ब्रिटेन दौरे पर बीजेपी और नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता को 'विवादों की आंधी' बताया है.
अनुराग ठाकुर ने ये भी आरोप लगाया है कि राहुल गाँधी ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है.
दरअसल, लंदन में इंडियन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा, चीन और रूस पर भारत की विदेश नीति, बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर बैन, क्रोनी कैपिटलिज्म और आने वाले आम चुनावों से जुड़े सवालों के जवाब दिए थे.
इससे एक दिन पहले यानी तीन मार्च को भी राहुल गांधी ने यूके के मशहूर शिक्षण संस्थान कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में व्याख्यान दिया था.
उसमें भी राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और वह खतरे में है.
उन्होंने इसके लिए सत्ताधारी नरेंद्र मोदी की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार बताया था.
राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, "राहुल गांधी विवादों की आंधी बन चुके हैं. विदेशी दोस्त हों, विदेशी एजेंसियां हों या फिर विदेशी ज़मीन हो, किसी का भी दुरुपयोग करके भारत को बदनाम करने का मौका नहीं छोड़ते हैं."
"मुझे लगता है कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए एक सुनियोजित तरीके से विदेशी सरज़मीं से राहुल गांधी जी ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है."
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गाँधी की भाषा, विचार और उनके काम करने के तरीके को भी संदिग्ध बताया है.
उन्होंने कहा, "ये पहला समय नहीं है, ये बार-बार राहुल जी ने किया है. जब कोविड-19 पैंडेमिक आया तब भी भारत की वैक्सीन पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया. कहीं से अतिक्रमण हुआ तो जाकर राहुल गांधी जी ने सेना के ऊपर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया और जाकर चीन के अधिकारियों के साथ जाकर बैठ गए."
"हमारे सेना के जवान शहीद हुए तो कहा कि कार बम में कुछ लोग मर गए. क्या ये सोच राहुल गांधी जी की भारतीय सेना के प्रति है. कभी हमारे सैनिकों को बदनाम करने के लिए कहते हैं, उनको थप्पड़ पड़े... क्या-क्या कहते हैं."
अनुराग ठाकुर ने कहा, "इतनी कमज़ोर कांग्रेस पार्टी हो सकती है, भारत नहीं है जो अमेरिका को हस्तक्षेप करने के लिए कहे. मैं इतना ही कहूंगा कि राहुल जी भारतीय लोकतंत्र भी मज़बूत है, भारत के लोग भी मजबूत हैं, भारत की सेना भी मजबूत है और भारत के पास आज एक ऐसा नेतृत्व है, जो ताकतवर भी है और दूरदर्शी भी है."
"और दुनिया भर के नेतृत्व ने कहा है कि भारत के ऊपर विश्वास है, मोदी जी के ऊपर विश्वास है. आप भारत के साथ विश्वासघात मत करिए. भारत की विदेश नीति पर आक्षेप करना आपकी निम्न स्तरीय बौद्धिकता का परिचायक है. कभी दूसरी ज़मीन पर जाकर आप अपने देश को जो बदनाम करने का काम करते हैं, झूठ फैलाने का जो काम करते हैं, उसके कोई मायने नहीं है."