You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पोर्न स्टार से जुड़े मामले में ट्रंप को गिरफ़्तारी का डर, समर्थकों से क्या कहा?

आरोप है कि ट्रंप की ओर से पूर्व पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को चुप रहने के लिए पैसे दिए गए

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. बख़मूत के लिए रूस-यूक्रेन में जारी है भीषण जंग

    यूक्रेन के पूर्वी शहर बख़मूत पर नियंत्रण के लिए रूस और यूक्रेन के सैनिकों में कई दिनों से जंग जारी है.

    इस जंग के बीच यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. बीबीसी को दिए इंटरव्यू में यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने चेतावनी दी है कि जिन देशों ने यूक्रेन के साथ ख़राब व्यवहार किया है, जंग ख़त्म होने के बाद उनकी भी ज़िम्मेदारी तय की जाएगी.

    उन्होंने इस पर भी ज़ोर दिया है कि जो पश्चिमी सहयोगी हथियार देने में देर कर रहे हैं, उस देरी की कीमत यूक्रेन के सैनिकों को अपनी जान देकर चुकानी होगी.

  2. यूट्यूबर मनीष कश्यप ने किया आत्मसमर्पण, बिहार के मजदूरों पर हमले की ख़बरों से चर्चा में आए थे

    बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप ने बिहार पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.

    तमिलनाडु में बिहार के लोगों पर कथित हमले होने की ख़बरों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी.

    बिहार पुलिस ने ट्वीट करके मनीष कश्यप के आत्मसमर्पण की जानकारी दी.

    बिहार पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ''तमिलनाडु में कामकाजी बिहार के निवासियों के लिए असत्य, भ्रामक एवं उन्माद फ़ैलाने वाले वीडियो को प्रसारित करने एवं आर्थिक अपराधथानाकांड सं0 3/23 तथा 4/23 के अभियुक्त मनीष कश्यप ने बिहार पुलिस एवं ईओयू की दबिश के कारण बेतिया के जगदीशपुर थाने में किया आत्मसमर्पण.''

    मनीष कश्यप पर बिहार के लोगों पर हमले की फर्ज़ी ख़बरें फैलाने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि तमिलनाडु में बिहार के लोगों पर हमले की फर्ज़ी ख़बरें फैलाई गई थीं.

  3. मोहन भागवत बोले- 'पूजा के तरीक़े अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही है'

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को चार वेदों में से एक वेद 'सामवेद' के उर्दू अनुवाद का अनावरण किया. ये किसी वेद का अब तक का पहला उर्दू अनुवाद है

    मोहन भागवत ने दिल्ली के लाल किला परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वेदों पर बात की और कहा कि पूजा पद्धति किसी धर्म का एक अंग होती है लेकिन उसका अंतिम लक्ष्य एक ही होता है.

    उन्होंने कहा कि पूजा करने के तरीक़े अलग हो सकते हैं लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही है. किसी को इस तरीक़े को लेकर नहीं लड़ना चाहिए. ये संदेश सभी के लिए प्रासंगिक है और भारत इसे दूसरों तक पहुंचा सकता है.

    ये किसी वेद का अब तक का पहला उर्दू अनुवाद है जिसे मशहूर फ़िल्म निर्देशक इकबाल दुर्रानी ने किया है.

  4. कैंसर का ख़तरा बढ़ाने वाला जीन

    क्या ब्रेस्ट कैंसर और ओवेरियन कैंसर का ख़तरा किसी परिवार के अतीत से जुड़ा हो सकता है?

    स्कॉटलैंड में वैज्ञानिकों ने इस गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है कि ओर्कनी आइलैंड में रहने वाले लोगों और उनके पूर्वजों पर ब्रेस्ट और ओवेरियन कैंसर ख़तरा क्यों अधिक रहा है.

    वैज्ञानिकों ने ओर्कनी में रहने वाले लोगों में, एक ख़ास तरह के जीन का पता लगाया है, जो कैंसर का ख़तरा बढ़ाने के लिए ज़िम्मेदार है.

    बीबीसी संवाददाता लौरा गुडविन की रिपोर्ट.

  5. इमरान ख़ान आज तोशाख़ाना मामले में होंगे कोर्ट में पेश

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान तोशाख़ाना मामले में आज कोर्ट में पेश होंगे. इस मामले में उनके ख़िलाफ़ ग़ैर-जमानती वारंट जारी हुआ था.

    उन्हें 18 मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया था.

    इस मामले की सुनवाई की जगह भी बदल गई है. सुनवाई इस्लामाबाद के सत्र न्यायालय की बजाय अब ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स में होगी.

    तहरीक़-ए-इंसाफ़ पार्टी के प्रमुख ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी. इसी का हवाला देते हुए उन्होंने कोर्ट में हाज़िर होने में असमर्थता जाहिर की थी. इसे देखते हुए सुनवाई की जगह बदल दी गई है.

    वहीं, इमरान ख़ान को लाहौर हाई कोर्ट से शुक्रवार को नौ मामलों में सुरक्षात्मक जमानत भी दी गई है.

    इमरान ख़ान के वकील ने कोर्ट से कहा था कि "अगर उन्हें 15 दिन दिए गए, तो वो सभी मामलों में पेश होने की कोशिश करेंगे."

    इमरान ख़ान ने कोर्ट से कहा, "मेरे चुनावी कैंपेन पर असर पड़ा है. पहले किसी भी दूसरे नेता के साथ ऐसा बर्ताव नहीं किया गया. आपने (कोर्ट) ने हमें बचाया है."

    कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक के लिए बेल दे दी है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने की यूट्यूब पर वापसी, कहा- आई एम बैक!

    अपने यूट्यूब चैनल से दो साल ग़ायब रहने के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यूट्यूब पर वापसी की है.

    उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल और अपने फ़ेसबुक पन्ने पर 11 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने लिखा, "आई एम बैक!"

    ये वीडियो उनकी एक चुनावी रैली का है जिसमें वो कह रहे हैं, "आपको इंतज़ार कराने के लिए माफ़ी, ये जटिल मामला है."

    साल 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनावों में हार के बाद उनके समर्थकों ने वॉशिंगटन में मौजूद कैपिटल बिल्डिंग पर हमला बोल दिया था, जिसके बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को फ्रीज़ कर दिया गया था. उन पर आरोप था कि उन्होंने अपने समर्थकों को हमला करने के लिए सोशल मीडिया के ज़रिए उन्हें भड़काया.

    माना जा रहा है कि वो एक बार फिर राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, इसी के मद्देनज़र उन्हें फिर से सोशल मीडिया पर आने की इजाज़त दी गई है.

    यूट्यूब ने कहा है कि वोटर को चुनाव लड़ रहे सभी मुख्य उम्मीदवारों की बात सुनने का हक़ है.

    इसी साल जनवरी में ट्रंप ने फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी वापसी की थी. बीते साल नवंबर में उनका ट्विटर अकाउंट भी फिर से बहाल कर दिया गया था.

    अमेरिकी सिविल लिबर्टीज़ यूनियन ने इस फ़ैसले का स्वागत किया है. हालांकि, मीडिया मैटर्स जैसे कुछ एडवोकेसी ग्रुप्स ने इसकी आलोचना की है और कहा है कि इससे सार्वजनिक सुरक्षा के लिए ख़तरा हो सकता है, मेटा (फ़ेसबुक की कंपनी) इस बात को नज़रअंदाज़ कर रही है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 17 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीते कल देश दुनिया में क्या कुछ हुआ, उस पर एक नज़र-

    • इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ख़िलाफ़ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. पुतिन पर युद्ध अपराधों का अभियोग लगाया है.
    • रूस ने धमकी दी है कि वो यूक्रेन को विदेशों से मिलने वाले हर लड़ाकू विमान को तबाह कर देगा.
    • चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले हफ़्ते मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करेंगे. रूस ने कहा है कि दोनों "व्यापक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग" को लेकर चर्चा करेंगे.
    • भारत में ईरान के राजदूत इराज इलाही ने कहा है कि ईरान और सऊदी अरब के बीच राजनयिक संबंध फिर से बहाल करने को लेकर चीन की मध्यस्थता से हुए समझौते से भारत को चिंतित नहीं होना चाहिए. ये भारत के हितों के लिए भी फायदेमंद होगा.
    • कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने पीएम नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ राज्य सभा में विशेषाधिकार प्रस्ताव पेश किया है. उन्होंने पीएम पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के ख़िलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाया है.
    • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैंचों की सीरिज़ के पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया है.