कैम्ब्रिज
यूनिवर्सिटी में अपने लेक्चर के दौरान राहुल गांधी की कही बातों पर बीजेपी मुखर
है.
अब राहुल गांधी
ने भी लंदन में इंटरनेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में इस पर अपनी
प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने
इंडिया टुडे के पूछे सवाल के जवाब में कहा, "प्रधानमंत्री और सरकार पर कोई भी सवाल
उठाए तो उस पर हमला होता है."
राहुल गांधी ने
कहा, "मुझे याद है कि आख़िरी बार जब पीएम मोदी विदेश दौरे पर गए थे तो कह
रहे थे कि आज़ादी के 70 साल बाद भारत में कुछ नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि भारत में
भ्रष्टाचार है. ये सब बातें उन्होंने विदेश में कही."
बीजेपी राहुल
गांधी की ये कहकर आलोचना कर रही है कि वो विदेश में जाकर भारत को बदनाम कर रहे
हैं.
राहुल गांधी
बोले, "मैंने कभी अपने देश का अपमान नहीं किया. मैं ऐसा कभी नहीं
करूंगा. जब वो ये कहते हैं कि 70 सालों में कुछ
नहीं हुआ, तो क्या ये हर भारतीय का अपमान नहीं है?"
राहुल गांधी ने और क्या कहा?
-
बड़े देशों में समस्याओं का समाधान लोगों के साथ काम करके मिलता है. ये ख़्याल बहुत कारगर नहीं है कि सिर्फ़ एक आदमी सारी परेशानियों को दूर कर देगा.
-
ये समस्याएं बातचीत चाहती हैं. मुद्दे के हिसाब से संबंधित लोगों से बात करने की ज़रूरत है.
-
मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि नरेंद्र मोदी के पास जादू की छड़ी है, नरेंद्र मोदी स्टाइल, वन मैन... ऐसी चीज़ों से समाधान नहीं निकलेगा. ऐसी कोशिशों के नतीजे भी आपने देखे ही हैं.
-
ये मुद्दा ही नहीं है. ये भटकाने वाली चीज़ है. मैं इस पर बात नहीं करना चाहता हूं. विचार ये है कि विपक्षी ताकतें एक साथ आएं ताकि आरएसएस और बीजेपी को हराया जा सके.
राहुल गांधी में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर के दौरान कहा था कि पीएम मोदी देश को बर्बाद कर रहे हैं.
राहुल ने कहा था, "मेरे फोन में पेगासस है. लोगों के फ़ोन रिकॉर्ड हो रहे हैं. लोकतंत्र, न्यायपालिका और मीडिया ख़तरे में हैं."
इसके बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा था, "पेगासस राहुल गांधी के दिमाग में है और वो क्यों बार-बार विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं."
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बीजेपी की प्रतिक्रिया पर कहा, "जब वे कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जैसे शैक्षणिक संस्थान में अमेरिका और चीन के बीच के द्वंद में भारत की भूमिका और लोकतंत्र पर चर्चा करते हैं... तो वे भारत का मान बढ़ाते हैं."