टीवी सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की अभिनेत्री जेनिफ़र मिस्त्री बंसीवाल ने इसके प्रोड्यूसर आसित कुमार मोदी और दो अन्य लोगों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाया है.
हालांकि दोनों ने इससे इनकार किया है. उनका कहना है कि जेनिफ़र को उनके खराब व्यवहार के लिए शो से जाने के लिए कहा गया था.
आसित मोदी ने ये भी कहा है कि वो उनके और शो की बदनामी करने के लिए जेनिफर के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करेंगे.
जेनिफ़र सब टीवी पर सबसे ज्यादा समय तक चलने वाले इस शो में रोशन सोढी का किरदार निभाती रही हैं.
सोढी ने कहा कि उन्होंने 8 अप्रैल को राष्ट्रीय महिला आयोग और मुंबई पुलिस को अपनी शिकायत भेजी है. इस शिकायत में कहा गया है कि प्रोजेक्ट हेड सोहेल रमानी और प्रोड्यूसर जतिन बजाज ने भी उनके यौन उत्पीड़न की कोशिश की.
मुंबई पुलिस ने बताया है कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की अभिनेत्री ने प्रोड्यूसर असित मोदी के ख़िलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है. शिकायत में अभिनेत्री का आरोप है कि असित मोदी और कुछ क्रू मेंबर्स ने उनका यौन उत्पीड़न किया. हालांकि, इस मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है.
पुलिस ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और इस मामले से जुड़े लोगों का बयान दर्ज किया जाएगा.
पवई पुलिस थाने के एक सीनियर पुलिस अफसर ने कहा कि उन्हें जेनिफ़र की शिकायत मिली है.
जेनिफ़र ने दावा किया कि पिछले कुछ सालों के दौरान आसित मोदी ने कई बार उनका यौन उत्पीड़न किया.
वो कई बार उनसे अशालीन बातें करते थे लेकिन वो इसे नजरअंदाज कर देती थीं.
जेनिफ़र ने कहा है कि मार्च 2019 में सिंगापुर में आसित मोदी ने उन्हें अपने कमरे में बुला कर व्हिस्की पीने का ऑफर दिया था.
जेनिफ़र ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "मैं चुप रही. लेकिन ये बात अपने साथ काम करने वाले को बता दी थी. ऐसे हालात में वो अक्सर मेरा बचाव करते थे."
जेनिफ़र ने कहा, ''चूंकि मेरे ये दोस्त शो के लिए अभी भी काम कर रहे हैं इसलिए वो ज्यादा कुछ नहीं कर सकते. मैंने इस बारे में रमानी से बात की. मैंने कहा कि मैं इस शो में काम नहीं कर सकती. इस पर उन्होंने कहा को वो मेरा पेमेंट चार महीने के लिए रोक देंगे."
शो के प्रोड्यूसर ने कहा, "चूंकि हमने जेनिफ़र का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था इसलिए वो हम पर इस तरह के आरोप लगा रही हैं."