मनीष सिसोदिया के परिवार से मुलाक़ात के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है, "हम सिसोदिया की गिरफ़्तारी से डरने वाले नहीं हैं, हम इसका ज़बरदस्त विरोध करेंगे."
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सिसोदिया को फ़र्ज़ी केस में फंसाया गया है.
सिसोदिया को रविवार शाम सीबीआई ने कथित शराब घोटाले को लेकर गिरफ़्तार किया है.
केजरीवाल ने कहा, “मनीष सिसोदिया को पूरी तरह से फ़र्ज़ी और झूठे केस में फंसाकर गिरफ़्तार किया गया है. मनीष एक ईमानदार देशभक्त और साहसी व्यक्ति हैं जो चौबीस घंटे देश की सेवा में लगे रहते हैं. पूरा देश देख रहा है कि किस तरह से उन्होंने ग़रीबों के बच्चों के अच्छा भविष्य देने के लिए उन्हें अच्छी शिक्षा देनी शुरू की थी.”
केजरीवाल ने कहा, “हम देख रहे हैं कि किस तरह से पूरे देश में शरीफ़ों को, ईमानदारों को, देशभक्तों को पकड़ कर जेल में डाल रहे हैं लेकिन जो लोग बैंकों को अरबों-ख़रबों रूपए लूट रहे हैं उनके ख़िलाफ़ कुछ नहीं हो रहा क्योंकि वो उनके दोस्त हैं. लोग ये सब देख रहे हैं, लोग ही इसका जवाब देंगे.”
केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा, “मनीष सिसोदिया की पत्नी से हम मिलकर आए हैं, वो गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. मनीष के बेटे अभी बाहर पढ़ रहे हैं, उनकी पत्नी अकेली हैं. मनीष उनका ख्याल रखते थे. हमने उनसे कहा है कि पूरे देश को मनीष पर गर्व है, हम एक परिवार की तरह हैं और उनका ख्याल रखेंगे.”
वहीं भगवंत मान ने कहा, "हम बीजेपी के इस कायरतापूर्ण क़दम से डरने वाले नहीं हैं."
पत्रकारों से बात करते हुए मान ने कहा, “सिसोदिया को गलत आरोप में गिरफ़्तार किया है, हम उसकी निंदा करते हैं. इनके ख़िलाफ़ जो बोलेगा उसके साथ ऐसा ही होगा, एक कॉमेडियन तक को गिरफ़्तार कर लिया गया था.”
भगवंत मान ने कहा, “ऐसा करके बीजेपी हमारी टीम को तोड़ना चाहती है, हमें डराना चाहती है. हम गुजरात गए वहां 13 प्रतिशत वोट लिए. बीजेपी हमसे डरी हुई है.”
भगवंत मान ने कहा, “अंदर उन्हें होना चाहिए जो एलआईसी खा गए, बैंकों का पैसा खा गए, जिनके बारे में दुनिया बात कर रही है. वो तो खुले घूम रहे हैं, लेकिन जो दिल्ली में स्कूल बना रहे हैं, तरक्की करा रहे हैं, उन्हें जेल में भेज रहे हैं.”
मान ने कहा, “ये कायरता पूर्ण क़दम है, आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं हैं. हम आंदोलन से निकले लोग हैं, हम किसी पार्टी से निकाले गए लोग नहीं हैं. हम अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोग हैं. हम डरने वाले नहीं हैं. आम आदमी पार्टी में हर समाज का हर वर्ग है, हम इसका ज़बरदस्त विरोध भी करेंगे.”