You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुप्रीम कोर्ट ने अंबानी परिवार को देश-विदेश में ज़ेड प्लस सुरक्षा का आदेश दिया

ज़ेड प्लस भारत में सर्वोच्च स्तर की सुरक्षा है. अंबानी परिवार स्वयं सुरक्षा का ख़र्च उठाएगा​

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक ट्विवटर हैंडल हैक

    ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक ट्विवटर हैंडल हैक कर लिया गया है.

    हैक करने के बाद न केवल हैंडल का नाम बदल दिया गया, बल्कि उसमें लगा प्रोफाइल फोटो भी बदल डाला गया है.

    इस हैंडल का नाम अब 'युगा लैब्स' कर दिया गया है. इसके प्रोफाइल फोटो में 'काले रंग में लिखा हुआ वाई' लगाया गया है.

    हालांकि हैकिंग के बाद अभी तक इस एकाउंट से कोई ट्वीट नहीं किया गया है.

    युगा लैब्स अमेरिका की एक ब्लॉकचेन कंपनी है.

    क्या कहा तृणमूल कांग्रेस ने?

    तृणमूल कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है.

    हालांकि पार्टी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने एएनआई से बातचीत में स्वीकार किया है कि उनकी पार्टी का ट्विटर एकाउंट हैक हो गया है.

    उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी ट्विटर के अधिकारियों के संपर्क में है और इस समस्या को जल्द से जल्द दूर करने की कोशिश कर रही है.

    ब्रायन ने बताया कि ट्विटर ने उन्हें जल्द उपाय करने का भरोसा दिया है.

  2. अवंतीपुरा मुठभेड़ में कश्मीरी पंडित संजय शर्मा के 'कथित हत्यारे' का एनकाउंटर

    एडीजी (विजय कुमार) के हवाले से कश्मीर ज़ोन पुलिस ने दावा किया है कि रविवार को पुलवामा में मारे गए कश्मीरी पंडित संजय शर्मा के 'हत्यारे' को मार दिया गया है.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से किए एक ट्वीट में बताया, ''अवंतीपुरा मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी की पहचान पुलवामा के आक़िब मुस्ताक़ भट्ट के रूप में हुई है.''

    इस ट्वीट में बताया गया कि मारे गए चरमपंथी ने शुरू में हिज़बुल मुजाहिद्दीन के साथ काम किया था और अभी लश्करे तैयबा के सहयोगी संगठन 'द रेज़िस्टेंस फ्रंट' से जुड़ा हुआ था.

    इससे पहले, मंगलवार तड़के कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट करके बताया था कि पुलवामा ज़िले के अवंतीपुरा में एक मुठभेड़ हुई और इसमें एक चरमपंथी की मौत हुई है.

    रविवार को राज्य के पुलवामा के अचन में चरमपंथियों ने क़रीब 40 साल के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

    पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम संजय शर्मा था, जो दक्षिण कश्मीर जिले के अचन के रहने वाले थे. यह हमला सुबह क़रीब 11 बजे हुआ था.

    कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी, "आतंकवादियों ने अल्पसंख्यक वर्ग के एक नागरिक संजय शर्मा पर गोलीबारी की. उस वक्त वे पुलवामा में स्थानीय बाजार जा रहे थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया."

  3. सिसोदिया की ग़ैर-मौजूदगी में केजरीवाल कैसे चलाएँगे दिल्ली की सरकार?

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने पाँच दिन ( 4 मार्च तक) की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है.

    साल 2021 में लाई गई शराब नीति में कथित घोटाले के आरोप में सीबीआई ने रविवार को घंटों चली पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था.

    सिसोदिया दिल्ली सरकार में कितने शक्तिशाली मंत्री हैं, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि 33 में से 18 सरकारी विभाग का कामकाज मनीष सिसोदिया ही देखते हैं.

    आम आदमी पार्टी पर नज़र रखने वाले लोग कहते हैं कि सिसोदिया के होने से ही अरविंद केजरीवाल के लिए ये मुमकिन हो पाया कि वह पार्टी को दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में ला जा सके और इसके विस्तार पर फ़ोकस कर पाए.

  4. सुप्रीम कोर्ट ने मानी सिसोदिया की मांग, उनकी ज़मानत याचिका पर आज ही होगी सुनवाई

    सीबीआई की पांच दिन की रिमांड में जाने के एक दिन बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

    सिसोदिया के वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश के सामने यह मामला उठाते हुए इस पर मंगलवार को ही सुनवाई करने की मांग की.

    उनकी यह मांग मानते हुए जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने उन्हें दोपहर बाद 3.50 बजे का समय दिया है.

    सिसोदिया की याचिका में उनकी गिरफ़्तारी को चुनौती देते हुए ज़मानत की माँग की है.

    साथ ही कथित शराब घोटाले में सीबीआई की जांच के तरीक़े पर भी सवाल उठाए गए हैं.

    सिसोदिया पर 2021 में लाई गई शराब नीति बनाने और उसे लागू करने में हुई कथित अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.

    सीबीआई ने रविवार शाम को लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था.

  5. विनेश फोगाट के बाद अब बजरंग पुनिया ने लगाए आरोप, जानिए क्या कहा?

    भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर महिला मुक्केबाज़ों के लगाए आरोपों की जांच के लिए बनी 'ओवरसाइट कमेटी' के एक सदस्य पर विनेश फोगाट ने रविवार को कई आरोप लगाए थे. ​

    फोगाट ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को टैग करते हुए कमेटी के उस सदस्य का नाम लिए बिना उन पर 'प्रेस को संवेदनशील जानकारी लीक करने' के आरोप लगाए थे.

    उसके बाद, सोमवार को बजरंग पुनिया ने भी किसी का नाम लिए बिना कई आरोप लगाए हैं.

    पुनिया ने एक 'खिलाड़ी' पर निजी स्वार्थ के लिए महिला खिलाड़ियों का खुलेआम मज़ाक बनाने का आरोप लगाते हुए एक ट्वीट किया है.

    हालांकि 'न्याय की क्या उम्मीद करेंगे' वाली बात से साफ़ लगता है कि पुनिया के निशाने पर ओवरसाइट कमेटी के वही सदस्य हैं, जो फोगाट के निशाने पर हैं.

    पुनिया ने लिखा, ''बहुत ही शर्मनाक और निन्दनीय! जिनसे प्रेरणा लेकर खिलाड़ी हमेशा आगे बढ़ें हों और वही खिलाड़ी जब अपने निजी स्वार्थ के लिए खुलेआम उन महिला खिलाड़ियों का मज़ाक़ बना रहा है, जो महिला खिलाड़ी ख़ुद अपने आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ रही हैं. ऐसे खिलाड़ी से हम न्याय की क्या उम्मीद करेंगे?''

    क्या है मामला?

    पिछले महीने ​नई दिल्ली के जंतर मंतर पर कई महिला और पुरुष पहलवानों ने धरना दिया था. विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, संगीता फोगाट, बजरंग पुनिया जैसे मुक्केबाज़ इस प्रदर्शन में शामिल थे.

    इस दौरान उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न सहित कई आरोप लगाए.

    हालाँकि बृज भूषण शरण सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को ख़ारिज करते हुए इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया था.

    बाद में सरकार के दख़ल से इन खिलाड़ियों ने अपना धरना ख़त्म किया और मामले की जांच के लिए यह ओवरसाइट कमेटी बना दी.

  6. मनीष सिसोदिया ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा

    सीबीआई की पांच दिन की रिमांड में जाने के एक दिन बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

    अदालत में दाख़िल अपनी याचिका में उन्होंने अपनी गिरफ़्तारी को चुनौती दी है. साथ ही कथित शराब घोटाले में सीबीआई की जांच के तरीक़े पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं.

    सिसोदिया के वकील मुख्य न्यायाधीश की पीठ के सामने यह मामला उठाएंगे और उनसे इस मामले पर जल्द से जल्द सुनवाई करने का अनुरोध करेंगे.

    सिसोदिया पर 2021 में लाई गई शराब नीति बनाने और उसे लागू करने में हुई कथित अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.

    सीबीआई ने रविवार शाम को लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था.

  7. वेलिंगटन टेस्ट: रोमांचक मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड को एक रन से हराया, सिरीज़ बराबर

    वेलिंगटन में खेले जा रहे सिरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में मेज़बान न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड को एक रन से हरा दिया है.

    रोमांच और उतार-चढ़ाव से भरपूर इस मैच में इंग्लैंड को जीतने के लिए 258 रन बनाने थे, लेकिन न्यूज़ीलैंड ने 256 रन पर इंग्लैंड की पूरी टीम को आउट कर दिया.

    लेकिन एक समय लग रहा था कि पहले टेस्ट की ही तरह दूसरे टेस्ट को भी इंग्लैंड जीत लेगा.

    उसे जीतने के लिए 57 रन चाहिए थे और पांच बल्लेबाज़ सुरक्षित थे. लेकिन बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ नील वैगनर ने अपने शानदार प्रदर्शन से यह जीत अपनी टीम के नाम कर दिया.

    उन्होंने जेम्स एंडरसन को आउट करके यह मैच अपनी टीम की झोली में डाल दिया. इंग्लैंड के अंतिम पांच में से तीन विकेट उन्होंने ही लिए.

    मैच के अंत में इंग्लैंड को 7 रन बनाने थे जबकि उसके दो बल्लेबाज़ आउट होने बाक़ी थे. लेकिन पहले कप्तान साउदी और फिर वैगनर ने 16 गेंद के भीतर इंग्लैंड के बचे दोनों बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखा दी.

    दूसरी पारी में शानदार 132 रन बनाने वाले केन विलियम्सन को 'मैन ऑफ़ द मैच' का ख़िताब दिया गया.

    फ़ॉलोऑन खेलने के बावजूद न्यूज़ीलैंड को मिली इस जीत से दो टेस्ट मैचों की यह सिरीज़ 1-1 से बराबरी पर ख़त्म हो गई है. टेस्ट क्रिकेट के 145 साल के इतिहास में ऐसा केवल चौथी बार हुआ है, जब कोई टीम फ़ॉलोऑन खेलने के बावजूद जीती हो.

    इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड को 267 रन के भारी अंतर से हरा दिया था.

  8. जम्मू-कश्मीर: अवंतीपुरा में चरमपंथियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, एक चरमपंथी की मौत

    जम्मू-कश्मीर में पुलवामा ज़िले के अवंतीपोरा में चरमपंथियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो रही है.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में बताया है कि अभी तक इस मुठभेड़ में एक चरमपंथी मारा गया है.

    इस ट्वीट में लिखा गया, ''अवंतीपोरा मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर. मारे गए आतंकवादी का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है. मुठभेड़ अभी जारी है. और ब्योरा बाद में दिया जाएगा.''

    इससे कुछ देर पहले के एक अन्य ट्वीट में बताया गया कि पुलवामा ज़िले में अवंतीपोरा के पदगामपोरा में मुठभेड़ शुरू हो गई है.

  9. वेस्ट बैंक में हिंसा का दौर जारी, इसराइली-अमेरिकी शख़्स की हत्या

    जॉर्डन के एक सम्मेलन में इसराइल और फ़लीस्तीन के अधिकारियों के बीच तनाव कम करने पर बनी सहमति के बाद भी हिंसा का दौर जारी है.

    इसराइल के नियंत्रण वाले वेस्ट बैंक में उपद्रव बढ़ने के बाद एक इसराइली-अमेरिकी शख़्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

    इस शख़्स की मौत तब हुई जब जेरिको शहर के पास के एक हाइवे से गुज़र रही गाड़ियों पर हमला किया गया.

    उसके बाद इस व्यक्ति को येरूशलम के एक अस्पताल में ले जाया गया. लेकिन वहां इन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

    इसराइल में अमेरिका के राजदूत टॉम नाइड्स ने कुछ घंटे पहले इस घटना पर दुख जताया है.

    सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर उन्होंने लिखा, "बड़े दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि आज रात वेस्ट बैंक में हुए एक आतंकी हमले में अमेरिका के एक नागरिक की मौत हो गई है. मैं उनके परिवार के लिए दुआ करता हूं."

    इसराइल के सुरक्षा बलों ने बताया है कि कि हमलावरों ने इसराइली गाड़ियों पर तीन बार गोलियां चलाईं और बाद में अपनी गाड़ियों को भी जला दिया.

    इसराइल ने बताया है कि हमलावरों के भागने से पहले सुरक्षा बलों से उनका आमना-सामना हुआ था.

    अभी तक किसी भी फ़लस्तीनी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    हालांकि गज़ा पट्टी पर शासन करने वाले और वेस्ट बैंक में कम असर रखने वाले इस्लामी संगठन हमास ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उसके अनुसार, यह हमला इसराइल के हमलों की एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है.

    हमास ने एक बयान में कहा है, "क़ब्ज़ा और लोगों के झुंड द्वारा किए गए अपराधों का जवाब छुरा घोंपकर, गोली मारकर और कार से रौंदकर ही ​दिया जाएगा."

    यह पूरा बवाल रविवार को हुई एक घटना के कारण शुरू हुआ. एक फ़लस्तीनी शख़्स ने पास के एक गांव के दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी.

    उसके बाद रविवार की रात वेस्ट बैंक में ही इसराइली नागरिकों ने फलस्तीनी गांवों पर हमले कर दिए. इस हमले में कई कार और घर जला दिए गए.

  10. अमेरिका में भीषण सर्द तूफ़ान से आई तबाही, घर गिरे और बिजली भी गुल

    अमेरिका के दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया में भारी बर्फ़बारी कराने वाला सर्द तूफ़ान अब पूर्व दिशा की ओर बढ़ गया है. इससे वहां बवंडर आया है और हवाएं बहुत तेज़ चल रही हैं.

    सोमवार को ओक्लाहोमा, कन्सास, मिसौरी और टेक्सास का मौसम बहुत ख़राब रहा.

    इन इलाक़ों से कई घरों के बर्बाद होने और बिजली के तार गिरने की ख़बरें आई हैं. इससे हज़ारों लोग बिना बिजली के रहने को मजबूर हो गए हैं.

    अभी तक इस तूफ़ान में कम से कम 12 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    अमेरिका के ऊपरी मध्य पश्चिमी इलाक़े के मौसम के इस सप्ताह के अंत तक ख़राब बने रहने का अनुमान लगाया गया है.

    अभी तक सबसे अधिक तबाही कैलिफ़ोर्निया में हुई है. वहां बिजली गुल हो गई और बाढ़ के हालात बन गए हैं. इस आपदा को देखते हुए सड़क और समुद्री किनारों को बंद कर दिया गया है.

    सोमवार तक केवल कैलिफ़ोर्निया में क़रीब 46 हज़ार घरों में बिजली नहीं थी. वहीं टेक्सास और ओक्लाहोमा में क़रीब 28 हज़ार लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे.

    ख़बरों के अनुसार, ओक्लाहोमा राज्य में रविवार की देर रात सात बवंडर आए. वहां से मिले वीडियो फुटेज में बवंडर से कारों के पलटने और घरों की छतें उड़ती हुई दिख रही हैं.

    उत्तरी टेक्सास में ओक्लाहोमा से लगती सीमा पर हवा की गति 183 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई. यह 'श्रेणी 3' हरीकेन के बराबर है.

  11. नमस्ते!

    आपका दिन शुभ हो. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 27 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.

    अभी तक की अहम ख़बरें-

    • दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने पांच दिन ( 4 मार्च तक) की सीबीआई रिमांड पर भेजा.
    • नेपाल में प्रचंड सरकार की बढ़ीं मुश्किलें, केपी शर्मा ओली की पार्टी ने समर्थन वापस लिया.
    • जुनैद-नासिर हत्याकांड: अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज़.
    • ईपीएफ़ओ ने ज़्यादा पेंशन चुनने की डेडलाइन 3 मई 2023 तक बढ़ाई.
    • यूक्रेन युद्ध से मानवाधिकार उल्लंघन की भयंकर लहर पैदा हुई- संयुक्त राष्ट्र प्रमुख