मध्य प्रदेश के सीधी
ज़िले में सड़क किनारे खड़ी तीन बसों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में
पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
सीधी ज़िले के ज़िलाधिकारी
साकेत मालवीय ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि यह हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ.
उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है.
वहीं रीवा के एसपी मुकेश श्रीवास्तव ने इस हादसे में क़रीब 50 लोगों के घायल होने का दावा किया है.
उनके अनुसार, 15 से 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
बताया जा रहा है कि ये बसें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली से लौट रहे लोगों को लेकर आ रही थी.
हादसे की ख़बर मिलने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटनास्थल का दौरा किया और पूरे मामले की जानकारी हासिल की. उन्होंने इस हादसे को दुखी करने वाला बताया.
हताहतों को मुआवज़े का एलान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपए और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने का एलान किया है.
उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपए और सामान्य रूप से घायल लोगों को 1 लाख रुपए की मदद देने का भी एलान किया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट करके मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है.
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.
शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके बताया है कि घायलों को रीवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने भी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है.
उन्होंने डॉक्टरों के हवाले से बताया है कि सभी घायल ख़तरे से बाहर हैं. घायलों के इलाज की बेहतर से बेहतर व्यवस्था करने का दावा करते हुए कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस द्वारा कहीं और ले जाया जायेगा.