You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अतीक़ और अशरफ़ की हत्या के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू

अतीक़ अहमद और उनके भाई की प्रयागराज में मेडिकल के लिए ले जाते वक़्त हत्या कर दी गई

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and संदीप राय

  1. बिहार में 6 लोग की मौत, ज़हरीली शराब से मरने की आशंका

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार के मोतिहारी ज़िले में 6 लोगों के संदिग्ध हालत में मौत की ख़बर सामने आ रही है.

    परिजनों का कहना है कि ये मौतें ज़हरीली शराब पीने से हुई हैं, वहीं प्रशासन ने इन मौतों के लिए डायरिया की संभावना जताई है.

    यहाँ, हम आपको यह बताते चलें कि लोगों की मौत का सिलसिला गुरुवार की रात ज़िले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से शुरू हुआ और शुक्रवार की रात तक 6 लोग मर चुके हैं.

    अभी 8 से 10 और लोगों का इलाज ज़िले और आसपास के दूसरे अस्पतालों में चल रहा है.

    मौतों का आँकड़ा बढ़ सकता है.

    सिविल सर्जन एसएन सिंह ने मीडियाकर्मियों के सवाल पर मृत लोगों के विसरा सुरक्षित रखने की बात और आगे जाँच में सारी बातें स्पष्ट होने की बात कही है.

    ज़िले में पहली मौत का मामला हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठ लोहियार गाँव से प्रकाश में आया.

    हालाँकि उस घर से पिता (नवल दास) और पुत्र (परमेंद्र दास) की मौत 4 घंटे के अंतराल में ही हो गई.

    दोनों शवों को परिजनों ने आनन-फानन में जला दिया.

    मामले के प्रकाश में आने के बाद ज़िले के उत्पाद और स्वास्थ्य विभाग के साथ ही वरीय पुलिस अधिकारी गांव तक पहुंचे थे.

    चिकित्सकों ने मौत के पीछे डायरिया को वजह बताया है.

    इसके साथ ही नवल दास के पड़ोसी हरिलाल सिंह की स्थिति भी नाजुक बनी हुई थी. किन्हीं निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान वे भी चल बसे.

    हरसिद्धि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गावों के साथ ही ज़िले के तुरकौलिया थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव से भी 4 लोगों के मौत की खबर आ रही है.

    अन्य तीन प्रभावित लोगों को इलाज के लिए परिजन अलग-अलग अस्पतालों में ले गए हैं.

    इलाजरत लोगों में से प्रमोद और रामेश्वर शाह ने स्थानीय मीडियाकर्मियों से बातचीत में यह बात स्वीकारी है कि लोकल शराब पीने के बाद से परसों शाम से ही उनकी तबियत गड़बड़ाने लगी, साफ़ दिखना बंद होने लगा.

    इसके अलावा सुगौली प्रखंड के अलग-अलग गावों से भी ज़हरीली शराब की चपेट में आने की वजह से और 5 लोगों की मौत होने की खबर भी सामने आ रही है.

    मोतिहारी में ज़हरीली शराब से हुई मौतों के संदर्भ में बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में ऐसी आशंका जताई गई है कि इन मौतों के पीछे की वजह ज़हरीली शराब हो सकती है.

    पुलिस मुख्यालय का यह भी कहना है कि इस संदर्भ में और अधिक जानकारी व साक्ष्य जुटाने के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम के पटना से मोतिहारी के लिए रवाना होने की भी बात कही जा रही है.

    इस संबंध में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है. साथ ही अन्य प्रभावित लोगों को चिह्नित किया जा रहा है.

  2. यूक्रेन के बख़मूत में जंग से तबाह होती ज़िंदगियां

    जंग हमेशा अपने साथ तबाही की आंधी लेकर आती है, जिसमें आम लोगों की ज़िंदगी और उनके सपने सब बेमानी से लगने लगते हैं.

    फिर भी ये तबाही लोगों से उनके घर, उनके शहर से उनका प्यार कम नहीं कर पाती और यही वो हक़ीक़त है जिसके साथ यूक्रेन के तबाह हो चुके बख़मूत शहर में लोग रह रहे हैं.

    इस उम्मीद के साथ कि कभी तो ज़िंदगी में उजाला लौटेगा.

  3. झूठ बोलने के लिए सीबीआई और ईडी के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कराएंगेः केजरीवाल

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में ग़लतबयानी करने के लिए सीबीआई और ईडी के अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है.

    उन्हें सीबीआई की ओर से पूछताछ के लिए एक समन भेजा गया है. इस मामले में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कई गंभीर आरोप लगाए.

    केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया पर आरोप है कि उन्होंने अपने 14 फ़ोन तोड़ दिए. फिर ईडी कह रही है कि उसमें से 4 फ़ोन उनके पास हैं और सीबीआई कह रही है कि एक फ़ोन उनके पास है, अगर उन्होंने फ़ोन तोड़े हैं तो उनके पास फ़ोन कैसे आए.

    उन्होंने कहा कि फ़ोन के जो यूनीक नंबर चार्जशीट में दिए गए हैं, उनमें अधिकांश फ़ोन चल रहे हैं और वे मनीष सिसोदिया के नहीं हैं, बल्कि कोई न कोई उसे इस्तेमाल कर रहा है. ये फ़ोन ज़िंदा हैं और ईडी और सीबीआई को भी पता है.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी और सीबीआई ने कोर्ट में हलफ़नामा देकर झूठ बोला और कोर्ट को गुमराह किया और कोर्ट के सामने झूठा सबूत पेश किया है.

    केजरीवाल ने कहा कि चूंकि साल भर से शराब घोटाले का हंगामा मचाने के बाद भी उन्हें कुछ नहीं मिला तो उन्होंने ये झूठे आरोप गढ़े और मनीष सिसोदिया को फंसाने की कोशिश की.

    उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसियां निर्दोष लोगों को गिरफ़्तार करके और टॉर्चर करके जाली कागज़ पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश कर रही हैं.

    केजरीवाल ने कहा कि उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए ये सब किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि ये चल क्या रहा है? जहां कोई घोटाला नहीं हो रहा है, वहां मारपीट कर, धमका कर बयान लेने की कोशिश की जा रही है. एक मुवक्किल के वकील ने कोर्ट से कहा कि उनके मुवक्किल से दबाव डालकर दिल्ली के राजनेताओं का नाम लेने की बात कही जा रही है."

    केजरीवाल ने मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "एक ऐसा शख़्स जो देश का प्रधानमंत्री है, वो सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है उसके लिए भ्रष्टाचार मुद्दा कैसे हो सकता है?"

    उन्होंने कहा, "अगर बीजेपी ने सीबीआई को आदेश दे दिया है कि केजरीवाल को गिरफ़्तार किया जाए तो सीबीआई कैसे मना कर सकती है?"

    सीबीआई द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री को नोटिस भेजे जाने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं.

    उन्होंने कहा, "75 सालों में पहली बार हुआ कि जो भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आंदोलन करने की बातें करते थे, वे भ्रष्टाचार के दलदल में डूबते नज़र आ रहे हैं. अरविंद केजरीवाल के मंत्री जेल गए और वे दुनिया को ज्ञान बांट रहे हैं."

  4. हक़दर्शक: सभी सरकारी योजनाओं के लिए एक ऐप

    भारत जैसे विशाल आबादी वाले देश में, सामाजिक कल्याण योजनाओं को दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में पहुंचना आसान काम नहीं है.

    लेकिन अब एक ऐप के ज़रिए इस मुश्किल को आसान बनाने की कोशिश हो रही है. देखिए बीबीसी संवाददाता निखिल इनामदार की ये रिपोर्ट.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, #IPL2023 में #RCBvDC का मुक़ाबला, दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी

    आईपीएल 2023 शुरू हुए अब दो हफ़्ते हो गए हैं. शनिवार को इस सीज़न का 20वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है.

    टॉस जीत कर दिल्ली कैपिटल्स ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस आईपीएल की एकमात्र टीम है जिसे अब तक खेले गए चार मैचों में कोई जीत हासिल नहीं हुई है.

    लिहाजा वो 10 टीमों के इस टूर्नामेंट में सबसे निचले पायदान पर है.

    वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को तीन में से केवल एक मैच में जीत मिली है और वो मुंबई इंडियंस से ठीक ऊपर आठवें पायदान पर है.

    साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (9.51) और दिल्ली कैपिटल्स (9.18) की टीमें इकोनॉमी के मामले में आईपीएल 2023 की सबसे नीचे की दो टीमें हैं.

    अब तक आईपीएल में इन दोनों टीमों के बीच 28 मैच खेले जा चुके हैं.

    इनमें से 17 मैचों में जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बढ़त हासिल है.

    दिल्ली की टीम 10 मैच जीती है. वहीं एक मैच बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका था.

  6. तबला बजाना ही नहीं, बनाना भी है बड़ी कला

    आप ऐसे कई कलाकारों को जानते होंगे जो किसी वाद्य यंत्र को बजाने में पारंगत हैं. लेकिन आप शायद ऐसे कलाकारों के बारे में नहीं जानते होंगे, जो इन वाद्ययंत्रों को तैयार करते हैं.

    मुंबई में रहने वाले किशोर व्हटकर एक ऐसे ही कलाकार हैं, जिन्हें तबले बनाने की कला अपने पिता से विरासत में मिली. देखिए बीबीसी संवाददाता राहुल रणसुभे की ये रिपोर्ट.

  7. एनसीईआरटी ने कोर्स में बदलाव के लिए ली थी विशेषज्ञों की मदद: शिक्षा मंत्रालय

    शिक्षा मंत्रालय ने बताया है कि एनसीईआरटी ने सिलेबस में 'बदलाव' के लिए उसने सीबीएसई के 16 शिक्षकों और 25 बाहरी विशेषज्ञों की मदद ली थी.

    इसके तहत पाठ्यक्रम में मुगलों, महात्मा गांधी उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे, हिंदू अतिवादियों और गुजरात के 2002 से जुड़े संदर्भों में बदलाव किए गए हैं.

    एनसीईआरटी किताबों में से कुछ बिंदुओं को हटाने के बाद विवाद पैदा हो गया है. विपक्ष का कहना है कि केंद्र ने बदले की भावना से ये कदम उठाया है.

    विवाद इस बात पर भी बढ़ा कि इस बदलाव की इस कवायद की जानकारी देने के लिए जो अधिसूचना जारी की गई, उनमें हटाए गए कुछ बिंदुओं का जिक्र नहीं किया गया था.

    इसके बाद ये आरोप लगाए गए कि इन हिस्सों को चुपचाप हटा दिया गया. एनसीईआरटी की ओर से कहा गया है कि पाठ्यक्रम से बिंदुओं को हटाने के मामले में चूक हुई होगी. लेकिन इस फैसले को वापस लेने से इनकार किया है.

  8. कर्नाटक: 'अमूल' और 'नंदिनी' विवाद के बीच जयेन मेहता ने क्या कहा?

    भारत के सबसे बड़े दूध ब्रांड अमूल के बेंगलुरु में दूध बेचने के प्रस्ताव से खड़ा हुआ हंगामा कर्नाटक चुनाव में मुद्दा बन गया है.

    अमूल के इस प्रयास को कर्नाटक मिल्क फ़ेडेरेशन (केएमएफ़) के ब्रांड नंदिनी के क्षेत्र में घुसपैठ के रूप में देखा जा रहा है. ये बहस अमूल की तरफ़ से एक अधिकारिक ट्वीट करने के बाद शुरू हुई है.

    इसमें अमूल ने अपनी योजना के बारे में बताया था.

    अब मीडिया और सोशल मीडिया में इसे पश्चिमी राज्य गुजरात के ब्रांड के दक्षिणी राज्य कर्नाटक में अपने पैर पसारने की कोशिश के रूप में पेश किया जा रहा है और इस पर तीखी बहस हो रही है.

    राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो ये क्षेत्रीय अस्मिता का मुद्दा बन गया है. अमूल के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता ने बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागडेकर छारा से इस बारे में बात की.

  9. असद अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज में किया गया सुपुर्द-ए-ख़ाक

    गैंगेस्टर से राजनेता बने अतीक़ अहमद के बेटे असद अहमद को प्रयागराज के एक कब्रिस्तान में कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को सुपुर्द-ए-ख़ाक़ कर दिया गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कब्रिस्तान में असद के कुछ दूर के रिश्तेदारों और कुछ स्थानीय लोगों को आने की इजाजत दी गई थी.

    प्रयागराज के ज्वॉयंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस आकाश कुलहरी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से ऐसा करना ज़रूरी था.

    पुलिस ने बताया कि असद को दफ्न करने की प्रक्रिया घंटे भर में पूरी कर दी गई.

    इससे पहले असद के रिश्तेदार उस्मान उनका शव लेकर कब्रिस्तान पहुंचे. मीडिया को कब्रिस्तान में जाने की इजाजत नहीं दी गई थी.

    अतीक़ अहमद ने शुक्रवार को बेटे के जनाजे में शामिल होने के लिए मैजिस्ट्रेट से इजाजत मांगी थी.

    उनके वकील मनीष खन्ना ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शुक्रवार को आंबेडकर जयंती की छुट्टी होने के कारण अतीक़ अहमद के आवेदन को रिमांड मैजिस्ट्रेट के पास भेज दिया गया. शनिवार को सीजीएम कोर्ट में इससे पहले कि अतीक़ के आवेदन पर सुनवाई होती, असद को सुपुर्द-ए-ख़ाक़ कर दिया गया.

    असद और उनके सहयोगी ग़ुलाम दोनों ही उमेश पाल मर्डर केस में वॉन्टेड थे. झांसी के पास गुरुवार को यूपी एसटीएफ़ के साथ मुठभेड़ में उनकी मौत हो गई.

    अतीक़ अहमद के पांच बेटों में असद तीसरे नंबर पर थे. उमेश पाल हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस उन्हें तलाश रही थी और वे छुप रहे थे.

    अतीक़ अहमद के अन्य बेटों में उनके बड़े बेटे उमर लखनऊ जेल में बंद हैं जबकि दूसरे बेटे अली नैनी सेंट्रल जेल में. उन दोनों पर अलग-अलग मामलों में शामिल होने का आरोप है.

    चौथे बेटे अहजम और सबसे छोटे अबान को प्रयागराज के जुवेनाइल होम में बंद रखा गया है.

    एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि अतीक़ अहमद के माता-पिता को भी इसी कब्रिस्तान में दफनाया गया था.

  10. ये जूते करीब 18 करोड़ रुपये के हैं, क्या है इनमें ख़ास?

    आपने शायद अब तक 5000, 10000 या 15000 रुपये तक के जूते लिए होंगे. लेकिन ये जूते जो आप देख रहे हैं इनकी कीमत लगभग 18 करोड़ रुपये है.

    ये कोई आम जूते नहीं हैं, इन्हें एक बेहद ख़ास शख़्स ने पहना है. ये जूते बास्केटबॉल की दुनिया के महान खिलाड़ी माइकल जॉर्डन के हैं.

    उन्होंने ये जूते 1998 के एनबीए फ़ाइनल्स में पहने थे. हाल ही में इन जूतों को नीलामी के लिए रखा गया. जहां इनकी कीमत 2.2 मिलियन डॉलर तक पहुंची.

  11. भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.30 अरब डॉलर बढ़कर 584.75 अरब डॉलर पर पहुंचा

    भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले सप्ताह बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सात अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 6.306 अरब डॉलर बढ़ कर 584.755 अरब डॉलर पर पहुंच गया.

    हालांकि इसके पिछले सप्ताह के दौरान इसमें 32.9 करोड़ डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी और यह 578.45 अरब डॉलर पर पहुंच गया था..

    अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर 645 अरब डॉलर के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था.

    रुपये में लगातार गिरावट को थामने के लिए डॉलर की खरीदारी की वजह से विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है और ये अपने सर्वोच्च स्तर से गिरा है.

    सात अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में रिजर्व के अहम हिस्से फॉरन करेंसी एसेट में 4.74अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और ये 514.431 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.

  12. अतीक़ अहमद के बेटे की 'एनकाउंटर' में मौत

    प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में नामजद और बाहुबली नेता अतीक़ अहमद के बेटे असद अहमद को झांसी में एक पुलिस एनकाउंटर में मार दिया गया है.

    इस मामले के एक अन्य अभियुक्त ग़ुलाम मोहम्मद की भी इस एनकाउंटर में मौत हो गई उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस को इन दोनों अभियुक्तों की तलाश थी.

    इन दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम रखा गया था.

  13. सतीश कौशिक की बेटी वंशिका का अपने पिता के नाम पत्र

    "पापा, मुझे पता है कि आप हमारे बीच नहीं रहे. लेकिन मैं आपको बताना चाहती हूं कि मैं आपके लिए हमेशा रहूंगी. आप के दोस्तों ने मुझे मज़बूत होना सिखाया है लेकिन मैं आपके बिना नहीं रह सकती. मैं आपको बहुत याद करती हूं. अगर मुझे पता होता कि ऐसा हो जाएगा तो मैं ज़्यादा से ज़्यादा वक्त आपके साथ बिताने के लिए स्कूल नहीं जाती... काश मैं आपको एक बार और गले लगा पाती. काश! फ़िल्मों जैसा जादू हो जाता और आप जिंदा हो जाते..."

    अनुपम खेर ने फ़ेसबुक पर एक कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वंशिका यह लेटर पढ़ती हैं.

    यह मौका सतीश कौशिक के जन्मदिन का था.

    खेर ने कैप्शन में लिखा है कि वंशिका ने अपने पिता (सतीश कौशिक) के निधन पर बंद लिफ़ाफ़े में उन्हें यह लेटर यह कहते हुए दिया था कि इसे मेरे पिता की चिता पर रख दीजिएगा.

    उन्होंने लिखा, "मैंने ऐसा ही किया लेकिन साथ में वंशिका से इस चिट्ठी की फ़ोटो भी लेने को कहा था."

  14. बीबीसी, ट्विटर और ऑफिस में सोने पर क्या बोले एलन मस्क?

    अक्सर सुर्ख़ियों में रहने वाले ट्विटर के मालिक और टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने बीबीसी के नॉर्थ अमेरिका संपादक जेम्स क्लेटन को दिए ख़ास इंटरव्यू में कहा है कि वो बीबीसी का बहुत सम्मान करते हैं.

    ट्विटर मुख्यालय में हुए इस इंटरव्यू के लिए मस्क ने आख़िरी समय पर हामी भरी थी.

    लाखों यूज़र्स ने इस इंटरव्यू को ट्विटर पर लाइव देखा.

    इस दौरान उन्होंने ट्विटर और अमेरिकी चुनावों से लेकर डीप फ़ेक और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस की बात की.

  15. बिहार: वैशाली ज़िले में दलित नेता की हत्या के बाद तनाव, समर्थकों ने थाने पर किया हमला

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार के वैशाली ज़िले में एक दलित नेता राकेश पासवान की हत्या के बाद से लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और दलित नेता के समर्थक आमने-सामने आ गए.

    वो राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़ाव रखने के साथ ही 'दलित सेना' के राष्ट्रीय सचिव भी थे.

    राकेश पासवान की मौत के अगले दिन उग्र समर्थकों ने जहां लालगंज थाने में उत्पात मचाया, वहीं लालगंज बाज़ार में भी तोड़फोड़ की.

    पुलिस ने हालात काबू करने के लिए हल्के बल प्रयोग की बात कही है.

    दलित नेता की हत्या से क्षुब्ध समर्थकों ने लालगंज थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार की गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने के बाद पोखर में धकेल दिया.

    साथ ही थाने के और भी वाहनों को नुक़सान पहुंचाया.

    घटना 13 अप्रैल शाम पांच बजे के आसपास की है.

    बिगड़ती स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाक़े में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

    मौके पर पहुंचे वैशाली ज़िले के पुलिस अधीक्षक रवि रंजन कुमार ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, "लालगंज थाना क्षेत्र के पंचदमिया गाँव में शाम 5 बजे राकेश पासवान नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई."

    "सूचना मिलते ही इस मामले की पड़ताल के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है. पुलिस दोषियों को पकड़ने के लिए तत्पर है."

    उन्होंने आगे कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एक ओर जहां भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं ज़िलाधिकारी के साथ वे खुद मौके पर कैम्प कर रहे हैं. स्थिति अब नियंत्रण में है.

    दलित नेता की हत्या के बाद जमुई के सांसद चिराग पासवान शोकाकुल परिजनों से मिलने कल उनके घर पहुंचे थे.

    उन्होंने वहीं से पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर दोषियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की.

    वहीं, रालोजपा नेता और मंत्री पशुपति पारस राकेश की अंत्येष्टि के लिए उनके गाँव पहुंचे थे.

    पशुपति पारस ने राकेश पासवान की अंतिम यात्रा में शामिल होते हुए ट्विटर पर लिखा कि दलित सेना के राष्ट्रीय सचिव व बाबा साहेब आंबेडकर के सच्चे सपूत राकेश पासवान की अंतिम यात्रा के लिए लालगंज (जहानाबाद बसंता घाट) पहुँचकर उन्हें नम आँखों से श्रद्धांजलि दी.

  16. बीटेक छात्र ने बना दिया ये अनोखा रोबो रिक्शा

    यह रोबो रिक्शा सूरत के एक यूथ-ग्रुप ने तैयार किया है. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.

    आइए उन लोगों से मिलते हैं, जिन लोगों ने इस बेहद अनूठे प्रोजेक्ट को तैयार किया है.

    शिवम और उनके दोस्तों को आख़िर ये रोबोट बनाने का आइडिया आया कैसे? उन्हें इस रोबोट को प्लान करने और इसका डिज़ाइन तैयार करने में कितने दिन लगे?

    वीडियो: धर्मेश अमिन, सुमित वैद

  17. देश में कोरोना संक्रमण के 10,753 नए मामले, पिछले चौबीस घंटों में 27 मौतें

    देश भर में कोविड-19 के 10,753 नए केस सामने आए हैं. शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अपडेट में इसकी जानकारी दी है.

    इस अपडेट में कहा गया है कि अब तक देश भर में कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर 53,720 हो गई है.

    संक्रमण से पिछले चौबीस घंटों में 27 मौतें हुई हैं. अब तक देश भर में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 5,31,091 हो गई है.

    पिछले चौबीस घंटों में सबसे ज्यादा मौतें दिल्ली में हुई हैं. दिल्ली में छह मौतें हुई हैं और महाराष्ट्र में चार.

    राजस्थान में तीन और छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक-एक मौत हुई है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सूचना के मुताबिक़ रोजाना पॉजिटिविटी रेट 6.78 पर पहुंच गया है. जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 4.49 पर पहुंच गया है.

  18. रूस यूक्रेन: मैदानी जंग के बीच इंटरनेट पर ऐसे चल रही एक और जंग

    बीते साल रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ 'विशेष सैन्य अभियान' छेड़ने की घोषणा की जिसके बाद दोनों मुल्कों के बीच भीषण जंग शुरू हो गई.

    लेकिन मैदानी जंग के अलावा इंटरनेट पर दोनों मुल्कों के हैकर्स के बीच और जंग चल रही थी जो कई लोगों को दिखाई नहीं दे रही थी. हालांकि ये जंग भी ज़मीनी जंग की ही तरह बेहद गंभीर थी.

    दोनों देशों के हैकर्स ने एकदूसरे पर साइबर हमले शुरू कर दिए.

    कई ख़ुफ़िया वेबसाइट्स को हैक करने की कोशिशें की जाने लगीं और मीडिया संस्थानों की वेबसाइट पर भी हमले होने लगे.

    बीबीसी संवाददाता जो टाइडी ने यूक्रेन जाकर उन लोगों से बात की जो रूस के साथ जारी इस साइबर वॉर में यूक्रेन का मोर्चा संभाले हुए हैं.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, महाराष्ट्र: पुराने पुणे-मुंबई हाईवे पर निजी बस खाई में गिरी, कम से कम 13 की मौत

    पुराने पुणे-मुंबई हाईवे पर शिंग्रोबा मंदिर के पीछे एक निजी बस के खाई में गिरने की घटना हुई है.

    बचाव दल के एक कर्मचारी ने पीटीआई को बताया कि हादसे में कम से कम 13 लोगों के मारे जाने की आशंका है.

    कर्मचारी ने यह भी संभावना जताई है कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    बताया जा रहा है कि बस में 40 से 45 लोग सवार थे.

    बचाव दल का कहना है कि अभी बस में फंसे यात्रियों को निकालने का काम भी जारी है.

    घायल यात्रियों को खोपोली नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

  20. फ्रांस: पेंशन के लिए बढ़ाई गई उम्र सीमा, देश भर में प्रदर्शन और आगज़नी

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर दिया है, जिसमें पेंशन के लिए उम्र सीमा 62 से बढ़ा कर 64 साल कर दी गई.

    फ्रांस की शीर्ष संवैधानिक परिषद ने इस बदलाव को मंजूरी दे दी है. संवैधानिक परिषद ने इस मामले पर जनमत सर्वेक्षण कराने की विपक्ष की मांग खारिज कर दी.

    काउंसिल के इस फ़ैसले के बाद फ्रांस में विरोध प्रदर्शन और तेज़ हो गया. प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर आग लगा दी.

    हिंसा भड़काने के आरोप में 112 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. फ्रांस में ट्रेड यूनियनों ने सरकार के इस फ़ैसले का विरोध और तेज करने का आह्वान किया है. उन्होंने 1 मई को लोगों से सड़क पर उतरने को कहा है.

    राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने तर्क दिया है कि पेंशन सिस्टम को ध्वस्त होने से बचाने के लिए इसमें सुधार ज़रूरी है.

    मार्च में सरकार ने एक विशेष संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करते हुए इस परिवर्तन को लागू किया था.

    इसके लिए वोटिंग नहीं की गई. शनिवार की सुबह उन्होंने इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर इसे क़ानून में तब्दील कर दिया.