You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी अवैध घोषित, पढ़िए उसके बाद क्या-क्या हुआ

करप्शन से जुड़े एक मामले में इमरान ख़ान को कोर्ट परिसर से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था. सुप्रीम कोर्ट ने इमरान ख़ान से कहा है कि वो इस्लामाबाद हाई कोर्ट जाएं और हाई कोर्ट जो भी फ़ैसला करे, उन्हें स्वीकार करना होगा.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and शुभम किशोर

  1. इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी: पाकिस्तानी एक्टर, क्रिकेटर क्या बोल रहे हैं?

    पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद से पीटीआई समर्थकों की उग्र प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

    पाकिस्तान की सड़कों और सरकारी संपत्तियों को आग लगाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. हिंसक घटनाओं में 10 लोगों की मौत भी हो गई है.

    आम लोगों की प्रतिक्रियाएं शायद आपको मालूम होंगी. मगर पाकिस्तान की नामी हस्तियां मुल्क में हो रही हलचल पर क्या कह रहे हैं?

    पाकिस्तान में टीवी एक्ट्रेस मिशी ख़ान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. ये वीडियो इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद रिकॉर्ड किया गया है.

    इस वीडियो में मिशि ख़ान कहती हैं, ''पेशावर में अगर कोई वीडियो देख रहा है तो प्रदर्शन में हिस्सा लेने आएं. इस्लामाबाद में तो पता नहीं क्या इन लोगों ने गधों, घोड़ों के गोश्त खाए हैं कि इनसे उठा ही नहीं जाता. ये डरपोक किस्म के लोग हैं. हमें बहादुर लोगों की ज़रूरत है. समर्थन करें आप लोग ताकि इमरान ख़ान साब को छोड़ें ये लोग.''

    मिशि ख़ान इसके बाद भावुक होती हैं और कहती हैं, ''ये घटिया कौम है. एक आदमी आप लोगों के लिए खड़ा हुआ. बुज़दिल लोग हैं आप. घर पर बैठे हुए हो. तुम लोग इमरान ख़ान जैसे अच्छे लीडर को डिजर्व नहीं करते थे.''

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने भी इमरान की गिरफ़्तारी के फौरन बाद ट्वीट किया था, ''आप एक आदमी हो मगर आपके साथ लाखों लोगों की ताकत है. मज़बूत बने रहना कप्तान.''

    शोएब अख़्तर ने भी इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''हमारे नेशनल हीरो इमरान ख़ान को जिस तरह से ले जाया गया, वो दिल दुखाने वाला है.इमरान चोटिल हैं और पाकिस्तान की अनगिनत सेवाएं की हैं, ऐसे में हम किस ओर बढ़ रहे हैं. प्लीज़ हमारे नेशनल हीरो के प्रति थोड़ा सम्मान दिखाइए.''

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वक़ार युनूस ने भी ट्वीट किया, ''हम आपके साथ खड़े हैं कप्तान. अन्याय के अंत में आज़ादी आती है. आइए अपनी आज़ादी और नेता को बचाते हैं.''

  2. इसराइल: नौ महीने की सबसे बड़ी लड़ाई, आसमान से 'बरसते' रहे रॉकेट

    इसराइल के गुरुवार तड़के ग़ज़ा पट्टी के एक अपार्टमेंट पर किए हमले में फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद यानी पीआईजे के टॉप कमांडर की मौत हो गई है.

    इस हमले में एक अन्य व्यक्ति भी मारा गया है. ये हमला एक लड़ाकू विमान ने अपार्टमेंट की पांचवीं मंज़िल पर किया था.

    बुधवार को ग़ज़ा पट्टी के चरमपंथियों ने इसराइल पर 460 रॉकेट दागे. वहीं इसराइल ने भी ग़ज़ा में 130 चरमपंथी ठिकानों पर हमला किया.

    बीते नौ महीनों में इसे सबसे बड़ी लड़ाई बताया जा रहा है.

    फ़लस्तीनी मेडिकल सूत्रों का अनुमान का है कि इस हफ़्ते हुई लड़ाई में मरने वालों की संख्या कम से कम 24 है. इनमें तीन पीआईजे के कमांडर भी शामिल हैं.

    पीआईजे की आर्म्ड विंग ने मिसाइल यूनिट के प्रमुख हसन घली उर्फ़ अबु मोहम्मद के मारे जाने की पुष्टि की है.

    पीआईजे हमास के बाद दूसरा सबसे बड़ा चरमपंथी संगठन है और इस संगठन ने फ़लस्तीनियों की मौत का बदला लेने की शपथ ली है.

    इसराइल में भी ग़ज़ा की ओर से दागे रॉकेट के कारण कई लोगों के घायल होने की ख़बरें हैं.

  3. पाकिस्तान के ज़मीनी हालात: माहौल कितना ख़ौफ़नाक, ये 10 तस्वीरें देखिए

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद हिंसक प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.

    प्रदर्शनकारियों के गुस्से का शिकार मरीज़ ले जाती एंबुलेंस तक को होना पड़ रहा है. सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो देखे जा सकते हैं, जिसमें प्रदर्शनकारी एंबुलेंस तक को आग लगा रहे हैं.

    पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने भी देश के नाम संबोधन में इसका ज़िक्र किया.

    शरीफ़ ने कहा, ''पाकिस्तान के 75 साल के इतिहास में ऐसे मंज़र कभी नहीं देखे थे. लोगों को एंबुलेंस से निकालकर गाड़ियों में आग लगा दी गई. निजी गाड़ियों को जला दिया गया. सरकारी संपत्ति पर दुश्मन की तरह हमले किए गए."

    पाकिस्तान में हो रहे प्रदर्शनों के कारण अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है.

    आगे देखिए 10 मई की वो तस्वीरें, जिसमें पाकिस्तान की सड़कों पर ये देखा जा सकता है कि हिंसक प्रदर्शनों ने किस क़दर मुल्क को घेर लिया है.

  4. पाकिस्तान: पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी गिरफ़्तार

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

    पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने बुधवार रात देश के नाम संबोधन में हिंसा करने वालों को सख़्त हिदायत दी. शरीफ़ ने कहा, ''हिंसा करने वालों को सख़्त से सख़्त सज़ा दी जाएगी.''

    इस बीच पाकिस्तान में हिंसा के चलते 10 लोगों की मौत भी हो गई है.

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान की पार्टी के नेताओं को भी गिरफ़्तार किया जा रहा है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेता शाह महमूद क़ुरैशी को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    गिरफ़्तार होने से पहले क़ुरैशी ने रिकॉर्डेड वीडियो में कहा, ''पुलिस आ गई है मुझे गिरफ़्तार करने के लिए. मैं एक पैग़ाम देना चाहता हूं. ये आंदोलन आज़ादी की लड़ाई है और हमें इसमें हिस्सा लेना है. आज इमरान ख़ान उनकी गिरफ़्त में हैं, जिनसे उनकी जान को ख़तरा है.''

    क़ुरैशी ने कहा, ''आप लोग हमारी असली आज़ादी की जंग को जारी रखें और तब तक ना रुकें जब तक इमरान ख़ान को रिहा ना कर दिया जाए.''

  5. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    10 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.