You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

होली: 'रंग बरसे' गाने पर नाचते नज़र आए विराट कोहली और रोहित शर्मा

सोशल मीडिया पर क्रिकेटर विराट कोहली का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें वे एक बस के अंदर दूसरे खिलाड़ियों के साथ रंग बरसे गाने पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. होली: 'रंग बरसे' गाने पर नाचते नज़र आए विराट कोहली और रोहित शर्मा

    ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम होली खेलती नजर आई.

    क्रिकेटर शुभमन गिल ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली होली के रंगों से खेलते हुए नजर आ रहे हैं.

    वीडियो में भारतीय खिलाड़ी बॉलीवुड की सिलसिला फिल्म के गाने रंग बरसे पर एक बस के अंदर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    शुभमन गिल ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से हैप्पी होली.

    वहीं सूर्य कुमार यादव ने भी होली के रंग में तस्वीरें शेयर की हैं.

    भारतीय टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 4 टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही हैं. टीम इंडिया 3 टेस्ट मैचों के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 2-1 से आगे है.

  2. पाकिस्तान में होली मना रहे छात्रों पर हमला, क्या है पूरा मामला देखिए वीडियो

  3. मोरबी पुल हादसा: जयसुख पटेल की अंतरिम जमानत याचिका खारिज

    गुजरात के मोरबी में ब्रिज हादसे के मामले में मोरबी की जिला एवं सत्र अदालत ने जयसुख पटेल की अंतरिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है.

    जयसुख पटेल औरेवा समूह के प्रमोटर और अजंता मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं. उनका नाम भी मोरबी पुल हादसा मामले की चार्जशीट में है.

    इस हादसे में करीब 135 लोग मारे गए थे. जयसुख पटेल एक महीने से भी ज्यादा समय से जेल में हैं.

    मोरबी के ऐतिहासिक सस्पेंशन ब्रिज की मरम्मत और रखरखाव का काम मोरबी के औद्योगिक घराने ओरेवा ग्रुप को सौंपा गया था. यह समूह अजंता ब्रांड की घड़ियों का निर्माण करता है. इसके अलावा बल्ब, लाइटें और घरेलू इस्तेमाल के अन्य उपकरण भी बनाता है.

  4. इराक दौरे पर अचानक पहुंचे अमेरिकी रक्षा मंत्री, लेकिन क्यों?

    अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन अचानक इराक़ दौरे पर पहुंच गए हैं.

    अमेरिका-इराक़ युद्ध के दो दशक पूरे होने की वर्षगांठ के दो सप्ताह पहले जनरल लॉयड ऑस्टिन इराक़ पहुंचे हैं. इस युद्ध में इराक के शासक सद्दाम हुसैन की सत्ता का अंत हो गया था.

    सोशल मीडिया पर किए एक पोस्ट में जनरल ऑस्टिन ने अमेरिका और इराक के बीच सामरिक साझेदारी की बात की और कहा कि दोनों सुरक्षित, स्थायी और सार्वभौम इराक की तरफ कदम बढ़ाने को प्रतिबद्ध हैं.

    बग़दाद में इराक़ी प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के साथ बातचीत के बाद उन्होंने कहा, "आने वाले दिनों में इराक़ी सरकार की गुज़ारिश पर अमेरिकी सेना इराक़ में रहने के लिए तैयार है. फिलहाल सेना नॉन-कॉम्बैट भूमिका में है और चरमपंथ के ख़िलाफ़ लड़ाई में इराक़ी सेना को सलाह दे रही है, उन्हें ट्रेनिंग दे रही है और उनकी मदद कर रही है."

    फिलहाल इराक़ में क़रीब 2,500 अमेरिकी सैनिक हैं, जो इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों से लड़ने में इराक़ी सेना की मदद कर रहे हैं.

    2011 में यहां से अमेरिकी सेना के वापस जाने के बाद इस्लामिक स्टेट ने यहां के कुछ इलाक़ों पर कब्ज़ा कर लिया था.

    ये चरमपंथी समूह अब पहले के मुक़ाबले उतना ताकतवर नहीं है, लेकिन जानकार कहते हैं कि अभी भी उनके स्लीपर सेल इराक़ के कुछ हिस्सों में फैले हुए हैं.

    जनरल ऑस्टिन इराक़ का दौरा करने वाले बाइडन प्रशासन के सबसे आला अधिकारी हैं.

  5. महिला प्रीमियर लीग: यूपी वॉरियर्स ने जीता टॉस, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चुनी गेंदबाजी

    महिला प्रीमियर लीग का पांचवां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    यूपी वॉरियर्स की कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है.

    दोनों टीमें अपना पहला मैच जीत चुकी हैं. दिल्ली की टीम ने अपने पहले मैच में आरसीबी और यूपी की टीम ने गुजरात को हराया था.

    टीमें-

    दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, मारिजाने कैप, जेमिमाह रोड्रिग्स, एलिस कैप्सी, जेस जॉनसन, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, शिखा पांडे, राधा यादव, तारा नॉरिस.

    यूपी वॉरियर्सः एलिसा हीली (कप्तान/विकेटकीपर), श्वेता सहरावत, किरण नवगिरे, ताहिला मैकग्राथ, दीप्ति शर्मा, सिमरन शेख, देविका वैद्य, सोफी एक्लेस्टोन, शबनम इस्माइल, अंजलि सरवानी, राजेश्वरी गायकवाड़.

    क्यों ख़ास है ये लीग

    भारत में महिला क्रिकेट 1976 से खेला जा रहा है. पहला टेस्ट मैच भारत (महिला टीम) ने 1976 में खेला था. इसके बाद 1978 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिला.

    ये वर्ल्ड का दूसरा संस्करण था जिसकी मेज़बानी भारत कर रहा था. ऐसे में अब भारत में महिलाओं की क्रिकेट लीग को लेकर लोगों में ख़ासा उत्साह है.

    इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत साल 2007 में हुई थी. लेकिन अब तक महिलाओं के लिए ऐसी लीग की शुरुआत नहीं हो सकी थी.

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर, मोहम्मद शाहिद और सुमिरनप्रीत कौर के साथ, चीन की चेतावनी- अमेरिका लगाए ब्रेक वरना बढ़ेगा टकराव

  7. इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट कोर्ट ने किया निलंबित

    इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने मंगलवार को तोशाखाना मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट को 13 मार्च तक निलंबित कर दिया है.

    हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आमिर फारूक ने दिन में फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे बाद में सुनाया गया.

    कोर्ट ने इमरान ख़ान को 13 मार्च को जिला एवं सत्र अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है.

    पिछले सप्ताह, तोशाखाना मामले में उनके कोर्ट नहीं पहुंचने पर ज़िला और सत्र अदालत ने उनके ख़िलाफ़ ग़ैर-ज़मानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.

    इमरान ख़ान पर आरोप है कि उन्होंने तोशाखाना से लिए गिफ्ट्स की जानकारी चुनाव आयोग से छिपाई. तोशाखाना वह जगह है

    तोशाखाना, पाकिस्तान में एक सरकारी विभाग है. यहां प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति या दूसरे बड़े अधिकारियों को किसी यात्रा के दौरान मिलने वाले क़ीमती तोहफों को रखा जाता है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश: ढाका की एक सात-मंज़िला इमारत में धमाका, 11 की मौत, 100 घायल

    बांग्लादेश में अधिकारियों का कहना है कि राजधानी ढाका में एक व्यस्त बाज़ार की एक इमारत में धमाका हुआ है जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ढाका में एक सात-मंज़िला कमर्शियल बिल्डिंग में हुए इस धमाके में कम से कम सौ लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी ने ख़बर दी है कि धमाका गुलिस्तान के इलाक़े में इस इमारत की चौथी और पांचवीं मंज़िल पर हुआ. ये इलाक़ा देश में होलसेल सामान का गढ़ माना जाता है.

    पीटीआई ने डीएमसीएच आउटपोस्ट पर तैनात इंस्पेक्टर बच्चू मियां के हवाले से ख़बर दी है कि घायलों को इलाज के लिए ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया.

    अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि धमाके की वजह क्या थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने स्थानीय मीडिया में आ रही रिपोर्टों के हवाले से कहा है कि इस धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है.

    बांग्लादेशी न्यूज़ पोर्टल bdnews24 ने फ़यर सर्विस स्टेशन के हवाले से ख़बर दी है कि धमाका स्थानी समयानुसार चार बज तक 50 मिनट पर हुआ.

    धमाके के बाद लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को इलाक़े में तैनात किया गया है.

    इस इमारत के निचले स्तर पर सैनिटरी उत्पादों की कुछ दुकानें थीं. वहीं इसके सामने बांग्लादेश के निजी बैंक बीआरएस की एक ब्रांच थी. धमाके में इसे भी नुक़सान पहुंचा है.

    इससे पहले शनिवार को बांग्लादेश के दक्षिणी इलाक़े में ऑक्सीजन उत्पादन करने वाली एक फैक्ट्री में धमाका हुआ था जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी.

  9. जापान ने खुद नष्ट किया अपना एच3 रॉकेट, लॉन्च फे़ल होने के बाद उठाया कदम

    जापान की स्पेस एजेंसी ने कहा है कि लॉन्च के दूसरे चरण में इंजन चालू न हो पाने के कारण उनका नया रॉकेट लॉन्च नहीं हो पाया है. ये दूसरी बार है जब ये रॉकेट लॉन्च नाकाम हुआ है.

    कमांड सेंटर ने कहा कि 57 मीटर लंबा ये रॉकेट सफलतापूर्वक तानेगाशिमा स्पेस पोर्ट से उड़ा था लेकिन कुछ मिनट बाद इसकी गति धीमी होने लगी जिसके बाद उसे 'सेल्फ़ डिस्ट्रक्शन' (खुद को नष्ट करने) का आदेश दिया गया.

    जापानी स्पेस एजेंसी के प्रमुख हिरोशी यामाकावा ने इसके लिए माफ़ी मांगी है और कहा है कि इस मामले की पूरी जांच की जाएगी.

    जानकारों का कहना है कि जापानी स्पेस एजेंसी के लिए ये एक बड़ा झटका है.

    वहीं जापान की सरकार ने इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण' कहा है.

    जापान क़रीब तीन दशक के बाद अपना पहला मीडियम-लिफ्ट रेंज का रॉकेट एच-3 लॉन्च कर रहा था.

    ये रॉकेट निगरानी के लिए बनी एएलओएस-3 सैटेलाइट लेकर जा रहा था. जापान का कहना था कि ये सैटेलाइट उत्तर कोरिया के मिसाइल लॉन्च पर नज़र रख सकेगा.

    जापान के मीडियम-लिफ्ट रेंज एच3 रॉकेट को अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स के फाल्कन-9 का प्रतिद्वंदी माना जा रहा था. फाल्कन-9 के मुक़ाबले इसके ज़रिए उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने की क़ीमत कम हो जाएगी.

    ये दूसरी बार है जब ये रॉकेट लॉन्च नहीं हो सका है. फरवरी में इसे लॉन्च करने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई थी जब रॉकेट बूस्टर्स में ख़राबी के कारण रॉकेट लिफ्ट-ऑफ़ ही नहीं कर सका था.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज बने दिल्ली सरकार में मंत्री

    आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज को अरविंद केजरीवाल सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की सलाह पर आतिशी और सौरभ भारद्वाज को दिल्ली कैबिनेट में मंत्रियों के रूप में नियुक्त किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राष्ट्रपति ने दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन का इस्तीफ़ा मंजूर कर लिया है.

    ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज इस वक्त आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं.

    वहीं आतिशी मार्लेना कालका जी विधायक हैं. वो दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के साथ मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में काम कर चुकी हैं.

    भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से जेल में बंद मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने 28 फरवरी को अपना इस्तीफ़ा दिया था.

  11. उत्तर प्रदेश: रविदास की मूर्ति को आग लगाने के मामले में पांच गिरफ्तार

    उत्तर प्रदेश के बलिया के पास चित बड़ागांव इलाक़े के एक गांव में रविदास मंदिर में तोड़फोड़ करने के आरोप में पांच लोगों को पकड़ा गया है.

    पुलिस ने कहा है कि इन पांच लोगों को कथित तौर पर रविदास मंदिर में आग लगाने के लिए पकड़ा गया है.

    इलाक़े के डिप्टी सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ़ पुलिस अशोक मिश्र ने कहा है कि ये घटना यहां के मिर्ची खुर्द गांव में सोमवार रात को हुई थी, एक व्यक्ति ने नशे की हालत में मंदिर में आग लगा दी थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पुलिस ने बताया कि गांव वालों की शिकायत के बाद इस मामले में पांच लोगों के ख़िलाफ़ आईपीसी और अनुसुचित जाति-अनुसुचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज की गई है.

    पुलिस के अनुसार घटना में मंदिर के भीतर रखी गई संत रविदास की मूर्ति को नुक़सान पहुंचा है.

    सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित वीडियो शेयर किए जा रहे हैं जिसमें कुछ पुलिसकर्मी आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं.

  12. पाकिस्तान में हिंदू छात्रों के होली मानने पर विवाद, 15 घायल

    पाकिस्तान के पंजाब विश्वविद्यालय में होली मनाने को लेकर हिंदू छात्रों और एक इस्लामी छात्र संगठन के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सोमवार को हुए इस विवाद में हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्र घायल हुए हैं.

    यह घटना पंजाब विश्वविद्यालय के “लॉ कॉलेज” में हुई, जब क़रीब 30 हिंदू छात्र होली मनाने के लिए जमा हुए थे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ हिंदू छात्रों ने कैंपस में होली मनाने की परमिशन ली हुई थी, बावजूद उसके उन पर हमला किया गया.

    पाकिस्तान के समाचार वेबसाइट डॉन के मुताबिक़ हिंदू छात्रों पर हमला करने वाले छात्र संगठन का नाम इस्लामी जमायत तुल्बा है.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ गिरफ्तारी वारंट रद्द करने की मांग पर इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने क्या कहा

    इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की उस याचिका पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया है जिसमें उन्होंने ग़ैर-ज़मानती गिरफ्तारी वारंट रद्द करने की मांग की थी.

    पिछले सप्ताह, तोशाखाना मामले में उनके कोर्ट नहीं पहुंचने पर ज़िला और सत्र अदालत ने उनके ख़िलाफ़ ग़ैर-ज़मानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.

    फ़ैसला सुरक्षित रखने से पहले कोर्ट ने इमरान ख़ान की टीम को 30 मिनट का समय दिया था कि वे अदालत में कब पेश होंगे.

    इमरान ख़ान पर आरोप है कि उन्होंने तोशाखाना से लिए गिफ्ट्स की जानकारी चुनाव आयोग से छिपाई. तोशाखाना वह जगह है

    तोशाखाना, पाकिस्तान में एक सरकारी विभाग है. यहां प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति या दूसरे बड़े अधिकारियों को किसी यात्रा के दौरान मिलने वाले क़ीमती तोहफों को रखा जाता है.

  14. किम जोंग-उन की छोटी बहन ने दी अमेरिका को चेतावनी

    उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग-उन की बहन किम यो-जोंग ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि उनका देश अमेरिका और दक्षिण कोरिया के ख़िलाफ़ बहुत मज़बूत और त्वरित कार्रवाई करने के लिए तैयार है.

    ये बयान अमेरिका के परमाणु सक्षम बी-52 बॉम्बर को उड़ाने के एक दिन बाद आया है.

    सोमवार को अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने संयुक्त अभ्यास के दौरान कोरियाई प्रायद्वीप के ऊपर बी-52 बॉम्बर उड़ाया था. दोनों देशों की सेनाएं भी इस महीने के आख़िर में अपने सबसे बड़े अभ्यास को फिर से शुरू करने की तैयारी कर रही हैं.

    समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़ किम यो-जोंग ने अपने बयान में ये विस्तार से नहीं बताया कि उनका देश किस तरह की कार्रवाई कर सकता है.

    हालांकि उत्तर कोरिया, अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास के जवाब में अक्सर मिसाइलों का परीक्षण करता है, क्योंकि वह मानता है कि उसे इस तरह से सैन्य अभ्यास से डराया जा रहा है.

    किम यो-जोंग ने बयान में कहा, "हम अमेरिकी सेना और दक्षिण कोरिया की कठपुतली सेना की चालों पर नज़र रखते हैं और हमेशा त्वरित और ज़बरदस्त जवाबी कार्रवाई करने के लिए तैयार रहते हैं."

    उनका कहना है कि इस तरह के अभ्यास को नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता है.

    कौन हैं किम यो-जों

    किम यो-जोंग उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग-उन की इकलौती और छोटी बहन हैं.

    1987 में पैदा हुईं यो-जोंग किम से चार साल छोटी हैं. दोनों ने साथ रहकर स्विट्ज़रलैंड के बर्न में पढ़ाई की थी.

    यो-जोंग 2018 में तब चर्चा में आई थीं जब वो दक्षिण कोरिया जाने वाली किम वंश की पहली सदस्य बनी थीं. वो शीतकालीन ओलंपिक में जाने वाले प्रतिनिधिमंडल की सदस्य थीं. इस ओलंपिक में उत्तर और दक्षिण कोरिया संयुक्त टीम के रूप में मैदान में उतरे थे.

    साथ ही उन्होंने अपने भाई के साथ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए काम किया है. इसमें दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक शामिल थे.

  15. कर्ज़ में डूबे श्रीलंका को बाहर निकालने के लिए चीन ने बढ़ाया हाथ

    कर्ज़ में डूबे श्रीलंका को बाहर निकालने के लिए चीन ने मदद की बात कही है.

    श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने कहा है की चीन की सरकार ने उन्हें आश्वासन दिलाया है कि वे कर्ज़ पुनर्गठन का समर्थन करेंगे, जिससे वे आसानी से आईएमएफ़ से 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर का बेलआउट पैकेज ले पाएंगे.

    जनवरी में भारत ने भी श्रीलंका को आईएमएफ से कर्ज़ दिलाने में मदद की थी.

    विक्रमसिंघे ने संसद में बताया, "कल रात हमें चीन के एक्ज़िम बैंक से एक नया पत्र मिला है. मैंने और सेंट्रल बैंक के गवर्नर ने पत्र पर हस्ताक्षर कर कल रात ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष को भेज दिया है."

    उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि आईएमएफ़ इस महीने के तीसरे या चौथे हफ्ते तक अपना कर्तव्य निभाएगा और इससे हमें विश्व बैंक और एडीबी से पैसा ले पाएंगे.

    दरअसल आईएमएफ ने श्रीलंका पर करीब 50 अरब डॉलर के कर्ज़ को देखते हुए उसे रिस्ट्रक्चर करने की बात कही थी जिसके चलते बेलआउट पैकेज की रफ्तार को धीमा कर दिया था.

  16. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दी चेतावनी, कहा- अमेरिका कर रहा चीन को 'रोकने' की कोशिश

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अक्सर अपने बयानों में चीन के विकास की बात करते हैं लेकिन सीधे तौर पर अमेरिका के बारे में कुछ नहीं कहते.

    लेकिन चीन की नेशनल पीपल्स कांग्रेस के दौरान आयोजित राजनीतिक सलाहकारों के समूह की एक बैठक में व्यापारियों से बात करते हुए उन्होंने अमेरिका को निशाने पर लिया.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका चीन को 'घेरने, दबाने और रोकने' की पूरी कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि इस कारण चीन के सामने कई 'चुनौतियां' खड़ी हो गई हैं.

    दूसरी तरफ चीन के विदेश मंत्री चिन गांग ने मंगलवार को राष्ट्रपति के बयान का समर्थन किया और चीन-अमेरिका के तनावपूर्ण रिश्तों के लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार ठहराया.

    उन्होंने कहा, "अगर अमेरिका ने अपनी हरकतों पर ब्रेक नहीं लगाया और ग़लत राह पर चलना बंद नहीं किया तो चाहे कितनी भी सुरक्षा रखी जाए गाड़ी का पटरी से उतरना तय है और इससे संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है. अगर ऐसा हुआ तो इसका परिणाम भयंकर होगा?"

    उन्होंने कहा, "ये एक लापरवाह खेल है जिसमें दोनों पक्षों के हित और साथ ही पूरी मानवता का भविष्य शामिल है. ये सामान्य बात है कि चीन हर तरह से इसके ख़िलाफ़ है."

    चिंग गांग ने ताइवान मामले का ज़िक्र किया और कहा कि ये वो लाल रेखा है जिसे पार करने की इजाज़त नहीं है.

    चिन गांग ने कहा, "ताइवान का सवाल चीन के मूल हितों से जुड़ा है, ये चीन अमेरिका के राजनीतिक रिश्तों के मूल में है और दोनों के रिश्तों में ये वो लाल रेखा है जिसे पार नहीं किया जाना चाहिए."

    "ताइवान मामले पर सवाल खड़ा करने की जिम्मेदारी पूरी तरह से अमेरिका की है. हम अमेरिका के ताइवान मामले को लेकर इसलिए बात कर रहे हैं ताकि हम उसे कहें कि वो चीन के आंतरिक मामलों में दखलअंदाज़ी न करे."

    अमेरिका में कई जगहों पर ऊंचाई पर उड़ने वाले चीन के बलून देखे जाने के बाद अमेरिका और चीन के बीत रिश्ते और बिगड़ गए हैं.

    अमेरिका ने ये कहते हुए चीनी बलून को गिरा दिया था कि इसमें जासूसी के लिए उपकरण लगे हुए थे.

    लेकिन चीन ने कहा कि ये मौसम की जानकारी इकट्ठा करने वाला बलून था जो रास्ता भटक कर अमेरिका के इलाक़े में चला गया था, लेकिन अमेरिका ने इसे लेकर ओवररिएक्ट किया है.

  17. नेफ्यू रियो फिर बने नगालैंड के मुख्यमंत्री

    नेफ्यू रियो ने एक बार फिर देश के पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.

    कोहिमा में हुए शपथग्रहण समारोह में गवर्नर ला गणेशन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

    इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मौजूद थे.

    नेफ्यू रियो, नगालैंड में इससे पहले मार्च 2018 को प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे. इससे पहले वो मार्च 2008 से लेकर मई 2014 तक और मार्च 2003 से लेकर जनवरी 2008 तक मुख्यमंत्री रहे थे.

    नगालैंड में हुए विधानसभा चुनावों में निफ्यू रियो की नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को 25 सीटों पर जीत मिली थी. वहीं, चुनावों में बीजेपी को 12 सीटें मिली थी.

  18. राहुल गांधी विदेश जाकर विलाप करते हैं और कहते हैं लोकतंत्र ख़तरे में है- रविशंकर प्रसाद

    लंदन के एक कार्यक्रम में दिए गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    बीजेपी नेता ने राहुल गांधी को लेकर सवाल किया है और कहा है कि विदेश जाते ही राहुल गांधी सारी मर्यादा, सारी शालीनता और लोकतांत्रिक शर्म सब भूल जाते हैं.

    उन्होंने कहा, "जब देश की जनता उनको नहीं सुन रही तो वो विदेश में जाकर विलाप करते हैं और कहते हैं कि भारत का लोकतंत्र ख़तरे में हैं."

    उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "राहुल गांधी ने लंदन में अपने भाषणों में भारत के लोकतंत्र, भारत की संसद, भारत की जनता, भारत की राजनीतिक व्यवस्था, भारत की न्याय व्यवस्था और भारत की सामरिक सुरक्षा का अपमान किया है. बीजेपी इस पर कड़ी आपत्ति जताती है."

    उन्होंने कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया कि राहुल गांधी ने कहा कि यूरोप और अमेरिका को भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए हस्तक्षेप करना चाहिए, क्या ये बात सही है?

    उन्होंने कहा, "सरकार किसी की भी हो हम कभी किसी विदेशी ताकत के आंतरिक हस्तक्षेप के मुखर विरोधी रहे हैं."

    उन्होंने कहा कि भारत में इस पर एक साझा सहमति रही है लेकिन उसे राहुल गांधी ने शर्मसार कर दिया है. उन्होंने सवाल किया, "भाजपा जानना चाहती कि क्या कांग्रेस राहुल गांधी के बयान का समर्थन करती है?"

    ब्रिटेन के लंदन में मौजूद थिंकटैंक चैटम हाउस में राहुल गांधी ने कहा था कि देश में लोकतंत्र ख़तरे है, ये देश के भीतर की समस्या है, लेकिन भारत का लोकतंत्र बड़ा है इसका असर सीमाओं के पार होता है.

    उन्होंने कहा, "मेरी नज़र में अगर भारत में लोकतंत्र हार जाता है, तो दुनिया में ये लोकतंत्र के लिए बड़ा, शायद घातक झटका होगा. इसलिए ये ज़रूरी है कि भारत में जो कुछ हो रहा है उस बारे में आपको जानकारी होनी चाहिए."

  19. लालू यादव से सीबीआई की पूछताछ पर भड़कीं बेटी रोहिणी आचार्य, कहा- 'कुछ हुआ तो...'

    आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव से सीबीआई की पूछताछ पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने नाराज़गी ज़ाहिर की है और कहा है कि उनके पिता को तंग किया जा रहा है.

    लालू प्रसाद यादव हाल ही में सिंगापुर से किडनी ट्रांसप्लांट करवा कर भारत लौटे हैं. उन्हें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने ही किडनी डोनेट की है.

    सोमवार को सीबीआई ने पटना में राबड़ी देवी से नौकरी के बदले ज़मीन से जुड़े कथित घोटाले में पूछताछ की थी. इसी मामले में मंगलवार को लालू प्रसाद यादव से भी सीबीआई पूछताछ करने पहुंची.

    लालू यादव फिलहाल अपनी बेटी और आरजेडी सांसद मीसा भारती के घर पर हैं.

    रोहिणी आचार्य ने ट्वीट किया, "पापा को ये लोग तंग कर रहे हैं. अगर उनके तंग करने के कारण उन्हें ज़रा भी परेशानी होगी तो दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे. अब बर्दाश्त करने की सीमा जवाब दे रही है."

    ऐसा दावा है कि लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रेल मंत्रालय में लोगों को नौकरी देने के बदले उनसे ज़मीन ली गई थी.

    आरोप है कि 2008-09 में मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर रेलवे जोन में लोगों को ज़मीन के बदले नौकरियां दी गईं.

    सीबीआई ने इस कथित घोटाले में आरजेडी नेताओं के घर पर छापेमारी भी की थी.

  20. देश की स्थिति चिंताजनक, होली के दिन शांति के लिए प्रार्थना करूंगा- अरविंद केजरीवाल

    मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के मामले का ज़िक्र करते हुए में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि देश की परिस्थिति आज चिंताजनक हो गई है.

    उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, "देश भर के स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति बेहद बुरी थी. आज़ादी के 75 साल बाद दो ऐसे दो शख्स आए जिन्होंने सरकारी स्कूलों और सरकारी अस्पतालों की स्थिति बेहतर बनाई और पूरी दिल्ली को अच्छी शिक्षा और अच्छा इलाज दिया."

    उन्होंने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का नाम लिया और कहा कि "जिस देश के प्रधानमंत्री लोगों को अच्छी शिक्षा और अच्छा इलाज देने वालों को जेल में डालें और देश को लूटने वालों का साथ दें, उस देश की स्थिति चिंताजनक है."

    उन्होंने बीजेपी सरकार निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर झूठे केस थोपकर उन्हें जेल में डाला है जबकि बैंकों और एलआईसी का पैसे डूबाने वालों को गले लगाया.

    उन्होंने कहा कि देश की स्थिति आज चिंताजनक है इसलिए इस बार होली के दिन मैं पूरे देश के लिए ध्यान करूंगा, प्रार्थना करूंगा.

    उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वो होली खेलने के बाद वक्त निकाल कर देश के लिए प्रार्थना करें.

    वहीं, पीटीआई के अनुसार सीबीआई ने तिहाड़ जेल में बंद मनीष सिसोदिया से मंगलवार को पूछताछ की है.

    दिल्ली की शराब नीति से जुड़े एक मामले में सीबीआई ने 26 फरवरी को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्होंने कैबिनेट से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्हें मार्च 20 तक कस्टडी में रखा गया है. उनके ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है.

    इससे पहले बीते साल जून में प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के स्वास्थय रहे मंत्री सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार किया था.