नरेन ने इसी ओवर में मोइन अली को भी बोल्ड कर दिया. वो सिर्फ़ एक रन बना सके.

    आठवें से 11वें ओवर के बीच चेन्नई ने 11 रन जोड़कर चार विकेट गंवा दिए. पांचवां विकेट तो टीम का स्कोर था 72 रन.

    इसके बाद शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला. दोनों छठे विकेट के लिए 68 रन जोड़े.

    रवींद्र जडेजा आखिरी ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने 24 गेंद पर 20 रन बनाए.

    शिवम दुबे ने नाबाद 48 और महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद दो रन बनाए. आखिरी दो ओवर में चेन्नई के बल्लेबाज़ सिर्फ़ 14 रन बना सके.

  6. चक्रवात मोका: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार ज़िले में 10,000 घर क्षतिग्रस्त

    शक्तिशाली चक्रवात मोका बांग्लादेश और म्यांमार के तटीय इलाकों में दस्तक दे चुका.

    बीबीसी बंगाली सेवा के अनुसार, बांग्लादेश के कॉक्स बाज़ार ज़िले में इससे क़रीब 10,000 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

    चक्रवात मोका के म्यांमार और बांग्लादेश में दस्तक देने के बाद तटीय इलाकों में निचले इलाकों में पानी भर गया है और जगह-जगह पेड़ उखड़े हुए हैं.

    कॉक्स बाज़ार के रोहिंग्या शिविरों में लोगों के सामान बिखरे पड़े हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ऐसी आशंका ज़ाहिर की जा रही है कि इस चक्रवात से दुनिया के सबसे बड़े शरणार्थी शिविरि कॉक्स बाज़ार बेहद प्रभावित होगा.

    बांग्लादेश के मौसम कार्यालय ने कॉक्स बाज़ार के लिए ख़तरे का सबसे शीर्ष सिग्नल 10 जारी किया है.

    हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने बताया है कि शाम के बाद यह चक्रवात कमज़ोर पड़ेगा. लेकिन उन्होंने आगाह किया है कि तूफ़ान भले ही ख़त्म हो जाए लेकिन अगले दो-तीन दिन तक इस कारण लगातार बारिश होगी.

    कॉक्स बाज़ार में तूफ़ान के हल्के कमज़ोर होने के बाद लोग अब अपने घरों की तरफ़ लौटने भी लगे हैं.

  7. बीजेपी की महिला सांसदों को पत्र लिखेंगे जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवान

    जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों ने कहा है कि अब तक सत्तारूढ़ पार्टी की कोई भी महिला सांसद न तो उनसे मिलने आई हैं, और न ही उनके साथ खड़ी हुई हैं.

    यहां धरने पर बैठीं विनेश फ़ोगाट ने कहा, ''हमें यहां बैठे आज 22 दिन हो गए हैं. सत्तारूढ़ पार्टी की कोई भी महिला सांसद हमारा साथ देने नहीं आई हैं. बीजेपी में जितनी भी महिला सांसद हैं, हम उन्हें लेटर लिखेंगे.''

    उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, ''आप 'बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ' की बात करते हैं, महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं तो हम भी इसी समाज से हैं. हम चाहते हैं कि वो हमारे समर्थन में आएं. हम हाथ से लिखा पत्र ईमेल से भेजेंगे और हमारे साथी रेसलर उनके घर तक भी ये पत्र पहुंचाएंगे.''

    उन्होंने देश की जनता से आग्रह करते हुए कहा, ''16 मई को सभी अपने-अपने जिला मुख्यालय के सामने जाकर ज्ञापन दें. हम आपसे सत्याग्रह करने की अपील भी करते हैं. देश की बेटियों के सम्मान में ऐसा करें.''

    पिछले 22 दिन से दिल्ली के जंतर -मंतर पर ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और कॉमनवेल्थ मेडल जीत चुकीं विनेश फोगाट समेत कई पहलवान धरना दे रहे हैं.

    वे यहां कुश्ती महासंघ के प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे हैं. पहलवानों का आरोप है कि बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों का यौन शोषण किया जिसमें नाबालिग महिला पहलवान भी शामिल हैं.

    प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों की मांग है कि बृजभूषण शरण सिंह की तुरंत गिरफ़्तारी हो और उन्हें पद से हटाया जाए.

  8. #IPL2023 में #CSKvKKR का मुक़ाबला, चेन्नई ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाज़ी

    आईपीएल 2023 में रविवार का दूसरा मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है.

    चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    चेन्नई की टीम प्वॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है. उसके खाते में 15 अंक है.

    अगर चेन्नई की टीम ये मैच जीत लेती है तो प्लेऑफ़ में उसकी जगह पक्की हो सकती है.

    वहीं, कोलकाता की टीम के लिए ये मैच करो या मरो की अहमियत रखता है.

    कोलकाता के खाते में 10 अंक हैं और ये टीम आठवें नंबर पर है.

    प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए उसे चेन्नई के ख़िलाफ़ जीत हासिल करनी होगी.

  9. कर्नाटक चुनाव में बीजेपी की नैया डूबाने और कांग्रेस को जिताने वाली छह वजहें

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी में हार पर चिंतन के लिए बैठक होने जा रही है. उधर कांग्रेस पार्टी में जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए विचार शुरू हो गया है.

    कर्नाटक के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, दोनों ने अपना पूरा ज़ोर लगाया था लेकिन बीजेपी से कुछ ग़लतियां और कांग्रेस पार्टी के लिए कुछ तरक़ीबें कारगर रहीं.

    बीजेपी ने कौन सी ग़लतियां कीं और चुनावों के मद्देनज़र कांग्रेस की तरकीबें क्या रहीं, इस पर विशेषज्ञों की राय के आधार पर ये छह बातें सामने आती हैं.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, #IPL2023 में #RRvRCB का मुक़ाबला, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की राजस्थान रॉयल्स पर बड़ी जीत

    रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को 112 रन के बड़े अंतर से मात दी है.

    बैंगलोर ने जयपुर में खेले गए मुक़ाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पांच विकेट पर 171 रन बनाए.

    इसके जवाब में राजस्थान की टीम सिर्फ 59 रन पर ढेर हो गई.

    राजस्थान टीम का कोई बल्लेबाज़ घरेलू मैदान पर विकेट पर टिकने का दम नहीं दिखा सका.

    पूरी टीम 10.3 ओवर में ऑलआउट हो गई. सिर्फ़ शिमरॉन हेटमायर ने 19 गेंदें खेलीं.

    उन्होंने चार छक्कों और एक चौके की मदद से 35 रन बनाए.

    इसके अलावा जो रूट ने 10 रन बनाए. कोई दूसरा बल्लेबाज़ दो अंकों में नहीं पहुंच सका.

    टीम के दोनों ओपनर यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर खाता भी नहीं खोल सके.

    कप्तान संजू सैमसन ने चार रन बनाए. बैंगलोर के लिए वेन पार्नेल ने दस रन देकर तीन विकेट लिए.

    इसके पहले बैंगलोर टीम ने कप्तान फ़ाफ डु प्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल की हाफ सेंचुरी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए.

    डुप्लेसी ने 55 और मैक्सवेल ने 54 रन बनाए. अनुज रावत ने 29 और विराट कोहली ने 18 रन बनाए.

  11. चार दशकों की दूरी के बाद ईरान और मिस्र के बीच क्या बातचीत चल रही है?

    ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान और मिस्र के बीच राजनयिक संबंध बहाल करने के लिए बातचीत चल रही है.

    दोनों देशों के बीच पिछले चार दशकों से कोई औपचारिक कूटनीतिक संबंध नहीं है.

    ईरान के सांसद फदाहुसैन मलेकी ने कहा कि ऐसा जल्द ही होगा. उन्होंने बताया कि दूतावास खोले जाने के बाद दोनों ही देशों के राष्ट्रपति की बैठक होगी.

    ईरान और मिस्र के संबंध 1980 में टूट गए थे, जब ईरान के अपदस्थ राजा शाह के लिए मिस्र ने अपना दरवाजा खोला था और इसराइल को मान्यता दे दी थी.

    हाल ही में, चीन की मदद से सऊदी अरब और ईरान के अधिकारियों के बीच बैठक के बाद कूटनीतिक रिश्ते बहाल करने की अप्रत्याशित घोषणा हुई थी.

  12. कर्नाटक चुनाव में हार से बीजेपी कोई सबक नहीं लेगी: एन. राम

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. कांग्रेस ने बहुमत से क़रीब दो दर्जन ज़्यादा सीटों पर जीत हासिल की है.

    कांग्रेस की इस जीत पर बीबीसी की तमिल सेवा ने द हिंदू समूह के निदेशकों में से एक और वरिष्ठ पत्रकार एन. राम से बातचीत की और चुनाव के नतीजे को समझने की कोशिश की.

    कांग्रेसकी जीत परमें किन बातों का योगदान रहा?

    यह कांग्रेस के लिए बड़ी जीत है. आप कह सकते हैं कि कांग्रेस अपने सबसे निचले स्तर पर है, इस जीत से उनका हौसला बढ़ेगा.

  13. केरल में बिहार के व्यक्ति की हत्या के मामले में आठ गिरफ़्तार

    केरल पुलिस ने बिहार के 36 साल के व्यक्ति की हत्या के आरोप में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस ने बताया कि राजेश मांझी की स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी थी.

    वो कोंडोट्टी में एक घर के शेड से नीचे गिर गए थे जिसके बाद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था. पीड़ित को चोरी के आरोप में पकड़ा था.

    पुलिस ने बताया, "स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि शनिवार को एक घर के शेड से नीचे गिर गए थे. लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पीटा."

    पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    मलाप्पुरम पुलिस प्रमुख सुजीत दास ने मीडिया को बताया कि पीटने के सबूत हैं.

    दास ने बताया, "आरोपियों ने सबूत नष्ट करने की कोशिश की थी. उन्होंने सीसीटीवी विजुअल इरेज करने के प्रयास किए. आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और एक व्यक्ति को सबूत नष्ट करने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया गया."

    पुलिस ने बताया कि बिहार के व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था.

  14. जीतने के बाद भी क्यों रो पड़े डी के शिवकुमार?

    कर्नाटक कांग्रेस में जश्न का माहौल है.

    लोकसभा चुनाव से पहले इस जीत को कांग्रेस के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है.

    आलम ये है कि नतीजों पर बोलते-बोलते कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष भावुक हो गए.

    डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर माने जा रहे हैं.

  15. इमरान ख़ान का दावा- 'सेना प्रमुख के आदेश पर मेरा अपहरण हुआ था'

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान ख़ान ने कहा है कि मौजूदा सरकार और इस्टैब्लिशमेंट को चुनाव से डर लग रहा है.

    जेल से बाहर आने के बाद ब्रिटिश न्यूज चैनल स्काई न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में पीटीआई प्रमुख ने कहा देश के इतिहास में फिलहाल सबसे कमजोर लोकतंत्र है और ऐसी स्थिति में एकमात्र उम्मीद न्यायपालिका ही है.

    उन्होंने कहा, "सरकार ने मुझे इस्लामाबाद हाई कोर्ट से ऐसे गिरफ़्तार किया जैसे मैं कोई आतंकवादी हूं."

    ख़ान ने एक बार फिर सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, "सेना प्रमुख के आदेश पर मेरा अपहरण हुआ था."

    इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले सहित अन्य मामलों में इमरान खान को अंतरिम जमानत दी थी और उनकी रिहाई का आदेश दिया था.

    इमरान खान ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा, "उनकी योजना मुझे और मेरी पार्टी को चुनाव से बाहर करने की है. किस देश में सबसे बड़ी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इस तरह गिरफ्तार या हिरासत में लिया जाता है?"

  16. यूपी नगर निकाय चुनाव के नतीजों से जुड़ी बड़ी बातें

    उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जश्न के माहौल के बीच लखनऊ में पार्टी कार्यालय पहुंचे.

    उन्होंने पार्टी के सभी 17 महापौर पदों पर जीत को ऐतिहासिक बताया. फिलहाल मतगणना जारी है और अभी भी कुछ सीटों पर नतीजे आना बाकी है.

    लेकिन रुझान और जीत के आंकड़े इन चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत नज़र आ रही है. लखनऊ के भाजपा कार्यालय से अनंत झणाणें और शुभम वर्मा की यह रिपोर्ट.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, सीआईएससीई बोर्ड ने10वीं और 12वीं के रिजल्ट जारी किए, यहां देखें

    काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफ़िकेट एग्जामिनेशन ने 10 वीं और 12वीं क्लास के परिणाम जारी कर दिए हैं.

    10वीं की परीक्षा 27 फरवरी से 29 मार्च तक हुई थी जबकि 12वीं की परीक्षा 13 फरवरी से 31 मार्च तक हुई थी.

    10वीं में 98.94 फ़ीसदी स्टूडेंटस को जबकि 12वीं में 96.93 फ़ीसदी स्टूडेंट्स को सफलता मिली.

    स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट https://cisceresults.trafficmanager.net/ पर चेक कर सकते हैं.

  18. पाकिस्तान इस वजह से अपने पड़ोसियों से पिछड़ता जा रहा है

    पाकिस्तान की बुनियादी समस्याएं क्या हैं जो उसे आस-पड़ोस के देशों के मुकाबले तरक्की करने और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की जंजीर की एक नॉर्मल कड़ी बनने से रोक रही हैं?

    पाकिस्तान की बुनियादी समस्याओं पर रोशनी डाल रहे हैं पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान.

  19. तुर्की में आज चुनाव, होगा अर्दोआन की किस्मत का फ़ैसला

    तुर्की में रविवार को वोटिंग हो रही है. सुबह से पोलिंग बूथों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही है.

    इस चुनाव में जनता यह तय करेगी कि 20 साल तक से सत्ता में बने रहने वाले रेचेप तैय्यप अर्दोआन एक बार फिर राष्ट्रपति बनेंगे या नहीं.

    राष्ट्रपति अर्दोआन को सामना विपक्षी नेता कमाल कलचदारलू से है.

    तुर्की में ऐसे समय में चुनाव हो रहा है जब महंगाई से लोग परेशान हैं और भूकंप की वजह से 11 प्रांत अब भी जीवन को पटरी पर लाने की कोशिश में हैं.

    राष्ट्रपति अर्दोआन की पार्टी का नाम एकेपी (जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी) है जबकि प्रमुख विपक्षी दल रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी नेशन अलायंस के तहत पांच अन्य दलों के साथ मिलकर चुनाव मैदान में है.

    14 मई के चुनाव के नतीजों से ये साफ़ हो जाएगा कि तुर्की की जनता अर्दोआन के बीस साल में किए काम से ख़ुश है और अभी भी उनके नेतृत्व में भरोसा करती है या सत्ता में बदलाव चाहती है.

    तुर्की इस साल अक्तूबर में गणतंत्र की शताब्दी मनाएगा. देश भर में बड़े पैमाने पर जश्न मनाने की तैयारियाँ चल रही हैं.

  20. इमरान ख़ान की मुश्किलें कम होंगी या बढ़ेंगी

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को, नौ मई के बाद दर्ज किसी भी मामले में अब 17 मई तक गिरफ़्तार नहीं किया जा सकेगा. इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने शुक्रवार को ये आदेश दिया.

    इमरान ख़ान बीबीसी से ख़ास बातचीत में कहा है कि 'मौजूदा हालात के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख ज़िम्मेदार' हैं. रिहा होने के बाद इमरान ख़ान इस्लामाबाद से लाहौर अपने घर पहुंच गए हैं.