You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भूटान के राजा से मिलकर एस जयशंकर ने क्या कहा?

शाम को भूटानी किंग से मुलाक़ात के बाद जयशंकर ने कहा कि 'यह दौरा भारत और भूटान की अनोखी साझेदारी को और मजबूत करेगा.'

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे

  1. ब्रिटेन की गृह मंत्री ने ब्रिटिश पाकिस्तानी पुरुषों के लिए की ऐसी टिप्पणी

    ब्रिटेन की गृहमंत्री सुलेला ब्रेवरमैन ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा है कि ब्रिटिश पाकिस्तानी मर्दों का गैंग गोरी लड़कियां, जिन्हें गुमराह करना आसान होता है, उनकी परिस्थिति का फ़ायदा उठाकर उन्हें निशाना बनाते हैं.

    स्काई न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में ब्रेवरमैन ने कहा, “जो हम देख रहे हैं, ये एक प्रैक्टिस है कि गोरी अंग्रेज़ लड़कियां जो किसी तरह की चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में होती हैं, जिन्हें गुमराह करना आसान है, उन्हें ब्रिटिश-पाकिस्तानी मर्दों के गैंग ड्रग्स देते हैं, उनका रेप करते हैं और फ़ायदा उठाते हैं. हमने देखा है कि राज्य की एजेंसियां- पुलिस और समाजिक कार्यकर्ता भी ऐसे मामलों में पीड़ितों से नज़र फेर लेते हैं.”

    “ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें नस्लभेदी कहलाए जाने का डर होता है और वो राजनीतिक विवाद पैदा करने से बचते हैं. इसका नतीजा ये होता है कि हज़ारों बच्चों का बचपन छिन जाता है. कई ऐसे मुजरिम हैं जो एक के बाद एक ऐसे लोगों को प्रताड़ित करते रहते हैं. ये प्रशासन की ज़िम्मेदारी है कि ऐसे लोगों को बिना डर और पक्षपात के ट्रैक करे और लोगों के न्याय दिलाए.”

    बीते साल अक्टूबर में उन्होंने ब्रिटेन में आने वाले भारतीयों की संख्या पर भी बयान देते हुए कहा था कि भारत के साथ व्यापार समझौते की वजह से ब्रिटेन में आने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ सकती है और इससे ब्रेग्ज़िट के मक़सद को भी नुक़सान पहुँच सकता है.

    उस समय एक इंटरव्यू में ही उन्होंने कहा था, “ब्रिटेन में वीज़ा समाप्त होने के बाद सबसे ज़्यादा भारतीय प्रवासी ही रहते हैं. छात्रों और कारोबारियों के लिए कुछ नरमी बरती जा सकती है लेकिन इसके नकरात्मक असर भी हैं”

    विवादित इमिग्रेशन बिल

    इसके अलावा इंग्लिश चैनल को पार कर ब्रिटेन में घुसने वाली छोटी नावों को रोकने के लिए ब्रिटिश सरकार नया इमिग्रेशन बिल ला रही है.

    ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने हाल ही में कहा था कि उनका काम दक्षिणी तट पर 'नावों के ज़रिए होने वाले आक्रमण को रोकना है.'

    उन्होंने कहा था, "जब तक नौकाएं आती रहेंगी, समुद्र में लोग मरते रहेंगे, ऐसे में सबसे सभ्य, मानवीय और दया की चीज जो आप कर सकते हैं वो है नावों को रोकना."

    इन बिल के मुताबिक़ ब्रिटेन सरकार अवैध रूप से आने वाले लोगों को उनके देश में वापस भेजना चाहेगी, नहीं तो शरण मांगने वालों को थर्ड वर्ल्ड के किसी देश में भेजा जाएगा, जो शरणार्थियों को लेने के लिए तैयार हैं.

    इसमें अठारह साल के कम उम्र के बच्चे, जो स्वास्थ्य कारणों से विमान यात्रा नहीं कर सकते या जिस देश से उन्हें निकाला जा रहा है वहां उनकी जान को गंभीर खतरा है तो उन्हें देश से बाहर ले जाने का समय दिया जाएगा.

    अब तक रवांडा एकमात्र देश है जो प्रवासियों को लेने के लिए सहमत हुआ है. पहले साल वहां 200 लोगों को भेजा जाना था लेकिन कानूनी चुनौतियों के चलते अभी तक वहां कोई नहीं जा सका है.

  2. सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सहरी के वक़्त एक ख़ास मेहमान से मिले

    मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फ़ताह अल-सीसी सोमवार सुबह सऊदी अरब पहुँचे. जेद्दा एयरपोर्ट पर अल-सीसी के स्वागत में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान खड़े थे.

    अल-सीसी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस रमज़ान में सहरी के वक़्त मिले. दोनों नेताओं ने सऊदी अरब और मिस्र के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की. सऊदी की सरकारी समाचार एजेंसी एसपीए के अनुसार, दोनों नेताओं ने बैठक में आपसी सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया.

    मिस्र और सऊदी अरब के दोनों नेताओं ने मौजूदा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात के अलावा पारस्परिक मुद्दों पर बात की. कुछ ही घंटों के बाद अल-सीसी वापस चले गए.

    सऊदी अरब लंबे समय से मिस्र को वित्तीय मदद पहुँचाता रहा है लेकिन हाल ही में सऊदी ने संकेत दिया था कि वह अब बिना शर्त किसी को मदद नहीं करेगा.

    सऊदी के इस फ़ैसले को मिस्र और पाकिस्तान के लिए झटके के रूप में देखा गया था. अल-सीसी के दौरे को मध्य-पूर्व के इस्लामिक देशों में जारी नई मेलजोल की नीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है. ईरान और सऊदी अरब राजयनियक संबंध बहाल करने जा रहे हैं. सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने यूएई का दौरा किया था. रॉयटर्स के अनुसार, बशर अल असद सऊदी का भी दौरा कर सकते हैं.

    सऊदी अरब और उसके खाड़ी के सहयोगी देश मिस्र में अल सीसी के सत्ता में आने के बाद से कई बार मदद कर चुके हैं. एक दशक पहले मुस्लिम ब्रदरहुड के मोहम्मद मुर्सी को सत्ता से बेदखल कर अल सीसी सत्ता में आए थे.

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से मिस्र आर्थिक बदहाली से जूझ रहा है. लेकिन मिस्र को हर मुश्किल से सऊदी अरब, यूएई और क़तर निकालते रहे हैं. पिछले साल दिसंबर में ही मिस्र ने अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष से तीन अरब डॉलर के क़र्ज़ के लिए समझौता किया था.

  3. केरल: ट्रेन में सीट पर हुई लड़ाई को लेकर यात्री ने लगाई आग, तीन लोगों की मौत

    केरल के कोझिकोड में एक साल के बच्चे सहित तीन लोग रेलवे ट्रैक पर मृत पाए गए हैं. इसके अलावा आठ लोग घायल हुए हैं.

    ये हादसा तब हुआ, जब कथित तौर पर एक शख़्स ने अपने साथी यात्री को आग दी.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, घटना रविवार रात क़रीब नौ बजकर 45 मिनट पर हुई जब अलप्पुझा-कन्नूर एग्जिक्यूटिव एक्सप्रेस कोझिकोड शहर को पार करने के बाद कोरापुझा रेलवे पुल पर पहुंची थी.

    इसी दौरान ट्रेन की सीट में बैठने को लेकर दो लोगों में लड़ाई हो गई और एक शख़्स ने दूसरे यात्री को आग लगा दी.

    जब यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींची तो ट्रेन की रफ़्तार धीमी होने पर आग लगाने वाला संदिग्ध फ़रार हो गया. उन्होंने बताया कि संदिग्ध शख़्स की पहचान नहीं हो पाई है.

    मीडिया से बात करते हुए पुलिस ने बताया, “कोरापुझा के पास ट्रैक पर निरीक्षण के दौरान सोमवार तड़के पुलिस को तीन शव मिले. प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि डिब्बे में आग लगने के कारण ये तीन लोग दहशत में ट्रेन से कूदे होंगे.”

    इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, कोझिकोड शहर के पुलिस आयुक्त राजपाल मीणा ने मीडिया को बताया कि “मामले में आठ यात्री भी झुलस गए हैं.हमने जांच शुरू कर दी है और अलग-अलग सुरागों पर काम कर रहे हैं.”

  4. फ़िनलैंड: सना मरीन को हरा कर कंज़र्वेटिव नेता पेटरी ओर्पो ने जीता प्रधानमंत्री चुनाव

    फ़िनलैंड के कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता पेटरी ओर्पो ने वर्तमान प्रधानमंत्री सना मरीन को हरा कर कांटे की टक्कर वाला प्रधानमंत्री चुनाव जीत लिया है.

    जीत के बाद ओर्पो ने कहा- “ हमें सबसे बड़ा जनादेश मिला है.”

    तीन दिनों तक चली प्रधानमंत्री पद की रेस पल-पल बदलती रही. पहले वोटों की गिनती में सना मरीन आगे थीं. फिर पासा पलटा और कंज़र्वेटिव पार्टी आगे निकल गई.

    ओर्पो को 20.8 फ़ीसदी वोट मिले हैं, फ़िनलैंड की पॉपुलिस्ट पार्टी को 20.1 फ़ीसदी वोट मिले हैं. डेमोक्रैट नेता सना मरीन की पार्टी को 19.9 फ़ीसदी वोट मिला है.

    लेकिन सना मरीन को सबसे ज़्यादा पोल रेटिंग मिली है और फ़िनलैंड को नेटो में शामिल कराने और देश का कोविड -19 के दौरान कुशल नेतृत्व करने के लिए उनकी प्रशंसा की गई.

    कंज़र्वेटिव नेता ओर्पो ने जैसी ही जीत का दावा किया सना मरीन ने जनादेश स्वीकार करते हुए उन्हें बधाई दी.

    उन्होंने कहा-“चुनाव के विजेता को बधाई, नेशनल कोएलिशन पार्टी को बधाई, फ़िन्स पार्टी को बधाई. ये लोकतंत्र का जवाब है.”

  5. विदेश मंत्री जयशंकर बोले- तिरंगे को नीचे किया जाना भारत बर्दाश्त नहीं करेगा

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि भारत ऐसा देश नहीं है जो अपने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को बर्दाश्त कर लेगा.

    लंदन में बीते महीने भारतीय उच्चायोग के सामने खालिस्तान के समर्थन में प्रदर्शन किए गए और भारतीय तिरंगे की जगह खालिस्तानी झंडा फ़हराने की कोशिश की गई.

    इस घटना का ज़िक्र करते हुए जयशंकर ने कहा, “दूतावास की इमारत पर तुरंत पहले से भी बड़ा झंडा लगाया गया और इससे खालिस्तानियों और ब्रिटेन को एक संदेश दिया गया.”

    उन्होंने कहा, “आपने बीते कुछ दिनों में देखा होगा लंदन में, कनाडा में, ऑस्ट्रेलिया और सैन फ्रांसिस्को से घटनाएं सामने आईं. ये वो भारत नहीं है जो अपने तिरंगे को नीचे किए जाने को बर्दाश्त कर लेगा.”

    लंदन में हुई घटना पर विस्तार से बात करते हुए उन्होंने कहा, “जैसे ही लंदन के उच्चायोग पर ये घटना हुई, सबसे पहले हमारे उच्चायुक्त ने पहले से भी बड़ा झंडा वहां फहराया. ये सिर्फ़ तथाकथित खालिस्तान समर्थकों को स्टेटमेंट देने के लिए नहीं किया गया बल्कि ब्रितानियों को भी ये स्टेटमेंट देने के लिए किया गया कि अगर कोई हमारे तिरंगे का अपमान करने की कोशिश करता है तो हम इससे और बड़ा तिरंगा लगाएंगे. आज का भारत अलग भारत है जो ज़िम्मेदार तो है ही लेकिन बेहद दृढ भी है.”

    19 मार्च को प्रदर्शनकरियों के एक समूह ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के सामने प्रदर्शन किया था. इस दौरान खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए गए और भारतीय तिरंगे को नीचे कर दिया गया था.

    इस मामले में केस दर्ज किया गया है और एक शख्स की गिरफ़्तारी भी की गई है.

  6. पश्चिम बंगाल: हुगली हिंसा में बीजेपी विधायक सहित कई पुलिसकर्मी घायल, इंटरनेट सेवा सस्पेंड

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले के रिसड़ा में रविवार शाम को भाजपा की शोभायात्रा पर हुए कथित पथराव के बाद हुई आगजनी और हिंसा में पार्टी के खानाकुल से विधायक विमान घोष घायल हो गए हैं.

    पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया, “विमान घोष को सिर में चोट आई है और उन्हें उत्तरपाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनको टांके लगे हैं. इस पथराव में रिसड़ा थाने के कुछ पुलिस वाले भी घायल हुए हैं.''

    राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस ने देर रात इस घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की. राजभवन की ओर से जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि क़ानून तोड़ने वालों से सख़्ती से निपटा जाएगा.

    रविवार की हिंसा के बाद इलाक़े में भारी तादाद में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. इलाक़े में अब भी तनाव बरक़रार है. एहतियात के तौर पर रिसड़ा इलाके़ में रविवार रात 10 बजे से ही 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं.

    चंदन नगर के पुलिस आयुक्त अमित जवालगी ने बताया, "इलाके़ में धारा 144 लागू कर दी गई है. हालात अब नियंत्रण में हैं."

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेज कर पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था के मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.

    वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर जानबूझकर राज्य में अशांति फैलाने का आरोप लगाया है.

    पार्टी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, "भाजपा ने सुनियोजित तरीक़े से इस घटना को अंजाम दिया है. जुलूस में शामिल लोगों को बाहर से लाया गया था."

  7. केजरीवाल पर हिमंत बिस्वा सरमा का पलटवार- असम का हर गांव दिल्ली की झुग्गी से बेहतर

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक हमले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार करते हुए कहा है कि असम के हर गांव की हालत दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी से बेहतर है.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “उन्होंने मुझे मुझे घर आने का न्योता दिया है, मैं जाऊंगा और फिर उन्हें दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी लेकर भी जाऊंगा. हमारे हर गांव की हालत उनकी झुग्गी-झोपड़ी से अच्छी है. दिल्ली में मैं ख़ुद चुनावी कैंपन में रहा हूं. दिल्ली में 60-70 फ़ीसदी लोग नर्क में रहते हैं. असम तो स्वर्ग है.”

    “जो दिल्ली हम देखते हैं- असम हाउस, महाराष्ट्र भवन... वह असली दिल्ली नहीं है. जो असली दिल्ली है वो 70 फ़ीसदी लोगों की है, जो झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं, जहां पानी भी नहीं है. घरों के सामने बड़े-बड़े पानी के टैंकर लगते हैं.”

    “मैंने तो ख़ुद देखा है. तो उनके न्योते पर हम दिल्ली जाएंगे, लेकिन वहां जहां हम जाना चाहते हैं, जहां आप ले जाएंगे, वहां नहीं.”

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने असम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार 2016 में बनी और दिल्ली में हमारी सरकार 2015 में बनी. लेकिन हमने दिल्ली का विकास किया और उन्होंने गंदी राजनीति की.

    अरविंद केजरीवाल ने हिमंत बिस्वा सरमा को लंच पर आने का न्योता भी दिया था.

  8. ट्रंप के वकील ने बताया- कोर्ट में सुनवाई के लिए ‘कस ली है कमर’

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को होने वाली कोर्ट की सुनवाई के लिए ‘कमर कस ली है.’ ये बात उनके वकील ने बताई है.

    माना जा रहा है कि सुनवाई के लिए ट्रंप सोमवार को फ्लोरिडा स्थित अपने आवास से न्यूयॉर्क शहर पहुंचेंगे. न्यूयॉर्क की ग्रैंड ज्यूरी एक पोर्न स्टार का मुंह बंद रखने के लिए ट्रंप की ओर से दिए गए पैसे के मामले में सुनवाई करेगी.

    ट्रंप की योजना है कि वह सुनवाई के बाद फ्लोरिडा वापस आएंगे और फिर अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे.

    ट्रंप खुद पर लगे आरोपों का लगातार खंडन कर रहे हैं.

    उनके वकील जो टाकोपिना का कहना कि पूर्व राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ लग रहे किसी भी आरोप का मज़बूती से मुकाबला किया जाएगा.

    रविवार को अमेरिकी चैनल एबीसी को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा- “ ट्रंप वह शख़्स हैं जो इस लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार होंगे. हम इस लड़ाई के लिए तैयार हैं और मैं उन्हें इस मामले में जल्द से जल्द बरी कराने के लिए उत्सुक हूं.”

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ ये मामला एक बिजनेस फ्रॉड से जुड़ा है. आरोप के मुताबिक साल 2016 में ट्रंप की ओर से पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को 1 लाख 30 हज़ार डॉलर दिए गए थे ताकि वह ट्रंप के साथ अपने कथित अफ़ेयर को लेकर मुंह बंद रखें. इस मामले में ट्रंप पर 30 आरोप तय किए जाएंगे.

    उनके ख़िलाफ़ जो आरोप लगाए गए हैं, वो अभी सीलबंद हैं. मंगलवार को अदालती प्रक्रिया के दौरान इन्हें औपचारिक तौर अदालत के सामने पेश किया जाएगा.

    कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर चैनल सीबीएस न्यूज़ को बताया है कि ट्रंप को न्यूयॉर्क जाने के रास्ते में अमेरिका की सीक्रेट सर्विस के सदस्यों की ओर से सिक्योरिटी दी जाएगी.

  9. नमस्ते!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 02 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.

    • डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के पहले ऐसे पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं जिन पर आपराधिक आरोप तय किए जाएंगे. मंगलवार को न्यूयॉर्क की कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई होगी.
    • राहुल गांधी को लेकर अमेरिका और जर्मनी से आई प्रतिक्रिया पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा- दूसरे देशों के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने की पश्चिमी देशों की बुरी आदत है.
    • पश्चिम बंगाल में रामनवमी के जुलूस पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं.रविवार को हुगली में भाजपा की ओर से आयोजित शोभायात्रा के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हुई.
    • रविवार को आईपीएल में दो मैच खेले गए. पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को हराया. दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को मात दी.