प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले जापानी पीएम किशिदा, जी-7 के लिए दिया न्योता

इमेज स्रोत, ANI
दो दिन के दौरे पर भारत आए जापान के प्रधानमंत्री फ़ुमियो किशिदा ने भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी को जी-7 समिट के लिए आमंत्रित किया है. दोनों नेताओं ने आज दिल्ली के हैदराबाद हाउस मे मुलाकित की.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पीएम मोदी ने किशिदा को न्योते के लिए शुक्रिया कहा है.
पीएम मोदी ने कहा, "आज जापान के पीएम फ़ुमियो किशिदा ने मुझे जी-7 समिट के लिए बुलाया, जो कि मई में हिरोशीमा में होगा. मैंने इसके लिए उनका शुक्रिया कहा."
किशिदा ने कहा कि पीएम ने उनके न्योते को तुरंत ही स्वीकार कर लिया.
किशिदा ने कहा कि वो कि वो फ्री एंड ओपन इंडो पैसिफ़िक (एफ़ओआईपी) के नए प्लान की घोषणा करेंगे.
उन्होंने कहा, "मुझे ये कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मैं भारत की धरती पर, जो कि हमारा एक मज़बूत सहयोगी है, एफ़ओआईपी का नया विज़न सामने रखूंगा."
दोनों ही नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की परेशानियों के बारे में बात की और जी-7 और जी-20 के बीच साझेदारी बढ़ाने पर बात की.
किशिदा ने कहा, "भारत के साथ हमारी आर्थिक साझेदारी सिर्फ़ भारत की तरक्की के लिए ही मदद नहीं करेगी, ये जापान की अर्थव्यवस्था में भी कई नए मौके पैदा करेगी."
दोनों नेताओं ने पर्यटन, कार्बन कम करने समेत कई दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा की.



















