टाइम मैगज़ीन: दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में शाहरुख़ और राजामौली शामिल
भारतीय फ़िल्म अभिनेता शाहरुख़ ख़ान और फ़िल्म निर्देशक एस. एस. राजामौली टाइम मैगज़ीन के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किए गए हैं. इस सूची में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स, सिंगर बेयोंसे भी शामिल हैं.
इस सूची में शाहरुख़ ख़ान की प्रोफ़ाइल अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने लिखी है. जो इस तरह है,'' शाहरुख़ ख़ान से पहली मुलाकात मैं कभी भूल नहीं पाऊंगी. तब से अब तक 16 साल बीत चुके हैं''.
''शाहरुख़ ख़ान हमेशा बेहतरीन अभिनेताओं में से एक के रूप में जाने जाएंगे. लेकिन उनकी सबसे ख़ास बात है उनका दिल-ओ-दिमाग़. उनकी नेकी और उदारता. यह सूची लंबी है...उन्हें क़रीब से जानने वालों को पता है कि ये 150 शब्द उनके व्यक्तित्व के बारे में बताने के लिए काफ़ी नहीं हैं.''
इससे पहले शाहरुख़ ख़ान टाइम100 रीडर पोल में टॉप पर आए थे. इसमें लोगों ने दुनिया के 100 प्रभावी लोगों की सूची में शाहरुख़ ख़ान को टॉप पर रखा था.