You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पुलिस से कहा, इमरान ख़ान को पेशी तक गिरफ़्तार न करें

इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पुलिस से कहा है कि वो इमरान ख़ान को कल अदालत में हाज़िर होने से पहले गिरफ़्तार न करे.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and शुभम किशोर

  1. कमाल की हैं ये 88 साल की दादी

    इनकी उम्र भले ही 88 साल है, लेकिन जज़्बा नौजवानों जैसा है.

    पद्मा पारिख की बनाई डॉल और सजावट का समान ख़रीदने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी ऑर्डर आते हैं.

    देखिए सागर पटेल और पार्थ पांडेय की ये रिपोर्ट.

  2. विवेक अग्निहोत्री को दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया ये आदेश, क्या है मामला

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    दिल्ली हाई कोर्ट ने फ़िल्मकार विवेक अग्निहोत्री को अदालत की अवमानना के एक केस में दस अप्रैल को कोर्ट में व्यक्तिगत तौर पर हाज़िर होने का निर्देश दिया है.

    हाई कोर्ट ने विवेक अग्निहोत्री और कुछ अन्य लोगों के ख़िलाफ़ स्वत: संज्ञान लेते हुए एक आपराधिक अवमानना का केस चलाया है.

    इन लोगों के ख़िलाफ़ वर्ष 2015 में जस्टिस एस मुरलीधर के विरुद्ध टिप्पणी करने का अभियोग चलाया जा रहा है. बॉलीवुड फ़िल्मकार विवेक अग्निहोत्री गुरुवार को हुई सुनवाई में वीडियो कॉन्फ़्रेंस के ज़रिए पेश हुए.

    अग्निहोत्री ने कहा कि उन्हें बुख़ार है इसलिए स्वयं कोर्ट नहीं आ पाए. इस पर अदालत ने कहा, "हम आपको को व्यक्तिगत तौर पर हाज़िर होने का निर्देश दे रहे हैं. आप बताएं कि कब इस अदालत के सामने पेश हो सकते हैं?"

    इस केस की सुनवाई दिल्ली हाई कोर्ट की दो जजों की बेंच कर रही है.

    इस बेंच की अगुवाई जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल कर रहे हैं. दूसरे जज हैं जस्टिस तलवंत सिंह. अदालत ने अब विवेक अग्निहोत्री को 10 अप्रैल को अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया है.

    क्या है मामला?

    दिल्ली हाई कोर्ट ने विवेक अग्निहोत्री समेत कुछ लोगों के ख़िलाफ़ स्वयं संज्ञान लेते हुए जस्टिस मुरलीधर पर टिप्पणी का आपराधिक अवमानना का केस दर्ज किया हुआ है.

    अदालत ने गुरुवार अग्निहोत्री से अदालत में मौजूद रहने को कहा था. अग्निहोत्री ने बिना शर्त माफ़ी ली थी. पर अदालत का कहना था कि उन्हें अदालत में मौजूद रहकर 'ग्लानि का प्रदर्शन' करना चाहिए.

    अग्निहोत्री के वकील ने आज अदालत को बताया कि उनके मुव्वकिल को बुख़ार है इसलिए वो अदालत में हाज़िर नहीं रह सके. फ़िल्मकार ने दिसंबर में ही बिना शर्त माफ़ी मांग ली थी.

    वर्ष 2018 में जस्टिस मुरलीधर ने एक्टिविस्ट गौतम नवलखा को ज़मानत दी थी. जज के इस फ़ैसले पर अग्निहोत्री ने ट्वीट कर एक टिप्पणी की थी.

    जस्टिस मुरलीधर उस वक्त दिल्ली हाई कोर्ट में जज थे. वे इस वक्त ओडिशा हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस हैं.

    जस्टिस मुरलीधर की अध्यक्षता वाली बैंच ने अक्तूबर 2018 में गौतम नवलखा को भीमा-कोरेगांव हिंसा मामले में, घर में नज़रबंदी और ट्रांज़िट रिमांड की याचिका को रद्द कर दिया था. ट्वीट में इस फ़ैसले को पक्षपातपूर्ण बताया गया था.

  3. मुसलमान दंपति के 29 साल बाद दोबारा शादी करने को लेकर विवाद

    केरल के रहने वाले सी शुकूर और और उनकी पत्नी डॉक्टर शीना को विशेष विवाह अधिनियम के तहत दोबारा शादी करने को लेकर विरोध का सामना करना पड़ रहा है.

    मुसलमान संगठनों और विद्वानों ने उनकी इस शादी की कड़ी आलोचना की है.

  4. अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश

    भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

    भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि ये दुर्घटना बोमडिला के पश्चिम में मंडाला के पास हुई है.

    लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने कहा कि ये हेलीकॉप्टर ऑपरेशनल ड्यूटी पर था. सुबह के सवा नौ बजे उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था.

    उन्होंने बताया कि बचाव टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. विस्तृत जानकारी की प्रतिक्षा है.

  5. ऐसा गांव जहां आज़ादी के 75 साल बाद अब पहली बार कॉलेज गईं लड़कियां

    आज़ादी के 75 साल में देश बहुत आगे बढ़ गया, लेकिन पीछे छूट गईं थी वो लड़कियां, जिन्हें अब तक कॉलेज नहीं जाने दिया गया था. लेकिन वो लड़ी और आख़िरकार जीतीं.

    हरियाणा की देवीपुर ग्राम पंचायत की 15 लड़कियां अब पहली बार कॉलेज जा रही हैं. परिवार, गांव और सरकारी तंत्र से संघर्ष कर इन्होंने कॉलेज जाने का हक़ कैसे जीता?

    देखिए इनके हौसले की कहानी. रिपोर्ट: गुरप्रीत सैनी, बीबीसी हिंदी और रितिका, फेमिनिज़म इन इंडिया हिंदी

  6. राहुल गांधी बोले- मैंने भारत के ख़िलाफ़ कुछ नहीं कहा है, स्पीकर इजाजत देंगे तो संसद में...

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को संसद पहुंचे और कहा कि उन्होंने लंदन में भारत या देश की संसद के ख़िलाफ़ कुछ नहीं बोला है.

    उन्होंने कहा कि अगर सभापति अनुमति देंगे तो वो संसद में बोलेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने पत्रकारों से कहा, "अगर मुझे संसद में बोलने का मौका मिले, तो मैं जो सोचता हूं वो बोलूंगा."

    उन्होंने कहा कि उनका बोलना बीजेपी को पसंद नहीं आएगा.

    राहुल गांधी ने कहा कि अगर उन्हें संसद में बोलने का मौका नहीं मिलेगा, तो वो संसद के बाहर बोलेंगे.

    अपने विदेश दौरे पर राहुल ने बीजेपी और पीएम नरेद्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा था, "मोदी भारत की बनावट को बर्बाद कर रहे हैं. वो भारत पर एक ऐसा विचार थोप रहे हैं जिसे भारत स्वीकार नहीं कर सकता.''

    उन्होंने कहा था भारत में लोकतंत्र के ढांचे पर हमला किया जा रहा है, और संस्थाओं पर हमले किए जा रहे हैं.

    इसके बाद बीजेपी उनपर देश के ख़िलाफ विदेशी धरती पर बोलने का आरोप लगा रही है और सदन में उनके माफ़ी की मांग कर रही है.

  7. इमरान ख़ान ने घर के बाहर बवाल पर सरकार और सेना को क्या कहा?

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई नेता इमरान ख़ान ने बीबीसी से बात करते हुए कहा है कि वो जेल जाने को तैयार हैं.

    इमरान खान मौजूदा सैन्य नेतृत्व की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्हें खेद है कि वर्तमान सेना प्रमुख की नियुक्ति के अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ से किए गए वादे पूरे किए जा रहे हैं.

    संबंधित अधिकारियों ने बीबीसी से बात करते हुए इन आरोपों को 'झूठा और निराधार' बताया है. इमरान ख़ान से बीबीसी संवाददाता फ़रहत जावेद ने बातचीत की.

  8. क्रेडिट सुइस के इमरजेंसी लोन की वजह से बैंकिंग सेक्टर में डर का माहौल

    यूरोप के क्रेडिट सुइस बैंक ने बैंकिंग संकट से निपटने के लिए देश के केंद्रीय बैंक से 54 अरब डॉलर तक की रकम उधार लेने की बात कही है.

    बैंकिंग दिग्गज का कहना है कि वह अपने बिजनेस को मजबूत करने और लिक्विडिटी बनाए रखने के लिए ऐसा कर रहा है.

    वित्तीय रिपोर्टिंग में कमजोरी के बाद बुधवार को क्रेडिट सुइस के शेयरों में 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इसका असर एशियाई शेयर बाजार पर भी पड़ा.

    बीबीसी को लगता है कि स्थिति पर नजर रखने के लिए बैंक ऑफ इंग्लैंड, क्रेडिट सुइस और स्विस अधिकारियों के संपर्क में है.

    देश के केंद्रीय स्विस नेशनल बैंक ने कहा कि क्रेडिट सुइस के पास जरूरी पैसा है, बावजूद इसके बैंक को अगर किसी तरह की जरूरत पड़ती है तो मदद करने के लिए तैयार है.

    बैंकिंग क्षेत्र में मुश्किलें पिछले हफ्ते अमेरिका के सिलिकॉन वैली बैंक के डूबने की वजह से आई हैं.

    इसके दो दिन बाद न्यूयॉर्क के सिग्नेचर बैंक को भी भारी नुकसान हुआ.

    टोक्यो में केइओ यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर सयुरी शिराई का कहना है कि इन्वेस्टर्स और लेनदार जोखिम के बारे में चिंतित हैं.

    बैंक को फंड जुटाने में मुश्किल हो सकती है, जिससे दुनियाभर के स्टार्टअप प्रभावित होंगे.

  9. FB Live from Pakistan: लाहौर के ज़मान पार्क में इमरान ख़ान के घर के बाहर कैसा है माहौल, बता रहे हैं बीबीसी संवावददाता अली काज़मी

  10. मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ 'करप्शन' का एक और केस, केजरीवाल बोले- देश के लिए दुखद

    केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ 'भ्रष्टाचार' का एक और मामला दर्ज किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, ये मामला दिल्ली सरकार की 'फीडबैक यूनिट' से जुड़ी कथित अनियमितताओं के सिलसिले में दर्ज किया गया है.

    इस मामले में मनीष सिसोदिया के अलावा अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है.

    इस नए घटनाक्रम पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि ये देश के लिए दुखद है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, "प्रधानमंत्री की ये योजना है कि मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ कई झूठे मामले थोप कर उन्हें लंबे समय के लिए हिरासत में रखा जाए. ये देश के लिए दुखद है."

  11. प्रतिभा थपलियालः जो बीमारी से लड़ीं, जिम गईं और बन गईं बॉडी बिल्डर

    महिला बॉडी बिल्डिंग के फ़ील्ड में प्रतिभा थपलियाल की चमक धूमकेतु की तरह हुई है, लेकिन इस राह पर उनके चलने की वजह उनकी बीमारी बनी थी.

    देखिए उनकी कहानी. रिपोर्ट: राजेश डोबरियाल, बीबीसी के लिए

  12. तेजस्वी यादव 25 मार्च को सीबीआई के समक्ष पेश होंगे, इस महीने गिरफ़्तारी नहीं

    कथित लैंड फ़ॉर जॉब स्कैम की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी सीबीआई ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को ये भरोसा दिलाया है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इस महीने गिरफ़्तार नहीं किया जाएगा.

    इसके बाद तेजस्वी यादव ने इस मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई के समक्ष 25 मार्च को पेश होने पर सहमति दे दी है.

    सीबीआई के वकील ने दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा की बेंच को बताया कि सीबीआई इस महीने तेजस्वी यादव को गिरफ़्तार करने पर विचार नहीं कर रही है.

    इस आश्वासन के बाद तेजस्वी यादव का पक्ष रख रहे सीनियर एडवोकेट मनिंदर सिंह ने कोर्ट से कहा कि उनके मुवक्किल 25 मार्च को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पर सुबह साढ़े 10 बजे पूछताछ के लिए पेश होंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने तेजस्वी यादव की याचिका का निपटारा कर दिया.

    तेजस्वी यादव ने अपनी याचिका में सीबीआई के समन को खारिज करने की मांग की थी.

  13. अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया की चीन को घेरने की कोशिश

    हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच अमेरिका ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के बीच एक समझौता हुआ है जिसके बारे में जानकारी सामने आई है.

    इसके तहत न्यूक्लियर पावर्ड पनडुब्बियों का नया बेड़ा तैयार किया जाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि 'ऑकस' समझौते से इंडो-पैसेफ़िक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ेगी. तो वहीं रूस और चीन ने इसकी निंदा की.

  14. अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी फ्रैंकलिन टेंपलेटन से जुड़े कई ठिकानों पर ईडी का सर्च ऑपरेशन

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी फ्रैंकलिन टेंपलेटन से जुड़े कई ठिकानों पर मुंबई और चेन्नई में सर्च ऑपरेशन चलाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने ईडी के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि तलाशी की ये कार्रवाई कंपनी और इसके पूर्व और मौजूदा अधिकारियों से जुड़े ठिकानों पर भी हुई है.

    अधिकारियों के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग रोधी क़ानून के तहत कंपनी और उसके प्रवर्तकों के ख़िलाफ़ चल रही जांच के लिए और सुबूत जुटाने के लिए ये छापेमारी हुई है.

    इससे पहले कंपनी ने अप्रैल 2020 में कोरोना महामारी के कारण नकदी की समस्याओं का हवाला देते हुए तीन लाख निवेशकों से उगाहे गए 25 हज़ार करोड़ रुपये की छह कर्ज़ योजनाएं बंद करने का एलान किया था.

    इसके कुछ महीने बाद नवंबर 2020 में बाज़ार नियामक संस्था सेबी ने कंपनी को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया था. साथ ही कंपनी के ख़िलाफ़ कई अन्य क़दम उठाए थे.

  15. पाकिस्तान: तोशाखाना मामले में जज ने पूछा, इमरान ख़ान अदालत में पेश क्यों नहीं हो रहे?

    तोशाखाना मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ इस्लामाबाद के ज़िला और सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई.

    कोर्ट ने कहा है कि अगर इमरान ख़ान सरेंडर कर देते हैं तो अदालत पुलिस को आदेश दे सकती है कि वो उन्हें गिरफ़्तार ना करे.

    सुनवाई के दौरान इमरान ख़ान के वकील ख़्वाजा हारिस ने कोर्ट से पूछा कि इमरान ख़ान को गिरफ़्तार कर कोर्ट में लाना क्या ज़रूरी है?

    इस पर एडिशनल सेशन जज जफ़र इक़बाल ने टिप्पणी की, "हम चाहते हैं कि इमरान ख़ान अदालत आएं, वे आ क्यों नहीं रहे हैं? क्या कारण है?"

  16. पाकिस्तान सरकार ने चेताया- क़ुरान का अपमान करने पर मिलेगी उम्र क़ैद तक की सज़ा

    पाकिस्तान सरकार ने अख़बारों और पत्रिकाओं से क़ुरान के प्रति श्रद्धा का कड़ाई से पालन करने को कहा है.

    सरकार के अनुसार, क़ुरान की किसी प्रति या उसके किसी अंश का जानबूझ कर अपमान करने पर उम्र क़ैद तक की सज़ा हो सकती है.

    पाकिस्तान के प्रकाशन संस्थानों को बुधवार को भेजे एक पत्र में सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने ऐसा कहा है.

    उसके अनुसार, अख़बारों में प्रकाशित क़ुरान की आयतों और अनुवादों के साथ अपमानजनक व्यवहार हुआ, जो दुखद और मौजूदा क़ानूनों का उल्लंघन भी है.

    इस पत्र में सरकार ने कहा है कि जो कोई भी जानबूझ कर क़ुरान की किसी प्रति या उसके किसी अंश को नुक़सान पहुंचाए या उसे अपवित्र करे या इनका अपमानजनक तरीक़े से या किसी ग़ैर क़ानूनी मकसद के लिए इस्तेमाल करे, तो ऐसा करने वालों को पाकिस्तान दंड संहिता के खंड XV की धारा 295बी के तहत उम्र क़ैद तक की सज़ा दी जाएगी.

    मंत्रालय ने काउंसिल आफ इस्लामिक आइडियोलॉजी से क़ुरान या अहदीस ए नबवी की पवित्रता बनाए रखने के संबंध में दिशानिर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया है.

  17. पाकिस्तान में राजनीतिक संकटः क्या सबसे ख़तरनाक मोड़ पर खड़ा है मुल्क?

    तोशाखाना मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ इस्लामाबाद के ज़िला और सत्र न्यायालय में सुनवाई के दौरान

    कोर्ट ने कहा कि अगर इमरान ख़ान सरेंडर कर देते हैं तो अदालत पुलिस को आदेश दे सकती है कि वो उन्हें गिरफ़्तार ना करे. उन्हें कोर्ट के सामने पेश होना चाहिए.

    इस बीच लाहौर हाई कोर्ट ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी को आदेश दिया है कि वो पाकिस्तान मीनार पर रविवार को रैली ना करे.

    इससे पहले लाहौर में बुधवार को दिन भी इमरान ख़ान के समर्थकों और सुरक्षाबलों के बीच रह-रह कर झड़पें होती रहीं. पुलिस ग़ैर ज़मानती वारंट लेकर इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने लाहौर के ज़मान पार्क इलाक़े में उनके घर पहुंची थी. इमरान ख़ान गिरफ़्तारी से बच रहे हैं. वो ये आशंका ज़ाहिर कर रहे हैं कि उनकी गिरफ़्तारी उन्हें अग़वा करने या मार देने की साज़िश है.

  18. अदानी के मुद्दे पर बहस से बचने के लिए मोदी सरकार संसद नहीं चलने दे रही है: कांग्रेस

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को सरकार पर विपक्ष को उकसाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि अदानी के मुद्दे और अपनी नाकामियों पर चर्चा से बचने के लिए सरकार संसद को चलने नहीं दे रही है.

    राहुल गांधी की हालिया ब्रिटेन यात्रा के दौरान उनकी टिप्पणियों को लेकर संसद में हंगामा जारी है.

    बजट सत्र के दूसरे हिस्से के पहले तीन दिनों में कोई महत्वपूर्ण कामकाज नहीं हो सका है.

    राहुल गांधी के माफी मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा, "जब-जब प्रधानमंत्री खुद बाहर गए हैं तो उन्होंने देश के खिलाफ बात की और जनता का अपमान किया. तो माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं."

    कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "रोजाना ये सरकार सदन को ठप कराना चाहती है और इलज़ाम हम पर थोपने की कोशिश करते हैं. ये चालाकी की सरकार बनती जा रही है. चुनाव के मद्देनजर ये राहुल गांधी की छवि को धूमिल करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मोदी सरकार की हिम्मत है तो सदन में राहुल गांधी के बयान पर चर्चा करने की इजाजत हो... हम साबित कर देंगे कि असली देश विरोधी कौन है."

    इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "ये उनकी सदन को नहीं चलने देने की साजिश है और हमारी जो संयुक्त संसदीय समिति की मांग है उसको नजरअंदाज करने के लिए ऐसा किया जा रहा है. वे बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे को एक तरफ रखकर लोगों को राहुल गांधी का लोकतांत्रिक भाषण दिखा रहे हैं."

  19. नेपाल में कैसे जड़ें जमा रही है हिन्दुत्व की राजनीति, मुसलमानों पर कैसा असर?

    नेपाल में जनकपुर के जानकी मंदिर के ठीक पीछे एक मस्जिद है. कहा जाता है कि जानकी मंदिर बनाने वाले कारीगर मुस्लिम थे और उन्होंने ही अपनी इबादत के लिए एक मस्जिद बना ली थी.

    यह मस्जिद आज भी है. जनकपुर में तीन से चार फ़ीसदी मुसलमान हैं.

    जनकपुर का जानकी मंदिर वॉर्ड नंबर छह में है. 1990 के दशक में इस वॉर्ड से सईद मोमिन अध्यक्ष बनते थे. बाद में मोहम्मद इदरिस इस वॉर्ड के अध्यक्ष बने. विवाह पंचमी के समय सईद मोमिन और फिर बाद में मोहम्मद इदरिस जानकी मंदिर और राम मंदिर के बीच बारात की अगुआई करते थे.

    जनकपुर के वरिष्ठ पत्रकार रोशन जनकपुरी कहते हैं कि बचपन में उन्होंने अपनी आँखों से देखा है कि कैसे सईद मोमिन और मोहम्मद इदरिस विवाह पंचमी में जानकी मंदिर की अगुआई करते थे.

  20. लाहौर हाई कोर्ट का फ़ैसला- इमरान ख़ान मीनार-ए-पाकिस्तान पर नहीं करेंगे रैली

    लाहौर हाई कोर्ट ने इमरान ख़ान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी को मीनार-ए-पाकिस्तान पर रैली करने से रोक दिया है.

    इसके साथ ही अदालत ने पुलिस और तहरीक-ए-इंसाफ़ को एक साथ बैठ कर बातचीत करने का निर्देश दिया है.

    जस्टिस तारिक़ सलीम शेख ने कहा, "अगर पीटीआई रविवार को रैली या मीटिंग नहीं रोकता है तो मैं आदेश जारी करूंगा."

    कोर्ट ने कहा, "आपको अंदाजा नहीं है कि पिछले कुछ महीनों में इस देश की कितनी बेइज्जती हुई है."

    आईजी पंजाब ने कोर्ट में कहा कि पीटीआई कार्यकर्ता पुलिस पर हमले की तैयारी कर रहे हैं और इसे साबित करने के लिए उन्होंने कुछ तस्वीरें भी पेश कीं. उन्होंने कहा, "हमें जितनी बेइज्जती मिली है, वह काफी है."

    जस्टिस तारिक़ सलीम शेख की बेंच ने आईजी पंजाब सहित पीटीआई नेताओं को बैठकर मामले को सुलझाने का निर्देश दिया है.

    कोर्ट ने कहा कि इमरान खान की सुरक्षा और धारा 144 के मुद्दे को बैठक कर सुलझाया जाना चाहिए. इस मामले पर आगे की सुनवाई कल होगी.