सोचिए कि आप बिना किसी ख़ास प्लानिंग के एक साधारण से मेटल डिटेक्टर
को लेकर घूम रहे हों.
तभी आपको बीप-बीप की आवाज़ आए और जहां से ये आवाज़ आ रही हो वहां थोड़ा तलाशने पर आपको लगभग ढाई किलो सोना मिल जाए.
कीमत- लगभग एक करोड़ 31 लाख रुपये.
आपका ये विचार अब ऑस्ट्रेलिया में एक आदमी की हक़ीक़त है.
ऑस्ट्रेलिया के इस शख़्स को ये सोना विक्टोरिया की गोल्ड फील्ड में मिला है. ये जगह साल 1800 के दौर में सोने का ख़जाना थी.
नाम ना छापने की शर्त पर इस शख़्स ने बताया कि उसे ये सोना लगभग साढ़े चार किलो के पत्थर में मिला है.
इस सोने वाले पत्थर को ख़रीदने वाले हैरेन कैंप ने कहा कि बीते 43 सालों में उन्होंने ऐसी कोई चीज़ नहीं देखी थी.
कैंप ने बीबीसी से कहा, ''मैं हैरान था. ज़िंदगी में एक ही बार ऐसा कुछ होता है.''
कैंप ने बताया, ''मेरी दुकान में अकसर लोग ऐसा पत्थर लेकर आते थे, जो सोने जैसा दिखता था. लेकिन जब ये शख़्स आया और मैंने जांचा परखा तो पाया कि ये लगभग ढाई किलो सोना है.''
जिस शख़्स को ये सोना मिला था, उसे जब इसकी कीमत के बारे में बताया गया तो वो बोला- बीवी ख़ुश हो जाएगी.
ऑस्ट्रेलिया में इस तरह सोना मिलने की घटनाएं ना के बराबर होती हैं.
हालांकि एक अनुमान के मुताबिक़, दुनिया में सबसे ज़्यादा गोल्ड रिज़र्व ऑस्ट्रेलिया के पास है.