दिल्ली नगर निगम
के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होने के बाद स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) चुनने के लिए रातभर सदन की कार्यवाही चलती रही. सदन की बैठक गुरुवार सुबह भी जारी है.
इस दौरान बीजेपी
और आम आदमी के पार्षदों के कई बार उलझने की नौबत आ गई. महिला पार्षदों के भी
हाथापाई करने के वीडियो सामने आए हैं. ऐसे में सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित
करनी पड़ी.
समाचार एजेंसी
एएनआई की ओर से गुरुवार की सुबह जारी किए गए एक वीडियो में महिला पार्षदों को एक
दूसरे से उलझते देखा जा सकता है.
एएनआई के अनुसार,
एमसीडी सदन में हंगामा और
नारेबाज़ी जारी है. चौथी बार सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होने के बाद आप और
बीजेपी के पार्षद आपस में भिड़ गए. कल रात से लगातार पांचवीं बार एमसीडी सदन की
कार्यवाही स्थगित हुई है.
मेयर का बीजेपी पर हमला करने का आरोप
नगर निगम सदन में मचे इस घमासान के लिए आम आदमी पार्टी और बीजेपी ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं.
नवनिर्वाचित मेयर शैली ओबेरॉय ने अपने ट्विटर हैंडल से किए एक ट्वीट में बीजेपी पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है.
उन्होंने लिखा, "सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, जब मैं स्थायी समिति का चुनाव करा रही थी, तभी बीजेपी के पार्षदों ने मुझ पर हमला करने की कोशिश की. बीजेपी की गुंडागर्दी की ये हद है कि ये एक महिला मेयर पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं."
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शैली ओबेरॉय के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए इसे दुखद और बर्दाश्त न करने वाला बताया है.
आम आदमी पार्टी ने बुधवार रात अपने ट्वीट में कहा, "इस देश में सुप्रीम कोर्ट ही आख़िरी विकल्प है, क्योंकि कोई और संस्था बची नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आज ही चुनाव होगा."
उसने ट्वीट में लिखा, "AAP का मेयर-डिप्टी मेयर बन गया है, स्टैंडिंग कमेटी भी AAP की ही बनेगी. फ़िर चाहे BJP को सारी रात बैठना पड़े, हम चुनाव करवाएंगे."
वहीं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी के काउंसिलर पर बैलट बॉक्ल चुराने का आरोप लगाया है.
हालांकि बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया, "स्थायी समिति के चुनाव मैं हार के डर से अरविंद केजरीवाल अपने गुंडों से सदन में गुंडागर्दी करवा रहें हैं!"
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "शर्म कीजिए अरविंद केजरीवाल. हम शुरू से कह रहे थे कि आम आदमी पार्टी महापौर एवं उप महापौर चुनाव के बाद स्थाई समिति चुनाव नहीं होने देगी. और आपने साबित कर दिया कि स्थाई समिति में हार के भय से आप चुनाव नही होने देंगे."
दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष राजीव बब्बर के अनुसार, "आम आदमी पार्टी के गुंडे पार्षदों ने भाजपा पार्षद प्रमोद गुप्ता व अरुण डेढ़ा पर किया हमला. अरविंद केजरीवाल के अर्बन नक्सल गुंडों ने पहले दिन से ही अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया. दिल्ली सब देख रही है... फ़ैसला जनता करेगी."