अयोध्या में हुए भीषण सड़क हादसे में सात की मौत, 40 घायल
अयोध्या में शुक्रवार की शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बस में सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल हुए हैं. इनमें से कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है. यह हादसा लखनऊ-गोरखपुर हाइवे पर हुआ.
रिपोर्ट के अनुसार, एक ट्रक से बस के टकराने से यह हादसा हुआ.
अयोध्या के एसएसपी जी मुनिराज ने बताया, ‘‘सूचना मिलते ही पुलिस ने मौक़े पर पहुंचकर सभी लोगों को रेस्क्यू किया. 7-8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है.’’
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट में इस हादसे पर दुख जताया है.
मुख्यमंत्री कार्यालाय के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया है, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद अयोध्या में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है. मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.’’
‘‘मुख्यमंत्री जी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनका समुचित उपचार कराने व राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.’’