You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अदानी हिंडनबर्ग मामला: सुप्रीम कोर्ट सुनाएगा जांच समिति गठित करने पर फ़ैसला

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सरकार की ओर से सीलबंद लिफाफे में पेश नामों को लेने से इनकार कर दिया था.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and संदीप राय

  1. औद्योगिक उत्पादन में चीन ने पकड़ी रफ़्तार, जापान तेज़ी से पिछड़ा

    कोरोना महामारी के बाद एशिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यस्थाओं में बिल्कुल उलट ट्रेंड दिखाई दे रहे हैं.

    जहां चीन में मैन्युफ़ैक्चरिंग गतिविधियां पिछले एक दशक में सर्वाधिक रफ़्तार से बढ़ रही है, वहीं जापान में पिछले दो साल के मुकाबले मैन्युफ़ैक्चरिंग में सबसे तेज़ी से कमी आई है.

    पूरी दुनिया में कोरोना महामारी के बाद से औद्योगिक उत्पादन को पटरी पर लाने की पुरज़ोर कोशिशें हो रही हैं.

    चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ़ स्टैटिस्टिक्स के अनुसार, चीन की मैन्युफ़ैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) जनवरी में 50.1 से बढ़ कर 52.5 हो गया है. अप्रैल 2012 के बाद से ये सबसे तेज़ी से बढ़ा है.

    जबकि जापान में निजी मैन्युफ़ैक्चरिंग पीएमआई सूचकांक फ़रवरी में 47.7 रहा. जनवरी में ये 48.9 था. जापान की अर्थव्यवस्था में गिरावट की रफ़्तार सितम्बर 2020 के बाद सबसे अधिक है.

    यह इंडेक्स या सूचकांक अर्थव्यवस्था के ट्रेंड को दर्शाता है.

    पीएमआई एक पैमाना है जिसका आकलन 0 से 100 के बीच किया जाता है.

    अगर ये रीडिंग 50 से ऊपर है तो इसका मतलब पिछले महीने के मुकाबले अर्थव्यवस्था में विस्तार हुआ है. अगर कम है तो इसका मतलब है अर्थव्यवस्था की रफ़्तार में कमी आई है.

    कोरोना वायरस के दौरान कड़े प्रतिबंधों के बाद चीन का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है.

    पिछले साल ही दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले चीन में प्रतिबंधों में ढील दी गई थी.

    चीन के लिए 2022 का साल अर्थव्यवस्था में विकास दर के लिहाज से आधी सदी में सबसे बुरा रहा क्योंकि वहां लंबे समय तक लॉकडाउन को कड़ाई से लागू किया गया था.

  2. इस बार मार्च से ही चलने लगेगी लूः मौसम विभाग

    मौसम विभाग ने कहा है कि इस साल भारत में वक़्त से पहले और भीषण गर्मी पड़ेगी.

    बीता फ़रवरी महीना, 1901 के बाद से सबसे गर्म रहा और देश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं के चलने की भी चेतावनी जारी की गई थी.

    फ़रवरी में अधिकतम औसत तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा. भारत में जबसे मौसम का रिकॉर्ड रखा जा रहा है, उसमें ये सर्वाधिक है.

    भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान किया है कि मार्च से मई के बीच लू चलने की प्रबल संभावना है.

    गर्मी के जल्द आने और लंबे समय तक रहने के कारण गेहूं की फसल पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा और बिजली खपत की मांग बढ़ेगी.

    मंगलवार को जारी अपने बयान में मौसम विभाग ने कहा है, "पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्से, पूर्व और मध्य भारत और उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्से में अधिकतम तापमान के सामान्य से अधिक होने की संभावना है."

    कुछ दिन पहले मौसम विभाग ने पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की अपनी चेतावनी को जारी करने के बाद वापस ले लिया था.

    भारत में आम तौर पर मई और जून में भीषण गर्मी और लू चलती है लेकिन पिछले साल गर्मी थोड़ा पहले ही शुरू हो गई.

    पिछले साल मार्च का महिला 1901 के बाद सबसे गर्म रहा.

    विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में गर्मी और लू की तीव्रता और समय अब पहले से अधिक बढ़ गया है.

    इसका असर भारत के फसल उत्पादन पर भी पड़ा है.

    पिछले साल भारत ने गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था क्योंकि भीषण गर्मी के कारण फसलों के उत्पादन पर असर पड़ा था और इसकी वजह से घरेलू बाज़ार में गेहूं की क़ीमतें बढ़ गई थी.

  3. बिहार: गलवान में मारे गए जवान के पिता की गिरफ़्तारी का मामला गरमाया

    भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुए संघर्ष में जान गंवाने वाले सैनिक जय किशोर के पिता की वैशाली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के मामले में बिहार पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं.

    बिहार सरकार की ओर से इस मामले में कहा गया है कि, "गलवान घाटी के शहीद स्वर्गीय जय किशोर सिंह के पिता श्री राजकपूर सिंह गांव-कजरी बुजुर्ग, थाना - जन्दाहा, जिला - वैशाली को अतिक्रमण एवं अन्य मामले में जेल भेजे जाने के क्रम में कथित दुर्व्यवहार की जानकारी प्राप्त हुई है. इस मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया है. जाँच दल का गठन कर अतिशीघ्र जाँच कार्य संपन्न करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी."

    बिहार पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया गया है, "गलवान घाटी की घटना में शहीद सैनिक के पिता की गिरफ्तारी के क्रम में दुर्व्यवहार की ख़बरें कुछ मीडिया चैनलों में प्रकाशित होने पर पुलिस महानिदेशक ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. अपराध अनुसंधान विभाग के अंतर्गत कमजोर वर्ग प्रभाग के अपर पुलिस महानिदेशक को विशेष टीम गठित कर इसकी जांच के निर्देश दिए गए हैं."

    बिहार पुलिस ने कहा, "कमजोर वर्ग का एक विशेष दल इस घटना की सभी बिंदुओं पर जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करेगा. यदि इस पूरे मामले में कोई पुलिस अधिकारी अथवा कर्मी दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."

    इससे पहले सैनिक जय किशोर के भाई नंद किशोर ने बताया था कि बिहार पुलिस ने उन्हें उस स्मारक को हटाने के लिए कहा था जो उन्होंने अपने भाई के लिए बनवाया था.

    सैनिक जय किशोर की मौत गलवान घाटी के संघर्ष में साल 2020 में हो गई थी.

    नंद किशोर ने कहा कि वैशाली के जनदाहा में उनके पिता ने बेटे की याद में सरकारी ज़मीन पर एक स्मारक बनाया था जिसके वजह से वैशाली पुलिस ने उनके साथ मार-पीट की और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया.

    पुलिस का दावा है कि ये स्मारक किसी और की जमीन पर बनाया गया था और ये जबरन कब्जे का मामला है.

    नंद किशोर का कहना है, "मुझे नहीं मालूम है कि पुलिस ने मेरे पिता को क्यों गिरफ़्तार किया है या उनके ख़िलाफ़ एएफ़आईआर क्यों दर्ज की गई है? डीएसपी ने हमें स्मारक हटाने के लिए कहा था. उन्होंने धमकी दी थी कि हमने ऐसा नहीं किया तो वे उसे पानी में बहा देंगे."

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में आर अश्विन नंबर-1 गेंदबाज़

    भारतीय गेंदबाज़ आर अश्विन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं.

    अश्विन ने टेस्ट मैचों में 463 विकेट लिए हैं. इंदौर टेस्ट को मिलाकर अश्विन 91 टेस्ट मैच खेल चुके हैं.

    बॉर्डर-गावस्कर सिरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में अश्विन ने छह विकेट लिए थे, जिसके चलते वो इंग्लैंड के गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़कर पहले पायदान पर पहुंच गए हैं.

    साल 2015 में अश्विन पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले नंबर पर आए थे.

  5. शिवसेना नेता संजय राउत के 'चोरमंडल' वाले बयान पर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा

    शिवसेना के उद्धव ठाकरे धड़े के नेता संजय राउत का एक बयान महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामे का कारण बन रहा है.

    संजय राउत ने कोल्हापुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधानमंडल के लिए 'चोरमंडल' शब्द का इस्तेमाल किया था.

    संजय राउत से जब एकनाथ शिंदे से जुड़ा सवाल पूछा गया तो वो बोले, ''ये डुप्लीकेट शिवसेना है. चोरों का मंडल है ये. विधानमंडल नहीं, चोरमंडल हैं ये...''

    इस बयान के बाद बीजेपी नेता आशीष शेलार ने ये मुद्दा सदन में उठाया और कहा कि विधायकों को चोर कहा जा रहा है, ये राज्य का अपमान है.

    बीजेपी विधायक अतुल भातखलकर ने इस बारे में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से इसे स्वीकार करने की अपील की है.

    एनसीपी नेता अजीत पवार और सीएलपी नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि ऐसे बयान स्वीकार नहीं किए जा सकते.

    थोराट ने कहा, ''ये जांच करने की ज़रूरत है कि संजय राउत ने असल में कहा क्या था. साथ ही सदन में सोच समझकर शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए. हमें भी एंटी-नेशनल बुलाया जाता है.''

    विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने आठ मार्च तक नोटिस पर रिपोर्ट देने की बात कही है.

  6. नेपाल में सियासी उथल-पुथल क्या भारतीय विदेश सचिव के दौरे से हुई?

    भारत के विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा 13 फ़रवरी को नेपाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुँचे थे.

    क्वात्रा विदेश सचिव बनने से पहले नेपाल में मार्च 2020 से अप्रैल 2022 तक भारत के राजदूत थे. क्वात्रा के इस दौरे को नेपाल में फिर से शुरू हुई राजनीतिक उठापटक से जोड़ा जा रहा है.

    नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और वर्तमान प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड की पार्टी का गठबंधन दो महीने में ही टूट गया है.

    नेपाल में नौ मार्च को राष्ट्रपति चुनाव है और उससे पहले इस गठबंधन के टूटने को कई कसौटियों पर देखा जा रहा है. ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल नेपाल की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है.

  7. उमेश पाल मर्डर केस के अभियुक्त की प्रॉपर्टी पर प्रयागराज में चला बुलडोज़र

    उत्तर प्रदेश में उमेश पाल की हत्या के मामले में राज्य सरकार ने बुलडोज़र चलाने की कार्रवाई की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अभियुक्त ख़ालिद ज़फ़र का संबंध अतीक़ अहमद से बताया जा रहा है.

    स्थानीय पत्रकार प्रभात वर्मा के मुताबिक़, हाल ही में उमेश पाल ने खालिद ज़फ़र पर भी मुकदमा दर्ज करवाया था. खालिद के घर से कुछ हथियार भी मिले हैं, जिसे पुलिस ने कब्ज़े में ले लिया है. पुश्तैनी घर गिरने के बाद से अतीक़ का परिवार भी इसी घर मे रहता था.

    24 फरवरी को प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल मर्डर केस के मुख्य गवाह उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज की घटना के लिए समाजवादी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा था कि वे राज्य में माफिया को मिट्टी में मिला देंगे.

    इस बीच उत्तर प्रदेश में उमेश पाल मर्डर केस के अभियुक्त के साथ समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी का दौर थमता हुआ नहीं दिख रहा है.

    बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को कहा, "एक तस्वीर इत्तेफाक से हो सकती है लेकिन अब समय आ गया है कि अखिलेश यादव को इस मामले पर जवाब देना चाहिए."

    सपा नेता शिवपाल सिंह ने यादव ने इन आरोपों पर कहा कि ये एक डिजिटल जमाना है और कुछ भी हो सकता है.

    उन्होंने कहा, "बीजेपी की सरकार नाकाम हो चुकी है. वे आम लोगों की ज़िंदगी दुश्वार कर रहे हैं. बीजेपी जनता के साथ केवल धोखा कर रही है."

  8. बृज भूषण शरण सिंह की जाँच के मामले में विनेश और बजरंग क्यों हैं नाराज़

    क़रीब एक महीने से ज़्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन विवादों से घिरे कुश्ती संघ और उसके अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह से संबंधित मामले में कोई हल नहीं निकल पाया है.

    सरकार की ओर से गठित कमेटी अब भी संघ अध्यक्ष पर लगे यौन शोषण के आरोपों की जाँच कर रही है.

    लेकिन खिलाड़ियों ने कमेटी के एक सदस्य के ख़िलाफ़ ही पक्षपात और जानकारी लीक करने के आरोप लगा दिए हैं.

    खिलाड़ियों की मांग पर सरकार ने जाँच कमेटी में पूर्व पहलवान बबीता फोगाट को शामिल किया, लेकिन पहलवानों ने इस बीच दो बड़े मुक़ाबलों में हिस्सा ना लेकर सरकार को नाराज़ ही किया है.

  9. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: पहली पारी में टीम इंडिया 109 रन बनाकर ऑल आउट

    बॉर्डर-गावस्कर सिरीज़ के तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 109 रन ही बना सकी और पूरी टीम मामूली सा स्कोर बनाकर पवेलियन लौट गई.

    ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों के सामने भारतीय बल्लेबाज़ टिक नहीं पाए.

    भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 22 रन विराट कोहली ने बनाए. शुभमन गिल ने 21, भरत और उमेश यादव ने 17-17 रन बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन ने पांच और नाथन लायन ने तीन विकेट झटके.

    इंदौर में खेले जा रहे इस तीसरे टेस्ट मैच में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था. टीम में केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को मौक़ा दिया गया

    सिरीज़ के शुरुआती दो मैचों में जीत भारत ने हासिल की थी.

    अगर भारत तीसरा टेस्ट मैच भी जीत लेता है तो टीम इंडिया की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में जगह पक्की हो जाएगी.

    शुरुआती दो टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का प्रदर्शन ख़राब रहा था.

    ऐसे में तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की कोशिश है कि जीत के साथ सिरीज़ में वापसी करे.

  10. अरविंद केजरीवाल कैबिनेट में मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जगह कौन ले सकते हैं?

    दिल्ली सरकार में मंत्री रहे सत्येंद्र जैन और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

    इस इस्तीफ़े के बाद ये सवाल पूछा जा रहा है कि इन दोनों मंत्रियों की जगह दिल्ली सरकार में कौन लेगा?

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल के पास आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी और सौरभ भारद्वाज का नाम भेजा है.

    मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन दोनों ही दिल्ली में आप सरकार के अहम चेहरे रहे हैं और दोनों की कोविड दौर में महामारी से निपटने में अहम भूमिका भी रही थी.

    दिल्ली सरकार में केजरीवाल के बाद 'आप' के सबसे अहम चेहरे माने जाने वाले सिसोदियो को सीबीआई ने रविवार को गिरफ़्तार किया था. सिसोदिया पर दिल्ली एक्साइज पॉलिसी में कथित घोटाला करने का आरोप है.

    वहीं सत्येंद्र जैन को बीते साल मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में ईडी ने गिरफ़्तार किया था.

  11. लाखों करोड़ गंवा चुके अदानी पर बांग्लादेश में क्यों उठ रहा है तूफ़ान?

    भारत के अरबपति कारोबारी गौतम अदानी के लिए बांग्लादेश में समस्याएं खड़ी होती नज़र आ रही हैं.

    अंग्रेजी अख़बार द टेलीग्राफ़ मेंप्रकाशित ख़बरके मुताबिक़, बांग्लादेश में विपक्षी दलों और सिविल सोसायटी ने अदानी समूह के साथ ऊर्जा क्षेत्र में किए गए क़रार पर सवाल उठाए हैं.

    साल 2017 के नवंबर महीने में बांग्लादेश सरकार ने अदानी समूह के साथ 1.7 अरब डॉलर का क़रार किया था जिसके तहत झारखंड के गोड्डा में एक 1600 मेगावाट का कोयला आधारित पावर प्लांट लगाया जाना था. और इस प्लांट से पैदा हुई बिजली को 25 सालों तक बांग्लादेश को बेचा जाना था.

    लेकिन पिछले कुछ हफ़्तों में बांग्लादेश में इस समझौते को लेकर तमाम आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं. इनमें इस समझौते को भारत-बांग्लादेश के द्विपक्षीय रिश्तों के लिए जोख़िमपूर्ण बताया जाना शामिल है.

  12. 'ब्लॉगर', 'मीटिंग', 'टॉक शो' जैसे ग़ैर-रूसी शब्दों के इस्तेमाल पर रूस में बैन

    राष्ट्रपति पुतिन ने रूस में सरकारी कामकाज की भाषा में ग़ैर-रूसी भाषा के शब्दों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है.

    इनमें 'ब्लॉगर', 'मीटिंग', 'टॉक शो' और 'फेस-कंट्रोल' जैसे अक्सर इस्तेमाल होने वाले शब्द शामिल हैं.

    राष्ट्रपति पुतिन ने इसके लिए एक भाषा संशोधन क़ानून पर दस्तखत भी किए हैं.

    इस संशोधन क़ानून में कहा गया है कि सरकारी कामकाज में रूसी भाषा के शब्द और भाव ही व्यक्त किए जाएं और विदेशी मूल के शब्द तभी इस्तेमाल में लाए जाएं जबकि उनकी जगह रूसी भाषा का कोई शब्द उपलब्ध ना हो.

    बहुत से रूसी लोग अंग्रेज़ी और दूसरी अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के बढ़ते इस्तेमाल को पसंद नहीं करते हैं.

    रूस में 'कॉटेज', 'हाउस', 'फॉरेस्ट' जैसे शब्द रूसी भाषा के विकल्प मौजूद हैं, पर फिर भी इंग्लिश के ये शब्द लोकप्रिय होते देखे जा रहे हैं जबकि युवाओं में 'ब्लॉगर', 'मीटिंग', 'टॉक शो' और 'फेस-कंट्रोल' जैसे शब्द काफी लोकप्रिय हैं.

    राष्ट्रपति पुतिन ये कहते रहे हैं कि देश को पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव से बचाए जाने की ज़रूरत है.

  13. तवांग: भारत का वो सीमावर्ती इलाक़ा जो आज भी 1962 के युद्ध की परछाइयों से घिरा है

    "तवांग में वो धान की कटाई का वक़्त था. वो लोग रात-दिन चारों तरफ़ से हमला करते हुए तवांग में आए तो लोग यहाँ से भागने लगे."

    थुतान चेवांग की उम्र उस समय सिर्फ़ 11 साल थी. लेकिन अपनी आँखों से देखे हुए युद्ध की बहुत सी घटनाएं उन्हें आज भी साफ़-साफ़ याद हैं.

    वो साल 1962 का अक्टूबर का महीना था. चीन ने भारत के पूर्वोत्तर में नॉर्थ ईस्ट फ़्रंटियर एजेंसी (वर्तमान अरुणाचल प्रदेश) के इलाक़े पर अचानक हमला कर दिया था. हमला इतनी तेज़ी से हुआ था कि कुछ इलाक़ों में कड़े प्रतिरोध के बावजूद भारतीय सेना चीनी सेना के सामने टिक नहीं पा रही थी.

  14. गुरुग्राम: जी-20 इवेंट के लिए रखे गए फूलों के गमले चुराने वाला शख़्स गिरफ़्तार

    गुरुग्राम में गमले चोरी करते हुए दो लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

    इस वीडियो में दो शख्स गुरुग्राम में सड़क पर रखे फूलों वाले गमले उठाकर अपनी कार में रखते हुए दिख रहे थे.

    अब इनमें से एक शख़्स को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

    गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि 50 साल के एक शख़्स मनमोहन को गिरफ़्तार किया गया है और चुराए गए गमलों समेत कार को भी बरामद कर लिया गया है.

    ये गमले जी-20 इवेंट की सजावट के लिए रखे गए थे.

    जब दो शख़्स इन गमलों को चुराकर कार में रख रहे थे, तब किसी ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया था.

    वीडियो बीते दो दिन से वायरल है और सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है.

    गाड़ी के नंबर को देखकर कुछ लोगों ने इसे यू-ट्यूबर एल्विश यादव की गाड़ी बताया.

    इसकी वजह एक पुराना वीडियो है, जिसमें एल्विश यादव इसी नंबर की गाड़ी में कथित तौर पर दिखे थे.

    हालांकि एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर इस मामले में किसी भी तरह से शामिल होने के आरोपों को ख़ारिज किया है. उन्होंने कहा है कि मेरे बारे में ग़लत जानकारी न फैलाएं और ऐसा करने वाले लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    एल्विश ने ट्वीट किया, ''ये मेरी गाड़ी नहीं है. मैं सबसे अपील करता हूं कि मेरे बारे में ग़लत जानकारी ना फ़ैलाएं. झूठ के पैर नहीं होते, ज़्यादा देर तक नहीं चल पाता, इसलिए कितना भी ज़ोर लगा लो, कितने भी नैरेटिव सेट कर लो, हिंदुओं के लिए बोलता आया था, बोलता हूँ और आगे भी बोलूंगा.''

    सोशल मीडिया पर एल्विश यादव ट्रेंड्स में शामिल है.

  15. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: टीम इंडिया की ख़राब शुरुआत

    बॉर्डर-गावस्कर सिरीज़ के तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया पहले बल्लेबाज़ी कर रही है.

    मैच शुरू होने के एक घंटे के भीतर पांच भारतीय बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके हैं.

    रोहित शर्मा 12, शुभमन गिल 21 और चेतेश्वर पुजारा एक रन बनाकर आउट हुए. वहीं जडेजा 4 और श्रेयस बिना रन बनाए ही आउट हुए.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन ने तीन और नाथन लायन ने दो विकेट झटके.

    ख़बर लिखे जाने तक विराट कोहली और भरत क्रीज़ पर बने हुए हैं. 11.2 ओवर में भारत ने पांच विकेट के नुक़सान पर 45 रन बना लिए हैं.

    दो टेस्ट मैचों में ख़राब प्रदर्शन के चलते केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को टीम में जगह दी गई है.

    टीम में कौन-कौन?

    भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रविंद्र जडेजा, श्रीकर भरत, अक्षर पटेल, आर अश्विन, उमेश याद, मोहम्मद सिराज

    ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टिवन स्मिथ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, मिशेल स्टार्क, नाथन लायन, टॉड मर्फी, मैथ्यू कुहनेमैन

    सिरीज़ के शुरुआती दो मैचों में जीत भारत ने हासिल की थी.

    अगर भारत तीसरा टेस्ट मैच भी जीत लेता है तो टीम इंडिया की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में जगह पक्की हो जाएगी.

  16. हांगकांग में 945 दिन बाद मास्क की अनिवार्यता ख़त्म

    हांगकांग में 945 दिन बाद मास्क लगाने की अनिवार्यता को ख़त्म कर दिया है.

    इसी के साथ दुनिया में कोविड से जुड़े सबसे लंबे प्रतिबंध का भी अंत हो गया है.

    हांगकांग के नेता जॉन ली ने कहा, ''हांगकांग में अब वायरस नियंत्रण में है और इसके फिर से फैलने के कोई बड़े संकेत नहीं हैं.''

    हांगकांग में मास्क पहनने की अनिवार्यता जुलाई 2020 में शुरू हुई थी और ये लगभग 945 दिन तक चली.

    मास्क ना पहनने पर क़रीब 52 हज़ार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता था.

    ली ने मंगलवार को बताया, ''मास्क पहनने की अनिवार्यता को ख़त्म करने के साथ ही हांगकांग में हालात फिर सामान्य होंगे.''

    ली ने कहा, ''इस साल और अगले साल भी, हम पूरी रफ़्तार के साथ अर्थव्यवस्था और विकास के लिए काम करेंगे.''

    कोरोना से निपटने के लिए हांगकांग चीन की कोशिशों को ही अपनाता रहा है. इसमें ज़ीरो कोविड रणनीति भी शामिल है.

    हांगकांग में जिस तरह के प्रतिबंध लगाए गए थे, उससे कारोबार में काफ़ी नुक़सान हुआ था.

    दक्षिण कोरिया में अब भी अस्पताल जाते वक़्त और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हुए मास्क पहनना अनिवार्य है.

    जापान ने भी कहा है कि वो 13 मार्च से मास्क पहनने से जुड़े नियमों में कुछ ढील देगा.

    जापान सिर्फ़ ट्रेन और व्यस्त रहने वाले घंटों में बसों में मास्क पहनने की सिफ़ारिश करेगा.

    जापान में मास्क पहनना कभी अनिवार्य नहीं था, लेकिन देश में ज़्यादातर लोग मास्क पहनते थे.

  17. Ind vs Aus: भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    बॉर्डर-गावस्कर सिरीज़ का तीसरा टेस्ट मैच बुधवार से इंदौर में शुरू हो रहा है.

    टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. टीम में केएल राहुल की जगह पर शुभमन गिल को मौक़ा दिया गया है.

    टीम में कौन-कौन?

    भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रविंद्र जडेजा, श्रीकर भरत, अक्षर पटेल, आर अश्विन, उमेश याद, मोहम्मद सिराज

    ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टिवन स्मिथ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, मिशेल स्टार्क, नाथन लायन, टॉड मर्फी, मैथ्यू कुहनेमैन

    सिरीज़ के शुरुआती दो मैचों में जीत भारत ने हासिल की थी.

    अगर भारत तीसरा टेस्ट मैच भी जीत लेता है तो टीम इंडिया की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में जगह पक्की हो जाएगी.

    सिरीज़ में लगातार मिलती हार के कारण ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में है और टीम की कोशिश होगी कि सिरीज़ में जीत के साथ वापसी करे.

  18. 'चीनी लैब से कोरोना फैलने' पर एफ़बीआई प्रमुख क्या बोले?

    कोरोना कहां से आया?

    बीते तीन साल से पूछे गए इस सवालों के हर जवाब में चीन का नाम ज़रूर आया है.

    अब एफ़बीआई डायरेक्टर क्रिस्टोफ़र रे ने भी इस बारे में बयान दिया है. क्रिस्टोफर रे ने कहा है कि एफ़बीआई मानता है कि चीन की सरकारी लैब में कोविड-19 के पैदा होने की सबसे प्रबल संभावना है.

    क्रिस्टोफर रे ने फॉक्स न्यूज़ से कहा, ''पिछले कुछ वक़्त से एफ़बीआई ने ये पाया कि चीन की सरकारी लैब में किसी घटना के बाद महामारी की शुरुआत हुई है.''

    कोविड की शुरुआत को लेकर ये पहली बार है, जब सार्वजनिक तौर पर एफ़बीआई की ओर से ये जानकारी साझा की गई है.

    चीन कोरोना के वुहान में शुरू होने की बातों को नकारता रहा है और ऐसे आरोपों को अपमानजनक बताता रहा है.

    एक दिन पहले ही चीन में अमेरिकी राजदूत ने ''कोविड की उत्पत्ति को लेकर ज़्यादा ईमानदार'' रहने की बात कही थी.

    रे ने मंगलवार को दिए इंटरव्यू में कहा कि महामारी की उत्पत्ति से जुड़ी जानकारियां छिपाने और जांच की राह में अड़चन बनने की चीन हर संभव कोशिश करता रहा है और ये सबके लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

  19. मॉस्को के पास ड्रोन हुआ क्रैश, रूस क्या बोला?

    रूस के मॉस्को क्षेत्र में एक ड्रोन क्रैश होने की ख़बर है.

    इस बारे में वहां के गवर्नर ने कहा है कि संभव है कि ये ड्रोन रिहायशी इलाक़ों पर हमला करने की कोशिश के तहत भेजा गया हो.

    गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव का ये बयान तब आया, जब रक्षा मंत्रालय ने दो यूक्रेनी ड्रोन्स को मार गिराने की जानकारी दी.

    रूस के अंदर हमलों की यूक्रेन ने कोई ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    ये ड्रोन जिस जगह क्रैश हुआ है, वहां रूस की सरकारी एनर्जी कंपनी गैज़प्रोम की ईकाई है. ये जगह मॉस्को से 100 किलोमीटर दूर है.

    गैज़प्रोम ने रूस की न्यूज़ एजेंसी नोवोस्ती को बताया कि कोलोमना ज़िले में कंपनी के काम में किसी तरह की कोई रुकावट नहीं आई है.

    आंद्रे वोरोब्योव ने टेलीग्राम पर लिखा, ''ड्रोन का निशाना कोलोमना में संभवत: एक रिहायशी इलाक़ा था, जिसे किसी तरह का नुक़सान नहीं पहुंचा है. किसी तरह का जान-माल का नुक़सान भी नहीं हुआ है. रूस की सिक्योरिटी सर्विस और दूसरी एजेंसियां मौक़े पर हैं और जांच जारी है.''

    रूस की मीडिया और अधिकारियों की ओर से शेयर की जा रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एक ड्रोन पेड़ों के बीच गिरा हुआ है और आस-पास बर्फ़ है.

  20. एलपीजी गैस के दाम आज से फिर बढ़े, अब कितने का मिलेगा सिलेंडर?

    घरेलू एलपीजी गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं.

    इसके साथ ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं. नई क़ीमतें एक मार्च से लागू हो रही हैं.

    इसके तहत 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ है.

    घरेलू एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत अब 1103 रुपये होगी.

    19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी 350 रुपये महंगा हुआ है.

    अब ये सिलेंडर 2119 रुपये का मिलेगा. ये नई क़ीमतें दिल्ली की हैं.